Punjabi Woman Sarbjeet Kaur India Return Delayed Pakistan Ministry Court Case | पंजाबी महिला सरबजीत की पाकिस्तान से भारत वापसी लटकी: PAK गृह मंत्रालय ने लगाया अड़ंगा; पुलिस कस्टडी की फोटो सामने आई – Amritsar News
पाकिस्तान पुलिस की कस्टडी में सरबजीत कौर। उसे 2 दिन पहले गिरफ्तार किया था
पाकिस्तान गई पंजाबी महिला सरबजीत कौर की भारत वापसी टल गई है। सोमवार को उसे अटारी-वाघा बॉर्डर के रास्ते भारत भेजने की पूरी तैयारियां कर ली गई थीं। इस बीच पाकिस्तान के गृह मंत्रालय ने अदालत में केस होने का हवाला देकर रोक लगा दी।
.
सरबजीत कौर के पाकिस्तान में निकाह करने के बाद पाकिस्तान में सिख समुदाय के पूर्व विधायक महिंदर पाल सिंह ने कोर्ट में याचिका दायर करते हुए उसे गिरफ्तार कर भारत भेजने की मांग की थी। कोर्ट में दलील दी गई थी कि सरबजीत कौर की पाकिस्तान में रुकने की वीजा अवधि समाप्त हो चुकी है। इसके बावजूद वह यहीं रुकी है। वह देश की सुरक्षा के लिए खतरा है। वह संदिग्ध गतिविधियों में शामिल हो सकती है। इस पर अंतिम फैसला आना बाकी है।
इसी का हवाला देते हुए पाक गृह मंत्रालय का कहना है कि महिला ने अपनी मर्जी से निकाह किया है और इस संबंध में मामला अदालत में विचाराधीन है। अदालत के अंतिम आदेश के बाद ही जरूरी कानूनी कार्रवाई पूरी कर उसे भारत भेजा जाएगा। सरबजीत कौर पाकिस्तान पुलिस की कस्टडी में है। उसकी कस्टडी के दौरान की फोटो भी सामने आई है।
पुलिस ने रविवार को सरबजीत कौर और उसके पति नासिर हुसैन को गिरफ्तार किया था। सरबजीत कौर पंजाब के कपूरथला की रहने वाली है। वह 4 नवंबर 2025 को श्री गुरुनानक देव जी के प्रकाश पर्व पर सिख श्रद्धालुओं के जत्थे के साथ पाकिस्तान गई थी। उसने वहां जाकर पाकिस्तानी व्यक्ति नासिर हुसैन से निकाह कर लिया था। निकाह के लिए सरबजीत ने मुस्लिम धर्म अपनाकर अपना नाम भी नूर हुसैन रख लिया था।

पाकिस्तान में गिरफ्तारी के बाद सरबजीत कौर की ये फोटो सामने आई थी।
सिलसिलेवार पढ़िए क्या था पूरा मामला…
- 1932 श्रद्धालुओं के जत्थे के साथ गई थी पाकिस्तान: सरबजीत कौर 4 नवंबर को श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के अवसर पर 1932 श्रद्धालुओं के जत्थे के साथ अमृतसर से अटारी बॉर्डर के रास्ते पाकिस्तान गई थी। यह सिख जत्था 10 दिन तक पाकिस्तान में रहा।
- दर्शन करने के बाद जत्था 13 नवंबर को भारत लौटा: उन्होंने सिख गुरुओं से जुड़े विभिन्न स्थलों के दर्शन किए और 13 नवंबर को भारत वापस लौट आए। पूरे सिख जत्थे के एक साथ भारत लौटने से पहले अकाल तख्त के जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गड़गज और 3 महिलाओं समेत कुल 9 श्रद्धालु पहले लौट आए थे।
- सिख श्रद्धालुओं के साथ वापस नहीं लौटी: हालांकि जब श्रद्धालुओं का पूरा जत्था वापस लौटा तो 1923 की जगह 1922 लोग ही वापस पहुंचे। जब इसकी जांच हुई तो पता चला कि सरबजीत कौर वापस नहीं आई है। उसका नाम न तो पाकिस्तान के एग्जिट रिकॉर्ड में था और न ही भारत के एंट्री रिकॉर्ड में मिला। पहले माना गया कि वह लापता है। इसके बाद पाकिस्तान में भी लोकल पुलिस ने जांच शुरू कर दी। पाकिस्तान सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी ने भी उसकी तलाश शुरू कर दी।
- निकाहनामा और वीडियो वायरल होने से पता चला: इसके बाद अचानक उर्दू में लिखा सरबजीत का निकाहनामा वायरल हो गया। जिसमें लिखा था कि सरबजीत ने पाकिस्तान में इस्लाम धर्म अपना लिया है। उसने शेखुपुरा नूर हुसैन नाम के मुस्लिम व्यक्ति से निकाह कर लिया है।
- सरबजीत बोली- नासिर को 9 साल से जानती है: इसके बाद 15 नवंबर को उसका एक वीडियो भी वायरल हो गया। जिसमें उसने मौलवी को कहा कि वह मुस्लिम बनना चाहती है। सरबजीत ने कहा कि वह नासिर से प्यार करती है और 9 साल से उसे जानती है। सरबजीत ने यह भी कहा था कि मेरा तलाक हो चुका है।
- पाक इमिग्रेशन फॉर्म में कई जानकारियां नहीं भरी: सरबजीत के पाकिस्तान में निकाह करने के बाद उसके वीजा के लिए दस्तावेजों की पड़ताल की गई। इसमें पता चला कि उसने पाकिस्तानी इमिग्रेशन में भरे फॉर्म में अपनी राष्ट्रीयता और पासपोर्ट नंबर जैसी महत्वपूर्ण जानकारियां ही नहीं भरी थी। इससे पाकिस्तान में उसे ट्रेस करना मुश्किल हो गया था। निकाह करने के बाद सरबजीत नासिर के साथ छिपकर रह रही थी।

सरबजीत कौर ने सुल्तानपुर लोधी के गुरुद्वारा श्री बेर साहिब में पासपोर्ट जमा कराया था, यहां से सिख जत्थे में श्रद्धालु के तौर पर उसका वीजा लगाने के लिए भेजा गया था।
- पाकिस्तान में यूट्यूबर नासिर ढिल्लों ने किया था स्वागत: अमृतसर से अटारी के रास्ते में पाकिस्तान के ननकाना साहिब पहुंचने वाले जत्थे का स्वागत पाकिस्तान के यूट्यूबर नासिर ढिल्लों ने किया था। ये वही नासिर हुसैन है जिस पर ऑपरेशन सिंदूर के वक्त पाकिस्तानी एजेंसियों के लिए काम करने का आरोप लगा था। इसी ने पाकिस्तान के लिए जासूसी के आरोप में पकड़ी गई हरियाणा के हिसार की यूट्यूबर ज्योति मल्होत्रा के साथ भी इंटरव्यू किया था।
सरबजीत पर कपूरथला में कई केस चल रहे सरबजीत कपूरथला के गांव अमानीपुर की रहने वाली हैं। गांव के लोगों का कहना था कि महिला का अपने पति से तलाक हो चुका है। उसके दो बेटे हैं। इनके खिलाफ भी सुल्तानपुर लोधी में 10 से ज्यादा मामले दर्ज हैं, जिनमें वेश्यावृत्ति का भी केस शामिल है। गांव अमानीपुर के अंदर सरबजीत की आलीशान कोठी है। उसका लोगों से ज्यादा मिलना जुलना नहीं था।

सरबजीत कौर के खिलाफ पंजाब में 10 से ज्यादा मामले दर्ज हैं।- फाइल फोटो
लाहौर हाईकोर्ट भी पहुंचा मामला, कोर्ट ने परेशान न करने को कहा था सरबजीत और नासिर हुसैन ने कोर्ट में याचिका दायर की थी। इसमें उन्होंने आरोप लगाया था कि पाकिस्तान की पुलिस और अधिकारी उन्हें लगातार परेशान कर रहे हैं। दोनों ने कोर्ट से सिक्योरिटी और किसी भी तरह की जबरदस्ती की कार्रवाई से बचाने की मांग की थी। इस मामले में नवंबर में ही लाहौर हाईकोर्ट के जज फारुख हैदर ने फैसला दिया था कि अगर शादी और धर्म परिवर्तन सरबजीत की मर्जी से हुआ तो अधिकारी उन्हें परेशान न करें।
————–
ये खबर भी पढ़ें…
पाकिस्तान गई पंजाबी महिला का निकला क्रिमिनल रिकॉर्ड, वेश्यावृत्ति की भी FIR

पाकिस्तान में निकाह करने वाली पंजाब के कपूरथला की सरबजीत कौर का लंबा क्रिमिनल रिकॉर्ड रहा है। उसके खिलाफ कई गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं, इनमें नाबालिगों की वेश्यावृत्ति के लिए बिक्री-खरीद भी शामिल है। हालांकि वह अधिकतर मामलों में बरी हो चुकी है। महिला की कोठी से पुलिस को लाखों रुपए की नकदी बरामद हुई थी। पूरी खबर पढ़ें…