बाप-बेटे ने कार से इंफोसिस की महिला इंजीनियर को रौंदा…मौत:दो रहवासी घायल, सोसाइटी में 13 दिन पहले ही रहने आया था परिवार
![]()
इंदौर के लसूड़िया इलाके में बुधवार रात एक मामूली विवाद ने खौफनाक मोड़ ले लिया। एमआर-11 स्थित सागर टाउनशिप के समृद्धि एन्क्लेव में रहने वाले एक पिता और पुत्र ने गुस्से में आकर अपनी तेज रफ्तार कार बिल्डिंग के रहवासियों पर चढ़ा दी। इस घटना में इंफोसिस में काम करने वाली एक महिला सॉफ्टवेयर इंजीनियर शंपा पाठक (पांडे) की मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हैं। शंपा पाठक (पांडे) पति सौरभ और दो छोटे बच्चों के साथ 13 मार्च को ही बिल्डिंग में रहने आई थीं। विवाद की जड़: रिहाइशी बिल्डिंग में ‘Airbnb’ का संचालन पुलिस के अनुसार, विवाद बिल्डिंग के पेंटहाउस को लेकर था। आरोपी कुलदीप चौधरी और उसके बेटे ने यहां दो पेंटहाउस खरीदे थे, जिन्हें वे Airbnb एप के जरिए व्यावसायिक रूप से किराए पर दे रहे थे। सोसाइटी के लोग इसका विरोध कर रहे थे, क्योंकि इससे बाहरी लोगों का आना-जाना बढ़ गया था। रविवार को स्थानीय पार्षद ने भी दोनों पक्षों के बीच सुलह कराने की कोशिश की थी, लेकिन बात नहीं बनी। बुधवार रात इसी मुद्दे पर फिर से कहासुनी हुई, जिसके बाद आरोपियों ने आपा खो दिया और लोगों को कुचलते हुए कार निकाल दी। सीसीटीवी फुटेज में कैद हुई वारदात घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने शंपा पाठक को मृत घोषित कर दिया। पूरी वारदात बिल्डिंग में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। आरोपी पिता-पुत्र फरार, तलाश में जुटी पुलिस लसूड़िया पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। फिलहाल, आरोपी पिता-पुत्र फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस की अलग-अलग टीमें सीसीटीवी फुटेज और लोकेशन के आधार पर उनकी तलाश में जुटी हैं।
Source link