March 26, 2026

Dehradun Kashmiri Youth Assault | Molestation Allegation Surface

0
gifmagicsite-2026-01-29t2124552961769702062_1769768960.gif


आरोपी दुकानदार की पत्नि कश्मीरी युवकों पर छेड़खानी का आरोप लगाती हुई।

देहरादून में कश्मीरी युवकों से हुई मारपीट के 48 घंटे बाद आज आरोपी दुकानदार की पत्नी ने युवकों पर छेड़छाड़ का आरोप लगाया है। महिला ने विकासनगर थाने पहुंचकर कश्मीरी युवकों पर हाथ पकड़ने और गंदे इशारे करने के आरोप भी लगाए हैं।

.

महिला ने शिकायत में कहा है कि वह दुकान पर थी, तभी दो युवक आए और सामान मांगा, लेकिन दूसरी भाषा में बात करने को लेकर उसने सामान देने से मना कर दिया। आरोप है कि मना करने के बाद दोनों युवक दुकान के अंदर घुस आए, उसका हाथ जोर से पकड़ लिया। इसी दौरान उसके पति मौके पर पहुंचे और युवकों को बाहर निकालने की कोशिश की, जिसके बाद झगड़ा और मारपीट शुरू हुई।

यह घटना बुधवार शाम देहरादून के विकासनगर की है, जहां शॉल बेचने आए दो युवकों पर रॉड और लाठियों से हमला किया गया था। मारपीट में एक नाबालिग का हाथ टूट गया और सिर में गंभीर चोटें आईं। पीड़ित ने आरोप लगाया था कि उन्हें कश्मीरी और मुस्लिम होने पर पीटा गया। युवकों ने बताया कि उन्हें पीटते वक्त लोग कह रहे थे ‘ये कश्मीर नही हैं, इन्हें मारो।’

पुलिस ने बीते कल ही आरोपी दुकानदार को गिरफ्तार कर लिया था।

पुलिस ने बीते कल ही आरोपी दुकानदार को गिरफ्तार कर लिया था।

3 पॉइंट्स में समझिए शिकायत में क्या….

  • अभद्र इशारे और छेड़छाड़ का आरोप: शिकायतकर्ता ने बताया कि वे पिछले 25 सालों से दुकान चला रही हैं और इलाके में उनकी अच्छी पहचान है। 28 जनवरी को शाम करीब साढ़े तीन बजे दो युवक दानिश और ताबिश, जो जम्मू-कश्मीर के रहने वाले बताए गए हैं, उनकी दुकान पर आए और महिला के साथ अश्लील व अभद्र इशारे करने लगे।
  • जबरदस्ती पकड़ने और शारीरिक उत्पीड़न की कोशिश: जब महिला ने युवकों के इस हरकत का विरोध किया, तो दोनों ने उनका हाथ पकड़ लिया और उन्हें अपनी ओर खींचने लगे। शिकायत के अनुसार यह सीधे तौर पर जबरदस्ती और शारीरिक छेड़छाड़ की श्रेणी में आता है, जिससे दुकान पर मौजूद महिला डर गई।
  • पति पर हमला, भीड़ जुटाकर हिंसा फैलाने का आरोप: इसी दौरान महिला के पति वहां पहुंचे और स्थिति को शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन युवकों ने उन पर हमला कर दिया और मारपीट शुरू कर दी। झगड़े के दौरान आसपास के लोग भी इकट्ठा हो गए, इसके बावजूद आरोप है कि दोनों युवक अपने अन्य साथियों को बुला लाए, जिससे विवाद और हिंसक हो गया तथा इलाके में अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।

अब जानिए कश्मीरी युवकों ने अनुसार क्या हुआ था…

दुकान पर नाम पूछने के बाद विवाद शुरू होने का आरोप

पीड़ित युवक दानिश और उसके भाई का कहना है कि बुधवार शाम वे देहरादून के विकासनगर चौकी बाजार में एक दुकान पर सामान लेने गए थे। सामान लेने के बाद दुकानदार ने उनसे नाम पूछा। जब उन्होंने अपना नाम बताया तो दुकानदार ने उन्हें मुस्लिम कहकर धर्म के नाम पर गाली-गलौज शुरू कर दी। युवकों का कहना है कि उन्होंने दुकानदार को बताया कि वे सिर्फ शॉल बेचने आए हैं और पहली बार उत्तराखंड आए हैं, उन्हें केवल नमकीन चाहिए थी।

भीड़ जुटने के बाद लाठी-डंडों और रॉड से हमला करने का आरोप

युवकों के मुताबिक, विवाद के दौरान दुकान के पास बैठे कुछ और लोग भी वहां पहुंच गए। आरोप है कि इसके बाद सभी ने मिलकर लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से दोनों पर हमला कर दिया। घायल युवक ने बताया कि मारपीट करने वालों में दुकानदार के साथ एक महिला भी शामिल थी। आरोप है कि हमलावर कह रहे थे- “ये कश्मीर नहीं है, यहां कश्मीरी नहीं चलेगी, ये मुस्लिम हैं, इन्हें जिंदा मार दो, तुमने पहलगाम में हमारे लोगों को मारा है।”

गंभीर चोटें, नाबालिग का हाथ टूटा और पहली बार देहरादून आने की बात

इस हमले में 18 साल का दानिश और उसका नाबालिग भाई घायल हो गया। युवकों के अनुसार, नाबालिग का हाथ टूट गया और सिर में गंभीर चोटें आईं, जबकि दानिश को भी शरीर में कई जगह चोटें लगी हैं। घायल युवक ने कहा कि वे पहली बार देहरादून आए थे और किसी से कोई विवाद नहीं चाहते थे। उनका आरोप है कि अचानक भीड़ ने घेरकर हमला किया और उन्हें बुरी तरह पीटा गया।

पीड़ित कश्मीरी लड़का रोते हुए घटना की जानकारी देता हुआ।

पीड़ित कश्मीरी लड़का रोते हुए घटना की जानकारी देता हुआ।

एसएसपी बोले- मुकदमा दर्ज कर हिरासत में आरोपी

वहीं इस मामले में बीते कल एसएसपी देहरादून अजय सिंह ने कहा- इस मामले का किसी भी तरह से धर्म, जाति या क्षेत्रीय पहचान से कोई लेना-देना नहीं है। जांच में सामने आया है कि दो कश्मीरी युवक बाजार में एक कन्फेक्शनरी की दुकान पर सामान खरीदने गए थे, जहां दुकानदार से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। इसी कहासुनी के बाद दुकानदार ने उन युवकों पर हमला कर दिया।

एसएसपी के अनुसार, दोनों युवक अपने पिता के साथ पांवटा साहिब में किराए पर रहते हैं और छुट्टियों में वहीं आए हुए थे। घटना के तुरंत बाद पुलिस ने घायलों का मेडिकल कराया, जिसमें सभी जांच रिपोर्ट सामान्य पाई गईं।

पीड़ितों की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और हमलावर को हिरासत में लेकर मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर सुसंगत धाराओं में न्यायिक मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया जाएगा। सीसीटीवी फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों से भी यह स्पष्ट हुआ है कि घटना में कोई और व्यक्ति शामिल नहीं था और यह एक व्यक्तिगत विवाद था।

उमर अब्दुल्ला बोले- कश्मीरी डर में नहीं जी सकते

मारपीट के मामले पर जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने कड़ी प्रतिक्रिया दी थी। उन्होंने इस घटना को अस्वीकार्य बताते हुए कहा था कि हाल के दिनों में हिमाचल प्रदेश समेत देश के विभिन्न हिस्सों में कश्मीरियों पर हो रहे हमले बेहद चिंताजनक हैं और इन्हें हर हाल में रोका जाना चाहिए।

उमर अब्दुल्ला ने कहा था कि जब जम्मू-कश्मीर को भारत का अविभाज्य हिस्सा कहा जाता है, तो यह कैसे स्वीकार किया जा सकता है कि कश्मीर के लोग देश के अन्य राज्यों में अपनी जान के डर के साथ रहें। आरोपियों पर सख्त कार्रवाई को लेकर उन्होंने सीएम धामी को भी फोन किया था।

——————-

ये खबर भी पढ़ें…

देहरादून-‘ये कश्मीर नहीं, इन्हें मार दो’ बोलकर कश्मीरियों को पीटा: नाबालिग का हाथ तोड़ा, आरोपी बोले- तुमने पहलगाम में हमारे लोगों को मारा

देहरादून में दो कश्मीरी लड़कों को दुकानदार ने रॉड से पीटा। घायलों का आरोप है कि दुकानदार को जैसे ही पता लगा कि वो मुस्लिम हैं और कश्मीर से हैं तो वह भड़क गया और गाली-गलौज करता हुआ मारपीट करने लगा। इस दौरान दुकान के पास बैठे कुछ और लोग भी वहां पर पहुंच गए और फिर सबने मिलकर लाठी-डंडों और रॉड से पीटकर दोनों को बुरी तरह जख्मी कर दिया। (पढ़ें पूरी खबर)



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *