Rohtak Fauji Farm House death city police station DSP Gulab Singh Narendra Kumar| haryana News | रोहतक के फार्म हाउस में 3 विदेशी नागरिकों की मौत: न्यू ईयर पर देर रात तक शराब पार्टी की, दोपहर बाद शव मिले; 1 का बर्थडे था – Rohtak News
रोहतक में फौजी फार्म के कमरे में गुरुवार की दोपहर बेसुध हालत में पड़े मिले तीनों युवक। बाद में अस्पताल में डॉक्टरों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया।
हरियाणा के रोहतक में 3 विदेशी नागरिकों की दम घुटने से मौत हो गई। तीनों ने बुधवार की देर रात तक न्यू ईयर पर शराब पार्टी की थी। इसके बाद अपने कमरे में जाकर सो गए। गुरुवार की दोपहर बाद तक तीनों नहीं उठे तो फार्म हाउस में रहने वाले अन्य लोगों को शक हुआ।
.
इसके बाद लोगों ने किसी तरह कमरे का दरवाजा खोला अंदर का दृश्य देख उनके होश उड़ गए। तीनों युवक कमरे में बेसुध पड़े थे। तुरंत ही तीनों को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद मामले की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और सभी आवश्यक कार्रवाई करने के बाद शवों को पीजीआई भिजवाया। पुलिस के मुताबिक, तीनों युवक नेपाल के रहने वाले थे। पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि तीनों ने रात में सोने से पहले कोयले की अंगीठी जलाई थी। संभवत: इसी से तीनों की दम घुटने से मौत हुई है।

कमरे से युवक के शव को निकाले फार्म हाउस कर्मी और पुलिस टीम।

फार्म हाउस में कमरे की जांच करती एफएसएल टीम।
यहां पढ़िए, क्या है पूरा मामला…
- फार्म हाउस पर खाना बनाने का करते थे काम: मृतकों की पहचान कमल, राज और संतोष के रूप में हुई, जिनकी उम्र 20 से 22 साल के करीब है। तीनों नेपाल के रहने वाले है। ये तीनों कच्चा चमारिया रोड पटाखा फैक्ट्री के पास नरेंद्र निवासी सेक्टर 34 के फौजी फार्म हाउस पर खाना बनाने का काम करते थे।
- फार्म हाउस पर देर रात तक चला नए साल का जश्न: फौजी फार्म हाउस पर नए साल का जश्न देर रात तक चला। नरेंद्र अपने दोस्तों के साथ नए साल की पार्टी कर रहा था। रात को पार्टी खत्म करने के बाद अपने घर चला गया। वहीं, उसके दोस्त भी अपने-अपने घरों की तरफ रात को ही चले गए। इसके बाद तीनों नेपाली युवक ही फार्म पर थे।
- एक मृतक युवक का था जन्मदिन: नेपाली युवकों में से एक युवक का जन्मदिन था, जिसके कारण नए साल की पार्टी खत्म होने के बाद तीनों ने बाद में अपनी अलग पार्टी की। सभी रात को खाना खाने के बाद कमरे में अंगीठी जलाकर सो गए। पुलिस का कहना है कि तीनों की ही दम घुटने के कारण मौत हुई।

रोहतक पीजीआई का डेड हाउस, जहां तीनों के शवों को रखवाया गया है।
पुलिस मामले में कर रही जांच DSP गुलाब सिंह ने बताया कि उन्हें तीन लोगों के मरने की सूचना मिली थी। सूचना के बाद सिटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। वहीं मौके पर FSL एक्सपर्ट टीम भी पहुंची। पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए डेड हाउस भेज दिया, जिनका कल यानी शुक्रवार को पोस्टमॉर्टम करवाया जाएगा।


—————-
ये खबर भी पढ़ें…
हरियाणा में दम घुटने से 5 की मौत:कुरुक्षेत्र के होटल में अंगीठी जलाकर सोए थे; मरने वालों में सगे भाई और जीजा-साला

हरियाणा के कुरुक्षेत्र में दम घुटने से ठेकेदार समेत 5 मजदूरों की मौत हो गई। पांचों सोमवार को जिला जेल के पास होटल स्टर्लिंग के कमरे में कोयले की अंगीठी जलाकर सोए थे। मंगलवार को जब काफी देर तक नहीं उठे तो होटल कर्मचारियों ने पुलिस बुलाई। (पूरी खबर पढ़ें)