Former IPS Amitabh Thakur suffered a heart attack in jail. | पूर्व IPS अमिताभ ठाकुर की देवरिया जेल में तबीयत बिगड़ी: सीने में तेज दर्द, हार्ट अटैक की आशंका, रात 2 बजे गोरखपुर रेफर – Deoria News
अनुग्रह नारायण शाही | देवरियाकुछ ही क्षण पहले
- कॉपी लिंक

देवरिया जिला जेल में बंद पूर्व IPS अमिताभ ठाकुर की मंगलवार देर रात अचानक तबीयत बिगड़ गई। उन्हें सीने में तेज दर्द और बेचैनी की शिकायत हुई, जिसके बाद जेल प्रशासन ने उन्हें तत्काल देवरिया मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। शुरुआती जांच के बाद डॉक्टरों ने उनकी हालत गंभीर देखते हुए रात 2 बजे गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
सूत्रों के मुताबिक, गोरखपुर में जांच के दौरान डॉक्टर्स ने हार्ट अटैक की आशंका जताई है। फिलहाल उनका इलाज विशेषज्ञ डॉक्टरों की मॉनिटरिंग में चल रहा है। अमिताभ ठाकुर धोखाधड़ी मामले में 10 दिसंबर से न्यायिक हिरासत में हैं। मंगलवार को ही मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (CJM) की कोर्ट ने उनकी जमानत याचिका खारिज कर दी थी। बताया जा रहा है कि वो इसके बाद से परेशान थे।
जानकारी के मुताबिक, मंगलवार दोपहर 1 बजे कोर्ट में पेशी के बाद उन्हें शाम 3 बजे वापस जेल लाया गया। रात 9.30 बजे उन्होंने डिनर किया। दो रोटी और सब्जी खाई। इसके बाद कुछ लिखते रहे। रात 12 बजे के आसपास अचानक उनके सीने में तेज दर्द हुआ। बेचैनी होने लगी। इसके बाद उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया।

अमिताभ ठाकुर के सीने में तेज दर्द और बेचैनी की शिकायत हुई, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया।
अजय राय ने दावा किया था- अमिताभ ठाकुर की हालत नाजुक चार दिन पहले यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने अमिताभ ठाकुर का एक वीडियो पोस्ट किया था। इसमें उन्होंने दावा किया था कि जेल में भी अमिताभ ठाकुर के साथ बदसलूकी और उत्पीड़न जारी है। उनकी हालत बेहद नाजुक हो गई है और उनकी जान को खतरा बना हुआ है, लेकिन सत्ता और सिस्टम खामोश हैं। देखिए वीडियो…
3 दिन पहले कोर्ट ने अफसरों को लगाई थी फटकार 4 दिन पहले यानी 3 दिसंबर को अमिताभ ठाकुर की देवरिया सीजेएम कोर्ट में पेशी हुई थी। उनकी जमानत पर 30 मिनट तक बहस हुई थी। इस दौरान लखनऊ से आए जांच अधिकारी (IO) कोई ठोस सबूत पेश नहीं कर सके। इस पर जज ने जांच अधिकारी को फटकार लगाई। कहा- अब तक की जांच में ऐसा कोई ठोस सबूत सामने नहीं आया है, जिससे साबित हो कि अमिताभ ठाकुर की गिरफ्तारी आवश्यक थी।
‘मुझे लगा कि एनकाउंटर न कर दें…’ पेशी के दौरान कोर्ट के बाहर अमिताभ ठाकुर ने कहा- मुकदमा दर्ज होने के अगले ही दिन मुझे रात 2 बजे अचानक गिरफ्तार कर लिया गया। रात के सन्नाटे में जिस तरह से मुझे उठाया गया, उससे मुझे लगा कि कहीं मेरा एनकाउंटर न कर दिया जाए। उस रात मैं वास्तव में काफी घबरा गया था।
चुनिंदा कार्रवाई करते हुए सिर्फ मुझे निशाना बनाया गया। जैसे ही मैंने धनंजय सिंह से जुड़े तथ्यों और आरोपों को सार्वजनिक किया। इसके बाद से ही साजिश रची जाने लगी। मैंने वाराणसी के कुछ बड़े भाजपा नेताओं के नाम भी सामने रखे थे, जिसके तुरंत बाद वाराणसी में मेरे ऊपर मुकदमा दर्ज कर दिया गया।

कोर्ट में पेशी के बाद पूर्व IPS ने कहा- जब मुझे गिरफ्तार किया गया, तो मैं बहुत घबरा गया था।
अमिताभ ठाकुर के तबीयत से जुड़े अपडेट्स के लिए लाइव ब्लॉग से गुजर जाइए…
लाइव अपडेट्स
5 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
अब वो मामला जानिए, जिसमें अरेस्ट हुए पूर्व IPS
- लखनऊ के गोमतीनगर स्थित विराम खंड निवासी अमिताभ ठाकुर पर आरोप है कि उन्होंने साल 1999 में देवरिया में एसपी रहते हुए अपनी पत्नी नूतन ठाकुर के नाम औद्योगिक क्षेत्र में एक प्लाट खरीदा था। प्लाट आवंटन के दौरान पत्नी नूतन ठाकुर का नाम ‘नूतन देवी’ और पति का नाम ‘अभिजात’ अंकित कराया गया था, जबकि उनका वास्तविक नाम अमिताभ ठाकुर है। इस प्लाट का एलाटमेंट नूतन इंडस्ट्रीज के नाम पर हुआ था। लेकिन, 3 साल तक एक ईंट नहीं रखी गई।
- सितंबर, 2002 में नूतन ठाकुर ने इस जमीन की लीज डीड शराब और कंस्ट्रक्शन कारोबारी संजय प्रताप सिंह को ट्रांसफर कर दी। 6 हजार स्क्वायर फीट का यह प्लॉट देवरिया शहर से लगे औद्योगिक क्षेत्र में है। यह B-2 श्रेणी का है। यहां कोई उद्योग नहीं लगा है। अभी यहां पर श्रीनेत शांडिल्य कंस्ट्रक्शन प्राइवेट लिमिटेड का ऑफिस है। यह संजय प्रताप सिंह का है। संजय देवरिया के शराब और कंस्ट्रक्शन के बड़े कारोबारियों में शामिल हैं।
- देवरिया के औद्योगिक क्षेत्र में 26 साल पहले यही प्लॉट पूर्व आईपीएस अमिताभ ठाकुर की पत्नी को अलॉट हुआ था। सितंबर 2025 में लखनऊ के तालकटोरा थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए बाद में जांच के लिए एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया था। जांच के दौरान देवरिया सदर कोतवाली में भी इस मामले में एक और केस दर्ज किया गया था।
- पुलिस ने 10 दिसंबर को शाहजहांपुर में पूर्व आईपीएस अमिताभ ठाकुर को गिरफ्तार कर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (सीजेएम) न्यायालय में पेश किया था। यहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया था।