Mamata Banerjee Hindu Muslim Statement | Secular Tushtikaran Controversy West Bengal | ममता ने देश के सबसे बड़े दुर्गा-मंदिर की नींव रखी: कोलकाता में बनेगा दुर्गा आंगन; CM बोलीं- मुझ पर तुष्टीकरण के आरोप, लेकिन मैं सेक्युलर
- Hindi News
- National
- Mamata Banerjee Hindu Muslim Statement | Secular Tushtikaran Controversy West Bengal
कोलकाता3 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

ममता बनर्जी सोमवार को कोलकाता में एक दुर्गा पूजन से जुड़े कार्यक्रम में पहुंची थीं।
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सोमवार को कोलकाता के न्यू टाउन में ‘दुर्गा आंगन’ की नींव रखी। यह देश का सबसे बड़ा दुर्गा मंदिर परिसर होगा। जो 15 एकड़ में बनकर तैयार होगा। इस मंदिर में रोजाना 1 लाख श्रद्धालु दर्शन कर पाएंगे।
मंदिर परिसर की नींव रखने के बाद ममता ने जनता को संबोधित किया। अपने ऊपर लगे तुष्टीकरण के आरोपों का जवाब दिया। ममता ने कहा- कई लोग कहते हैं कि मैं तुष्टीकरण कर रही हूं लेकिन मैं सेक्युलर हूं और सभी धर्मों में विश्वास करती हूं। मुझे बंगाल से प्यार है, मुझे भारत से प्यार है। यही हमारी विचारधारा है।
ममता ने आरोप लगाने वाले का नाम नहीं बताया लेकिन विपक्षी भाजपा अक्सर उन पर मुसलमानों को खुश करने का आरोप लगाती रही है। इस पर ममता ने कहा कि जब मैं गुरुद्वारे जाती हूं तो आप कुछ नहीं कहते, लेकिन जब मैं ईद के कार्यक्रम में जाती हूं तो मेरी आलोचना करने लगते हैं। यह ठीक नहीं है।

दुर्गा आंगन को देश का सबसे बड़ा दुर्गा मंदिर परिसर होगा। इसे 15 एकड़ से अधिक जमीन में ₹262 करोड़ रुपये की लागत से बनाया जाएगा। काम पूरा होने में दो साल लगेंगे।
ममता का संबोधन, 2 बड़ी बातें…
- हर व्यक्ति का अपना लोकतांत्रिक अधिकार: ममता ने आगे कहा कि हर व्यक्ति का अपना लोकतांत्रिक अधिकार है। मैं केंद्र सरकार से गंगासागर में एक पुल बनवाने की कोशिश कर रही थी, लेकिन अब मैं इसे खुद बनवाऊंगी। मैं 5 जनवरी को शिलान्यास करूंगी और अगले दो सालों में पुल जनता के लिए तैयार हो जाएगा। जनवरी के दूसरे हफ्ते में हम सिलीगुड़ी में महाकाल मंदिर का शिलान्यास करने जा रहे हैं।
- SIR सिर्फ लोगों को परेशान करने के लिए: ममता बनर्जी ने अपने भाषण में राज्य में चल रही SIR प्रक्रिया पर भी चिंता जताई। उन्होंने लोगों को परेशान करने और जानमाल के नुकसान का आरोप लगाया। ममता ने कहा कि लोगों को बेवजह परेशान किया जा रहा है। SIR प्रक्रिया के दौरान एक महीने में 50 से ज्यादा लोगों की जान चली गई। हम लोगों के लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए लड़ते रहेंगे और इसके लिए अपनी जान देने को भी तैयार हैं।
पश्चिम बंगाल में धर्म को लेकर अभी चर्चा क्यों….
27 दिसंबर 2025: सुवेंदु बोले- बांग्लादेश को गाजा जैसा सबक सिखाना चाहिए
बांग्लादेश में दो हिंदुओं की हत्या को लेकर पश्चिम बंगाल में भी प्रदर्शन जारी है। दो दिन पहले भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी का एक वीडियो सामने आया। इसमें उन्होंने 100 करोड़ हिंदुओं का हवाला देते कहा कि बांग्लादेश को गाजा जैसा सबक सिखाया जाना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि भारत ने जैसे ऑपरेशन सिंदूर कर पाकिस्तान को सबक सिखाया था।
इसे लेकर बंगाल सीएम ममता बनर्जी की पार्टी तृणमूल कांग्रेस (TMC) ने उनकी आलोचना करते हुए कहा कि भाजपा ने नफरत और कट्टरता को अपनी पहचान बना लिया है।
6 दिसंबर 2025: बाबरी मस्जिद की तर्ज पर नींव रखी गई

6 दिसंबर को पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले के बेलडांगा में TMC से निलंबित विधायक हुमायूं कबीर ने अयोध्या की बाबरी मस्जिद की तर्ज पर बनने वाली मस्जिद की आधारशिला रखी। कबीर ने कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मंच पर मौलवियों के साथ फीता काटकर औपचारिकता पूरी की।
इस दौरान नारा-ए-तकबीर, अल्लाहु अकबर के नारे लगाए गए। कार्यक्रम में 2 लाख से ज्यादा लोगों की भीड़ जुटी। बंगाल के अलग-अलग जिलों से आए लोगों में कोई अपने सिर, कोई ट्रैक्टर-ट्रॉली तो कोई रिक्शा या वैन से ईंट लेकर कार्यक्रम स्थल पर पहुंचा था।
—————————
ये खबर भी पढ़ें…
ममता बोलीं- EC सरकार को बिना बताए ऑब्जर्वर बना रहा: पश्चिम बंगाल की वोटर लिस्ट से SIR में 58 लाख नाम हटाए

पश्चिम बंगाल की CM ममता बनर्जी ने आरोप लगाया कि राज्य में चल रहे स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) में गंभीर गलतियां हुई हैं। वोटरों की मैपिंग में त्रुटियां हैं। चुनाव आयोग राज्य सरकार को बताए बिना ही ऑब्जर्वर अपॉइन्ट कर रहा है। यह पूरी प्रक्रिया BJP के हित में की जा रही है। पूरी खबर पढ़ें…