Punjab Chandigarh top News; AAP MLA Arrested Rape Case
.
पंजाब की आज की सबसे बड़ी खबर रेप केस में फंसे AAP विधायक हरमीत पठानमाजरा की गिरफ्तारी से जुड़ी रही। वह सुप्रीम कोर्ट में पेश होने के लिए ऑस्ट्रेलिया से आए लेकिन पुलिस ने मध्यप्रदेश में ग्वालियर बाईपास से अरेस्ट कर लिया।
दिनभर की 10 चुनिंदा बड़ी खबरों को VIDEO में देखने के लिए ऊपर क्लिक करें।
इन 10 बड़ी खबरों को विस्तार से यहां पढ़ भी सकते हैं। तो आइए जानते हैं, पंजाब-चंडीगढ़ में दिनभर में क्या कुछ खास रहा…
1. रेप केस में AAP MLA गिरफ्तार, सुप्रीम कोर्ट जा रहे थे

आम आदमी पार्टी (AAP) के विधायक हरमीत पठानमाजरा को पटियाला पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। वह 2 साल पुराने रेप केस में वांटेड थे। पठानमाजरा केस दर्ज होने के बाद पहले हरियाणा के करनाल में घेरे गए थे लेकिन वह कस्टडी से फरार हो गए। इसके बाद वह ऑस्ट्रेलिया चले गए थे। पुलिस ने उनका लुकआउट सर्कुलर (LOC) जारी कर रखा था।
केस में राहत के लिए पठानमाजरा ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर कर रखी थी। इसकी सुनवाई आज ही होनी थी। इसी को लेकर वह 5 दिन पहले ऑस्ट्रेलिया से लौटे थे। आज वह दिल्ली ही आ रहे थे लेकिन पटियाला पुलिस को भनक लग गई। इसके बाद उन्हें मध्यप्रदेश के शिवपुरी में ग्वालियर बाईपास से गिरफ्तार कर लिया। केस दर्ज होने के बाद वह पिछले 6 महीने से फरार चल रहे थे।
पठानमाजरा पर बाढ़ के दौरान अफसरों के खिलाफ बयानबाजी के बाद केस दर्ज हुआ था। उन्होंने आरोप लगाया था कि AAP की दिल्ली टीम के खिलाफ बोलने की वजह से उनके खिलाफ पुराने मामले में FIR की गई है। पठानमाजरा पर आरोप है कि उन्होंने खुद को तलाकशुदा बताकर महिला से दोस्ती की। फिर रेप करते रहे। झूठ बोलकर गुरुद्वारे में आनंदकारज तक किया। महिला ने पठानमाजरा की प्राइवेट पार्ट दिखाते हुए VIDEO भी वायरल की थी (पढ़ें पूरी खबर)
2. कांग्रेस दोफाड़, BJP बोली- CM ने फोन कर जलील किया

अमृतसर के वेयरहाउस MD गगनदीप रंधावा के सुसाइड केस में पूर्व AAP मंत्री लालजीत भुल्लर की गिरफ्तारी के बाद भी पॉलिटिकल कॉन्ट्रोवर्सी थम नहीं रही है। इस मामले में अब कांग्रेस दोफोड़ हो गई है तो उसमें BJP की भी एंट्री हो गई है। कांग्रेस विधायक दल के नेता प्रताप सिंह बाजवा सुसाइड केस की CBI जांच की मांग कर रहे हैं। उन्होंने चंडीगढ़ में इसके लिए प्रदर्शन भी किया था।
हालांकि पंजाब कांग्रेस प्रधान व लुधियाना से सांसद अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने कहा कि मुझे CBI जांच पर भरोसा नहीं है। वड़िंग ने कहा- पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट के जज से जांच करवाई जानी चाहिए। हर व्यक्ति का अपना मत है। कोई CBI जांच की बात कर रहा है तो कोई कुछ, लेकिन मुझे लगता है हाईकोर्ट के सिटिंग जज की देखरेख में यह जांच होनी चाहिए। वड़िंग ने CBI जांच की सिफारिश के लिए पत्र भी नहीं लिखा था।
इस पर BJP के पंजाब प्रधान सुनील जाखड़ ने वड़िंग पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा- कांग्रेस के बड़े नेता को धमकाया गया है। चंडीगढ़ में प्रदर्शन में शामिल होने से पहले इन्हें CM भगवंत मान ने फोन किया और स्पीकर पर डालकर उन्हें ऐसी-ऐसी बातें सुनाईं कि कोई इज्जतदार आदमी सुन भी नहीं सकता। उन्हें बुरी तरह जलील किया गया है। पंजाब की पूरी कांग्रेस लीडरशिप भगवंत मान सरकार के पेरोल पर है। इन्होंने तो शर्म छोड़ दी। (पढ़ें पूरी खबर)
3. चंडीगढ़ में पुलिसकर्मी की पिटाई, हाथ तोड़ा, गर्दन भी दबाई

चंडीगढ़ के मनीमाजरा के बस स्टैंड के पास गोलगप्पे खाने पहुंचे एक पुलिसकर्मी को कुछ युवकों ने बुरी तरह से पीट दिया। मारपीट में पुलिसकर्मी का हाथ तक फ्रैक्चर हो गया। इस दौरान पुलिसकर्मी की पत्नी के साथ भी मिसबिहेव किया गया। इस घटना के 2 वीडियो सामने आए। जिसमें आरोपी पुलिसकर्मी को पीटते, घसीटते, लात-घूंसे मारते दिख रहे हैं।
जब भीड़ पुलिसकर्मी को बचाने के लिए आगे बढ़ी तो आरोपी मौके से भागने लगे। जाते-जाते वे पुलिसकर्मी को जान से मारने की धमकी देकर गए। पुलिसकर्मी ने बताया है कि आरोपी आपस में गाली-गलौज कर रहे थे। वहां पर उनकी पत्नी के अलावा और भी महिला कस्टमर थीं। उन्होंने युवकों को समझाया कि वह ऐसा न करें। इसी से वह भड़क गए और मारपीट कर दी।
मारपीट के दौरान उनकी पत्नी ने उन्हें बचाने की कोशिश की लेकिन आरोपियों ने उन पर भी हमला कर दिया। पुलिस ने इस मामले में 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मनीमाजरा थाना प्रभारी इंस्पेक्टर मनिंदर सिंह ने कहा कि शिकायतकर्ता पुलिसकर्मी सिक्योरिटी में तैनात है। वीडियो में जो मारपीट कर रहे हैं, उन्हें जल्दी गिरफ्तार कर लिया जाएगा (पढ़ें पूरी खबर)
4. सरबजीत के डिपोर्टेशन केस पर PAK गृह मंत्रालय को फटकार

पंजाब से पाकिस्तान गई महिला सरबजीत कौर के डिपोर्टेशन से जुड़े मामले में बुधवार, 25 मार्च को सुनवाई करते हुए लाहौर हाईकोर्ट ने पाकिस्तानी गृह मंत्रालय को लेकर नाराजगी जताई। हाईकोर्ट के जस्टिस फारूक हैदर ने कहा ने कि 2 महीने बाद भी रिपोर्ट नहीं देना मंत्रालय की लापरवाही है।
हाईकोर्ट ने असिस्टेंट एडवोकेट जनरल को तलब कर सख्त आदेश दिए कि अगली तारीख पर सभी विभागों की रिपोर्ट आ जानी चाहिए। इसे सुनिश्चित करें। वहीं, 3 विभाग पहले ही जवाब दाखिल कर चुके हैं। इनमें से 2 विभागों ने पल्ला झाड़ लिया। इससे पहले 24 मार्च को लाहौर हाईकोर्ट में सुनवाई के दौरान एडवोकेट अली चंगेजी संधू ने अर्ली हियरिंग की मांग करते हुए इसे मानवीय आधार पर तुरंत सुनने की दलील दी।
अदालत ने दलीलों को स्वीकार करते हुए मामले को प्राथमिकता दी और जल्द सुनवाई के लिए आगे बढ़ाया। जस्टिस फारूक हैदर ने सुनवाई के दौरान संबंधित पक्षों से जवाब तलब किया और सभी जरूरी दस्तावेज समय पर पेश करने के निर्देश दिए। कोर्ट ने यह भी कहा कि मामले में कानून के साथ मानवीय पहलुओं को भी ध्यान में रखा जाएगा। (पढ़ें पूरी खबर)
5. गुरदासपुर में सरपंच के भाई को गोली मारी

गुरदासपुर में सरपंच नवदीप सिंह नव पड्डा के छोटे भाई सुखराज सिंह उर्फ काका पड्डा को गोली मार दी गई। जिसके बाद उन्हें फतेहगढ़ चूड़ियां अस्पताल में भर्ती कराया गया। गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें अमृतसर रेफर कर दिया। यह घटना गांव शाहपुर में हुई।
नवदीप सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि सुखराज सिंह किसी काम से अपने गांव पड्डा से नजदीकी गांव शाहपुर जाजन गए थे। वहां पहले से ही चार युवक मुंह ढके हुए इंतजार कर रहे थे। जैसे ही सुखराज उनके पास पहुंचे, उन्होंने फायरिंग शुरू कर दी। फायरिंग के दौरान सुखराज की बाजू और कमर में गोलियां लगीं, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही बटाला के एसएसपी डॉ. महताब सिंह गांव शाहपुर पहुंचे। उन्होंने पूरे मामले का जायजा लिया और बताया कि जांच शुरू कर दी गई है। एसएसपी ने आश्वासन दिया कि आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। (पढ़ें पूरी खबर)
6. ASI और होमगार्ड का रिश्वत मांगते का वीडियो वायरल

लुधियाना में रायकोट-बरनाला चौक पर वाहन चालकों से पैसे मांगने के आरोप में एएसआई और होमगार्ड को लाइन हाजिर किया गया है। यह कार्रवाई सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल होने के बाद की गई, जिसमें दोनों कर्मचारी चेकिंग के नाम पर पैसे मांगते दिख रहे थे।
वीडियो में दावा किया गया है कि एक हजार रुपए की मांग की जा रही थी। पैसे नहीं देने पर 20 हजार रुपए का चालान काटने की धमकी दी। बताया गया कि यदि कोई ड्राइवर पैसे देने से इनकार करता था, तो उस पर चालान काटने का दबाव बनाया जाता था, ताकि डर के कारण वह पैसे देने को मजबूर हो जाए।
वीडियो वायरल होने के तुरंत बाद एसएसपी डॉ. अंकुर गुप्ता ने मामले का संज्ञान लिया और दोनों कर्मचारियों को लाइन हाजिर कर दिया। डीएसपी हेडक्वार्टर गोपाल किशन ने बताया कि दोनों कर्मचारियों के खिलाफ जांच शुरू कर दी गई है। (पढ़ें पूरी खबर)
7. क्लासमेट ने छात्रा का गैंगरेप कराया, VIDEO वायरल किया

मोहाली के न्यू चंडीगढ़ इलाके में क्लासमेट ने 8वीं की छात्रा का 3 दोस्तों से गैंगरेप करवा दिया। नाबालिग आरोपी क्लासमेट ने पहले पीड़िता के साथ दोस्ती की। फिर उसके कुछ प्राइवेट वीडियो बनाकर उसे डराना शुरू कर दिया। उसने अपने 3 दोस्तों को भी साथ मिला लिया। इसके बाद वह छात्रा को डराते-धमकाने लगे।
आरोपियों ने पहली बार रेप करते वक्त छात्रा का वीडियो भी रिकॉर्ड कर लिया था, जिससे वे उसे बाद में भी ब्लैकमेल करते रहे। इसके बाद न्यू चंडीगढ़ के सुनसान इलाकों में बुलाकर उसका गैंगरेप करते रहे। पीड़िता ने बदनामी के डर से इस वारदात के बारे में किसी को कुछ नहीं बताया। मामले का खुलासा तब हुआ जब आरोपियों में से एक ने गुस्से में आकर पीड़िता का वीडियो एक प्राइवेट वॉट्सऐप ग्रुप में शेयर कर दिया।
जब इसका पता छात्रा को चला तो उसने पूरी आपबीती अपने परिजनों को बता दी। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कुछ ही घंटों में चारों आरोपियों को दबोच लिया। इनमें क्लासमेट, पीड़िता की सहेली और एक नाबालिग व एक युवक शामिल है (पढ़ें पूरी खबर)
8. चंडीगढ़ में जमीन की रजिस्ट्री महंगी, 1 अप्रैल से लागू होंगे बढ़े रेट

चंडीगढ़ में 1 अप्रैल से जमीनों की रजिस्ट्री महंगी हो जाएगी। प्रशासन ने इसके लिए नए कलेक्टर रेट जारी कर दिए हैं। इनमें रेजिडेंशियल, कॉमर्शियल और इंडस्ट्रियल से लेकर एग्रीकल्चर लैंड के कलेक्टर रेट में 10 से 22% तक बढ़ोतरी कर दी गई है। इनमें हाउसिंग बोर्ड के फ्लैट्स और इंडिपेंडेंट मकान भी शामिल हैं।
इससे प्रशासन को रजिस्ट्री फीस और स्टांप ड्यूटी से ज्यादा कमाई होगी, लेकिन कलेक्टर रेट बढ़ने से प्रॉपर्टी के मार्केट रेट भी बढ़ेंगे। सेक्टर-1 से 12 में रिहायशी जमीन का कलेक्टर रेट बढ़ाकर 2 लाख 37 हजार 900 रुपए प्रति वर्ग गज कर दिया गया है, जो पहले 1 लाख 78 हजार 600 रुपए था। सेक्टर-14 से 37 के लिए नया रेट 1 लाख 81 हजार 300 रुपए प्रति वर्ग गज और सेक्टर-38 व उससे आगे के क्षेत्रों के लिए 1 लाख 33 हजार 200 रुपए प्रति वर्ग गज तय किया गया है।
फ्लैट्स के लिए ग्राउंड फ्लोर पर 11 हजार रुपए प्रति वर्ग फुट, पहली मंजिल पर 9 हजार, दूसरी मंजिल पर 8 हजार और तीसरी मंजिल व उससे ऊपर के लिए 7 हजार 200 रुपए प्रति वर्ग फुट दर तय की गई है। इंडस्ट्रियल हाउस के लिए ग्राउंड फ्लोर 9 हजार 300 रुपए, पहली मंजिल 7 हजार 400 रुपए और दूसरी मंजिल 5 हजार 700 रुपए प्रति वर्ग फुट तय किए गए हैं (पढ़ें पूरी खबर)
विदेश से…
9. कनाडा में पंजाबी युवक की हत्या, कातिल गिरफ्तार

कनाडा में पंजाबी युवक बीरइंदर सिंह की गोलियां मारकर हत्या करने वाले युवक को रॉयल कैनेडियन माउंटेड पुलिस (RCMP) ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी 18 साल का जिमी गैसनर है। उस पर सेकेंड डिग्री मर्डर का आरोप लगाया गया है। जिस वक्त हत्या हुई, बीरंइदर समेत तीनों युवक पगड़ीधारी थे। इससे पुलिस इसकी हेट क्राइम के एंगल से भी जांच कर रही है।
कनाडा में अल्बर्टा स्टेट में स्थित हाईवे-QEII पर 14 मार्च को 22 साल के बीरइंदर की गर्दन में गोली लग गई थी। वह अपनी कार पर बैठा था। हमलावरों ने ट्रक में आकर उस पर हमला किया था और उसके बाद फरार हो गए थे। बीरइंदर के साथ उसके साथी भी थे, जिन्होंने उसे अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उसकी मौत हो गई।
बीरइंदर सिंह 3 साल पहले कनाडा गया था और पिछले 5 महीनों से एडमोंटन में रह रहा था। वह वहां कंस्ट्रक्शन का काम करता था। वारदात के दिन वह बचपन के 2 दोस्तों के साथ पहली बार बैनफ घूमने जा रहा था। वह होंडा सिविक कार में था जबकि हमलावर सफेद रंग के पिकअप ट्रक में आए। ट्रक सवारों ने बीरइंदर की तरफ इशारा भी किया (पढ़ें पूरी खबर)
खबर हटके…
10. सिलेंडर नहीं मिला तो स्टोव लाया, वह जलाते ही फट गया

लुधियाना में सिलेंडर नहीं मिलने पर एक व्यक्ति को स्टोव लाना महंगा पड़ गया। वह घर आकर स्टोव जलाने लगा तो वह फट गया। जिससे युवक बुरी तरह से झुलस गया। गंभीर हालत में उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायल का नाम चंदन कुमार है। वह कंगनवाल में पुरानी चुंगी के पास रहता था।
चंदन ने बताया कि मंगलवार को उसका सिलेंडर खत्म हो गया। उसने कई गैस एजेंसियों के चक्कर काटे लेकिन सिलेंडर नहीं मिला। मजबूरी में खाना बनाने के लिए वह डीजल वाला स्टोव ले आया। रात को जब वह स्टोव पर खाना बना रहा था तो उसमें अचानक तेज धमाका हो गया। धमाका इतना तेज था कि उसे संभलने का मौका नहीं मिला और वह बुरी तरह से झुलस गया।
उसके चाचा मिथुन भी पास में थे। धमाके की आवाज सुनकर वह अंदर दौड़ा तो चंदन झुलसा हुआ था। उसने शोर मचाकर आसपास के लोगों को इकट्ठा किया। फिर उसे ऑटो में डालकर अस्पताल ले गया। साहनेवाल अस्पताल के डॉक्टरों ने कहा कि वह बहुत ज्यादा झुलस गया है। इसलिए प्राथमिक इलाज के बाद उसे दूसरे अस्पताल रेफर कर दिया गया (पढ़ें पूरी खबर)
(कल शाम 6 बजे फिर होगी मुलाकात)