Venezuela President Maduro Appears in New York Federal Court, Calls Arrest Illegal | वेनेजुएला के राष्ट्रपति को न्यूयॉर्क कोर्ट में पेश किया गया: मादुरो बोले- मुझे किडनैप किया; आरोपों से इनकार, गिरफ्तारी को अवैध बताया
न्यूयॉर्क2 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

मादुरो को सोमवार रात कड़ी सुरक्षा के बीच न्यूयॉर्क की फेडरल कोर्ट में पेश किया गया।
वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को सोमवार रात न्यूयॉर्क की फेडरल कोर्ट में पेश किया गया। उन्होंने कोर्ट में अपने खिलाफ लगे ड्रग्स और हथियार तस्करी से जुड़े सभी आरोपों से इनकार किया।
CNN के मुताबिक, मादुरो ने अदालत में अपनी गिरफ्तारी को गैरकानूनी बताया और कहा कि मुझे किडनैप किया गया है। पहली सुनवाई मादुरो ने खुद को निर्दोष बताते हुए कहा,
मैं अपराधी नहीं हूं। मैं एक सम्मानित व्यक्ति हूं और अब भी अपने देश का राष्ट्रपति हूं।

मादुरो के वकीलों ने अमेरिकी कार्रवाई को सैन्य अपहरण बताया है। उन्होंने कहा कि यह अंतरराष्ट्रीय कानून और कानूनी प्रक्रिया का उल्लंघन है। अगली सुनवाई 17 मार्च को होगी।
बचाव पक्ष अमेरिकी अदालतों के अधिकार क्षेत्र (ज्यूरिस्डिक्शन) को भी चुनौती देने की तैयारी में हैं। उनकी कानूनी रणनीति का मुख्य आधार यही होगा कि अमेरिकी एजेंसियों ने विदेशी जमीन पर अवैध कार्रवाई कर उन्हें गिरफ्तार किया।

अमेरिकी ड्रग एजेंसी की टीम मादुरो को अदालत में पेश करने के लिए हेलिकॉप्टर से न्यूयॉर्क लेकर आई।
मादुरो की पत्नी सीलिया फ्लोरेस भी पेश हुईं
मादुरो की पत्नी सीलिया फ्लोरेस भी अदालत में पेश हुईं। उनके चेहरे पर चोट के निशान और पट्टी बंधी थी। उन्होंने खुद को वेनेजुएला की प्रथम महिला बताया और सभी आरोपों से इनकार किया।
मादुरो और उनके सहयोगियों पर नशा तस्करों और आतंकी गिरोहों के साथ मिलकर अमेरिका में कोकीन पहुंचाने की साजिश रचने का आरोप है। मादुरो पर मशीनगन रखने का भी आरोप है, जिसके लिए लंबी सजा हो सकती है।
चार्जशीट में मादुरो के बेटे निकोलस मादुरो गुएरा, गृह मंत्री डियोसडाडो काबेलो और कुख्यात गैंग ‘त्रेन दे अरागुआ’ के सरगना हेक्टर गुरेरो फ्लोरेस का नाम भी शामिल है। अमेरिका इस गैंग को विदेशी आतंकी संगठन मानता है।
मादुरो के पैरों में बेड़ियां थीं
सुनवाई के दौरान मादुरो के पैरों में बेड़ियां लगी हुई थीं। वह और उनकी पत्नी एक ही मेज पर बैठे थे और दोनों ने हेडफोन लगाए थे ताकि अदालत में कही जा रही बातों को अपनी भाषा में समझ सकें। जज ने अदालत में दोनों के खिलाफ लगाए गए आरोपों को पढ़कर सुनाया।
इससे पहले मादुरो को लेकर एक हेलिकॉप्टर से अदालत के पास बने हेलिपैड पर उतरा गया था। हेलिकॉप्टर से उतरते ही उन्हें तुरंत एक वैन में बैठाया गया और वहां से सीधे अदालत ले जाया गया।

अमेरिकी ड्रग एजेंसी की टीम बख्तरबंद गाड़ी में बैठाकर मादुरो को अदालत ले जाते हुए।
सुनवाई के दौरान अदालत के बाहर प्रदर्शन
मादुरो के खिलाफ सुनवाई के दौरान अदालत के बाहर सैकड़ों लोग जमा हुए। एक तरफ अमेरिका की कार्रवाई के खिलाफ प्रदर्शन हुआ, तो दूसरी ओर मादुरो विरोधी लोगों ने उनके खिलाफ नारे लगाए।
सुनवाई खत्म होने के बाद जब मादुरो बाहर निकलने के लिए उठे, तो गैलरी में बैठे एक व्यक्ति ने उनसे कहा कि उन्हें अपने अपराधों की कीमत चुकानी पड़ेगी। मादुरो ने जवाब दिया कि वह अपनी आजादी हासिल करेंगे।

न्यूयॉर्क सिटी के मैनहैटन की फेडरल कोर्ट के बाहर जमा हुए प्रदर्शनकारी।
अमेरिकी हमले का समर्थन करने वालों को गिरफ्तार करने के आदेश
वेनेजुएला सरकार ने अमेरिकी हमले के बाद देश में आपातकाल लागू करते हुए पुलिस को सख्त निर्देश दिए हैं। सरकार ने आदेश दिया है कि अमेरिका के हमले को का समर्थन करने वाले हर व्यक्ति की तुरंत तलाश कर उन्हें गिरफ्तार किया जाए।
सोमवार को जारी सरकारी डिक्री के मुताबिक, पुलिस को पूरे देश में ऐसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई शुरू करने को कहा गया है। इस डिक्री में साफ लिखा गया है कि अमेरिकी हमले से जुड़े किसी भी तरह के समर्थन को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
हालांकि यह आपातकालीन आदेश शनिवार से ही लागू था, लेकिन इसे पूरी तरह सार्वजनिक सोमवार को किया गया।
मादुरो को 2 जनवरी को पकड़ा गया
अमेरिकी सैनिकों ने 2 जनवरी की रात वेनेजुएला पर हमला कर मादुरो और उनकी पत्नी सीलिया फ्लोरेस को पकड़ा था। इसके बाद उन्हें न्यूयॉर्क लाया गया है, जहां उन्हें डिटेंशन सेंटर में रखा गया था।
उन पर हथियार-ड्रग्स से जुड़े मामलों में मुकदमा चलाया जाना है।। मादुरो ने ड्रग तस्करी से किसी भी तरह के संबंध से इनकार किया है।

———————–
ये खबर भी पढ़ें…
अमेरिका ने मादुरो के कुत्ते-बिल्ली तक की जासूसी कराई:राष्ट्रपति भवन की डमी बनाकर रिहर्सल, CIA एजेंट भेजे; मादुरो को पकड़ने की पूरी डिटेल

महीना- अगस्त 2025
जगह- कराकस
अमेरिका की सेंट्रल इंटेलिजेंस एजेंसी (CIA) की एक सीक्रेट टीम वेनेजुएला में पहचान बदलकर दाखिल हुई। इस टीम में अनुभवी एजेंट शामिल थे। इनका मिशन था मादुरो की हर हरकत पर नजर रखना। उससे जुड़ी हर छोटी-बड़ी जानकारी जुटाना। वे बिना किसी की नजर में आए महीनों तक कराकास की गलियों में छिपकर रहे। पूरी खबर यहां पढ़ें…