Jalore Bus Accident | Ahor Travel Bus Overturned Elderly Couple Death Story | पत्नी का सिर से धड़ अलग, पति का पैर कटा: स्लीपर बस पलटी, दंपती सहित 3 की मौत; स्टीयरिंग छोड़ पान मसाला मिला रहा था ड्राइवर – Jalore News
जालोर में नेशनल हाईवे (NH-325) पर स्लीपर बस पलट गई। इस हादसे में दंपती सहित तीन लोगों की मौत हो गई। पत्नी का सिर धड़ से अलग हो गया, जबकि पति का पैर कट गया। इसके अलावा 12 से ज्यादा लोग गंभीर रूप से घायल हैं। हादसे के समय अधिकतर यात्री गहरी नींद में थे।
.
रविवार देर रात करीब 11 बजे दुर्घटना अहोर थाना इलाके में गवरी गांव और गुड़ा बालोतान के बीच हुई। आरोप है कि बस ड्राइवर नशे में था। ड्राइविंग करते समय स्टीयरिंग को छोड़कर पान मसाला मिला रहा था। इस दौरान बस बेकाबू होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। इसके बाद बस पलट गई।

रविवार देर रात करीब 11 बजे जालोर के अहोर इलाके में नेशनल हाईवे पर हादसा हुआ। दंपती सहित तीन लोगों की मौत हो गई है।
आहोर SHO करण सिंह ने बताया- टीआर जाणी ट्रेवल्स की एक निजी बस रविवार शाम करीब 6 बजे सांचौर से रवाना हुई थी। बस जालोर, आहोर और जयपुर होते हुए करौली जा रही थी। रात करीब 11.30 बजे आहोर थाना क्षेत्र के अगवरी गांव और गुड़ा बालोतान के बीच बस तेज रफ्तार में नीम के पेड़ से टकरा गई और सड़क किनारे पलट गई।
बुजुर्ग दंपती की मौके पर मौत
हादसे में सांचौर के लियादरा गांव निवासी एक बुजुर्ग दंपती बस के नीचे दब गए। दोनों के शव बुरी तरह से कुचलने से मौके पर ही मौत हो गई।
सांचौर के लियादरा गांव निवासी फगलूराम (75) पुत्र हेमाराम बिश्नोई का पैर कटकर अलग हो गया। वहीं उनकी पत्नी हाअू देवी (65) का सिर धड़ से कटकर अलग हो गया। वहीं भरतपुर निवासी अमृतलाल पुत्र खिलारीलाल ने इलाज के दौरान जालोर के सामान्य अस्पताल में दम तोड़ दिया।
जानकारी के अनुसार फगलूराम अपनी पत्नी के साथ बेटे के परिवार से मिलने के लिए अजमेर जा रहे थे।

महिला का सिर कटकर अलग होने के साथ बॉडी बुरी तरह से कुचल गई थी।
तीन क्रेनों से सीधी कराई गई बस
आहोर SHO करण सिंह ने बताया- घटना की सूचना मिलते ही थानाधिकारी करण सिंह पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे। बस को सीधा करने के लिए तीन क्रेनों की मदद ली गई। इसके बाद घायलों को बाहर निकालकर आहोर के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया।
10 यात्री गंभीर, 3 को हल्की चोट
पुलिस के अनुसार हादसे में 3 यात्रियों को हल्की चोटें आई हैं, जबकि 10 यात्री गंभीर रूप से घायल हैं। सभी घायलों का आहोर अस्पताल में इलाज चल रहा है। दो गंभीर घायलों को जालोर रेफर किया गया है। इनमें से भरतपुर के अमृतलाल ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
ड्राइवर पर नशे में बस चलाने का आरोप
बस में सवार यात्रियों ने बताया कि ड्राइवर बस को करीब 100 किलोमीटर प्रति घंटे से ज्यादा की रफ्तार से चला रहा था। यात्रियों ने ड्राइवर के शराब के नशे में होने का भी आरोप लगाया है। हादसे से कुछ दूरी पहले एक होटल पर बस को रोकने का इशारा किया गया था, लेकिन तेज स्पीड होने के कारण बस नहीं रुकी।

नेशनल हाईवे पर स्लीपर बस के दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद चीख-पुकार मच गई थी। शीशे तोड़कर यात्रियों को बाहर निकाला गया।
तंबाकू मसाला बनाते समय बेकाबू हुई बस!
एक यात्री ने बताया कि ड्राइवर रास्ते में तंबाकू का मसाला बना रहा था। इसी दौरान उसका ध्यान भटक गया और बस बेकाबू होकर पलट गई।
यात्रियों ने शीशे तोड़कर बचाई जान
बस में सवार हरी गुजर ने बताया कि वह सांचौर से जयपुर जा रहे थे और सफर के दौरान सो रहे थे। अचानक तेज झटका लगा और बस पलट गई। हादसे के बाद यात्रियों ने शीशे तोड़कर किसी तरह बाहर निकलकर जान बचाई।

बस पलटने के बाद मौके पर जेसीबी बुलानी पड़ी। इसकी मदद से बस को सीधा किया गया।
ये हुए घायल
घायलों में सांचौर निवासी प्रवीण कुमार पुत्र सांवलाराम, मन बिश्नोई पुत्री मालाराम, भावना पुत्र चिमनाराम, बांसवाड़ा निवासी पूजा पुत्र रामचंद्र, दौसा निवासी हरीश पुत्र हरिगिलास गुर्जर, कुलदीप पुत्र लाखन बंजारा, सांचौर निवासी संदीप पुत्र कैलाश महेश्वरी, अलवर निवासी पवन पुत्र जगदीश प्रसाद, मेडाबागोड़ा निवासी हर्षन पूरी पुत्र इंद्र पूरी गोस्वामी और सांचौर निवासी दिलीप पुत्र बाबूलाल बिश्नोई शामिल हैं।
जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। ड्राइवर की लापरवाही और नशे में वाहन चलाने की आशंका को लेकर भी जांच की जा रही है।