AAP MP Raghav Chadha Statement; Rajya Sabha Post Removal
AAP नेताओं के सवाल उठाने के बाद सांसद राघव चड्ढा ने दूसरा वीडियो जारी किया।
राज्यसभा में उपनेता पद से हटाए जाने के बाद सांसद राघव चड्ढा ने प्रतिक्रिया देते हुए दूसरा वीडियो जारी किया। राघव चड्ढा ने कहा कि कल से मेरे खिलाफ एक सुनियोजित अभियान चलाया जा रहा है। एक ही भाषा, एक ही शब्द और एक जैसे आरोप लगाए जा रहे हैं। यह कोई संयो
.
शुरुआत में मैंने सोचा कि मुझे जवाब नहीं देना चाहिए, लेकिन फिर लगा कि अगर किसी झूठ को 100 बार दोहराया जाए तो कुछ लोग उसे सच मान सकते हैं। इसलिए मैंने जवाब देने का फैसला किया।
आम आदमी पार्टी ने मुझ पर तीन आरोप लगाए और कहा कि इनकी वजह से मुझे संसद में बोलने का मौका नहीं दिया जाएगा। पहला आरोप यह है कि जब विपक्ष संसद से वॉकआउट करता है, तो मैं अपनी सीट पर बैठा रहता हूं। यह बिल्कुल झूठ है। मैं संसद में शोर मचाने, चिल्लाने, माइक तोड़ने या गाली देने नहीं जाता, बल्कि जनता के मुद्दे उठाने के लिए जाता हूं।
उधर, इससे पहले पंजाब के वित्तमंत्री हरपाल चीमा ने राघव चड्ढा को कंप्रोमाइज्ड और धोखेबाज कहा। उन्होंने कहा कि पार्टी के कहने पर भी राघव ने राज्यसभा में एक भी पंजाब का मुद्दा नहीं उठाया। वहीं दिल्ली की पूर्व सीएम आतिशी ने कहा था कि वह मोदी के डार के कारण लंदन चले गए थे।

चीमा ने राघव को लेकर ये बातें कहीं…
- पंजाब के एमएलए ने चुनकर राज्यसभा सदस्य बनाया: वित्त मंत्री हरपाल चीमा ने कहा कि राघव चड्ढा को पंजाब के एमएलए ने चुनकर राज्यसभा सदस्य बनाया, लेकिन उन्होंने पंजाब का एक भी मुद्दा राज्य सभा में नहीं उठाया। उन्होंने कहा कि वो पंजाब के मुद्दों को उठाने से गुरेज करते रहे।
- पार्टी ने मुद्दे उठाने के लिए कहा था: उन्होंने कहा कि राज्य के एमएलए व आम आदमी पार्टी पंजाब ने उन्हें कहा था कि केंद्र सरकार ने पंजाब के आरडीएफ के 8500 करोड़ रुपए रोके हैं। इसके अलावा जीएसटी लागू होने से पंजाब को 60 हजार करोड़ का नुकसान हुआ है। वहीं जीएसटी 2 आने से राज्य को हर साल 5-6 हजार करोड़ का हर साल नुकसान हो रहा है।
- बाढ़ के वक्त भी नजर नहीं आए राघव: उन्होंने कहा कि उनसे अपील की गई थी कि इन मुद्दों को राज्य सभा में उठाया जाए। लेकिन एक भी मुद्दा उन्होंने नहीं उठाया। यही नहीं पंजाब में जब बाढ़ आई तो भारी नुकसान हुआ। राघव चड्ढा पंजाब के लोगों के साथ नहीं दिखे।
- कहने पर भी राज्यसभा में मुद्दा नहीं उठाया: चीमा ने कहा कि प्रधानमंत्री पंजाब आए और 1600 करोड़ रुपए देने की घोषणा की। उसमें से भी एक पैसा पंजाब के खजाने में नहीं आया। राघव चड्ढा को इस संबंध में राज्यसभा में मुद्दा उठाने को कहा, लेकिन उन्होंने वो भी नहीं किया।
- राघव ने पार्टी के साथ धोखा किया: उन्होंने कहा कि पंजाब के लोगों ने उन्हें चुनकर भेजा था। एक भी मुद्दा प्रधानमंत्री के सामने नहीं उठाया। जिससे साफ है कि उन्होंने कोई कंप्रोमाइज किया था। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी आम घरों के युवाओं को लेकर चल रही है। सभी पार्टी व केजरीवाल के साथ खड़े हैं। राघव चड्ढा ने आम आदमी पार्टी व पंजाब के लोगों के साथ धोखा किया है।
2 अप्रैल को उपनेता पद से हटाया
AAP ने गुरुवार को चड्ढा को राज्यसभा के उपनेता पद से हटा दिया था। पंजाब से ही राज्यसभा सांसद अशोक मित्तल को उनकी जगह दे दी। पार्टी ने राज्यसभा सचिवालय को पत्र लिखकर जानकारी दी थी। लेटर में कहा कि चड्ढा को सदन में पार्टी की तरफ से बोलने का समय न दिया जाए। पार्टी ने इस फैसले की वजह नहीं बताई।
राघव चड्ढा का 2028 तक कार्यकाल
राघव 2022 से पंजाब से राज्यसभा सांसद हैं। उनका कार्यकाल 2028 तक है। हालांकि, राघव चड्ढा ने लंबे समय से पार्टी से दूरी बना ली थी और AAP को लेकर कोई बयान नहीं दिया। यहां तक कि पार्टी प्रमुख अरविंद केजरीवाल के जेल जाने के वक्त वह UK में थे। शराब घोटाला मामले में केजरीवाल के बरी होने पर भी उन्होंने एक शब्द नहीं कहा था

उपनेता पद से हटाए जाने के बाद सांसद राघव चड्ढा ने वीडियो जारी कर रिएक्शन दिया।
पद से हटाए जाने के बाद राघव ने कहीं ये बातें
- जिस मुद्दे को कोई नहीं उठाता, मैंने वह उठाए: वीडियो में चड्ढा संसद परिसर में खड़े होकर बोल रहे हैं। उन्होंने कहा- मुझे जब भी पार्लियामेंट में बोलने का मौका मिलता है, मैं जनता के मुद्दे उठाता हूं। शायद ऐसे टॉपिक्स उठाता हूं, जिसे आमतौर पर संसद में नहीं उठाया जाता। लेकिन क्या जनता के मुद्दे उठाना, पब्लिक इश्यूज पर बात करना कोई अपराध है। क्या मैंने कोई गुनाह कर दिया। क्या मैंने कुछ गलत किया।
- मेरे बोलने पर रोक क्यों लगानी चाही: ये सवाल आज मैं इसलिए पूछ रहा हूं, क्योंकि आम आदमी पार्टी ने राज्यसभा सेक्रेटरिएट को ये कहा है कि राघव चड्ढा के बोलने पर रोक लगा दी जाए। जी हां, आम आदमी पार्टी ने पार्लियामेंट को ये सूचित किया है कि राघव चड्ढा को बोलने का मौका न दिया जाए। राघव ने कहा कि अब भला कोई मेरे बोलने पर रोक क्यों लगाना चाहेगा। मैं तो जब बात करता हूं, देश के आम आदमी की बात करता हूं।
- मैंने तो जनता के मुद्दे ही उठाए: मैं एयरपोर्ट पर मिल रहे महंगे खाने की बात करता हूं। जोमेटो-ब्लिंकिट के डिलीवरी राइडर्स की प्रॉब्लम की बात रखी। खाने में मिलावट का मुद्दा उठाया। टोल प्लाजा लूट से लेकर बैंक चार्जेस लूट की बात की। यहां तक कि मिडिल क्लास पर टैक्स के बोझ से लेकर कॉन्टेंट क्रिएटर्स पर स्ट्राइक क्यों की जाती है। टेलीकॉम कंपनियां कैसे 12 महीने में 13 महीने का हमसे रिचार्ज करवाती हैं। डेटा रोलओवर नहीं देती हैं। रीचार्ज खत्म होने के बाद इनकमिंग रोक देती हैं।
- मेरे बोलने से AAP को क्या नुकसान हुआ: ये मुद्दे उठाने के बाद देश के आम आदमी का तो फायदा हुआ, इससे आम आदमी पार्टी का क्या नुकसान हुआ। भला कोई मुझे बोलने से क्यों रोकना चाहेगा। कोई मेरी आवाज को क्यों बंद करना चाहेगा। जिन लोगों ने आज पार्लियामेंट में मेरे बोलने का अधिकार मुझसे छीन लिया, मुझे खामोश कर दिया, मैं उन्हें भी कुछ कहना चाहता हूं। मेरी खामोशी को मेरी हार मत समझ लेना। मैं वो दरिया हूं, जो वक्त आने पर सैलाब बनता है।
AAP ने राघव पर ये सवाल उठाए
राघव चड्ढा के वीडियो के बाद AAP के राष्ट्रीय प्रवक्ता अनुराग ढांडा, पूर्व दिल्ली CM आतिशी मार्लेना, दिल्ली के पूर्व मंत्री सौरभ भारद्वाज और पंजाब के सीएम भगवंत मान सामने आए। उन्होंने राघव चड्ढा पर कई सवाल उठाए…
- जब केजरीवाल अरेस्ट हुए तो पूरी AAP दिल्ली में सड़कों पर थी। राघव चड्ढा आंखों के ऑपरेशन की बात कह UK में थे।
- संसद में केंद्र सरकार और PM मोदी से सवाल नहीं पूछते, वह मोदी से डरते हैं। जो डर गया, सो मर गया।
- चड्ढा राष्ट्रीय मुद्दों के बजाय समोसे के रेट जैसे छोटे मुद्दे उठाते हैं। इससे AAP को राज्यसभा में अलॉट टाइम में बड़े मुद्दे नहीं उठ रहे थे।
- पश्चिम बंगाल को लेकर चुनाव आयोग के खिलाफ प्रस्ताव में साइन करने से राघव चड्ढा ने इनकार किया। पार्टी के वॉकआउट पर सदन से बाहर नहीं आए।
- केंद्र ने पंजाब का RDF रोका हुआ है, लेकिन राघव चड्ढा ने इसके बारे में कुछ नहीं कहा। वह पंजाब से चुने गए, लेकिन यहीं के मुद्दे नहीं उठाते।
पूर्व सीएम आतिशी बोलीं- डरकर लंदन भाग गए थे
दिल्ली की पूर्व सीएम आतिशी ने कहा कि था कि राघव चड्ढा बीजेपी और मोदी से डर गए हैं। मैं राघव चड्ढा से सवाल पूछना चाहती हूं कि आप बीजेपी से इतना डरते क्यों हो? आप बीजेपी के सामने सवाल उठाने से डरते क्यों हो?
उन्होंने कहा कि इलेक्शन कमिशन का मिस यूज हो रहा है। लेकिन जब टीएमसी और पूरा विपक्ष इलेक्शन कमिशन के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लेकर आता है, तो आप उस पर साइन करने से मना कर देते हैं। आपने एक बार भी संसद में पश्चिम बंगाल में लोकतंत्र पर हो रहे हमले पर सवाल उठाए, वोट काटे जाने पर सवाल उठाए, गलत तरीके से बने वोट पर सवाल उठाए, क्यों नहीं उठाए? क्या बीजेपी से डर रहे हैं, क्या मोदी से डर रहे हैं?
मुझे याद आ रहा है, जब केजरीवाल को पुलिस ने गिरफ्तार किया तब हम सब लड़ रहे थे। पुलिस हम पर लाठियां चला रही थी। हमें घसीट घसीट कर ले जा रही थी। हम रोज लड़ रहे थे। आप लंदन में थे। आपने बताया कि आंख का ऑपरेशन है, इसलिए लंदन में हूं। हमसे मीडिया ने सवाल पूछे हमने कहा कि राघव चड्ढा डरे नहीं हैं, उनको प्रोब्लम है। लेकिन आज मेरे मन में भी सवाल आ रहा है कि जब केजरीवाल गिरफ्तार हुए तब भी आप बीजेपी से डर गए मोदी से डर गए। डरकर लंदन भाग गए थे। हो सकता है, आप डरते हों लेकिन हम केजरीवाल के सिपाही हैं हम न बीजेपी से डरते न मोदी से डरते हैं।
*****************
ये खबर भी पढ़ें:
पंजाब के सुपर CM कहे जाते थे राघव चड्ढा: राहुल गांधी ने कहा था- सरकार को RC चला रहा; जानिए केजरीवाल से रिश्ते कैसे बिगड़ते गए

पंजाब से AAP के राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा सुर्खियों में हैं। पार्टी ने ही उन्हें राज्यसभा के उपनेता पद से हटाने और बोलने का टाइम न देने का लेटर दे दिया। इसके बाद चड्ढा ने वीडियो जारी कर AAP को आड़े हाथों लिया। जनहित के मुद्दे उठाने को लेकर AAP पर ही सवाल दागे। आखिर में ये भी चेतावनी दी कि मैं वह दरिया हूं, जो सैलाब बनकर आता है। (पढ़ें पूरी खबर)