World News Updates; Russia China Japan | US Pakistan Breaking News | वर्ल्ड अपडेट्स: पाकिस्तान के F-16 लड़ाकू विमान अपग्रेड करेगा अमेरिका; ₹5,800 करोड़ का प्रस्ताव दिया
6 दिन पहले
- कॉपी लिंक

अमेरिका ने पाकिस्तान के F-16 लड़ाकू विमानों को अपग्रेड करने के लिए 686 मिलियन डॉलर (लगभग 5,800 करोड़ रुपये) का प्रस्ताव संसद को भेजा है।
8 दिसंबर 2025 को डिफेंस सिक्योरिटी कोऑपरेशन एजेंसी (DSCA) ने संसद को एक नोटिफिकेशन भेजा है, जिसमें पाकिस्तान के F-16 अपग्रेड पैकेज ($686 मिलियन) को मंजूरी की घोषणा की गई है। यह प्रक्रिया आर्म्स एक्सपोर्ट कंट्रोल एक्ट के तहत होगी।
अब अमेरिकी संसद के पास इसे रोकने या पास करने के लिए 30 दिन का समय है। इस पैकेज में 37 मिलियन डॉलर की मेजर डिफेंस इक्विपमेंट और बाकी 649 मिलियन डॉलर की सॉफ्टवेयर, हार्डवेयर और लॉजिस्टिक सपोर्ट शामिल हैं।
समीक्षा के बाद, अमेरिकी वायुसेना पाकिस्तान को “लेटर ऑफ ऑफर एंड एक्सेप्टेंस” (LOA) जारी करेगी। पाकिस्तान के इसे स्वीकार करने पर डील फाइनल हो जाएगी।
सबसे अहम चीज है 92 लिंक-16 टैक्टिकल डेटा लिंक सिस्टम है, जो अमेरिका और नाटो देशों की सेनाओं के बीच रियल-टाइम में सुरक्षित और जाम-प्रूफ कम्युनिकेशन देता है।
इसके अलावा नई एवियोनिक्स, क्रिप्टो ग्राफिक डिवाइस, मिशन प्लानिंग सॉफ्टवेयर, स्पेयर पार्ट्स, सिम्युलेटर, ट्रेनिंग और तकनीकी सहायता भी दी जाएगी। इसका ठेका अमेरिका की मशहूर कंपनी लॉकहीड मार्टिन को मिला है।
अमेरिकी प्रशासन ने साफ किया है कि इस अपग्रेड से पाकिस्तान के ब्लॉक-52 और मिड-लाइफ अपग्रेड वाले एफ-16 विमानों की उम्र 2040 तक बढ़ जाएगी, साथ ही कई गंभीर फ्लाइट सेफ्टी समयाएं भी दूर हो जाएंगी। यह सौदा सैन्य संतुलन को किसी भी तरह प्रभावित नहीं करेगा।
अंतरराष्ट्रीय मामलों से जुड़ी अन्य बड़ी खबरें…
पीएम मोदी अगले हफ्ते 3 देशों का दौरा करेंगे; जॉर्डन, इथोपिया और ओमान जाएंगे

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अगले हफ्ते तीन देशों के दौरा करेंगे। इस दौरान जॉर्डन, इथोपिया और ओमान के दौरे पर जाएंगे। इस यात्रा का मकसद तीनों देशों के साथ रिश्ते मजबूत करना है।
मोदी के दौरे का शेड्यूल
जॉर्डन दौरा (15-16 दिसंबर) – पीएम मोदी जॉर्डन के किंग अब्दुल्ला-द्वितीय के निमंत्रण पर वहां जा रहे हैं। दोनों नेता आपसी संबंधों की समीक्षा करेंगे और क्षेत्रीय मुद्दों पर बातचीत करेंगे। यह दौरा भारत-जॉर्डन के कूटनीतिक संबंधों के 75 साल पूरे होने पर हो रहा है।
इथोपिया दौरा (16-17 दिसंबर): यह पीएम मोदी का इथोपिया का पहला दौरा होगा। वह इथोपिया के प्रधानमंत्री अबिय अहमद अली से मुलाकात कर व्यापार, सहयोग और अन्य द्विपक्षीय मुद्दों पर बातचीत करेंगे। दोनों देश ग्लोबल साउथ के साझेदार हैं।
ओमान दौरा (17-18 दिसंबर)- पीएम मोदी दूसरी बार ओमान जाएंगे। यह यात्रा दोनों देशों के बीच 70 साल पुराने कूटनीतिक रिश्तों को और मजबूत करने का मौका होगी। भारत और ओमान के बीच व्यापार, ऊर्जा, रक्षा, सुरक्षा और टेक्नोलॉजी समेत कई क्षेत्रों में मजबूत साझेदारी है। दोनों देश क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर भी चर्चा करेंगे।
म्यामांर में सेना ने अपने ही लोगों पर एयरस्ट्राइक की, अस्पताल पर बमबारी में 31 की मौत

म्यांमार में सेना के एक हवाई हमले में 31 लोगों की मौत हो गई है। यह हमला राखाइन राज्य में एक अस्पताल पर किया गया। चुनाव से पहले म्यांमार की सेना पूरे देश में लगातार बड़े हमले कर रही है।
म्यांमार में 2021 में तख्तापलट के बाद से गृहयुद्ध जारी है। सेना इस बार 28 दिसंबर से चुनाव कराने जा रही है और दावा कर रही है कि इससे लड़ाई खत्म करने का रास्ता निकलेगा। लेकिन विद्रोही गुट साफ कह चुके हैं कि वे अपने कब्जे वाले इलाकों में चुनाव नहीं होने देंगे। सेना इन्हीं इलाकों को दोबारा कब्जे में लेने की कोशिश कर रही है।
राहतकर्मी वाई हुन आंग ने बताया कि रात में अस्पताल के बाहर कम से कम 20 शव कपड़े में लिपटे पड़े दिखे। फिलहाल स्थिति बहुत खराब है। अभी तक 31 मौतों की पुष्टि हुई है और लगता है यह संख्या और बढ़ेगी। 68 लोग घायल हुए हैं। हताहतों की संख्या और भी बढ़ सकती है।
राखाइन राज्य बांग्लादेश की सीमा से लगा है। यहां पर लगभग पूरी तरह अराकान आर्मी (AA) का नियंत्रण है। यह एक अलगाववादी जातीय समूह है जो सेना द्वारा आंग सान सू ची की सरकार हटाए जाने से बहुत पहले से सक्रिय है।
अराकान आर्मी अब म्यांमार की सेना के खिलाफ लड़ने वाले सबसे ताकतवर समूहों में से एक बन चुकी है। इनके साथ अन्य जातीय विद्रोही समूह और लोकतंत्र समर्थक लड़ाके भी हैं, जिन्होंने 2021 के तख्तापलट के बाद हथियार उठा लिए थे। राखाइन आर्मी पर रोहिंग्या मुस्लिमों के खिलाफ अत्याचार करने के आरोप भी लगे हैं।
रूस के मार्केट में आग लगी, कई धमाके हुए; 1 व्यक्ति की मौत

रूस के सेंट पीटर्सबर्ग शहर के नेवस्की इलाके के सबसे बड़े बाजार प्रावोबेरेज्नी मार्केट में बुधवार शाम को भयानक आग लग गई। इस हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई और एक गंभीर रूप से घायल हो गया।
आग लगते ही कई जोरदार धमाके हुए, जिससे वहां मौजूद हजारों लोग भागने लगे। बाजार से काला धुआं दूर तक दिखाई देने लगा।
रूस के आपातकालीन मंत्रालय के अनुसार, आग ने करीब 1500 वर्ग मीटर क्षेत्र को अपनी चपेट में ले लिया और इमारत का बड़ा हिस्सा जलकर राख हो गया। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
मलबे के नीचे से एक व्यक्ति का शव बरामद हुआ है। एक अन्य व्यक्ति के दोनों पैर में फ्रैक्चर होने से उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। अधिकारियों का कहना है कि बाजार में रखी कुछ जल्दी जलने वाली चीजों की वजह से आग तेजी से भड़की।
आग बुझाने के लिए करीब 100 दमकलकर्मी और 26 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। हवा में खतरनाक केमिकल की जांच के लिए मोबाइल लैब भी तैनात की गई।
बाजार का फायर अलार्म सिस्टम काम क्यों नहीं किया, इस सवाल पर जांच समिति ने सुरक्षा मानकों की अनदेखी का आपराधिक मामला दर्ज कर लिया है।
नेवस्की बाजार सेंट पीटर्सबर्ग का सबसे व्यस्त बाजार है, जहां रोजाना हजारों लोग खरीदारी करने आते हैं। आग लगने के सही कारणों की जांच जारी है।
रूस की जमीन कब्जाने की फिराक में चीन: व्लादिवोस्तोक और अमुर इलाके पर ड्रैगन की नजर; 150 साल पहले मजबूरी में छोड़ने पड़े थे

रूस के साइबेरियाई इलाके व्लादिवोस्तोक और अमूर ओब्लास्ट के एक आईलैंड पर चीन की नजर है। रिपोर्ट्स के मुताबिक वह इन दोनों इलाकों पर अपना कब्जा जमाने के लिए दावा मजबूत करने की कोशिश कर रहा है। पूरी खबर पढ़ें…
₹9 करोड़ में मिलेगी अमेरिकी नागरिकता: ट्रम्प गोल्ड कार्ड आज से लागू, प्लैटिनम कार्ड जल्द शुरू होगा; अमेरिकी राष्ट्रपति बोले- सरकारी खजाना बढ़ेगा

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने गुरुवार को ‘ट्रम्प गोल्ड कार्ड’ के लिए अप्लाई प्रोसेस शुरू करने का ऐलान किया। इसके लिए आवेदक आज से आवेदन कर सकते हैं।
कार्ड की कीमत 1 मिलियन डॉलर (करीब 8.97 करोड़ रुपए) है। हालांकि कंपनियों को कार्ड के लिए 2 मिलियन डॉलर देना होगा। पूरी खबर पढ़ें…
10 दिसंबर के वर्ल्ड अपडेट्स यहां पढ़ें…