18 Dead, 2 Foreigners Killed
काठमांडू11 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

नदी में गिरने से बस बुरी तरह डैमेज हो गई।
नेपाल के धादिंग जिले में सोमवार देर रात एक बस हाईवे से नदी में गिर गई। नेपाली मीडिया के मुताबिक हादसे में 18 लोगों की मौत हो गई, जबकि 25 घायल हैं। मृतकों में एक पुरुष और एक महिला विदेशी नागरिक शामिल हैं। हालांकि, यह किस देश से थे और इनके नाम अभी सामने नहीं आए हैं।
पुलिस बल (APF) के मुताबिक, अब तक 17 शव बरामद किए जा चुके हैं। बाद में एक अन्य यात्री की मौत की पुष्टि हुई, जिससे मृतकों का आंकड़ा 18 हो गया। हादसे में घायल लोगों को रेस्क्यू कर अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। अब तक मृतकों और घायलों की पहचान नहीं हो सकी है।
बस (Ga 1 Kha 1421) पोखरा से काठमांडू की ओर जा रही थी, तभी किसी कारण ड्राइवर का बस से नियंत्रण खो गया और बस त्रिशूली नदी में जा गिरी। हादसा देर रात करीब रात 1:30 बजे धादिंग जिले के बेनिघाट रोरांग इलाके में हुआ। फिलहाल पुलिस हादसे की अन्य वजहों की भी जांच कर रही है।

पोखरा से काठमांडू जा रही बस नदी में गिर गई। इसमें 44 लोग सवार थे।

बस में फंसे लोगों का रेस्क्यू करते बचावदल कर्मी।
हादसे के समय बस में 44 लोग सवार थे
मरने वालों में 12 पुरुषों और 6 महिलाएं शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि दुर्घटना के समय बस में कुल 44 यात्री सवार थे।
घायल 26 यात्रियों को बचा लिया गया है। कुछ का इलाज स्थानीय अस्पताल में चल रहा है, जबकि अधिकांश को आगे के इलाज के लिए काठमांडू रैफर कर दिया गया है।
यह दुर्घटना आधी रात को होने के कारण बचाव अभियान में परेशानी हुई। हालांकि, सुरक्षा एजेंसियों के कर्मियों ने स्थानीय निवासियों के साथ मिलकर बचाव कार्य किया।
बारातियों से भरी बस खाई में गिरी थी
इससे पहले नेपाल के बैतड़ी जिले में 5 फरवरी को बारातियों से भरी एक बस अनियंत्रित होकर करीब 150 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में 13 बारातियों की मौत हो गई, जबकि 34 लोग घायल हो गए थे।
बस गांव से दुल्हन लेकर सुनकुड़ा जा रही थी। बस एक मोड़ पर चढ़ाई के दौरान अनियंत्रित हो गई और गहरी खाई में गिर गई। प्रारंभिक जांच में पता चला कि हादसे ओवरलोडिंग के कारण हुआ था।
वहीं, साल 2024 में लैंडस्लाइड की वजह से दो बसें त्रिशूली नदी में बह गईं थीं। दोनों बसों में चालकों समेत 63 लोग सवार थे। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक हादसे में 7 भारतीयों और एक बस चालक की मौत हुई। 50 से ज्यादा लोग लापता हैं।

लैंडस्लाइड के कारण बस फिसल कर नदी में जा गिरी थी।
—————————–
ये खबर भी पढ़ें…
मेक्सिकन सेना के ऑपरेशन में ड्रग-कार्टेल लीडर की मौत:भड़के समर्थकों का हिंसक प्रदर्शन, एयरपोर्ट में तोड़फोड़, गाड़ियां फूंकी; 136 करोड़ का इनामी था

मेक्सिकन सेना ने रविवार को एक ऑपरेशन के तहत देश के सबसे बड़े ड्रग कार्टेल के लीडर को मार गिराया। नेमेसियो रुबन ओसेगुएरा सर्वेंटेस उर्फ एल मेंचो जलिस्को न्यू जनरेशन कार्टेल (CJNG) का लीडर था और दुनिया के मोस्ट वॉन्टेड अपराधियों में शामिल था। पूरी खबर पढ़े…
