Ankita Bhandari Murder Case: Dhami Government Issues CBI Probe Notification Before Uttarakhand Bandh | अंकिता भंडारी हत्याकांड की CBI जांच होगी: CM धामी ने सिफारिश की, विपक्ष कई महीनों से कर रहा था प्रदर्शन – Dehradun News
वीडियो जारी कर जानकारी देते सीएम धामी।
उत्तराखंड के चर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड की जांच अब CBI कर सकती है। आज सीएम पुष्कर सिंह धामी ने सीबीआई जांच के लिए संस्तुति प्रदान कर दी है। विपक्ष लगातार इसकी मांग कर रहा था, इसके लिए पूरे राज्य में प्रदर्शन किए जा रहे थे।
.
वहीं, सीएम धामी ने एक वीडियो जारी कर जानकारी देते हुए बताया कि अंकिता के माता-पिता के अनुरोध और उनकी भावनाओं का सम्मान करते हुए सरकार ने ये फैसला लिया है।
बीते बुधवार को ही मुख्यमंत्री ने अंकिता के माता- पिता को देहरादून बुलाया था, जहां पर परिवार ने सीएम ने मामले में निष्पक्ष जांच की मांग रखी थी।
मुख्यमंत्री ने कहा की इस मामले में राज्य सरकार का उद्देश्य शुरू से अंत तक निष्पक्ष, पारदर्शी और संवेदनशील तरीके से न्याय सुनिश्चित करना रहा है और आगे भी इसी प्रतिबद्धता के साथ कार्य किया जाएगा।

बुधवार रात अंकिता के परिवार से मिले थे सीएम धामी।
सीएम धामी ने कही 5 बड़ी बातें
- माता–पिता के अनुरोध पर CBI जांच की संस्तुति: मुख्यमंत्री ने बताया कि अंकिता भंडारी के माता–पिता से मुलाकात के दौरान उन्होंने CBI जांच कराने का अनुरोध किया, जिसके बाद सरकार ने इस प्रकरण में CBI जांच की संस्तुति देने का निर्णय लिया।
- घटना के बाद बिना विलंब के कार्रवाई: मुख्यमंत्री के अनुसार घटना की जानकारी मिलते ही राज्य सरकार ने बिना किसी देरी के कार्रवाई की और पूरे मामले को गंभीरता से लिया।
- महिला IPS अधिकारी के नेतृत्व में SIT का गठन: मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल एक महिला IPS अधिकारी के नेतृत्व में विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया।
- अभियुक्तों की गिरफ्तारी से लेकर सजा तक: मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी अभियुक्तों को शीघ्र गिरफ्तार किया गया। राज्य सरकार की ओर से प्रभावी पैरवी की गई, जिसके चलते विवेचना और ट्रायल के दौरान किसी भी अभियुक्त को जमानत नहीं मिल सकी और निचली अदालत ने अभियुक्तों को आजीवन कारावास की सजा सुनाई।
- ऑडियो क्लिप्स पर FIR, जांच जारी: मुख्यमंत्री ने बताया कि सोशल मीडिया पर सामने आई कुछ ऑडियो क्लिप्स के संबंध में अलग–अलग एफआईआर दर्ज की गई हैं और इन मामलों में जांच की प्रक्रिया लगातार जारी है।
