UP Lawyer Murder Video; Mirzapur Advocate Rajiv Singh Attack CCTV Footage
नितिन कुमार अवस्थी। मिर्जापुर25 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

वारदात CCTV में कैद हो गई। इसमें हमलावर वकील को गोली मारकर भागते हुए दिखाई दे रहा है।
मिर्जापुर में शनिवार सुबह 7.15 बजे मॉर्निंग वॉक पर निकले सीनियर वकील की गोली मारकर हत्या कर दी गई। दो हमलावर बाइक से आए। उन्हें रास्ते में रोका और सीने में तमंचा सटाकर गोली मार दी। खून से लथपथ वकील जमीन पर गिर पड़े। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पूरी वारदात CCTV में रिकॉर्ड हो गई।
वकील का नाम राजीव सिंह (45) है। उनकी पत्नी ग्राम प्रधान हैं। खुद भी 2 बार प्रधान रह चुके थे। वारदात के बाद भागते वक्त हमलावरों की बाइक बंद हो गई। लोग उन्हें पकड़ने दौड़े तो उन्होंने तमंचा तान दिया। डरकर लोग पीछे हट गए। घटना जिला मुख्यालय से 2 किलोमीटर दूर कटरा कोतवाली क्षेत्र के कतवारु का पुरा मोहल्ले की है।
एसपी अपर्णा रजत कौशिक ने बताया-
चुनावी रंजिश में हत्या की बात सामने आई है। मृतक राजीव सिंह की पत्नी ग्राम प्रधान हैं। हमलावर की पहचान हो गई है। वह भी वकील के गांव में प्रधानी का चुनाव लड़ चुका है। 7 महीने पहले भी हमलावर ने वकील से मारपीट की थी। गिरफ्तारी के लिए टीमें बनाई गई हैं।


हमलावर की बाइक काफी देर स्टार्ट नहीं हुई…
- एक मिनट के CCTV में दिख रहा है कि हमलावर बाइक से थे। नीली शर्ट पहने आरोपी बाइक चला रहा था। सफेद पैंट शर्ट के साथ गले में गमछा लटकाए हमलावर पीछे बैठा था। वकील को देखकर हमलावर हाथ में तमंचा लेकर उतरता है। रोककर फायर कर देता है। वारदात के बाद हमलावर और उसके साथी ने भागने की कोशिश की, लेकिन बाइक स्टार्ट नहीं हुई।
- बाइक चला रहे साथी आरोपी ने 15-16 बार किक मारी, लेकिन कुछ नहीं हुआ। हमलावर ने उसे पीछे किया और खुद बाइक स्टार्ट करने लगा। लोग हमलावरों को पकड़ने दौड़े तो उन्हें तमंचा दिखाकर धमकाया। हमलावर ने किक मारकर बाइक स्टार्ट की। फिर मौके से दोनों फरार हो गए।

आसपास के लोग हमलावरों को पकड़ने दौड़ते हैं तो पीछे बैठा साथी उन पर तमंचा तान देता है। लोग जान बचाने के लिए पीछे हट जाते हैं।
वकील की पत्नी गांव में प्रधान, परिवार शहर में रहता है मूलरूप से विंध्याचल थाना के देवरी गांव के रहने वाले राजीव सिंह उर्फ रिंकू कटरा कोतवाली में रहते थे। 2011 में यहां जमीन खरीदकर मकान बनवाया था। बच्चों की पढ़ाई की वजह से यहीं रहते थे। यहीं से कोर्ट आते-जाते थे। गांव में पत्नी प्रतिभा सिंह (40) प्रधान हैं। इस वजह से गांव भी आना जाना लगा रहता था। उनके 2 बेटे ओम (18) और सार्थक (12) हैं।
एसपी अपर्णा रजत ने बताया- राजीव सुबह घर से मॉर्निंग वॉक के लिए निकले थे। घर से कुछ ही दूरी पर पहुंचे थे, तभी बाइक सवार बदमाश हत्या करके फरार हो गए। आसपास के लोग घायल वकील को लेकर अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।

इसी जगह पर राजीव सिंह की हत्या की गई। घर पर लगे CCTV में पूरी वारदात रिकॉर्ड हुई।
आरोपी भी प्रधानी का चुनाव लड़ चुका है एसएसपी ने बताया- मुख्य आरोपी की पहचान हो गई है। मुख्य आरोपी राजेंद्र सोनकर भी वकील के गांव देवरी का रहने वाला है। प्रधानी का चुनाव लड़ चुका है। उसकी राजीव सिंह की पत्नी प्रतिभा सिंह से चुनावी रंजिश चल रही थी। हालांकि, दूसरे आरोपी की अब तक पहचान नहीं हो सकी है।
रेकी करके आरोपी ने वारदात की पुलिस के मुताबिक, राजेंद्र सोनकर भी कतवारू का पुरा यानी वकील के घर के पास किराए में रहता है। उसे पहले से पता था कि राजीव मॉर्निंग वॉक के लिए हर दिन कितने बजे घर से निकलते हैं। पूरी साजिश रचकर उसने वारदात की।

राजीव सिंह की पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है। वो पति के शव से लिपटकर रो पड़ी। बेटा पिता के पैर पकड़कर रोता रहा।
7 महीने पहले भी वकील पर ताना था तमंचा
- पड़ोसियों ने बताया- राजेंद्र सोनकर ने करीब 7 महीने पहले भी राजीव सिंह पर बीच रास्ते रोककर हमला किया था। उसने बाइक की डिग्गी से तमंचा निकालकर राजीव सिंह पर तान दिया था और मारपीट की थी। राजीव सिंह ने इस मामले में कटरा कोतवाली में तहरीर भी दी थी, पर पुलिस की ओर से समय रहते कोई कार्रवाई नहीं की गई।
- पड़ोसी मनीष दुबे ने बताया कि राजेंद्र सोनकर अक्सर घर पर आता था। कुछ महीने विवाद के बाद आना-जाना बंद हो गया। उसके बाद से अक्सर सुबह घर के पास टहलता दिखता था। उस पर पहले भी एक वकील की हत्या का आरोप लग चुका हैं। उसने अपनी नानी की हत्या कर नगर के डंगहर मोहल्ला स्थित आवास पर कब्जा कर रखा है।
- मृतक वकील के पिता जटा शंकर सिंह ने बताया कि राजेंद्र को भाई की तरह मानते थे। उसके मुकदमों की पैरवी भी करते थे। कोई भी विवाद होने पर मामला सुलह समझौते के आधार पर समाप्त करा देते थे। हत्या की वजह गांव की रंजिश है। उन्होने बताया कि राजीव सिंह 2 बार देवरी के ग्राम प्रधान रहे। महिला सीट होने पर उनकी पत्नी प्रतिभा सिंह ग्राम प्रधान है।

जटा शंकर सिंह ने बताया कि बेटा राजीव 2 बार देवरी के ग्राम प्रधान रहे। महिला सीट होने पर बहू प्रतिभा सिंह ग्राम प्रधान बनीं।
हत्यारोपियों के एनकाउंटर की मांग पर अड़े वकील
राजीव सिंह के साथी वकीलों ने तब तक अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया, तब तक आरोपियों पर कार्रवाई नहीं हो जाती। उनकी मांग थी कि पहले हत्यारों का एनकाउंटर किया जाए, बुलडोजर एक्शन लिया जाए, तभी राजीव सिंह का शव पैतृक गांव जाएगा। कमिश्नर राजेश प्रकाश, डीआईजी आरपी सिंह, जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार समेत तमाम अधिकारियों ने उन्हें समझाने की कोशिश की, लेकिन अधिवक्ता अड़े रहे। उनकी आपस में नोकझोंक भी हुई। बाद में आश्वासन के बाद सभी शांत हुए।

वकीलों ने हॉस्पिटल के बाहर हंगामा कर दिया। हत्यारों के एनकाउंटर और संपत्ति पर बुलडोजर चलाने की मांग की।
जिसने कभी केस लड़ा, उसी की कर दी हत्या
जांच में पता चला है कि आरोपी पर 2020 में आर्म्स एक्ट का मुकदमा हुआ था। उस मामले में राजीव सिंह ही राजेंद्र सोनकर की पैरवी कर रहे थे। परिजनों ने बताया- गांव का होने के नाते अक्सर राजीव, राजेंद्र की पैसों से भी मदद करते थे। पुलिस ने बताया- राजेंद्र सोनकर पहले भी तीन बार जेल जा चुका है। वह नशे का भी आदी है।

यह राजीव सिंह का पैतृक घर है। उनकी हत्या खबर सुनते ही देवरी गांव में घर के बाहर लोगों की भारी भीड़ लग गई।
————————
ये खबर भी पढ़िए-
मेरठ- बेटी की लाश के साथ 4 महीने रहा पिता:परफ्यूम डालकर बदबू मिटाता था, पैर छोड़कर पूरी बॉडी कंकाल बन चुकी थी

मेरठ में एक पिता बेटी की लाश के साथ 4 महीने तक घर में रहा। लाश बुरी तरह से सड़ चुकी थी। बेटी टीचर थी, उसके साथ रहने की जिद में पिता उससे अलग नहीं होना चाहता था। वह लाश की बदबू छिपाने के उस पर परफ्यूम स्प्रे करता रहा। लड़की की पूरी बॉडी कंकाल बन चुकी थी, सिर्फ पैर ही बचा था। मामला सदर बाजार के तेली मोहल्ले का है। पूरी खबर पढ़िए
