Telangana Engineering Student Murder Case | Girlfriend Family | तेलंगाना में गर्लफ्रेंड के घर पर इंजीनियरिंग स्टूडेंट की हत्या: परिवारवालों ने शादी की बात करने के लिए बुलाया था; बैट से पीट-पीटकर जान ली
हैदराबाद7 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

बैट से हमले के कारण युवक के सिर में गंभीर चोटें आईं। पैर और पसलियों की हड्डियां तक टूट गई थीं।
तेलंगाना के संगारेड्डी जिले में एक इंजीनियरिंग स्टूडेंट की उसकी गर्लफ्रेंड के परिवार ने पीट-पीटकर हत्या कर दी। मृतक युवक की पहचान ज्योति श्रीवन साई के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक, युवक 19 साल की श्रीजा के साथ पिछले कुछ समय से रिलेशनशिप में था। श्रीजा के परिवारवाले दोनों के रिश्ते का लगातार विरोध कर रहे थे। उन्होंने श्रीवन को कई बार चेतावनी दी थी।
घटना के दिन लड़की के माता-पिता ने श्रीवन को शादी पर बात करने के लिए अपने घर बुलाया था। आरोप है कि उसके पहुंचते ही श्रीजा की मां और अन्य परिवारवालों ने श्रीवन पर अचानक हमला कर दिया।
उसे क्रिकेट बैट से बुरी तरह मारा। इससे उसके सिर में गंभीर चोटें आईं। पैर और पसलियों की हड्डियां तक टूट गईं। उसे तुरंत कुकटपल्ली के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
इंजीनियरिंग के सेकेंड ईयर का स्टूडेंट था मृतक
पुलिस ने बताया कि युवक मैसम्मागुड़ा स्थित सेंट पीटर्स इंजीनियरिंग कॉलेज में कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग के सेकेंड ईयर का स्टूडेंट था। वह कुतबुल्लापुर में किराए के कमरे में रहता था।
अमीनपुर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने अपराध में इस्तेमाल किया गया क्रिकेट बैट भी बरामद कर लिया है। उन्होंने घटनास्थल को सील कर दिया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस फिलहाल हमले के पीछे के मकसद की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि लड़की के परिवार के कौन-कौन से सदस्य युवक की हत्या में शामिल थे।
————————–
हत्या से जुड़ी यह खबर भी पढ़ें…
प्रेमी की लाश से शादी, बोली-जयभीम वाला था, इसलिए मारा:आंचल बोली- बौद्ध से हिंदू बन जाता, फिर भी पापा-भाई ने मार डाला

महाराष्ट्र के नांदेड़ में 27 नवंबर को आंचल नाम की लड़की के पिता और भाइयों ने उसके प्रेमी को गोली मारी और फिर पत्थर से कुचलकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद आंचल ने सक्षम की डेडबॉडी से शादी की और अभी उसी के घर रह रही है। शादी का एक वीडियो भी वायरल हुआ है। पूरी खबर पढ़ें…