साउथ कोरिया के मंदिर में रोबोट बना बौद्ध भिक्षु VIDEO:माला और ट्रेडिशनल चोला पहनकर शिष्य बनने की दीक्षा ली, इंसानों की तरह हाथ जोड़े
![]()
साउथ कोरिया ने अपना पहला ह्यूमनॉइड रोबोट पेश किया है। इसका नाम गाबी रखा गया है और ये दुनिया का पहला ह्यूमनॉइड रोबोट भिक्षु है। राजधानी सियोल के जोग्ये मंदिर में एक दीक्षा समारोह में इस रोबोट को औपचारिक रूप से बौद्ध धर्म के शिष्य के रूप में शामिल किया गया। AI और धर्म के इस मेल का वीडियो वायरल हो रहा है। वीडियो में रोबोट ट्रेडिशनल चोला पहनकर मंच के सामने आता है, जहां उसे माला पहनाकर दीक्षा के लिए शिष्य बनाने की शुरुआत की गई। रोबोट को बुद्ध पूर्णिमा के उत्सव में भी पेश किया जाएगा। मंत्रों का उच्चारण कर सकता है ‘गाबी’ चीन के Unitree G1 ह्यूमनॉइड प्लेटफॉर्म पर बेस्ड ‘गाबी’ की बॉडी इंसानों जैसी है। यह आसानी से चल सकता है और इशारों में बात कर सकता है। यह मंत्रों का उच्चारण करने और अनुष्ठानों में झुककर प्रणाम करने में भी सक्षम है। गाबी को दक्षिण कोरिया के सबसे बड़े बौद्ध संप्रदाय ‘जोग्ये ऑर्डर’ ने डेवलप किया है। इसका मुख्य उद्देश्य डिजिटल युग में बौद्ध धर्म को आधुनिक बनाना और युवा पीढ़ी को धर्म से जोड़ना है। 130 सेंटीमीटर लंबे रोबोट ने भिक्षुओं द्वारा पहना जाने वाला पारंपरिक ग्रे और भूरे रंग का चोला पहना था। जब एक वरिष्ठ भिक्षु ने गाबी से पूछा कि क्या वह खुद को बौद्ध धर्म के लिए समर्पित करेगा, तो रोबोट ने जवाब दिया, ‘हां, मैं खुद को समर्पित करूंगा।’ इसके बाद रोबोट ने हाथ जोड़कर सभी के सामने सिर झुकाया और वरिष्ठ भिक्षुओं ने उसके गले में 108 मोतियों की माला पहनाई। इंसानों की तरह हुई रस्में, बस सिर नहीं मुंडवाया आमतौर पर जब कोई व्यक्ति भिक्षु बनता है, तो उसके सिर पर अगरबत्ती से प्रतीकात्मक निशान बनाया जाता है, लेकिन रोबोट के मामले में इसकी जगह एक प्रतीकात्मक स्टिकर का इस्तेमाल किया गया। जोग्ये ऑर्डर के अनुसार, ‘गाबी’ नाम गौतम बुद्ध के बचपन के नाम ‘सिद्धार्थ’ और कोरियाई भाषा के शब्द ‘दया’ को जोड़कर बनाया गया है। इसे इस तरह डिजाइन किया गया है कि इसका उच्चारण आसान रहे और यह बुद्ध की करुणा का संदेश फैला सके। इंसानों और मशीनों के बीच तालमेल की कोशिश जोग्ये ऑर्डर के सांस्कृतिक मामलों के प्रमुख वेन. सियोंग वोन ने बताया कि यह देखने के लिए की गई है कि क्या भविष्य में इंसान और रोबोट एक साथ मिल-जुलकर रह सकते हैं। यह अभी सिर्फ एक शुरुआत है ताकि समाज को AI तकनीक के साथ जीने के लिए तैयार किया जा सके। उन्होंने कहा कि हालांकि अभी यह असामान्य लग सकता है, लेकिन इस तरह के प्रयास समाज को भविष्य में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के साथ ढलने में मदद करेंगे। गाबी इस महीने के अंत में होने वाले लालटेन महोत्सव में भी अन्य रोबोटों के साथ हिस्सा लेगा। हर इंडस्ट्री में बढ़ रहा है रोबोट्स का दखल गाबी का यह डेब्यू ऐसे समय में हुआ है जब पूरी दुनिया में ह्यूमनॉइड रोबोट्स का इस्तेमाल आम लोगों से जुड़े कामों में बढ़ रहा है। हाल ही में जापान एयरलाइंस ने सामान संभालने के लिए AI रोबोट्स की टेस्टिंग शुरू की है। वहीं, फेसबुक की पैरेंट कंपनी मेटा ने भी रोबोटिक्स स्टार्टअप ‘एश्योर्ड रोबोट इंटेलिजेंस’ का अधिग्रहण किया है, ताकि वह इस क्षेत्र में अपनी पकड़ मजबूत कर सके।
Source link