Bengal BJP Manifesto DA & 7th Pay Commission Promise; Himanta Sarma Attacks Opponents
- Hindi News
- National
- Bengal BJP Manifesto DA & 7th Pay Commission Promise; Himanta Sarma Attacks Opponents
कोलकाता/दिल्ली/गुवाहाटी/पुडुचेरी/तिरुवनंतपुरम25 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

असम CM ने गुरुवार को दरांग में रोड शो के दौरान कार के सनरूफ पर बैठकर मीडिया से बात की।
असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने गुरुवार को दरांग में रोड शो किया। इस दौरान उन्होंने विपक्ष पर हमला बोला। हिमंता ने कहा- इस बार चुनाव में ऐतिहासिक नतीजे बीजेपी के पक्ष में आएंगे।हमने राजनीतिक रूप से असम के दुश्मनों की ताकत पूरी तरह खत्म कर दी है और अगली बार बाकी बची ताकत भी खत्म कर देंगे।
इधर पश्चिम बंगाल चुनाव से पहले बीजेपी बड़ा चुनावी दांव खेलने की तैयारी में है। न्यूज एजेंसी ANI ने सूत्रों के हवाले से बताया कि पार्टी अप्रैल के पहले हफ्ते में अपना मेनिफेस्टो जारी कर सकती है। इसमें पार्टी सरकार बनने के 45 दिन के भीतर 7वें वेतन आयोग लागू करने और बकाया महंगाई भत्ता (DA) भुगतान का वादा कर सकती है।
वर्तमान में केंद्र सरकार के कर्मचारियों को करीब 56% DA मिल रहा है, जबकि पश्चिम बंगाल के राज्य कर्मचारियों को लगभग 22% ही मिल रहा है। इसके कारण राज्य में ममता सरकार के खिलाफ असंतोष बना हुआ है।

बंगाल के बासंती विधानसभा क्षेत्र में गुरुवार को चुनाव प्रचार के दौरान भाजपा और टीएमसी कार्यकर्ताओं में झड़प हुई।
5 चुनावी राज्यों से जुड़े कल के 5 बड़े अपडेट्स
- बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले के बासंती (एससी) विधानसभा क्षेत्र में चुनाव प्रचार के दौरान भाजपा और टीएमसी समर्थकों के बीच झड़प हो गई। इसमें 20 से ज्यादा लोग जख्मी हो गए। 8 लोग हिरासत में लिए गए हैं। यहां 29 अप्रैल को दूसरे फेज में मतदान होना है।
- बंगाल CM ममता बनर्जी की फ्लाइट खराब मौसम के कारण कोलकाता एयरपोर्ट पर समय पर लैंड नहीं कर सकी। विमान को करीब एक घंटे तक हवा में चक्कर लगाने पड़े, जिसके बाद सुरक्षित लैंडिंग कराई गई।
- असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा- कांग्रेस में कौन जाना चाहता है? कांग्रेस भारत में कभी सरकार नहीं बना सकती। जब कांग्रेस की सरकार बनेगी तो वह या तो पाकिस्तान में होगी या बांग्लादेश में।
- केरल CM पिनराई विजयन और विपक्ष के नेता वीडी सतीशन के बीच सोशल मीडिया पर जुबानी जंग छिड़ गई। पहले विजयन ने पुरानी फोटो शेयर की, जिसमें सतीशन RSS के एक कार्यक्रम में दिखे। बाद में सतीशन ने वामपंथी नेताओं की आडवाणी जैसे BJP नेताओं के साथ पुरानी तस्वीरें साझा कीं। दोनों ने एकदूसरे पर RSS के समर्थन के आरोप लगाए।
- तमिलनाडु में बीजेपी की महिला मोर्चा अध्यक्ष वनथी श्रीनिवासन ने कहा कि अन्नामलाई को चुनाव लड़ना चाहिए। अन्नामलाई बीजेपी के राज्य अध्यक्ष रह चुके हैं, 2021 के विधानसभा चुनाव में अरावकुरिची सीट से चुनाव लड़े थे, लेकिन उन्हें हार का सामना करना पड़ा था।

