March 29, 2026

Elderly couple in Delhi under digital arrest for 17 days | दिल्ली में 17 दिन डिजिटल अरेस्ट रहे बुजुर्ग कपल: ₹15 करोड़ गंवाए; ठगों ने टेलीकॉम आधिकारी बनकर कहा- आपके अकाउंट में ब्लैक मनी मिला है

0
comp-1-2026-01-11t142326817_1768121519.gif


नई दिल्ली19 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक
पीड़ित कपल, डॉ. ओम तनेजा और उनकी पत्नी डॉ. इंदिरा तनेजा ने लगभग 48 साल अमेरिका में बिताए थे। - Dainik Bhaskar

पीड़ित कपल, डॉ. ओम तनेजा और उनकी पत्नी डॉ. इंदिरा तनेजा ने लगभग 48 साल अमेरिका में बिताए थे।

दिल्ली में एक बुजुर्ग नॉन रेजिडेंट इंडियन (NRI) कपल से 15 करोड़ रुपए की ऑनलाइन ठगी का मामला सामने आया है। दिल्ली पुलिस के मुताबिक, ठगों ने कपल को 17 दिनों तक डिजिटल अरेस्ट रखा। ठगों ने खुद को टेलीकॉम रेगुलेटरी अथॉरिटी ऑफ इंडिया (TRAI) और प्रवर्तन निदेशालय (ED) का अधिकारी बताया था।

पीड़ित कपल की पहचान डॉ. ओम तनेजा और उनकी पत्नी डॉ. इंदिरा तनेजा के रूप में हुई है। दोनों करीब 48 साल तक अमेरिका में रहे और संयुक्त राष्ट्र (UN) से जुड़े रहे। रिटायरमेंट के बाद 2015 में वे भारत लौटे थे और तब से ग्रेटर कैलाश-2 में रहकर सामाजिक और चैरिटी कार्यों से जुड़े थे।

77 साल की डॉ. इंदिरा तनेजा ने पुलिस को बताया कि उन्हें एक कॉल आया, जिसमें कॉलर ने दावा किया कि उनके मोबाइल नंबर से आपत्तिजनक कॉल की गई हैं। साथ ही यह भी कहा गया कि उनके बैंक खातों में काला धन पाया गया है और मनी लॉन्ड्रिंग की जांच चल रही है।

वीडियो कॉल के जरिए दंपती पर नजर रख रहे थे ठग

महिला के मुताबिक, यह घटना 24 दिसंबर 2025 से शुरू हुई। साइबर ठगों ने 10 जनवरी की सुबह तक वीडियो कॉल के जरिए दंपती पर लगातार नजर रखी। इस बीच साइबर ठगों ने उन्हें गिरफ्तारी वारंट और फर्जी आपराधिक मामलों की धमकी दी। कॉल करने वालों ने मनी लॉन्ड्रिंग रोकथाम कानून (PMLA) जैसे कानूनों का हवाला देते हुए दंपती पर राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े आरोप भी लगाए।

महिला ने पुलिस को बताया कि ठग उनकी हर गतिविधि पर नजर रखते थे। जब भी वह घर से बाहर निकलतीं या किसी को फोन करने की कोशिश करतीं, ठग उनके पति के फोन पर वीडियो कॉल शुरू कर देते थे, ताकि वह किसी को जानकारी न दे सकें। इस दौरान ठगों ने डॉ. इंदिरा पर दबाव डालकर आठ अलग-अलग बैंक खातों में पैसे ट्रांसफर कराए।

हर बार रकम अलग-अलग होती। कभी 2 करोड़ रुपए, तो कभी 2.10 करोड़ रुपए से ज्यादा। कुल मिलाकर ठगों ने कपल से अलग-अलग बैंक अकाउंट में कुल 14.85 करोड़ रुपए ट्रांसफर करवा लिए। डॉ. इंदिरा ने पुलिस को बताया कि बैंक जाने से पहले ठग उन्हें बताते थे कि अगर बैंक स्टाफ सवाल करे तो क्या जवाब देना है।

ठगों ने कहा था- आपका पैसा RBI के जरिए वापस आ जाएगा

10 जनवरी को मामला तब सामने आया, जब ठगों ने बुजुर्ग कपल को स्थानीय पुलिस थाने जाने को कहा। कपल के मुताबिक, ठगों ने उनसे कहा कि अब उनके पैसे भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के जरिए वापस किए जाएंगे और पुलिस को इसकी जानकारी दे दी गई है।

डॉ. इंदिरा तनेजा वीडियो कॉल पर रहते हुए पुलिस थाने पहुंचीं और ठगों की पुलिसकर्मियों से बात भी कराई। महिला के मुताबिक, कॉल करने वालों ठगों ने पुलिस से भी बदतमीजी से बात की। पुलिस थाने पहुंचने के बाद ही डॉ. इंदिरा तनेजा को ठगी का पूरा अंदाजा हुआ और यह साफ हुआ कि पैसे लौटाने का दावा पूरी तरह झूठा था।

जीवन भर की जमा पूंजी गंवाने के बाद सदमे में कपल

पीड़ित डॉ. इंदिरा ने बताया कि पुलिस के पास जाने के बाद ही उन्हें ठगी का पता चला। डॉ. इंदिरा ने राष्ट्रीय साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई और वकील की मौजूदगी में विस्तृत शिकायत देने के लिए समय मांगा है। दिल्ली पुलिस के मुताबिक, लिखित शिकायत मिलने पर मामला साइबर क्राइम यूनिट/IFSO को भेजा जाएगा।

IFSO यूनिट ने इस मामले में FIR दर्ज कर ली है। दंपती अपनी जीवन भर की जमा पूंजी गंवाने के बाद गहरे सदमे में है। दिल्ली पुलिस ने कपल की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है। अपराध की गंभीरता को देखते हुए जांच स्पेशल सेल की साइबर यूनिट- इंटेलिजेंस फ्यूजन एंड स्ट्रैटेजिक ऑपरेशंस (IFSO) को सौंप दी गई है।

——————————-

डिजिटल अरेस्ट से जुड़ी यह खबर भी पढ़ें…

पूर्व CJI चंद्रचूड़ के नाम पर डिजिटल अरेस्ट:मुंबई में बुजुर्ग महिला से 3.71 करोड़ ठगे; सूरत से एक आरोपी गिरफ्तार

मुंबई में 68 साल की एक महिला से 3.71 करोड़ रुपए की ठगी हो गई। आरोपियों ने खुद को मुंबई के कोलाबा पुलिस स्टेशन के साथ-साथ केंद्रीय एजेंसियों का कर्मचारी बताया था। इन लोगों ने नकली ऑनलाइन कोर्ट सुनवाई भी की, जिसमें एक व्यक्ति ने खुद को पूर्व चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया डीवाई चंद्रचूड़ बताया था। पूरी खबर पढ़ें…

खबरें और भी हैं…



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *