Indian Youth Sharandeep Singh Likely to Return Home After Crossing Pakistan Border | PAK गए पंजाबी युवक की होगी घर वापसी: अमेरिका से मिली मदद, पाकिस्तानी वकील लड़ेंगे केस, पाक रेंजर्स को कुछ संदिग्ध नहीं मिला – Mohali News
नासिर ढिल्लों अपने साेशल मीडिया पेज पर जानकारी देते हुए।
जालंधर से बॉर्डर क्रॉस कर पाकिस्तान पहुंचे पंजाबी युवक शरणदीप सिंह की जल्द वतन वापसी होगी। उसे पाकिस्तान से भारत भेजने के लिए वहां की कोर्ट में केस दायर किया जाएगा। जिसमें पाकिस्तानी वकील उसकी पैरवी करेगा।
.
इसका खुलासा पाकिस्तानी यूट्यूबर नासिर ढिल्लो ने किया। ढिल्लो ने एक वीडियो जारी कर कहा कि शरणदीप के गांव के ही अमेरिका में रहते युवक ने उससे संपर्क किया है। जिसके बाद शरणदीप को कानूनी मदद देने की तैयारी की जा रही है।
शरणदीप जालंधर में शाहकोट का रहने वाला है। वह तरनतारन में खेमकरण सेक्टर से बॉर्डर क्रॉस कर पाकिस्तान सीमा में घुस गया था। जहां पाक रेंजर्स ने उसे हिरासत में ले लिया। इसके बाद कार्रवाई के लिए उसे पाकिस्तान पुलिस को सौंप दिया।

पाकिस्तान की हिरासत में शरणदीप सिंह। फाइल फोटो
शरणदीप के वतन वापसी के ज्यादा चांसेज क्यों…
- रेंजर्स की जांच में कुछ संदिग्ध नहीं मिला: नासिर ने बताया कि शरणदीप के मामले में भी रेंजर्स ने पूरी जांच कर ली है। जांच में सामने आया है कि वह गलती से सीमा पार कर गया था। इसके बाद उसे स्थानीय पुलिस के हवाले कर दिया गया और कसूर थाने में एफआईआर दर्ज हुई। शरणदीप के गांव वालों ने अमेरिका में मौजूद हमारे दोस्त से संपर्क किया। इसके बाद लॉ फर्म चलाने वाले बहराम बाजवा को उसका वकील नियुक्त किया गया है। अब उसका केस मजबूती से पेश किया जाएगा और जल्द भारत भेजने की कोशिश की जाएगी।
- पहले भी युवक की वापसी हो चुकी: ढिल्लों ने बताया कि 6 साल पहले कसूर का रहने वाला मुबशर मुबारक नाम का एक युवक घरवालों से नाराज होकर भारत की सीमा पार कर आया था। उसे बीएसएफ ने पकड़ लिया था।पूछताछ में कुछ संदिग्ध न मिलने पर उसे स्थानीय पुलिस को सौंप दिया गया और उस पर एफआईआर दर्ज हुई। उसकी मां बहुत रोती थी। इसके बाद पंजाब के पत्रकारों से संपर्क कर उसकी मां का इंटरव्यू करवाया गया। इसके बाद वकील अरेंज कर करीब 6 महीने में वह युवक अपने देश लौट गया।
- वकील केस लड़ने को राजी हुए: पाकिस्तानी यूट्यूबर नासिर ढिल्लों ने बताया कि शरणदीप सिंह कुछ दिन पहले सीमा पार कर पाकिस्तान पहुंच गया था, जहां रेंजर्स ने उसे गिरफ्तार कर लिया। बॉबी सिद्धू नाम का उनका दोस्त अमेरिका में रहता है और वह इसी युवक के गांव का है। उसी ने इस मामले में उनसे संपर्क किया और पूरी जानकारी दी। नासिर ढिल्लों ने कहा कि हम राह बनाना चाहते हैं और नरमी पैदा करना चाहते हैं। हम नफरत नहीं फैलाना चाहते। हम पाकिस्तान का एक अच्छा चेहरा दुनिया के सामने रखना चाहते हैं। उन्होंने बाजवा साहब का धन्यवाद किया, जिन्होंने यह केस लड़ने की हिम्मत दिखाई।

शरणदीप सिंह के पेरेंट्स जानकारी देते हुए। फाइल फोटो
शरणदीप पाकिस्तान कैसे पहुंचा शरणदीप के पिता सतनाम सिंह ने बताया कि उनका बेटा नशे का आदी है। कुछ दिन पहले वह अन्य युवकों के साथ घर से चला गया था। परिवार ने रिश्तेदारियों में तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। पहले भी वह नशे के कारण किसी के घर रुक जाता था, इसलिए शुरुआत में चिंता नहीं हुई।
जब शरणदीप रिश्तेदारों और दोस्तों के यहां नहीं मिला, तो परिवार ने 8 दिसंबर को शाहकोट पुलिस थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद जिस युवक के साथ वह गया था, उससे संपर्क किया गया। पहले उसने 5-6 दिन तक कोई जानकारी नहीं दी, लेकिन बाद में बताया कि वह शरणदीप को बॉर्डर के पास छोड़कर आया था।
इसके बाद 2 दिन पहले पाकिस्तानी रेंजर्स ने उसकी हथकड़ी लगी फोटो जारी की तो पता चला कि वह पाकिस्तान चला गया है। जिसके बाद उन्होंने पुलिस को इसकी जानकारी दी। पिता ने यह भी बताया कि वह कुछ समय पहले ही कपूरथला जेल से छूटा था। वह झगड़े के मामले में जेल में बंद था।
********************
ये खबर भी पढ़ें…
पंजाब का युवक बॉर्डर क्रॉस कर पाकिस्तान पहुंचा:पाकिस्तानी रेंजर्स ने पकड़ा, हथकड़ी लगी फोटो जारी की; जालंधर से अचानक गायब हुआ था

पंजाब के जालंधर का रहने वाला युवक अचानक पाकिस्तान पहुंच गया। इसका खुलासा तब हुआ, जब पाकिस्तानी रेंजर्स ने उसे पकड़ लिया। इसके बाद पाक रेंजर्स के साथ उसकी हथकड़ी लगी फोटो जारी कर दी (पढ़ें पूरी खबर)