Weather Photos Update; Rajasthan Mumbai Rainfall | MP UP Kanpur Cold Wave Alert – Kashmir Snowfall | मध्य प्रदेश में कड़ाके की सर्दी, स्कूलों की टाइमिंग बदली: UP के 62 जिले घने कोहरे की चपेट में; पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी जारी
- Hindi News
- National
- Weather Photos Update; Rajasthan Mumbai Rainfall | MP UP Kanpur Cold Wave Alert Kashmir Snowfall
नई दिल्ली/भोपाल/लखनऊ9 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

देश भर में कड़ाके की सर्दी पड़ रही है। पहाड़ी राज्यों जम्मू-कश्मीर, हिमाचल और उत्तराखंड में बर्फबारी जारी है। वहीं, मध्य प्रदेश-राजस्थान समेत उत्तर और मध्य भारत के 12 प्रदेशों में घना कोहरा छाया हुआ है। अगले सात दिन भी यही हालात रह सकते हैं। इसके साथ ही कोल्ड डे और कोल्ड वेव की स्थिति भी बनी रहेगी।
वहीं, मध्य प्रदेश में कड़ाके की सर्दी और घने कोहरे का असर लगातार बढ़ रहा है। भोपाल और उज्जैन में रविवार को विजिबिलिटी सिर्फ 50 मीटर तक रही। शीतलहर के चलते भोपाल में सोमवार को स्कूलों की टाइमिंग बदली है। वहीं मंदसौर और उज्जैन में स्कूलों बंद किए गए हैं।
राजस्थान के अधिकतर इलाकों में रविवार को भी घना कोहरा रहा। उदयपुर के गोगुंदा में 50 मीटर तक की विजिबिलिटी रह गई थी। कोटा, सीकर, सिरोही सहित कई और शहरों में भी हालात कुछ ऐसे ही रहे। अलवर में छह दिन बाद आज हल्की धूप खिली।
यूपी में पहाड़ों जैसी कंपा देने वाली सर्दी पड़ रही है। रविवार को कानपुर-गोरखपुर समेत प्रदेश के 62 जिले घने कोहरे की चपेट में रहे। 10 मीटर दूर तक कुछ दिखाई नहीं दिया। अयोध्या का राम मंदिर और आगरा ताजमहल कोहरे में छिप गया।
राज्यों में मौसम की 3 तस्वीरें…

उत्तराखंड के उत्तरकाशी में रविवार को भागीरथी नदी जम गई।

उत्तर प्रदेश के अयोध्या में कोहरे के चलते राम मंदिर 50 मीटर दूर से भी नहीं दिखाई दे रहा है।

उत्तर प्रदेश के आगरा में कोहरा छाया रहा। ताजमहल 100 मीटर दूर से नहीं दिखाई दिया।

अगले 2 दिन मौसम का हाल…
6 जनवरी: मैदानी राज्यों में बारिश
- पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, बिहार, मध्य प्रदेश में बारिश का अलर्ट, जिससे सर्दी बढ़ सकती है।
- पहाड़ी राज्यों के निचले इलाकों में हल्की बारिश, जबकि ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हो सकती है।
7 जनवरी: पहाड़ी राज्यों में भारी बर्फबारी
- पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, बिहार, मध्य प्रदेश, झारखंड, छत्तीसगढ़ में कोल्डवेव का अलर्ट।
- जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भारी बर्फबारी का अलर्ट।

राज्यों में मौसम की हाल…
मध्य प्रदेश : तेज सर्दी-कोहरा, फ्लाइट-ट्रेनों पर असर; 17 जिलों में स्कूलों की छुट्टी, भोपाल-धार में टाइमिंग बदली

छिंदवाड़ा, मुरैना, रायसेन समेत प्रदेश के कई जिलों में सोमवार सुबह से सर्दी-कोहरा छाया है।
मध्य प्रदेश सोमवार को लगातार दूसरे दिन शीतलहर और घने कोहरे के आगोश में है। भोपाल में आज इस सीजन का सबसे घना कोहरा है। विजिबिलिटी 20 मीटर से भी कम है। सड़कों पर दिन में भी गाड़ियों की लाइटें जल रही हैं। तेज सर्दी, शीतलहर और कोहरे की वजह से 17 जिलों में स्कूलों में आज छुट्टी घोषित कर दी गई है। भोपाल और धार में स्कूलों की टाइमिंग बदली गई है। पूरी खबर पढ़ें…
राजस्थान : माउंट आबू में लगातार तीसरे दिन पारा शून्य, 7 शहरों में रात का तापमान 5 डिग्री से नीचे; दिन में भी चली बर्फीली हवा

रविवार को कोटा, उदयपुर, सीकर सहित सभी जिलों में घना कोहरा छाया रहा।
राजस्थान में पहाड़ों से आ रही बर्फीली हवाओं ने सर्दी बढ़ा दी है। प्रदेश में रविवार को सीजन का सबसे ठंडा दिन और ठंडी रात रही। हिल स्टेशन माउंट आबू में लगातार तीसरे दिन तापमान शून्य पर दर्ज हुआ। सात शहरों में रात का न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज हुआ। कोटा-बारां में दिन का अधिकतम तापमान 14 डिग्री से नीचे दर्ज हुआ। मौसम विभाग ने कहा कि राज्य में अगले एक सप्ताह तक कड़ाके की सर्दी पड़ेगी। जयपुर संभाग के जिलों में 4 दिनों तक शीतलहर का असर रहेगा। पूरी खबर पढ़ें…
उत्तराखंड : 7 शहरों में पारा शून्य से नीचे, 5 जिलों में बारिश-बर्फबारी; मैदानी जिलों में कोहरे का अलर्ट

चमोली के आली बिनानी बुग्याल में रविवार शाम बर्फबारी हुई।
उत्तराखंड में कड़ाके की सर्दी के बीच रविवार को पिथौरागढ़ जिले का मुनस्यारी सबसे ठंडा इलाका रिकॉर्ड किया गया है। यहां न्यूनतम तापमान माइनस 25 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। इसके अलावा 7 अन्य शहरों में तापमान शून्य से नीचे दर्ज किया गया। चमोली के आली बिनानी बुग्याल में सीजन की दूसरी बर्फबारी हुई। मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार को 5 जिलों- उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में हल्की बारिश के साथ ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हो सकती है। पूरी खबर पढ़ें…