TMC MP Derek OBrien: EC Meeting on Voter List Controversy
- Hindi News
- National
- TMC MP Derek OBrien: EC Meeting On Voter List Controversy | Election Free From Fear
नई दिल्ली24 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

सांसद डेरेक ओ’ब्रायन ने बुधवार सुबह प्रेस कॉन्फ्रेंस की।
पश्चिम बंगाल चुनाव को लेकर तृणमूल कांग्रेस (TMC) और चुनाव आयोग आमने-सामने आ गए हैं। सांसद डेरेक ओ’ब्रायन के नेतृत्व में TMC का प्रतिनिधि मंडल बुधवार सुबह दिल्ली में चुनाव आयोग से मिलने पहुंचा।
डेरेक ने कहा कि हमने SIR के मुद्दे पर समय मांगा था, लेकिन मीटिंग के दौरान हमारे साथ खराब व्यवहार किया गया। मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ने हमें सिर्फ 5 मिनट में भगा दिया गया। डेरेक ओ’ब्रायन ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि बैठक सुबह 10:02 बजे शुरू हुई और 10:07 बजे खत्म हो गई।
चुनाव आयोग के सूत्रों का कहना है कि डेरेक ओ’ब्रायन ने CEC को बोलने से रोका और धमकी दी। वह कोई बात सुन ही नहीं रहे थे। उधर, विपक्षी गठबंधन ‘INDIA’ ब्लाक ने आज शाम 4.45 बजे इस मुद्दे पर प्रेस कॉन्फ्रेंस ऐलान किया है।
चुनाव आयोग ने कहा- बंगाल में इस बार चुनाव भय रहित होंगे
टीएमसी के साथ बैठक खत्म होने के बाद चुनाव आयोग ने सुबह 10:20 बजे सोशल मीडिया X पर एक पोस्ट किया। उसने लिखा- चुनाव आयोग की टीएमसी को दो टूक। बंगाल में इस बार चुनाव भय रहित और हिंसा रहित होंगे।

TMC ने कहा- चुनाव आयोग बैठक का वीडियो जारी करे

डेरेक ओ’ब्रायन ने चुनाव आयोग की पोस्ट दिखाते हुए उसे क्रिमिनल कहा।
- “मैं 22 वर्षों से तृणमूल कांग्रेस में हूं, 16 वर्षों से संसद में हूं, और हमने कई संवैधानिक पदाधिकारियों से मुलाकात की है।”
- “आज जो देखा, वह शर्मनाक है। मैं चुनाव आयुक्त को चुनौती देता हूं। अगर उनके पास वीडियो है तो जारी करें। अगर वीडियो नहीं है, तो ऑडियो जारी करें।”
- “हम 4 लोग प्रतिनिधिमंडल के रूप में गए। ममता बनर्जी ने नौ पत्र लिखे। एक का भी जवाब नहीं मिला। हमने कहा कि अगर मोदी जी या शाह जी ने पत्र लिखा होता, तो आप जरूर जवाब देते। दूसरी बात- हमने पूरी तरह तथ्य और तस्वीरों के साथ अपना मामला रखा।”
- “हमने 5-6 उदाहरण दिए कि भाजपा के लोग कहां तैनात हैं। फिर हमने कहा, इनका भी तबादला करो। तभी उन्होंने कहा- गेट लास्ट। अगर मैं झूठ बोल रहा हूं, तो ऑडियो या वीडियो जारी करें।”
चुनाव आयोग के अधिकारियों के मुताबिक, मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने डेरेक ओ ब्रायन से बैठक में शालीनता बनाए रखने को कहा था। लेकिन डेरेक आयोग के परिसर में चिल्लाने लगे और अनुचित व्यवहार करने लगे। प्रतिनिधिमंडल में डेरेक ओ ब्रायन के अलावा साकेत गोखले, मेनका गुरुस्वामी और सागरिका घोष शामिल थीं।
बंगाल में 91 लाख वोटरों के नाम हटे पश्चिम बंगाल में SIR प्रक्रिया पूरी होने के बाद करीब 91 लाख वोटरों के नाम वोटर लिस्ट से हटा दिए गए हैं। अक्टूबर 2025 में कुल वोटर थे 7.66 करोड़। इनमें से अब तक 90.83 लाख नाम हटाए गए। लगभग 11.85% वोटर कम हो गए। यानी अब राज्य में 6.76 करोड़ वोटर हैं। चुनाव आयोग अब फाइनल आंकड़े जारी नहीं किए हैं। इसके अलावा जांच के तहत आए 60.06 लाख वोटरों में से 27.16 लाख के नाम हटाए गए। बांग्लादेश सीमा से लगे जिलों में भी बड़े स्तर पर नाम हटे। नॉर्थ 24 परगना में 5.91 लाख में से 3.25 लाख नाम हटे। वहीं, 8.28 लाख में से 2.39 लाख नाम हटे।
TMC बोली- अब अपना मास्क उतार दे आयोग

AAP संयोजक अरविंद केजरीवल का पोस्ट।
टीएमसी ने चुनाव आयोग के ‘भयमुक्त चुनाव’ वाले पोस्ट पर आपत्ति जताई। उसने अपने एक्स अकाउंट पर लिखा, चुनाव आयोग को दो टूक। क्या किसी निष्पक्ष संवैधानिक संस्थान से यही उम्मीद की जाती है? सीधे शब्दों में कहें तो अब अपना मुखौटा उतार दो!
आप संयोजक अरविंद केजरीवाल ने चुनाव आयोग के पोस्ट को शेयर करते हुए लिखा, अब ये कहने की भी जरूरत नहीं कि चुनाव आयोग सीधे बीजेपी से निर्देश लेकर और बीजेपी के अंडर में काम कर रहा है। यह अब जग जाहिर है। कम से कम ऐसी भाषा के ट्वीट करके इतने अहम संस्थान की इज्जत तो सरेआम मत उछालिए।
————————————————-
ये खबर भी पढ़ें…
ममता बनर्जी ने भवानीपुर से नामांकन भरा:भाजपा के सुवेंदु अधिकारी यहां से उम्मीदवार

पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी ने भवानीपुर विधानसभा सीट से नामांकन भरा। भाजपा ने इसी सीट से सुवेंदु अधिकारी को उम्मीदवार बनाया है। वे नेता विपक्ष भी हैं। पूरी खबर पढ़ें…
