Breaking News Headlines US China Pakistan Russia Ukraine Dalai lama epstein
12 घंटे पहले
- कॉपी लिंक

अमेरिका के टेक्सास में एल पासो इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर मेक्सिकन कार्टेल के ड्रोन की घुसपैठ का मामला सामने आया है। इसके बाद फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) ने एयरपोर्ट के ऊपर का एयरस्पेस 10 दिन के लिए बंद करने का ऐलान किया।
हालांकि, कुछ ही घंटों बाद FAA ने यह प्रतिबंध हटा लिया। ट्रम्प प्रशासन के मुताबिक खतरे को निष्क्रिय कर दिया गया है और अब कॉमर्शियल उड़ानों के लिए कोई जोखिम नहीं है।
अमेरिकी ट्रांसपोर्टेशन सेक्रेटरी सीन डफी ने एक्स पर पोस्ट कर कहा कि FAA और डिफेंस डिपार्टमेंट ने कार्टेल ड्रोन की घुसपैठ से निपटने के लिए तुरंत कार्रवाई की। उन्होंने कहा कि ड्रोन से जुड़े खतरे को न्यूट्रलाइज कर दिया गया है और इलाके में कॉमर्शियल यात्रा के लिए कोई खतरा नहीं है।
हालांकि, उन्होंने यह नहीं बताया कि कितने ड्रोन शामिल थे और उन्हें निष्क्रिय करने के लिए क्या कदम उठाए गए। कुछ घंटे पहले FAA ने स्पेशल सिक्योरिटी कारणों से 10 दिन के लिए एयरस्पेस बंद करने की घोषणा की थी।
एल पासो मेक्सिको सीमा से लगा शहर है और इसकी आबादी करीब 7 लाख है। यह शहर सियुदाद जुआरे के साथ मिलकर बड़े स्तर पर क्रॉस-बॉर्डर कारोबार का केंद्र है। यह अस्थायी प्रतिबंध मेक्सिकन एयरस्पेस पर लागू नहीं था।
डेमोक्रेट सांसद वेरोनिका एस्कोबार ने FAA से प्रतिबंध हटाने की अपील की थी। उन्होंने कहा कि उनके कार्यालय या स्थानीय प्रशासन को पहले से कोई सूचना नहीं दी गई थी।
अंतरराष्ट्रीय मामलों से जुड़ी अन्य बड़ी खबरें…
पूर्व PAK आर्मी चीफ कमर जावेद बाजवा बाथरूम में फिसले; सिर में 3 चोट; ऑपरेशन के बाद ICU में भर्ती

पाकिस्तान के पूर्व सेना प्रमुख जनरल कमर जावेद बाजवा बाथरूम में गिरने से घायल हो गए हैं। 65 वर्षीय बाजवा को रावलपिंडी मिलिट्री हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है, जहां उनके सिर का बड़ा ऑपरेशन किया गया।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक ऑपरेशन सफल रहा है, लेकिन पूरी तरह ठीक होने में कुछ हफ्ते लग सकते हैं। फिलहाल उन्हें ICU में निगरानी में रखा गया है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक जनरल बाजवा कल सुबह अपने वॉशरूम में फिसल गए थे। गिरने से उनके सिर में तीन गंभीर चोटें आईं। सिर की चोट गंभीर होने की वजह से डॉक्टर उनकी स्थिति पर लगातार नजर रखे हुए हैं और उन्हें करीबी मेडिकल सुपरविजन में रखा गया है।
जनरल कमर जावेद बाजवा 2016 से 2022 तक पाकिस्तान के सेना प्रमुख रहे हैं। वे देश के प्रमुख सैन्य चेहरों में गिने जाते हैं।
थाईलैंड में बहन को सजा देने से नाराज युवक ने स्कूल पर फायरिंग की, 2 घायल; पुलिस ने हिरासत में लिया

थाईलैंड के हाट याई में बुधवार शाम एक 18 साल के युवक नेस्कूल में फायरिंग कर दी। हमले में स्कूल डायरेक्टर और एक छात्र गंभीर रूप से घायल हुए हैं। आरोपी ने बाद में एक महिला स्टाफ को बंधक बना लिया। युवक अपनी बहन को सजा दिए जाने से नाराज था।
थाई एनक्वायरर की रिपोर्ट के मुताबिक घटना शाम करीब 4:45 बजे हाट याई के प्रथन खिरिवाट स्कूल में हुई। शुरुआती रिपोर्ट्स में कई लोगों के घायल होने की बात कही गई थी, लेकिन अधिकारियों ने अब तक कुल घायलों की संख्या की पुष्टि नहीं की है।
पुलिस ने आरोपी की पहचान 18 वर्षीय खेम के रूप में की है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक पुलिस को पहले सूचना मिली थी कि आरोपी युवक अपनी मां को नुकसान पहुंचाने की कोशिश कर रहा है।
इसी सूचना पर पुलिस जब घर पहुंची, तो आरोपी ने कथित तौर पर एक पुलिसकर्मी से M4 राइफल छीन ली और पास के स्कूल परिसर की ओर भाग गया। वहां उसने फायरिंग शुरू कर दी।
पुलिस अधिकारी ने रॉयटर्स को बताया कि हमलावर को हिरासत में ले लिया गया है और बंधक बनाए गए सभी लोगों को मुक्त कर दिया गया है।
एपस्टीन फाइल्स में UAE की राजनयिक का नाम- यौन अपराधी को सगी बहन से मिलाना चाहती थी, कहा- वह मुझसे ज्यादा खूबसूरत

एपस्टीन फाइल्स में अब UAE की वरिष्ठ राजनयिक हिंद अल-ओवैस का नाम सामने आया है। रिकॉर्ड के मुताबिक 2011-2012 के बीच यौन अपराधी जेफ्री एपस्टीन और हिंद अल-ओवैस ने एक-दूसरे को 469 ईमेल भेजे थे।
दस्तावेजों में अल-ओवैस पर किसी आपराधिक गलत काम का आरोप नहीं लगाया गया है। हालांकि ईमेल में सामाजिक मुलाकातों की योजना और उनकी छोटी बहन का जिक्र मिलता है।
दस्तावेजों के अनुसार, हिंद अल-ओवैस इस समय UAE की परमानेंट कमेटी फॉर ह्यूमन राइट्स (PCHR) की डायरेक्टर हैं। वह संयुक्त राष्ट्र (UN) में वरिष्ठ सलाहकार भी रह चुकी हैं।
इन ईमेल में जनवरी 2012 का एक संदेश भी शामिल है। इसमें अल-ओवैस ने एपस्टीन को लिखा, “एक लड़की को तैयार करना ही काफी मुश्किल है, दो लड़कियां हों तो इसे चुनौती कहा जा सकता है।” इसके जवाब में एपस्टीन ने पूछा कि क्या वे सुबह 11 बजे के करीब आ सकती हैं, ताकि उन्हें दोनों के साथ ज्यादा समय मिल सके।
उसी महीने के अन्य ईमेल में अल-ओवैस ने अपनी बहन को एपस्टीन से मिलवाने की बात लिखी। एक संदेश में उन्होंने लिखा, “मेरी बहन यहां है और मैंने उसे आपके बारे में बहुत कुछ बताया है। मैं चाहती हूं कि वह आपसे मिले, बताइए कब!”
इसके बाद एपस्टीन ने लंच का सुझाव दिया। इस पर अल-ओवैस ने जवाब दिया, “मैं आपसे मिलने और अपनी बहन से मिलवाने को लेकर बहुत उत्साहित हूं, वह मुझसे भी ज्यादा खूबसूरत है।” रिकॉर्ड के मुताबिक, दोनों लंबे समय तक संपर्क में थे।
अल-ओवैस अंतरराष्ट्रीय सम्मेलनों और संयुक्त राष्ट्र से जुड़े कार्यक्रमों में जेंडर इक्वेलिटी और मानवाधिकार पर बोलती रही हैं।
जस्टिस डिपार्टमेंट के रिकॉर्ड में यह नहीं कहा गया है कि एपस्टीन ने अल-ओवैस की संयुक्त राष्ट्र में नियुक्ति में कोई भूमिका निभाई थी। न ही यह आरोप लगाया गया है कि वह एपस्टीन की आपराधिक गतिविधियों में शामिल थीं या उन्हें इसकी जानकारी थी।
एपस्टीन केस में दलाई लामा को बदनाम करने की साजिश बेनकाब, 35 लाख पन्नों की जांच में चीनी दावा फेक निकला

चीन ने दलाई लामा की छवि खराब करने के लिए इंटरनेट और डिजिटल प्रोपेगेंडा का सहारा लिया। चीनी सरकारी मीडिया ने अमेरिका के बदनाम अपराधी जेफ्री एपस्टीन से जुड़ी फाइलों का गलत मतलब निकालकर दलाई लामा का नाम उनसे जोड़ने की कोशिश की।
लेकिन केंद्रीय तिब्बती प्रशासन ने इन बातों को पूरी तरह झूठा बताया है। उन्होंने अमेरिकी जस्टिस डिपार्टमेंट की जारी की गई एपस्टीन फाइलों को ध्यान से जांचा।
जांच में सामने आया कि फाइलों में दलाई लामा का नाम सिर्फ किसी और के बयान या संदर्भ में आया है। दलाई लामा और एपस्टीन के बीच न तो कभी मुलाकात हुई, न पैसों का कोई लेन-देन हुआ और न ही किसी तरह की बातचीत का कोई सबूत मिला।
जब मामला बढ़ा तो दलाई लामा के दफ्तर ने साफ कहा कि दलाई लामा ने कभी जेफ्री एपस्टीन से मुलाकात नहीं की और न ही किसी को उनकी तरफ से उससे बात करने की इजाजत दी।
गुयाना के मंत्री ने हिंदी में भाषण दिया, वीडियो वायरल:विपक्ष को चुनौती दी, बोले- मैं बिना कागज के हिंदी में बहस को तैयार

दक्षिण अमेरिकी देश गुयाना की संसद में भारतीय मूल के मंत्री विकाश रामकिसून का हिंदी में दिया गया भाषण सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। संसद सत्र के दौरान उन्होंने विपक्ष के उस दावे का जवाब हिंदी में दिया, जिसमें कहा गया था कि उन्हें हिंदी नहीं आती।
विपक्षी सांसद विष्णु पांडेय ने सदन में टिप्पणी की कि विकाश रामकिसून को हिंदी का एक शब्द भी नहीं आता। इस पर रामकिसून ने स्पीकर से अनुमति ली और कहा कि वे इसी मुद्दे पर हिंदी में जवाब देना चाहते हैं।
इसके बाद उन्होंने हिंदी में बोलते हुए विपक्षी सांसद को खुली चुनौती दी। रामकिसून ने कहा, “मैं अभी इसी वक्त उन्हें चुनौती देता हूं कि किसी भी स्तर पर, किसी भी जगह पर, विषय वे तय करें और मैं बिना कागज देखे हिंदी में बहस करूंगा।” पढ़ें पूरी खबर…
बांग्लादेश चुनाव सीरीज पार्ट-3:बांग्लादेश में 35 साल तक शेख हसीना और खालिदा जिया की जंग, नाम पड़ा- बैटल्स ऑफ बेगम्स

शेख हसीना की पार्टी अवामी लीग की 2004 में ढाका में एक जनसभा चल रही थी। हसीना भाषण खत्म कर लौट ही रही थीं, तभी हमलावरों ने उनके काफिले की ओर कई ग्रेनेड फेंके।
कुछ ही सेकंड में पूरा इलाका धमाकों और चीख-पुकार से गूंज उठा। सड़क खून से लाल हो गई। 24 लोग मारे गए, 500 से ज्यादा घायल हुए। शेख हसीना बाल-बाल बच गईं, लेकिन उनका बायां कान हमेशा के लिए खराब हो गया।
यह हमला बांग्लादेश की राजनीति का टर्निंग पॉइंट साबित हुआ। इसके बाद शेख हसीना और खालिदा जिया के बीच जो नफरत पनपी, वह खालिदा जिया की मौत तक खत्म नहीं हुई। दोनों नेताओं की इस जंग को मीडिया ने नाम दिया- बैटल्स ऑफ द बेगम्स। पढ़ें पूरी खबर…
