Breaking News Headlines Pakistan US trump China Pakistan Russia Ukraine | वर्ल्ड अपडेट्स: ट्रम्प बोले- डेमोक्रेट सांसद इल्हान उमर को देश से निकालो, उसने अमेरिकी नागरिकता के लिए भाई से शादी की
42 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने मंगलवार को एक रैली में डेमोक्रेट सांसद इल्हान उमर पर तंज किया। उन्होंने कहा कि मुझे ये इल्हान उमर बहुत पसंद है, चाहे उसका नाम कुछ भी हो, छोटी पगड़ी वाली। मुझे उससे प्यार है। वो आती है, बस बदतमीजी करती है। वो हमेशा शिकायत करती रहती है।
ट्रम्प ने आगे कहा कि हमें उसे तुरंत अमेरिका से बाहर निकाल देना चाहिए। उसने अंदर आने (अमेरिकी नागरिकता) के लिए अपने भाई से शादी कर ली।
ट्रम्प ने यह भी कहा कि उमर जिस देश से आई हैं, वह दुनिया के सबसे खराब देशों में गिना जाता है। उनकी बात पर मौजूद समर्थक जोर-जोर से हूटिंग करने लगे।
ट्रम्प ने अपने भाषण में दावा किया कि उन्होंने अपने पिछले कार्यकाल में अफगानिस्तान, हैती, सोमालिया जैसे देशों से माइग्रेशन रोक दिया था।
भाषण के दौरान उन्होंने यह भी बताया कि अफगान मूल के एक व्यक्ति द्वारा वॉशिंगटन D.C. में दो सैनिकों पर गोली चलाने के बाद अफगानिस्तान से वीज़ा प्रोसेसिंग रोक दी गई है। होमलैंड सिक्योरिटी की सेक्रेटरी के मुताबिक अब सरकार 30 से ज्यादा देशों पर ट्रैवल बैन लगाने की तैयारी कर रही है।
रैली के अंत में ट्रम्प ने कहा कि अगर कोई इंसान अमेरिका के मूल्यों को नहीं मानता, देश की अर्थव्यवस्था में योगदान नहीं देता और समाज में घुलता-मिलता नहीं है, तो ऐसे लोगों को अमेरिका में रहने की जरूरत नहीं है। ट्रम्प के इन बयानों को लेकर अब फिर से विवाद शुरू हो गया है और कई लोग इसे मुस्लिम और अफ्रीकी समुदाय के खिलाफ बयानबाजी बता रहे हैं।
अंतरराष्ट्रीय मामलों से जुड़ी अन्य बड़ी खबरें…
नाइजीरिया में प्रदर्शनकारियों पर फायरिंग; 9 महिलाओं की मौत और 10 घायल

नाइजीरिया के उत्तर-पूर्वी अदामावा राज्य में सोमवार को विरोध कर रहीं महिलाओं पर गोलीबारी में 9 महिलाओं की मौत और 10 घायल हो गए। ये महिलाएं लामुर्डे में सांप्रदायिक झड़पों में सुरक्षाबलों की कार्रवाई के विरोध में प्रदर्शन कर रही थीं।
गवाहों और पीड़ितों के परिजनों ने बताया कि सैनिकों ने उन्हें हटाने के दौरान गोली चलाई। हालांकि नाइजीरियाई सेना ने इससे इनकार किया और मौतों के लिए एक स्थानीय मिलिशिया को जिम्मेदार बताया। एमनेस्टी इंटरनेशनल नाइजीरिया ऑफिस ने कहा कि संगठन ने गवाहों और पीड़ितों के परिजनों से बात कर 9 महिलाओं की मौत की पुष्टि की है।
अमेरिका की केंटकी स्टेट यूनिवर्सिटी में हुई गोलीबारी में 1 की मौत और 1 घायल

अमेरिका की केंटकी स्टेट यूनिवर्सिटी में मंगलवार को हुई गोलीबारी में एक व्यक्ति की मौत हो गई और एक गंभीर रूप से घायल है। गवर्नर कार्यालय के मुताबिक एक संदिग्ध आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है।
पुलिस ने कहा कि वे कैंपस में हुई घटना पर कार्रवाई कर रहे हैं। गवर्नर एंडी बेशियर ने X पर लिखा कि पुलिस मौके पर है और जैसे ही नई जानकारी मिलेगी, शेयर की जाएगी। उन्होंने प्रभावित लोगों के लिए प्रार्थना की अपील की।