Hrithik Roshan praises the film Dhurandhar | ऋतिक रोशन ने फिल्म धुरंधर की तारीफ की: लेकिन इसके राजनीतिक विचारों से सहमत नहीं हैं, अक्षय कुमार ने भी मूवी को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी
45 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

एक्टर ऋतिक रोशन ने रणवीर सिंह और अक्षय खन्ना की फिल्म धुरंधर की तारीफ की है। ऋतिक ने कहा कि उन्हें फिल्म की कहानी बहुत पसंद आई, भले ही वे इसके राजनीतिक विचारों से सहमत नहीं हैं।
बुधवार को ऋतिक ने अपने इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक नोट लिखकर धुरंधर देखने के बाद अपने विचार शेयर किए।
उन्होंने लिखा, “मुझे सिनेमा पसंद है, मुझे वे लोग पसंद हैं जो कहानी में पूरी तरह डूब जाते हैं और उसे खुद पर हावी होने देते हैं। धुरंधर इसका एक शानदार उदाहरण है। मुझे इसकी कहानी कहने का तरीका बहुत पसंद आया। यही तो सिनेमा है।”
एक्टर ने आगे लिखा, “मैं इसके राजनीति वाले हिस्से से सहमत नहीं हूं और इस बात पर बहस कर सकता हूं कि एक फिल्ममेकर के तौर पर हमारी क्या जिम्मेदारियां हैं, लेकिन फिर भी, एक सिनेमा के छात्र के रूप में मैंने इससे बहुत कुछ सीखा और इसे पसंद किया। कमाल की फिल्म है।”

एक्टर अक्षय कुमार ने फिल्म धुरंधर को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने X पर लिखा, “धुरंधर देखी और मैं हैरान रह गया। क्या जबरदस्त कहानी है और आदित्य धर, आपने गजब काम किया है। हमें ऐसी कहानियां चाहिए जो असर छोड़ें, और अच्छा लगा कि दर्शक इस फिल्म को इतना प्यार दे रहे हैं।”

फिल्ममेकर सिद्धार्थ आनंद ने भी फिल्म धुरंधर की तारीफ की थी। वहीं डायरेक्टर मधुर भंडारकर ने इसे धमाकेदार फिल्म कहा और खास तौर पर अक्षय खन्ना की परफॉर्मेंस को मास्टरक्लास बताया, साथ ही रणवीर सिंह की दमदार अदाकारी की तारीफ की।
आदित्य धर निर्देशित फिल्म धुरंधर बॉक्स ऑफिस पर शानदार कमाई कर रही है। 5 दिसंबर को रिलीज हुई इस फिल्म ने छठे दिन 26.50 करोड़ रुपए की कमाई की, जिसके बाद इंडियन बॉक्स ऑफिस पर इसकी कुल कमाई 180 करोड़ रुपए हो गई है।

इसके अलावा धुरंधर के दुनियाभर की कमाई के बारे में बात करें तो फिल्म ने पांच दिनों मे करीब 233.50 करोड़ रुपए का कलेक्शन किया था। वहीं अब ये फिल्म 250-260 करोड़ के आसपास कलेक्शन कर चुकी है।