Surrey Police Issue Advisory as Punjabi Businessmen Targeted by Gangsters| Punjab News
एडवाइजरी जारी करते हुए सरे पुलिस के अधिकारी।
कनाडा में ब्रिटिश कोलंबिया (BC) के सरे शहर में जबरन वसूली के मामले बढ़ने के बाद वहां रह रहे पंजाबी कारोबारी गैंगस्टरों के निशाने पर आ गए हैं। ऐसे में सरे पुलिस ने पंजाबी में एक एडवाइजरी जारी की है।
.
कनाडा की BC पुलिस का कहना है कि हाल के महीनों में सरे समेत पूरे कनाडा में रंगदारी के मामलों का ट्रेंड देखा गया है। पीड़ितों को लेटर, फोन कॉल, टेक्स्ट मैसेज और सोशल मीडिया के जरिए धमकी भरे संदेश भेजे जा रहे हैं।
कनाडा की जांच एजेंसियां इन दिनों रंगदारी के मामलों की जांच में जुटी हैं। कनाडा पुलिस ने अब अपनी वेबसाइट पर एक वीडियो और टेक्स्ट के जरिए पंजाबी में एडवाइजरी जारी की है।
पुलिस ने कहा है कि अगर किसी के पास रंगदारी मांगने वालों की जानकारी है तो वे पुलिस को दें। पुलिस ने इसके लिए बाकायदा 2 करोड़ रुपए का इनाम रखा है।

कनाडा के सरे शहर की पुलिस की वेबसाइट पर जारी एडवाइजरी।
पुलिस ने ये जानकारियां शेयर कीं…
- जून 2025 के बाद तेजी से बढ़े मामले: पुलिस के मुताबिक, जून 2025 से सरे में फिरौती की धमकियों और उनसे जुड़ी हिंसा के मामलों में बढ़ोत्तरी हुई है। सरे पुलिस सर्विसेज ने विशेष रणनीति अपनाते हुए कई कदम उठाए। पुलिस ने सरे एक्टॉर्शन टिप लाइन (Surrey Extortion Tip Line)- 236-485-5149 के नाम से एक हेल्पलाइन शुरू की। जिसे सप्ताह के सातों दिन सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक मॉनिटर किया जाता है।
- जानकारी देने वालों को मिलेगा इनाम: पुलिस ने इस अपराध पर लगाम लगाने के लिए बड़ा कदम उठाते हुए महत्वपूर्ण जानकारी देने वालों के लिए 2.5 लाख डॉलर (लगभग 2 करोड़ रुपए से अधिक) का इनाम फंड बनाया है। इसमें दोषियों को सजा दिलाने वाली विशेष सूचना देने पर 1 लाख डॉलर तक का इनाम दिया जा सकता है। यह कनाडा के इतिहास के सबसे बड़े पुलिस इनामों में से एक माना जा रहा है।

फिरौती की जानकारी देने के लिए पुलिस ने यह नंबर जारी किया है।
- कनाडा में गैंगस्टरों की जांच में जुटी एजेंसियां: सरे पुलिस सर्विसेज ने 15 अधिकारियों और सिविल कर्मचारियों को रंगदारी की जांच के लिए बनाई गई टास्क फोर्स में तैनात किया है। टास्क फोर्स में अन्य एजेंसियों के अफसरों को भी शामिल किया गया है। कनाडा बॉर्डर सर्विसेज एजेंसी को भी इस जांच में जोड़ा गया है।
- सेंसिटिव इलाकों में गश्त बढ़ी: इसके अलावा प्रोजेक्ट अश्योरेंस के नाम की टीम रोजाना उन इलाकों में गश्त कर रही है, जिन्हें अपराधियों ने निशाना बनाया है। पुलिस ने एडमोन्टन और पील रीजन सहित अन्य शहरों के अधिकारियों के साथ बैठक कर खुफिया जानकारी और जांच रणनीतियां भी साझा की हैं।

सरे के सेंसिटिव इलाकों में गश्त पर पहुंचे पुलिस के जवान।
पुलिस ने एडवाजरी में क्या कहा, जानिए…
- रंगदारी की परिभाषा बताई: पुलिस ने एडवाजरी में सबसे पहले बताया है कि रंगदारी क्या होती है, ताकि अगर किसी से रंगदारी मांगी जाती है तो उन्हें पता चल सके कि रंगदारी मांगी जा रही है।
- धमकी मिले तो क्या करें: पुलिस ने बताया है कि जिसे भी धमकी मिले, वह तुरंत पुलिस को 604-599-0502 पर कॉल करें या आपात स्थिति में 911 डायल करें। अपराधियों को पैसे न दें और उनसे बातचीत न करें। सभी मैसेज, वॉइसमेल या लेटर सुरक्षित रखें। संदिग्ध व्यक्ति या वाहन से जुड़े विवरण नोट करें। विक्टिम सर्विसेज से मदद के लिए 604-599-7600 पर संपर्क किया जा सकता है।
- पुलिस की मदद कैसे करें: पुलिस ने नागरिकों से अपने इलाके में संदिग्ध गतिविधियों की तुरंत सूचना देने की अपील की है। लोगों को ब्लॉक वॉच कार्यक्रम से जुड़ने और अपने सुरक्षा कैमरों को प्रोजेक्ट आइरिस में रजिस्टर कराने की भी सलाह दी गई है, ताकि जांच में महत्वपूर्ण वीडियो मिल सकें।
गैंगस्टरों को डिपोर्ट करने की मांग कनाडा में रंगदारी, फायरिंग व हिंसा के बढ़ते मामलों में भारतीय गैंगस्टरों व अलगाववादियों के नाम भी आ रहे हैं। कनाडा में विपक्षी दलों ने गैंगस्टरों को डिपोर्ट करने का मुद्दा संसद से लेकर सड़क तक उठाना शुरू कर दिया है।