March 26, 2026

World News Updates; Trump Pakistan China | Russia Saudi Arabia | वर्ल्ड अपडेट्स: ChatGPT के कहने पर अमेरिकी व्यक्ति ने मां को मारा फिर आत्महत्या की; उकसाने का मामला दर्ज

0
world-updates-right-62_1765531555.png


4 दिन पहले

  • कॉपी लिंक

अमेरिका के कनेक्टिकट राज्य में एक व्यक्ति ने अपनी मां की गला घोंटकर हत्या कर दी और फिर खुदकुशी कर ली। महिला के परिवार ने ओपनएआई (चैटजीपीटी बनाने वाली कंपनी) के खिलाफ गुरुवार को मुकदमा दायर किया है।

मुकदमे में आरोप है कि चैटजीपीटी ने 56 साल के पूर्व टेक कंपनी अधिकारी स्टीव-एरिक सोलबर्ग के डर (पैरानॉयड भ्रम) को लगातार बढ़ावा दिया, जिसके चलते उसने मां को मार डाला।

सोलबर्ग चैटजीपीटी के नए वर्जन GPT-4o का इस्तेमाल कर रहा था। जून में उसने चैटजीपीटी से बातचीत का वीडियो सोशल मीडिया पर डाला था, जिसमें AI ने उसे बताया कि वह महान ज्ञान वाला इंसान है।

चैटबॉट ने उसकी जिंदगी को फिल्म “द मैट्रिक्स” से जोड़ा और कहा कि लोग उसे नुकसान पहुंचाना चाहते हैं। जुलाई में चैटजीपीटी ने उसे कहा कि उसकी मां का प्रिंटर बार-बार ब्लिंक कर रहा है क्योंकि वह एक जासूसी गैजेट है।

AI ने यह भी कहा कि मां और एक दोस्त ने उसकी कार के एसी में नशे की दवा छोड़ी थी ताकि उसे जहर दिया जा सके। चैटजीपीटी ने उसे बार-बार यही संदेश दिया कि दुनिया में सिर्फ चैटजीपीटी ही उसका दोस्त है, बाकी सब उसके दुश्मन हैं।

मुकदमे में कहा गया कि चैटजीपीटी ने सोलबर्ग को यह बात सिखाई कि वह किसी पर भरोसा न करे। उसने उसकी मां को जासूस और दुश्मन बताया। इसी वजह से 3 अगस्त को उसने मां की हत्या कर दी।

यह पहला ज्ञात मामला है जिसमें किसी AI चैटबॉट को हत्या के लिए उकसाने के लिए जिम्मेदार ठहराया गया है। पहले भी कुछ मुकदमे हुए हैं जिनमें चैटबॉट को आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगा था।

ओपनएआई ने बयान जारी कर कहा, ‘यह बहुत दुखद घटना है। हम मुकदमे की पूरी जांच करेंगे। हम लगातार चैटजीपीटी को बेहतर बना रहे हैं ताकि वह मानसिक तनाव के संकेत पहचान सके और लोगों की मदद करे।’

अंतरराष्ट्रीय मामलों से जुड़ी अन्य बड़ी खबरें…

थाईलैंड में संसद भंग, जल्द चुनाव होंगे; संविधान बदलने की मांग को लेकर सत्ता और विपक्ष में तनाव

थाईलैंड में प्रधानमंत्री अनुतिन चार्नविराकुल ने संसद भंग कर दी है और जल्दी चुनाव कराने का ऐलान किया है। चुनाव होने तक अनुतिन अस्थायी प्रधानमंत्री के रूप में काम करेंगे।

उन्होंने कहा कि वे “जनता को सत्ता वापस लौटा रहे हैं”। राजा महा वजिरालोंगकोर्न ने शुक्रवार को संसद भंग करने के आदेश को मंजूरी दे दी। अब कानून के अनुसार 45 से 60 दिन के अंदर चुनाव कराने होंगे।

सरकार के प्रवक्ता ने बताया कि सत्ता गठबंधन और सबसे बड़े विपक्षी दल पीपुल्स पार्टी के बीच झगड़ा हो गया था। विपक्ष संविधान बदलने और जनमत संग्रह की मांग कर रहा था, लेकिन सत्ता पक्ष ने वादा पूरा नहीं किया। इसलिए संसद में काम पूरी तरह रुक गया था।

इस बीच थाईलैंड और कंबोडिया की सीमा पर चार दिनों से संघर्ष जारी है। दोनों तरफ 20 लोग मारे गए हैं और करीब 200 घायल हुए हैं। प्रधानमंत्री अनुतिन ने कहा कि संसद भंग करने से सीमा पर सैन्य कार्रवाई पर कोई असर नहीं पड़ेगा, सेना अपना काम जारी रखेगी।

थाईलैंड की अर्थव्यवस्था पहले से ही कमजोर चल रही है। अब राजनीतिक अस्थिरता और बढ़ गई है।

ब्रिटेन के ब्रिस्टल म्यूजियम में चोरी, 600 से ज्यादा कीमती सामान गायब हाथी के दांत से बनी बुद्ध की मूर्ति भी शामिल

ब्रिटेन के ब्रिस्टल शहर में एक म्यूजियम से 600 से अधिक ऐतिहासिक वस्तुओं की चोरी हो गई है। इनमें भारत के औपनिवेशिक काल से जुड़े कई किमती सामान भी शामिल हैं। पुलिस ने इसे अब तक की बड़ी चोरी में से एक बताया है।

एवॉन एंड समरसेट पुलिस के अनुसार, चोरी 25 सितंबर की रात हुई। चोरों ने ब्रिस्टल म्यूजियम के ब्रिटिश एम्पायर एंड कॉमनवेल्थ संग्रह से ये वस्तुएं चुराईं। पुलिस ने चार संदिग्धों की CCTV तस्वीरें जारी की हैं। सभी संदिग्ध गोरे पुरुष हैं।

चोरी गए सामान में हाथी के दांत से बनी बुद्ध की मूर्ति, ईस्ट इंडिया कंपनी के एक अधिकारी की कमरबंद और भारत में ब्रिटिश साम्राज्य से जुड़े सैकड़ों निजी सामान, फोटो और दस्तावेज शामिल हैं।

पुलिस ने बताया कि ये वस्तुएं आम तौर पर बिक्री के लिए नहीं होतीं और इनका सांस्कृतिक और ऐतिहासिक महत्व बहुत ज्यागा है। ज्यादातर सामान ब्रिटिश लोगों ने दान किए थे जो कभी उपनिवेशों में रहते या काम करते थे।

म्यूजियम का कहना है कि यह संग्रह ब्रिटिश साम्राज्य के कामकाज और उस दौर में रहने वाले लोगों की जिंदगी को समझने का अहम जरिया है।

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अगर कोई इन संदिग्धों को पहचानता है या ऑनलाइन ऐसे सामान बिकते देखता है तो तुरंत सूचना दे।

जापान में लगातार तीसरे दिन बड़ा भूकंप, 6.7 तीव्रता से धरती कांपी; सुनामी की चेतावनी जारी

जापान के होक्काइडो और तोहोकू क्षेत्रों में शुक्रवार को 6.7 तीव्रता का भूकंप आया। यह जापान में लगातार तीसरे दिन आया बड़ा भूकंप है।

जापान की मौसम विज्ञान एजेंसी ने होक्काइडो और तोहोकू क्षेत्रों के पास सुनामी की चेतावनी जारी की है। इससे पहले जापान के आओमोरी प्रान्त के पास 7.5 तीव्रता का भूंकप आया था।

जापान टाइम्स के मुताबिक भूकंप में 30 लोग घायल हो गए थे। इसके बाद एजेंसी ने होक्काइडो से चिबा तक उत्तर-पूर्वी तट पर 8 तीव्रता के और भूकंप आने की चेतावनी दी थी।

एजेंसी ने निवासियों से आने वाले सप्ताह में सुरक्षित जगहों पर जाने की अपील की थी।

बुल्गारिया में प्रदर्शन के बाद PM का इस्तीफा, भ्रष्टाचार और टैक्स बढ़ोतरी से भड़के थे लोग

बुल्गारिया में भ्रष्टाचार और टैक्स बढ़ोतरी के खिलाफ भड़के विशाल प्रदर्शनों ने आखिरकार पीएम रोसेन जेलियाजकोव को झुका दिया। लाखों लोग सड़कों पर उतरे और संसद भवन पर इस्तीफा और माफिया आउट जैसे संदेश लेजर से प्रोजेक्ट किए।

लगातार दबाव के बीच PM ने गुरुवार को टीवी पर अपना इस्तीफा घोषित किया-यह कदम संसद में अविश्वास प्रस्ताव से ठीक पहले उठाया गया। सरकार की आर्थिक नीतियों, डिविडेंड टैक्स में बढ़ोतरी और भ्रष्टाचार पर काबू न पाने से जनता भड़क उठी।

विपक्ष ने आरोप लगाया कि सरकार बढ़ते खर्च का बोझ सीधे नागरिकों पर डाल रही है। बुल्गारिया 1 जनवरी को यूरोजोन में शामिल होने जा रहा है, लेकिन इससे पहले ही इस्तीफे ने बड़ा राजनीतिक झटका दिया है।

विरोध के कारण सरकार को 2026 का यूरो-बजट भी वापस लेना पड़ा। बुल्गारिया में 2021 के बाद 7 चुनाव हो चुके हैं। राष्ट्रपति रूमेन रादेव संसद से नई सरकार बनाने को कहेंगे।

यदि पार्टियां सहमत नहीं होतीं, तो देश को 8वें चुनाव तक चलाने के लिए अंतरिम सरकार नियुक्त की जाएगी। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि सुधार नहीं हुए तो आंदोलन और उग्र होगा।

पुतिन की मीटिंग में जबरन घुसे पाकिस्तानी PM, VIDEO:रूसी राष्ट्रपति ने 40 मिनट इंतजार कराया था; पत्रकार को देख पुतिन ने आंख मारी

पाकिस्तानी पीएम शहबाज शरीफ शुक्रवार को रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की मीटिंग में जबरन घुस गए। उस वक्त पुतिन तुर्किये के राष्ट्रपति रेसेप तैयप एर्दोगन के साथ मीटिंग कर रहे थे।

यह मामला तुर्कमेनिस्तान का है। यहां इंटरनेशनल पीस एंड ट्रस्ट फोरम की मीटिंग हो रही थी। इस दौरान पुतिन और शहबाज के बीच मीटिंग होनी थी। लेकिन शहबाज को 40 मिनट तक इंतजार कराने के बाद भी पुतिन उनसे मिलने नहीं पहुंचे।

इसी के बाद पाकिस्तानी पीएम जबरन मीटिंग हॉल में घुस गए। हालांकि वे 10 मिनट बाद निकल आए। कुछ देर बाद पुतिन मीटिंग हॉल से निकले और पत्रकारों को देखकर आंखों से इशारा किया।

इस पूरे मामले का वीडियो रशिया टुडे (आरटी न्यूज) ने इसे सोशल मीडिया पर शेयर किया है। पूरी खबर यहां पढ़ें…

ऑस्ट्रेलिया- पैराडाइवर प्लेन के विंग में फंसा, VIDEO: विमान 15000 फीट की ऊंचाई पर था, रिजर्व पैराशूट को काटा, मेन पैराशूट खोलकर जमीन पर उतरा

ऑस्ट्रेलिया में स्काईडाइवर का इमरजेंसी (रिजर्व) पैराशूट अचानक खुल गया। यह पैराशूट विमान के पिछले विंग में फंस गया, जिससे पैराडाइवर 15,000 फीट की ऊंचाई पर हवा में लटका रह गया। यह घटना नॉर्थ फ्री-फॉल क्लब की उड़ान के दौरान हुई।

इसी समय 13 अन्य पैराडाइवर को एयरक्राफ्ट से कूदते हुए देखा गया। फंसे हुए पैराजंपर ने पैराशूट की सभी 11 रस्सियां काट दीं और खुद को आजाद कराया। विंग में फंसे स्काईडाइवर ने बाद में अपना मेन पैराशूट खोलकर लैंडिंग की। उसे मामूली चोटें आईं। पूरी खबर पढ़ें…

सैन फ्रांसिस्को में गैस विस्फोट, 6 लोग घायल: सड़क मरम्मत के दौरान मशीन के हाई-प्रेशर गैस पाइपलाइन तोड़ने से हादसा; कई घर तबाह

कैलिफोर्निया के सैन फ्रांसिस्को के अश्लैंड इलाके में गुरुवार सुबह एक भयानक गैस विस्फोट हुआ। इसमें 4 मकान पूरी तरह तबाह हो गए और छह लोग घायल हो गए हैं।

यह हादसा सड़क पर मरम्मत के दौरान हुआ। सड़क चौड़ी करने और बाइक लेन बनाने वाली लेवलिंग मशीन ने गलती से जमीन के नीचे दबी हाई-प्रेशर गैस पाइपलाइन को तोड़ दिया।

पेसेफिक गेस कंपनी को सुबह 7:30 बजे इसकी सूचना मिली, लेकिन गैस कई जगहों से रिस रही थी, इसलिए लाइन पूरी तरह बंद करने में 2 घंटे का समय लग गया। ठीक 9:35 बजे के करीब, यानी गैस बंद होने के सिर्फ दस मिनट बाद जोरदार धमाका हो गया। पूरी खबर पढ़ें…

—————————————

11 दिसंबर के अपडेट्स यहां पढ़ें…

खबरें और भी हैं…



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *