Kurukshetra Hotel Suffocation Death Tragedy; UP Workers | Haryana News | हरियाणा में दम घुटने से 5 मजदूरों की मौत: कुरुक्षेत्र में होटल के कमरे में कोयले की अंगीठी जलाकर सोए थे: सभी यूपी के रहने वाले – Kurukshetra News
पुलिस ने किसी तरह होटल का कमरा खोलकर पांचों के शवों को बाहर निकाला।
हरियाणा के कुरुक्षेत्र में यूपी के ठेकेदार सहित 5 मजदूरों की मौत हो गई। पांचों सोमवार को काम से लौटने के बाद जिला जेल के पास होटल के कमरे में कोयले की अंगीठी जलाकर सोए थे। मंगलवार की जब काफी देर तक नहीं उठे तो होटल कर्मचारियों ने पुलिस बुलाई।
.
सूचना पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़ा और अंदर प्रवेश किया। अंदर का दृश्य देख सभी के होश उड़ गए। पांचों बेसुध पड़े थे। तुरंत ही सभी को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने पांचों शव कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सिविल अस्पताल में पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिए।
पुलिस के मुताबिक, सभी मृतक यूपी के सहारनपुर के रहने वाले थे। इनमें चार श्रमिक और एक ठेकेदार था। होटल मैनेजर के मुताबिक, ये पांच सोमवार की शाम को ही इस होटल में आए थे। सभी होटल में पेंट करने के लिए आए थे।फिलहाल, पुलिस सभी के बारे में जानकारी जुटा रही है।
होटल में हुए हादसे के कुछ PHOTOS…

पुलिस ने जैसे ही दरवाजा तोड़ा, अंदर सभी बेसुध हालत में पड़े मिले।

पुलिस को मौके पर खाने-पीने का सामान भी पड़ा मिला।

पुलिस टीम ने एक-एक करके पांचों मृतकों की जानकारी जुटाई।

मामले की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस जांच करते हुए।
रात को खाना खाकर कमरे में सोए थे पांचों होटल के मैनेजर उपेंद्र नैन के मुताबिक, सोमवार शाम को सहारनपुर के शेखपुरा कदीम के रहने वाले ठेकेदार नूर के साथ चार लोग पेंट करने के लिए कुरुक्षेत्र पहुंचे थे। शाम को 4:00 बजे के बाद पहुंचे मजदूर रात को खाना खाकर एक कमरे में सो गए थे। बंद कमरे का दरवाजा जब सुबह देर तक नहीं खुला तो होटल कर्मचारी कंवरपाल ने उसे जानकारी दी। कर्मचारी की सूचना देते ही वे तुरंत मौके पर पहुंचे और दरवाजा खुलवाने का प्रयास किया, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला।
दरवाजा तोड़कर अंदर घुसी पुलिस मैनेजर के मुताबिक, कमरे का दरवाजा न खुलने पर उसने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पुलिस पहुंची और एक बार फिर खटखटा कर दरवाजा खुलवाने का प्रयास किया। मगर, अंदर से कोई जवाब नहीं आया तो दरवाजे को तोड़ना पड़ा। दरवाजा टूटते ही अंदर का दृश्य देख सभी के होश उड़ गए। वहां पांच लोग बेहोश पड़े थे। तुरंत ही सभी को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
होटल के कमरे में जलाई थी कोयले की अंगीठी होटल मैनेजर के मुताबिक, कमरे के अंदर तसला में कोयले जलाए गए थे। प्राथमिक तौर पर इसी कोयले के धुएं के कारण ही पांचों का दम घुटने का अनुमान लगाया जा रहा है। फिलहाल, पुलिस ने होटल मालिक को बुला लिया है। मृतकों ठेकेदार नूर भी शामिल है। दो मजदूरों की पहचान राजकुमार और रोशन निवासी शेखपुरा कदीम, सहारनपुर, यूपी के रूप में हुई। अन्य दो मजदूरों की अभी पहचान नहीं हुई है, जिनके बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है।

