March 25, 2026

रिंकू सिंह जॉइनिंग लेटर लेने नहीं पहुंचे:योगी बोले- कैंप में बिजी हैं; चुटकी ली- हमारे होम सेक्रेटरी भी गुल्ली-डंडा खेल चुके

0
comp-10-2-1_1774358144.gif




सीएम योगी लखनऊ में मंगलवार शाम यूपी के 5 खिलाड़ियों को जॉइनिंग लेटर सौंपे। साथ ही 40 खिलाड़ियों को पुरस्कार दिए। इनमें क्रिकेटर रिंकू सिंह भी शामिल हैं। उन्हें खेल अफसर (RSO) बनाया गया है। हालांकि, रिंकू सिंह जॉइनिंग लेटर लेने कार्यक्रम में नहीं पहुंचे। इस पर योगी ने कहा कि रिंकू सिंह पहले से किसी कैंप का हिस्सा हैं। वह वहीं गए हुए हैं। इसलिए यहां नहीं आ सके। उनका नियुक्ति पत्र यहां रखा है, उन्हें बाद में दिया जाएगा। खिलाड़ियों को जॉइनिंग लेटर देने के दौरान योगी मजाक के मूड में भी रहे। उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा- हमारे होम सेक्रेटरी भी गुल्ली-डंडा खेल चुके हैं। चौका-छक्का कहीं भी लगे, गेंद और बल्ला यूपी का होता है। गाजीपुर के राजकुमार पाल को पुलिस विभाग में DSP बनाया गया है। ओलंपिक में पदक जीतने वाले नोएडा के प्रवीण कुमार, इटावा के अजीत सिंह और गाजियाबाद के सुमिरन को पंचायती राज अधिकारी का जॉइनिंग लेटर मिला। वहीं, मुजफ्फरनगर की रहने वाली प्रीतिपाल को खंड विकास अधिकारी बनाया गया। खेल निदेशक आरपी सिंह ने बताया- जिन खिलाड़ियों को नौकरी मिली, उनमें रिंकू सिंह टी-20 वर्ल्ड कप जीतने वाली भारतीय क्रिकेट टीम का हिस्सा रह चुके हैं। वहीं, राजकुमार पाल ओलंपिक में कांस्य पदक जीतने वाली भारतीय हॉकी टीम के सदस्य रहे हैं। इसके अलावा, पेरिस ओलंपिक में प्रवीण कुमार ने ऊंची कूद में स्वर्ण पदक, अजीत सिंह ने भाला फेंक में रजत पदक और सुमिरन ने 200 मीटर दौड़ में कांस्य पदक जीता था। मुजफ्फरनगर की रहने वाली प्रीतिपाल ने पैरा एथलेटिक्स में 100 और 200 मीटर में कांस्य पदक जीता है। योगी ने दिए जॉइनिंग लेटर अब पढ़िए योगी ने जो कुछ कहा सीएम योगी ने कहा- इन खिलाड़ियों ने देश और प्रदेश का मान बढ़ाया है। उन्हें सम्मानित करना गर्व की बात है। खिलाड़ियों के प्रोत्साहन के लिए सरकार ने 200 करोड़ रुपए की व्यवस्था की है। इससे उन्हें बेहतर सुविधाएं और अवसर मिलेंगे। अब पुरस्कार राशि बढ़ाने का समय है। अगले साल से पुरस्कारों की राशि 10-10 लाख रुपए की जाएगी। अभी यह 3.11 लाख रुपए है। नारी सम्मान और युवा शक्ति से राष्ट्र निर्माण
सीएम ने कहा- हम नवरात्र के 9 दिनों में शक्ति के विभिन्न स्वरूपों की पूजा करते हैं। यह परंपरा समाज में नारी के सम्मान को बनाए रखने का संदेश देती है। “यत्र नार्यस्तु पूज्यन्ते, तत्र देवता रमन्ते”। जहां नारी का सम्मान होता है, वहां देवताओं का वास होता है। नारी की गरिमा और उनके स्वावलंबन को सशक्त करना हमारी प्राथमिकता है। जब युवा शक्ति आगे बढ़ती है, तो वह राष्ट्र की प्रगति का आधार बनती है। युवा और महिलाएं खेल की विभिन्न विधाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर देश का मान बढ़ा रही हैं। सही मंच मिले तो ओलंपिक में भी पदक दिला सकते हैं
योगी ने कहा कि शिक्षा के साथ खेल हमारी गुरुकुल और आश्रम परंपरा का भी अभिन्न हिस्सा रहे हैं। उत्तर प्रदेश जैसा 25 करोड़ की आबादी वाला राज्य सिर्फ जनसंख्या नहीं, देश की युवा शक्ति का महत्वपूर्ण केंद्र है। यहां करीब 56 प्रतिशत आबादी युवा है, जो प्रदेश की सबसे बड़ी ताकत है। यही शक्ति कभी ‘बीमारू’ कहे जाने वाले प्रदेश को आज देश के विकास का इंजन बनाने में योगदान दे रही है। उचित मंच और अवसर मिलने पर यही युवा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर, यहां तक कि ओलंपिक में भी पदक दिलाने की क्षमता रखते हैं। मैंने अपनी विधायक निधि से मिनी स्टेडियम बनवाया
योगी ने कहा- मैंने अपने क्षेत्र के स्पोर्ट्स मिनी स्टेडियम के लिए विधायक निधि से धन उपलब्ध कराया है। जहां बच्चे नियमित रूप से खेलते हैं। हमारा लक्ष्य है कि हर जनपद स्तर पर आधुनिक सुविधाओं से युक्त स्टेडियम हो। मेरठ में स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी का निर्माण पूरा हो चुका है। जल्द ही उसका लोकार्पण किया जाएगा। 2030 की तैयारी, यूपी के खिलाड़ी करेंगे देश का नेतृत्व
सीएम ने कहा कि हम अभी से 2030 के कॉमनवेल्थ गेम्स की तैयारी कर रहे हैं। हमारा विश्वास है कि उस समय उत्तर प्रदेश के खिलाड़ी देश का नेतृत्व करेंगे। अगर भारत में ओलंपिक होता है, तो यूपी के युवा अधिक से अधिक पदक जीतकर देश का नाम रोशन करेंगे। पैरा एथलीट बोले- यूपी जल्द बनेगा स्पोर्ट्स पावर
इटावा के रहने वाले और पैरा एथलीट अजीत सिंह को यूपी सरकार ने जिला पंचायत राज अधिकारी (DPRO) के पद पर नियुक्त किया है। इस मौके पर उन्होंने दैनिक भास्कर से बातचीत में खुशी जताई। कहा- यह मेरे और मेरे परिवार के लिए गर्व की बात है। यूपी में सरकार जिस तरह से स्पोर्ट्स पॉलिसी पर काम कर रही, उसका असर अब ग्रासरूट स्तर पर दिखने लगा है। आने वाले 4 से 6 साल में उत्तर प्रदेश भी हरियाणा की तरह खेलों में मजबूत राज्य बन जाएगा। DSP बने राजकुमार बोले- खिलाड़ियों को मिल रहा सपोर्ट
गाजीपुर के अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी राजकुमार पाल को पेरिस ओलंपिक 2024 में शानदार प्रदर्शन के बाद पुलिस उपाधीक्षक (DSP) के पद पर नियुक्त किया गया है। उन्होंने कहा- मैं काफी अच्छा महसूस कर रहा हूं। प्रदेश सरकार की स्पोर्ट्स पॉलिसी से खिलाड़ियों को अच्छा सपोर्ट मिल रहा। मुझे लगता है कि आने वाले समय में उत्तर प्रदेश स्पोर्ट्स का हब बन सकता है। फिलहाल मेरा पूरा ध्यान आने वाले टूर्नामेंट पर है। मैं उसमें अच्छा प्रदर्शन कर देश और प्रदेश का नाम रोशन करना चाहता हूं। BDO बनीं प्रीति ने कहा- देश के बाद अब विभाग को भी 100% देंगे
प्रीति पाल ने कहा कि बीडीओ बनने पर उन्हें बहुत अच्छा लग रहा है। अब तक हम देश के लिए 100 फीसदी देते थे, अब विभाग के लिए भी पूरी मेहनत से काम करेंगे। उन्होंने मुख्यमंत्री का आभार जताते हुए कहा कि उनकी नीतियों और प्रोत्साहन की वजह से हर खिलाड़ी बेहतर प्रदर्शन कर रहा है। तान्या चौधरी बोलीं- सीएम योगी का धन्यवाद
तान्या चौधरी ने कहा कि उन्हें बहुत खुशी हो रही है। इसके लिए उन्होंने प्रदेश सरकार व मुख्यमंत्री का धन्यवाद किया। कहा- अवॉर्ड की राशि बढ़ने से आने वाले युवाओं को बड़ा फायदा मिलेगा। वे इस राशि का इस्तेमाल अपने खेल में करके आगे बढ़ सकेंगे।
—————————- यह खबर भी पढ़िए बंदर ने बच्ची को काटा-युवक डरकर दूसरी मंजिल से कूदा: लखनऊ में घरों में घुसकर कर रहे हमला, पीड़ितों की आपबीती पढ़िए लखनऊ के राजाजीपुरम की सपना कॉलोनी के लोग इन दिनों खौफ के साए में जी रहे हैं। यहां बंदरों का आतंक इस कदर बढ़ गया है कि लोग सड़कों पर ही नहीं, अपने घरों के भीतर भी सुरक्षित नहीं हैं। ड्राइंग रूम से लेकर किचन और बेडरूम तक में घुसकर बंदर हमला कर रहे हैं। यहां पढ़ें पूरी खबर



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *