World News Updates; Trump Pakistan China
8 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने पहली बार खुलकर माना है कि बलूच विद्रोहियों को काबू में करना पाकिस्तान के लिए बेहद मुश्किल होता जा रहा है। वे 2 फरवरी को बलूचिस्तान में हुए बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी (BLA) के हमले पर संसद में बयान दे रहे थे। इस हमले में पाकिस्तानी सेना और सुरक्षा बलों को निशाना बनाया गया था।
संसद में बोलते हुए ख्वाजा आसिफ ने कहा कि BLA के सामने पाकिस्तानी सेना लगभग अपाहिज स्थिति में नजर आ रही है। उन्होंने स्वीकार किया कि बलूच लड़ाकों के पास ऐसे आधुनिक और महंगे हथियार हैं, जो पाकिस्तान की सेना के पास भी उपलब्ध नहीं हैं। आसिफ के मुताबिक, BLA के पास 20 लाख रुपये तक की कीमत वाली एडवांस राइफलें हैं, जबकि पाकिस्तानी सुरक्षाबलों के पास ऐसे हथियार नहीं हैं।
रक्षा मंत्री का यह बयान इसलिए भी अहम माना जा रहा है, क्योंकि अब तक पाकिस्तान सरकार और सेना बलूच विद्रोह को सीमित और नियंत्रण में बताया करती रही है। लेकिन संसद के भीतर इस तरह की स्वीकारोक्ति से यह साफ संकेत मिलता है कि हालात सरकार के दावों से कहीं ज्यादा गंभीर हैं।
पाकिस्तान सरकार के अनुसार, इस हमले में करीब 50 लोगों की मौत हुई, जबकि जवाबी कार्रवाई में 145 बलूच लड़ाकों को मार गिराने का दावा किया गया है। हालांकि बलूच संगठनों के दावों और सरकारी आंकड़ों में अक्सर बड़ा अंतर देखा जाता रहा है।
अंतरराष्ट्रीय मामलों से जुड़ी ये खबरें भी पढ़ें…
नाइजीरिया में आतंकियों ने 162 लोगों की हत्या की, राजा के महल में आग लगाई

पश्चिमी नाइजीरिया के क्वारा राज्य के एक गांव में बंदूकधारियों ने हमला कर कम से कम 162 लोगों की हत्या कर दी। रेड क्रॉस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी है। यह हाल के महीनों में नाइजीरिया के सबसे बड़े और खतरनाक हमलों में से एक माना जा रहा है।
नाइजीरिया में हथियारबंद गिरोह एक्टिव हैं, जिन्हें स्थानीय लोग बैंडिट्स कहते हैं। ये गिरोह गांवों में लूटपाट करते हैं और फिरौती के लिए लोगों का अपहरण करते हैं। इसके अलावा देश के उत्तर-पूर्व और उत्तर-पश्चिम हिस्सों में जिहादी संगठन भी सक्रिय हैं।
क्वारा राज्य में रेड क्रॉस के सचिव बाबाोमो अयोदेजी ने बताया कि मृतकों की संख्या अब 162 हो गई है और अभी और शवों की तलाश की जा रही है। इससे पहले मरने वालों की संख्या 67 बताई गई थी।
इससे पहले काइआमा इलाके के लोकल विधायक सईदू बाबा अहमद ने कहा था कि मंगलवार शाम वोरों गांव में हुए हमले के बाद 35 से 40 शव गिने गए थे। पुलिस और राज्य सरकार ने हमले की पुष्टि की है, लेकिन पुलिस ने मृतकों की संख्या नहीं बताई। राज्य सरकार ने इस हमले के पीछे आतंकी समूहों का हाथ बताया है।
अहमद के मुताबिक, हमलावर मंगलवार शाम करीब 6 बजे गांव में घुसे। उन्होंने दुकानों और राजा के महल को आग लगा दी। कई लोग गोली लगने के बाद जंगल की ओर भाग गए। गांव के पारंपरिक राजा के बारे में अभी कोई जानकारी नहीं मिल पाई है।
क्वारा राज्य के गवर्नर अब्दुलरहमान अब्दुलरजाक ने इस हमले की निंदा की और कहा कि यह राज्य में चल रहे आतंकवाद विरोधी अभियानों से परेशान आतंकी समूहों की हताशा को दिखाता है।
पीएम मोदी 7 फरवरी को दो दिन के मलेशिया दौरे पर जाएंगे, 10वें CEO फोरम में शामिल होंगे

पीएम मोदी 7 फरवरी को दो दिन से मलेशिया दौरे पर जाएंगे। प्रधानमंत्री का यह मलेशिया का तीसरा दौरा होगा। अगस्त 2024 में भारत और मलेशिया के रिश्तों को ‘समग्र रणनीतिक साझेदारी’ का दर्जा दिए जाने के बाद पहला दौरा होगा।
इस यात्रा के दौरान पीएम मोदी मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम के साथ द्विपक्षीय बातचीत करेंगे। प्रधानमंत्री मलेशिया में रहने वाले भारतीय समुदाय के लोगों से भी मुलाकात करेंगे। इसके अलावा वे उद्योग और व्यापार जगत के प्रतिनिधियों से बातचीत करेंगे। प्रधानमंत्री की यात्रा पर 10वां भारत-मलेशिया CEO फोरम भी आयोजित किया जाएगा।
भारत और मलेशिया के बीच लंबे समय से दोस्ताना रिश्ते रहे हैं, जो ऐतिहासिक, सभ्यतागत और सांस्कृतिक संबंधों पर आधारित हैं। मलेशिया में लगभग 29 लाख भारतीय मूल के लोग रहते हैं, जो दुनिया में तीसरा सबसे बड़ा भारतीय प्रवासी समुदाय है।
बिल गेट्स की EX-वाइफ बोलीं- एपस्टीन और बिल की नजदीकी मेरी शादी टूटने की वजह

बिजनेसमैन बिल गेट्स की एक्स-वाइफ मेलिंडा फ्रेंच गेट्स ने कहा है कि यौन अपराधी एपस्टीन के साथ बिल की नजदीकी उनकी शादी टूटने की वजह बनी।
फोर्ब्स की रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिकी रेडियो NPR पॉडकास्ट में मेलिंडा ने कहा कि “एपस्टीन फाइल्स में बिल के नाम से उन्हें अपनी शादी के बेहद दर्दनाक दिन याद आ गए।” इसका पूरा इंटरव्यू 5 फरवरी को रिलीज होगा।
मेलिंडा ने एपस्टीन फाइल्स में किए गए उस दावे पर भी बात की, जिसमें कहा गया है कि रूसी लड़कियों से सेक्स के बाद बिल गेट्स को सेक्सुअली ट्रांसमिटेड डिजीज (STD) हो गया था। जिसके बाद बिल ने एंटीबायोटिक्स मांगी थीं, ताकि दवा चुपचाप मेलिंडा को दी जा सके।
इस पर मेलिंडा ने कहा कि इस खुलासे से उन्हें गहा दुख हुआ है। उन्होंने कहा कि “मुझे अपनी शादी छोड़नी पड़ी और आखिरकार फाउंडेशन भी छोड़ना दिया।” मेलिंडा ने कहा कि एपस्टीन फाइल्स में शामिल सभी लोगों को इन आरोपों का जवाब देना चाहिए।
बिल और मेेलिंडा ने 1994 में शादी की थी और फिर 27 साल बाद मई 2021 में अलग हो गए थे।
अमेरिका में दंपती ने अपने ही दो बच्चों के सिर काटे, दो छोटे बच्चों को जबरन कटे शव दिखाए, उम्रकैद की सजा मिली

अमेरिका के कैलिफोर्निया में एक दंपती को उनके दो बच्चों की क्रूर हत्या के लिए उम्रकैद की सजा सुनाई गई है। मॉरिस ज्वेल टेलर सीनियर (39 वर्ष) और उनकी पत्नी नताली सुमिको ब्रॉथवेल (49 वर्ष) को सोमवार को अदालत ने उम्रकैद की सजा सुनाईं, साथ ही अतिरिक्त छह साल की सजा भी दी गई।
जज ने इस अपराध को राक्षसी करार देते हुए कहा कि यह बेहद क्रूर हरकत है, जिसमें उन्होंने अपने 13 साल की बेटी मालियाका और 12 साल के बेटे मॉरिस की हत्या की, जिसमें चाकू से वार कर सिर काट दिया गया।
यह घटना 29 नवंबर 2020 को उनके घर में हुई थी। अभियोजन पक्ष के अनुसार, हत्या के बाद दंपती ने अपने दो छोटे बेटों को जबरन अपने भाई-बहन के कटे हुए शव देखने के लिए मजबूर किया और उन्हें कई दिनों तक बिना खाना दिए कमरों में बंद रखा।
नवंबर 2025 में जूरी ने दोनों को दो मामलों में प्रथम श्रेणी की हत्या और बच्चों के साथ क्रूरता से दुर्व्यवहार के दो मामलों में दोषी ठहराया था। पुलिस को इस मामले की जानकारी तब मिली जब टेलर, जो एक पर्सनल ट्रेनर थे और कोविड-19 महामारी के दौरान ऑनलाइन जूम सेशन्स लेते थे, अचानक अपने शेड्यूल्ड मीटिंग्स में लॉग इन करना बंद कर दिया।
चिंतित क्लाइंट्स ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस पहुंची तो घर में दो बच्चों के शव अलग-अलग बेडरूम में मिले, जिन पर तेज धार वाले हथियार से हमले के निशान थे। टेलर को कुछ दिनों बाद गिरफ्तार किया गया, जबकि ब्रॉथवेल को लगभग एक साल बाद 2021 में पकड़ा गया।
13 साल के ऑस्ट्रेलियाई बच्चे ने 4 घंटे तैरकर मां और भाई-बहन की जान बचाई, बोट पलटने से 14 किलोमीटर दूर बहे थे

13 साल के ऑस्ट्रेलियाई बच्चे ऑस्टिन एपलबी ने समंदर में करीब 4 घंटे लगातार तैरकर अपनी मां और दो छोटे भाई-बहनों की जान बचाई। वह परिवार के साथ समुद्र में गया था। अचानक लहरें तेज हो गईं। बोट पलटने से सभी बहते हुए समुद्र में दूर निकल गए।
ऑस्टिन एपलबी का परिवार पश्चिमी ऑस्ट्रेलिया के क्विंडालुप के पास समुद्र में एक छुट्टी बिताने आया था। पर्थ से आए परिवार ने होटल के पास पैडल बोर्ड किराए पर लिए थे। तेज हवाओं और ऊंची लहरों के कारण उनकी बोट पटल गई।
ऑस्टिन ने कहा, “लहरें बहुत बड़ी थीं। मैं बस सोचता रहा, ‘बस तैरते रहो, बस तैरते रहो।’ आखिरकार मैं किनारे पहुंचा और वहीं गिर पड़ा।” किनारे पहुंचकर शाम करीब 6 बजे उन्होंने पुलिस और बचाव टीम को सूचना दी। इसके बाद रेस्क्यू टीम पहुंची और सभी को सुरक्षित बाहर निकाला।
मां और दो छोटे बच्चे 14 किलोमीटर दूर बह गए। वे करीब 10 घंटे तक समुद्र में रहे। पुलिस इंस्पेक्टर जेम्स ब्रैडली ने कहा, “13 साल के लड़के की कार्रवाई की बहुत तारीफ की जानी चाहिए। उसके साहस ने उसकी मां और भाई-बहनों की जान बचाई।”