US Iran War LIVE Update; Hormuz Strait Blockade – India China | Israel Lebanon
तेल अवीव/तेहरान/वॉशिंगटन डीसी2 दिन पहले
- कॉपी लिंक

ईरान ने दुनिया के 3 अहम समुद्री रास्ते बंद करने की धमकी दी है। उसने कहा है कि अगर अमेरिका ने होर्मुज और उसके बंदरगाहों पर नौसैनिक नाकेबंदी जारी रखी, तो वह रेड सी, ओमान सागर और पर्शियन गल्फ (फारस की खाड़ी) में समुद्री व्यापार पूरी तरह रोक देगा।
ईरानी सेना के केंद्रीय कमांड सेंटर चीफ अली अब्दोल्लाही ने कहा कि अमेरिकी पाबंदियां और ईरानी जहाजों व तेल टैंकरों की सुरक्षा को खतरे में डालने की कोशिशें उकसावे की कार्रवाई है। उन्होंने कहा कि ईरान अपनी संप्रभुता और राष्ट्रीय हितों की रक्षा के लिए निर्णायक कार्रवाई करेगा।
अमेरिका ने सोमवार से ईरानी बंदरगाहों पर नौसैनिक नाकेबंदी लागू कर रखी है। यह कदम पाकिस्तान में हुई करीब 21 घंटे की अमेरिका-ईरान वार्ता के नाकाम रहने के बाद उठाया गया।
इस बीच पाकिस्तान के आर्मी चीफ फील्ड मार्शल असीम मुनीर एक हाईलेवल डेलिगेशन के साथ तेहरान पहुंचे हैं। यह डेलिगेशन अमेरिका का संदेश लेकर आया है और अमेरिका-ईरान के बीच दूसरे दौर की बातचीत को लेकर चर्चा करेगा। रिपोर्ट्स के मुताबिक, वार्ता के दूसरे दौर का समय अभी तय नहीं हुआ है।

ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने तेहरान में पाकिस्तान के आर्मी चीफ असीम मुनीर के नेतृत्व वाले डेलिगेशन का स्वागत किया।
चीनी टैंकर होर्मुज पर नाकाबंदी तोड़ने में नाकाम
अमेरिकी प्रतिबंध झेल रहा चीनी टैंकर रिच स्टैरी बुधवार को फिर से होर्मुज में अमेरिकी नाकाबंदी नहीं तोड़ पाया। यह टैंकर संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के हमरियाह पोर्ट से चला था। वहां से इसमें करीब 2.5 लाख बैरल मेथेनॉल लोड किया था।
यह टैंकर खाड़ी से निकलने की कोशिश कर रहा था। लेकिन होर्मुज के आगे अमेरिकी नाकाबंदी की वजह से इसे वापस लौटना पड़ा। इससे पहले भी इस टैंकर ने मंगलवार को होर्मुज पार करने की कोशिश की थी।
रॉयटर्स के मुताबिक एक अमेरिकी अधिकारी ने बताया कि मंगलवार को अमेरिकी युद्धपोत ने दो तेल टैंकरों को रोक दिया, जो ओमान की खाड़ी में स्थित ईरान के चाबहार बंदरगाह से बाहर निकलने की कोशिश कर रहे थे।
रिच स्टैरी और इसकी मालिक कंपनी शंघाई जुआनरन शिपिंग पर अमेरिका ने 2023 से प्रतिबंध लगा रखा है, क्योंकि वे ईरान के साथ व्यापार कर रहे थे।

पिछले 24 घंटे के 5 बड़े अपडेट्स
1.अमेरिकी ट्रेजरी विभाग ने कहा है कि ईरानी तेल की बिक्री के लिए दी गई अस्थायी छूट अब कुछ दिनों में खत्म हो जाएगी और इसे आगे नहीं बढ़ाया जाएगा।
2. यूरोपीय देश युद्ध के बाद होर्मुज स्ट्रेट में जहाजों की आवाजाही फिर से सामान्य करने के लिए एक बड़े अंतरराष्ट्रीय गठबंधन की योजना बना रहे हैं। खास बात यह है कि इस प्रस्तावित मिशन में अमेरिका को शामिल नहीं किया गया है।
3. कनाडा ने लेबनान के लिए 40 मिलियन डॉलर (करीब 330 करोड़ रुपए) की मदद का ऐलान किया है। यह मदद अंतरराष्ट्रीय संगठनों के जरिए पहुंचाई जाएगी।
4. हिजबुल्लाह ने दावा किया है कि उसके लड़ाकों ने पिछले 24 घंटों में 34 सैन्य हमले किए हैं। संगठन के मुताबिक, इन हमलों में इजराइल की बस्तियों, सैनिक जमावड़ों और सैन्य वाहनों को निशाना बनाया गया।
5. अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने कहा है कि ईरान के साथ बातचीत अगले 2 दिनों में फिर से शुरू हो सकती है
जंग से जुड़े अपडेट्स के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए…
अपडेट्स
01:08 AM16 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
ईरान और पाकिस्तानी अधिकारियों की बैठक आज
ईरानी मीडिया ‘तस्नीम’ के मुताबिक, गुरुवार को तेहरान में ईरानी अधिकारियों और पाकिस्तानी सेना प्रमुख आसिम मुनीर के बीच अहम बातचीत होगी।
आसिम मुनीर बुधवार को ही तेहरान पहुंचे और विदेश मंत्री अब्बास अरागची से मुलाकात की। पाकिस्तानी सेना ने पहले ही स्पष्ट कर दिया था कि मुनीर के नेतृत्व वाला यह प्रतिनिधिमंडल अमेरिका का संदेश लेकर ईरान गया है।
12:39 AM16 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
ईरानी स्पीकर बोले – अमेरिका इजरायल फर्स्ट की नीति छोड़ दे
ईरानी संसद के स्पीकर मोहम्मद बागेर गालिबाफ ने लेबनान में संभावित युद्धविराम का श्रेय तेहरान की कूटनीति को दिया है।
गालिबाफ ने ‘X’ पर एक बयान में कहा कि अमेरिका को समझौते का पालन करना चाहिए और अपनी ‘इजरायल फर्स्ट’ की गलत नीति को छोड़ देना चाहिए। ईरान का दावा है कि पिछले हफ्ते अमेरिका और तेहरान के बीच हुए समझौते में लेबनान को भी शामिल किया जाना था।
12:10 AM16 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
ईरान-अमेरिका के बीच दूसरे दौर की बैठक भी पाकिस्तान में संभव
व्हाइट हाउस ने बुधवार को कहा कि ट्रंप प्रशासन ईरान के साथ समझौता होने की संभावनाओं को लेकर उत्साहित है। साथ ही यह भी बताया कि दूसरे दौर की संभावित वार्ता पाकिस्तान में हो सकती है।
वहीं, पाकिस्तानी सेना प्रमुख से मुलाकात के बाद ईरानी विदेश मंत्री अब्बास अरागची ने कहा कि तेहरान शांति को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है।
11:43 PM15 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
FIFA अध्यक्ष बोले – ईरान विश्व कप खेलने अमेरिका आएगा
FIFA (इंटरनेशनल फेडरेशन ऑफ एसोसिएशन फुटबॉल) के अध्यक्ष जियानी इन्फेंटिनो ने कहा है कि युद्ध के बावजूद ईरानी टीम विश्व कप खेलने के लिए अमेरिका आएगी।
हाल ही में FIFA ने विश्व कप में ईरान के मैचों को अमेरिका से हटाकर मेक्सिको में शिफ्ट करने के अनुरोध को ठुकरा दिया था, जिसके बाद इन्फेंटिनो का यह बयान आया है।
FIFA विश्व कप 2026, 11 जून से शुरू हो रहा है।
11:20 PM15 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
चीन और ईरान के विदेश मंत्रियों ने फोन पर बात की
ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अरागची ने चीन के विदेश मंत्री वांग यी के साथ फोन पर हुई बातचीत में खाड़ी और ‘स्ट्रेट ऑफ होर्मुज’ में अमेरिका के खतरों को लेकर चेतावनी दी है।
ईरानी समाचार एजेंसी ISNA के मुताबिक, अरागची ने कहा कि जरूरी जलमार्गों में अमेरिकी सैन्य तैनाती से क्षेत्र की स्थिति और जटिल हो जाएगी और यह क्षेत्रीय स्थिरता के लिए सीधा खतरा है।
इसके जवाब में चीनी विदेश मंत्री ने संघर्ष के दौरान ईरानी जनता के धैर्य की सराहना की।
11:09 PM15 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
अमेरिका ने ईरान के यूरेनियम पर रूस का प्रस्ताव ठुकराया
रूस के प्रेस सचिव दिमित्री पेसकोव ने कहा कि अमेरिका ने रूस के उस प्रस्ताव को ठुकरा दिया है, जिसमें रूस ने मिडिल ईस्ट में तनाव कम करने के लिए ईरान का सारा यूरेनियम स्टॉक अपने पास रखने की बात कही थी।
रूस ने जून 2025 में पहली बार ये प्रस्ताव दिया था। पेसकोव ने भारतीय टीवी चैनल ‘इंडिया टुडे’ को कहा- रूस ईरान के यूरेनियम स्टॉक को रखने के लिए तैयार था, जो एक अच्छा फैसला साबित होता, लेकिन अमेरिका ने इसे खारिज कर दिया।
10:38 PM15 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
अमेरिकी नौसेना ने होर्मुज से ईरान का 10वां जहाज लौटाया
अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) के मुताबिक, अमेरिकी नौसेना के मिसाइल विध्वंसक ‘यूएसएस स्प्रून्स’ ने एक ईरानी मालवाहक जहाज को वापस लौटने पर मजबूर कर दिया है।
सोमवार से शुरू हुई अमेरिकी नाकेबंदी के तीसरे दिन यह 10वां ऐसा जहाज है, जिसे अमेरिकी सेना ने पीछे हटने पर मजबूर किया है। यह जहाज स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में बंदर अब्बास से निकलने के बाद नाकेबंदी को चकमा देने की कोशिश कर रहा था, जिसे सफलतापूर्वक रोक दिया गया।
अमेरिकी सेना का दावा है कि नाकेबंदी शुरू होने के बाद से अब तक एक भी जहाज इसे पार नहीं कर पाया है।
10:09 PM15 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
ईरान अलगे दौर की वार्ता पर औपचारिक विचार करेगा
ईरान की न्यूज एजेंसी तस्नीम के मुताबिक, ईरान अमेरिका के साथ अगले दौर की वार्ता में शामिल होने पर औपचारिक रूप से विचार करेगा।
यह फैसला गुरुवार को पाकिस्तानी सेना प्रमुख फील्ड मार्शल आसिम मुनीर के नेतृत्व वाले प्रतिनिधिमंडल और ईरानी अधिकारियों के बीच होने वाली उच्च स्तरीय बैठक के बाद लिया जाएगा। आगे की प्रगति अमेरिकी व्यवहार पर निर्भर करेगी।
09:41 PM15 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
इजरायली हमले से लेबनान में दो बच्चों सहित 5 की मौत
दक्षिण लेबनान के सिदोन में हुए इजरायली हवाई हमले में दो बच्चों सहित पांच लोगों की मौत हो गई है।
लेबनान की नेशनल न्यूज एजेंसी (NNA) के अनुसार, इस हमले में 5 अन्य लोग घायल भी हुए हैं। यह हमला उस समय हुआ, जब इजरायली सेना ने रिहायशी इलाके को निशाना बनाकर बमबारी की।
09:28 PM15 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
इजरायली सेना को लेबनान में हमले तेज करने का आदेश
इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने दक्षिणी लेबनान में सैन्य अभियानों को और तेज करने के आदेश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि अमेरिका के साथ बातचीत में इजरायल के हितों को प्राथमिकता दी जाएगी।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, नेतन्याहू यह संदेश अपनी घरेलू जनता को खुश करने के लिए दे रहे हैं, जिनसे उन्होंने ईरान में सत्ता परिवर्तन का वादा किया था।
साल के अंत में होने वाले चुनावों को देखते हुए, वे लेबनान में अपनी सैन्य ताकत दिखाकर जनता का समर्थन हासिल करना चाहते हैं और उत्तरी इजरायल की सुरक्षा के लिए जमीन पर नियंत्रण बनाए रखने का भरोसा दिला रहे हैं।
09:03 PM15 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
ईरान ने रेड सी पर नाकेबंदी की धमकी दी
ईरान ने चेतावनी दी है कि यदि अमेरिका ने उसके बंदरगाहों की नाकेबंदी जारी रखी, तो वह रेड सी में जहाजों की आवाजाही को रोक देगा।
यह धमकी अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) के उस दावे के बाद आई है, जिसमें कहा गया था कि इस नाकेबंदी ने समुद्र के जरिए होने वाले ईरान के आर्थिक व्यापार को पूरी तरह ठप कर दिया है।
ईरान ने इसे युद्धविराम का उल्लंघन बताते हुए कहा है कि वह फारस की खाड़ी और ओमान की खाड़ी में भी किसी भी प्रकार के व्यापार की अनुमति नहीं देगा।
08:51 PM15 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
ईरान के विदेश मंत्री ने मध्यस्थता के लिए आसिम मुनीर का आभार जताया
ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अरागची ने तेहरान में पाकिस्तानी सेना प्रमुख आसिम मुनीर के नेतृत्व वाले प्रतिनिधिमंडल के साथ बातचीत की और मध्यस्थ के रूप में पाकिस्तान की भूमिका के लिए आभार जताया।
अरागची ने कहा कि ‘संवाद की शानदार मेजबानी’ दोनों देशों के गहरे द्विपक्षीय संबंधों को दर्शाती है। उन्होंने जोर देकर कहा कि क्षेत्र में शांति और स्थिरता को बढ़ावा देने के लिए दोनों देश साझा प्रतिबद्धता रखते हैं।
08:21 PM15 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
अमेरिका का ईरान के अवैध तेल नेटवर्क पर प्रतिबंध
अमेरिकी वित्त विभाग ने ईरान के अवैध तेल नेटवर्क पर नए प्रतिबंध लगा दिए हैं। इन प्रतिबंधों के दायरे में दो दर्जन व्यक्ति, कंपनियां और जहाज शामिल हैं, जो पूर्व सुप्रीम लीडर अली खामेनेई के सलाहकार के बेटे मोहम्मद हुसैन शमखानी के नेटवर्क से जुड़े हैं।
अमेरिकी वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट ने स्पष्ट किया है कि ट्रंप प्रशासन ईरान के अवैध तस्करी और आतंकी नेटवर्क को रोकने के लिए ऐसी कार्रवाई जारी रखेगा।
07:41 PM15 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
अमेरिकी सीनेट में ‘वॉर पावर्स रेजोल्यूशन’ रुका
अमेरिकी सीनेट में राष्ट्रपति ट्रंप की ईरान पर सैन्य हमले करने की शक्तियों को सीमित करने वाला ‘वॉर पावर्स रेजोल्यूशन’ गिर गया है। इस प्रस्ताव के पक्ष में 47 और विरोध में 52 वोट पड़े, जिसके चलते इसे मंजूरी नहीं मिल सकी।
इसका मकसद बिना कांग्रेस की पूर्व अनुमति के ईरान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई करने की राष्ट्रपति की क्षमता पर रोक लगाना था।
07:12 PM15 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
रिपोर्ट- अमेरिकी नाकेबंदी के बावजूद 4 जहाज ईरान पहुंचे
ईरानी मीडिया ने दावा किया है कि अमेरिकी नाकेबंदी के बीच चार जहाज ईरान के पास पहुंचे या वहां से रवाना हुए। तस्मीन और मेहर न्यूज के मुताबिक ग्रीस, चीन और ईरान से जुड़े चार जहाज बुधवार को ईरानी जलक्षेत्र में आए या वहां से निकले।
मरीन ट्रैफिक डेटा के अनुसार, तीन जहाज ईरान के जलक्षेत्र में दाखिल हुए, जबकि ईरानी कंटेनर शिप गोलबोन वहां से बाहर निकला। रिपोर्ट में कहा गया है कि अमेरिकी प्रतिबंधों के बावजूद यह जहाज होर्मुज स्ट्रेट के पास सक्रिय रहा।
वहीं, अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) का कहना है कि नाकेबंदी के पहले 48 घंटों में कोई भी जहाज ईरानी पोर्ट तक नहीं पहुंच पाया और 9 जहाजों को वापस लौटाया गया।
06:44 PM15 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
लेबनान में एक हफ्ते का सीजफायर कर सकता है इजराइल
इजराइल लेबनान में एक हफ्ते का अस्थायी सीजफायर लागू कर सकता है। टाइम्स ऑफ इजराइल के मुताबिक, इजराइल की सिक्योरिटी कैबिनेट इस प्रस्ताव पर विचार कर रही है और आने वाले कुछ दिनों में इस पर फैसला लिया जा सकता है।
रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिका इजराइल पर दबाव बना रहा है, ताकि लेबनान में तनाव कम किया जा सके और क्षेत्रीय स्तर पर बातचीत को आगे बढ़ाया जा सके। प्रस्ताव के तहत एक हफ्ते का युद्धविराम लागू किया जाएगा, जिसके बाद हालात के अनुसार आगे की कार्रवाई तय होगी।
शुरुआत में इजराइल ने इस प्रस्ताव का विरोध किया था, लेकिन अब इसके लागू किया जा सकता है।
06:19 PM15 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
UN ने ईरान के लिए 100 करोड़ रुपए की मदद मंजूर की
संयुक्त राष्ट्र ने ईरान में मानवीय सहायता के लिए 12 मिलियन डॉलर यानी करीब 100 करोड़ रुपए जारी करने की घोषणा की है। UN के राहत प्रमुख टॉम फ्लेचर ने कहा कि 40 दिनों तक चले युद्ध में हजारों नागरिकों की मौत हुई, बुनियादी ढांचा नष्ट हुआ और जरूरी सेवाएं बाधित हुई हैं।
उन्होंने बताया कि यह फंड साझेदार संगठनों को बड़े स्तर पर जीवन रक्षक सहायता पहुंचाने में मदद करेगा।
05:52 PM15 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
लेबनान ने इजराइली हमलों के खिलाफ UN में शिकायत दर्ज की
लेबनान ने इजराइल के हवाई हमलों को लेकर संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में शिकायत दर्ज कराई है। सरकार ने इन्हें अंतरराष्ट्रीय कानून का उल्लंघन बताया है।
लेबनान के विदेश मंत्रालय के मुताबिक, 8 अप्रैल को इजराइल ने देशभर में 100 से ज्यादा हवाई हमले किए। इनमें राजधानी बेरूत के घनी आबादी वाले रिहायशी इलाकों को बिना चेतावनी के निशाना बनाया गया।
मंत्रालय ने कहा कि ये हमले अंतरराष्ट्रीय कानून के सिद्धांतों का उल्लंघन हैं। सरकार के अनुसार, इनमें 303 लोगों की मौत हुई, जिनमें 30 बच्चे और 71 महिलाएं शामिल हैं। वहीं 1,150 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं।
05:36 PM15 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
ईरान और पाकिस्तानी डेलिगेशन के बीच बैठक जारी
तेहरान में ईरान और पाकिस्तानी डेलिगेशन के बीच उच्चस्तरीय बैठक जारी है। यह बातचीत अमेरिका-ईरान वार्ता को आगे बढ़ाने की कोशिशों का हिस्सा मानी जा रही है।
पाकिस्तान के आर्मी चीफ असीम मुनीर इस प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे हैं और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ तेहरान पहुंचे हैं।
ईरानी विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने टेलीग्राम पर पाकिस्तानी प्रतिनिधिमंडल के साथ मुलाकात का वीडियो शेयर किया है
05:20 PM15 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
रिपोर्ट- ईरान के परमाणु प्रोग्राम पर बातचीत आगे बढ़ी
ईरान के परमाणु कार्यक्रम को लेकर अमेरिका के साथ चल रही बातचीत में प्रगति हुई है। रिपोर्ट के मुताबिक, हालिया कूटनीतिक प्रयासों के बाद दोनों पक्ष एक समझौते की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।
पाकिस्तान के आर्मी चीफ असीम मुनीर का तेहरान दौरा भी इसी कड़ी का हिस्सा है, जहां वह अमेरिका का संदेश लेकर पहुंचे हैं।
अमेरिका और ईरान के बीच बैकचैनल संपर्क जारी है और ड्राफ्ट प्रस्तावों पर काम हो रहा है। रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिकी हमलों के बाद ईरान की परमाणु क्षमता प्रभावित हुई है, जिससे बातचीत को गति मिली है।
हालांकि, समझौते की दिशा में प्रगति के बावजूद दोनों पक्षों के बीच मतभेद अभी भी बने हुए हैं और कुछ पक्ष इसका विरोध कर रहे हैं।
04:54 PM15 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
इजराइल बोला- लेबनान और ईरान में हमले जारी रहेंगे
इजराइली सेना प्रमुख एयाल जामीर ने कहा है कि सेना ने लेबनान और ईरान में हमले जारी रखने की योजना को मंजूरी दे दी है।
जामीर ने कहा कि इजराइल ने अमेरिकी सेना के साथ मिलकर ईरान पर कड़ा प्रहार किया, उसकी रक्षा क्षमताओं को कमजोर किया और उसे नुकसान पहुंचाया।
उन्होंने कहा कि अब ईरान को परमाणु मुद्दे, होर्मुज और अन्य मामलों में कोई भी उपलब्धि हासिल नहीं करने दी जाएगी।
जामीर ने कहा कि इजराइली सेना जरूरत पड़ने पर तुरंत और ताकतवर हमला करने में सक्षम है। लेबनान में हिजबुल्लाह के खिलाफ कार्रवाई जारी है, जहां सेना अहम इलाकों को कब्जे में लेकर उत्तरी बस्तियों से खतरे को खत्म कर रही है।
04:33 PM15 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
ईरानी विदेश मंत्री ने कतर PM से बातचीत की
ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने कतर के प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री शेख मोहम्मद बिन अब्दुलरहमान अल थानी से फोन पर बातचीत की। इस दौरान क्षेत्रीय हालात और सीजफायर से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई।
ईरानी मीडिया की रिपोर्ट के मुताबिक बातचीत में ईरान-अमेरिका वार्ता और लेबनान में सीजफायर उल्लंघन जैसे मुद्दे उठाए गए। कतर के प्रधानमंत्री ने कहा कि क्षेत्र में शांति के लिए मध्यस्थता प्रयास जारी रहना जरूरी है और सभी पक्षों को सकारात्मक रुख अपनाना चाहिए।
दोनों पक्षों ने सीजफायर को मजबूत करने और क्षेत्रीय स्थिरता बनाए रखने पर जोर दिया। कतर ने यह भी कहा कि समुद्री रास्तों को खुला रखना जरूरी है और उन्हें दबाव के साधन के रूप में इस्तेमाल नहीं किया जाना चाहिए, क्योंकि इससे वैश्विक आपूर्ति और सुरक्षा पर असर पड़ सकता है।
04:22 PM15 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
लेबनान सीजफायर पर इजराइल में सिक्योरिटी कैबिनेट की बैठक आज
इजराइल की सिक्योरिटी कैबिनेट आज लेबनान के साथ संभावित सीजफायर पर चर्चा करेगी। यह बैठक ऐसे समय में हो रही है जब अमेरिका दबाव बना रहा है और क्षेत्रीय स्तर पर कूटनीतिक प्रयास तेज हैं।
इजराइली अधिकारी के मुताबिक, प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू की अगुवाई में यह बैठक भारतीय समयानुसार रात 10:30 बजे होगी। लेबनान के अधिकारियों के मुताबिक, अमेरिका इजराइल पर सीजफायर के लिए दबाव बना रहा है।
मंगलवार को अमेरिका में दशकों बाद इजराइल और लेबनान के बीच सीधी वार्ता हुई, हालांकि उस दौरान इजराइल ने सीजफायर पर चर्चा से इनकार कर दिया था।
इजराइल और हिजबुल्लाह के बीच संघर्ष को 5 हफ्ते से ज्यादा हो चुके हैं, जिसमें अब तक 2000 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है और करीब 12 लाख लोग विस्थापित हुए हैं।
04:09 PM15 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
अमेरिका बोला- 48 घंटे में कोई जहाज ईरानी पोर्ट नहीं पहुंचा
अमेरिका ने दावा किया है कि होर्मुज स्ट्रेट में नाकेबंदी के बाद पिछले 48 घंटों में कोई भी जहाज ईरानी बंदरगाहों तक नहीं पहुंचा। अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) के मुताबिक, इस दौरान 9 जहाजों को वापस लौटा दिया गया।
हालांकि, यह दावा ईरान की फार्स न्यूज एजेंसी की रिपोर्ट से अलग है, जिसमें एक ईरानी सुपरटैंकर के होर्मुज पार करने की बात कही गई थी।
CENTCOM ने कहा कि अमेरिकी नौसैनिक जहाज ओमान की खाड़ी में गश्त कर रहे हैं और बल पूरी तरह तैनात हैं। अमेरिकी सेना के मुताबिक, वह ईरानी पोर्ट्स में आने-जाने वाले जहाजों पर नाकेबंदी लागू करा रही है और इसके पालन को सुनिश्चित कर रही है।
03:42 PM15 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
लेबनान में इजराइली हमलों से 2,167 की मौत
लेबनान में इजराइल के हमलों में मरने वालों की संख्या बढ़कर 2,167 हो गई है। स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, 2 मार्च से अब तक इजराइली हमलों में कम से कम 7,061 लोग घायल हुए हैं, जिससे हालात गंभीर बने हुए हैं।
03:32 PM15 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
ईरान की 3 समुद्री रास्ते बंद करने की धमकी
ईरान ने दुनिया 3 अहम समुद्री रास्ते बंद करने की धमकी दी है। उसने कहा है कि अगर अमेरिका ने होर्मुज और उसके बंदरगाहों पर नौसैनिक नाकेबंदी जारी रखी, तो वह रेड सी, ओमान सागर और पर्शियन गल्फ में समुद्री व्यापार पूरी तरह रोक देगा। ईरानी सेना के केंद्रीय कमांड सेंटर प्रमुख अली अब्दोल्लाही ने कहा कि अमेरिकी पाबंदियां और ईरानी जहाजों व तेल टैंकरों की सुरक्षा को खतरे में डालने की कोशिशें उकसावे की कार्रवाई है। उन्होंने कहा कि ईरान अपनी संप्रभुता और राष्ट्रीय हितों की रक्षा के लिए निर्णायक कार्रवाई करेगा। अमेरिका ने सोमवार से ईरानी बंदरगाहों पर नौसैनिक नाकेबंदी लागू कर रखी है। यह कदम पाकिस्तान में हुई करीब 21 घंटे की अमेरिका-ईरान वार्ता के विफल रहने के बाद उठाया गया।
03:11 PM15 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
ईरानी विदेश मंत्री ने PAK आर्मी चीफ का स्वागत किया
ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने तेहरान में पाकिस्तान के आर्मी चीफ असीम मुनीर के नेतृत्व वाले प्रतिनिधिमंडल का स्वागत किया।

03:05 PM15 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
रिपोर्ट- अमेरिका ने सीजफायर बढ़ाने पर अभी सहमति नहीं दी
अमेरिका ने ईरान के साथ सीजफायर बढ़ाने पर अभी औपचारिक सहमति नहीं दी है। यह जानकारी CNN ने एक सीनियर अमेरिकी अधिकारी के हवाले से दी है।
रिपोर्ट के मुताबिक, सीजफायर बढ़ाने का विकल्प अभी भी खुला है, ताकि वार्ता के लिए और समय मिल सके। ट्रम्प प्रशासन जल्द से जल्द किसी संभावित समझौते तक पहुंचने की कोशिश कर रहा है।
02:33 PM15 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
रिपोर्ट- US-ईरान वार्ता के दूसरे दौर का समय तय नहीं
अमेरिका और ईरान के बीच होने वाली दूसरे दौर की वार्ता का समय अभी तय नहीं हो पाया है। अल जजीरा की रिपोर्ट के मुताबिक दोनों पक्षों के बीच सीजफायर समेत कई मुद्दों पर बातचीत जारी है। वार्ता फिर से शुरू करने के लिए उपयुक्त समय तय करने पर चर्चा चल रही है।
02:16 PM15 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
पाकिस्तान के आर्मी चीफ असीम मुनीर ईरान पहुंचे
पाकिस्तान के आर्मी चीफ फील्ड मार्शल असीम मुनीर एक हाईलेवल डेलिगेशन के साथ ईरान पहुंच गए हैं। यहां अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत दोबारा शुरू कराने पर चर्चा होगी।
अलजजीरा के मुताबिक, यह प्रतिनिधिमंडल अमेरिका का संदेश लेकर ईरान पहुंचा है और बातचीत को आगे बढ़ाने की कोशिश करेगा। ईरान की सरकारी मीडिया के मुताबिक, वार्ता का दूसरा दौर आने वाले दिनों में पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में हो सकता है।
02:04 PM15 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
इजराइल बोला- 24 घंटे में हिजबुल्लाह के 200 से ज्यादा ठिकानों पर हमला किया
इजराइल ने दावा किया है कि उसने पिछले 24 घंटे में दक्षिणी लेबनान में हिजबुल्लाह के 200 से ज्यादा ठिकानों पर हमला किया है। इन हमलों में सैन्य ढांचे और लॉन्चर निशाने पर रहे।
हमलों से पहले इजराइल ने दक्षिणी लेबनान के लोगों को इलाका खाली करने की चेतावनी दी थी और कहा था कि यह कार्रवाई हिजबुल्लाह की गतिविधियों के कारण की जा रही है।
लेबनान के स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, 2 मार्च से अब तक इजराइली हमलों में 2 हजार से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है, जिनमें बच्चे और स्वास्थ्यकर्मी भी शामिल हैं।
01:28 PM15 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
ट्रम्प बोले- चीन पहुंचते ही राष्ट्रपति जिनपिंग मुझे ‘बिग हग’ देंगे
ट्रम्प ने कहा है कि चीन पहुंचने पर राष्ट्रपति शी जिनपिंग उनका ‘बिग हग’ देकर स्वागत करेंगे। उन्होंने दोनों देशों के बीच अच्छे तालमेल की बात कही। ट्रम्प ने ट्रुथ सोशल पर लिखा कि वह कुछ हफ्तों में चीन दौरे पर जाएंगे और वहां शी जिनपिंग उनसे गर्मजोशी से मिलेंगे।
उन्होंने कहा कि अमेरिका और चीन बहुत समझदारी से और अच्छी तरह साथ काम कर रहे हैं और टकराव के बजाय सहयोग बेहतर है। ट्रम्प ने यह भी कहा कि जरूरत पड़ने पर अमेरिका किसी भी देश से बेहतर लड़ सकता है।
01:20 PM15 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
ईरान बोला- हमारी नाकेबंदी संभव नहीं, कोशिश नाकाम होगी
ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बकाई ने कहा है कि देश की नाकेबंदी संभव नहीं है और ऐसी कोशिशें नाकाम होंगी। उन्होंने चेतावनी दी कि भड़काऊ कदम सीजफायर को तोड़ सकते हैं।
प्रवक्ता ने कहा कि ईरान को ब्लॉक करने की कोई भी कोशिश सफल नहीं होगी और इससे कोई परिणाम नहीं निकलेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि ऐसे कदम मौजूदा सीजफायर को खतरे में डाल सकते हैं और हालात फिर से बिगड़ सकते हैं।
ईरान ने यह भी कहा कि वह स्थिति पर नजर बनाए हुए है और जरूरत पड़ने पर जवाब देगा।
01:13 PM15 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
पाकिस्तानी डेलिगेशन ईरान रवाना, अमेरिका का मैसेज देगा
पाकिस्तान का एक हाई लेवल डेलिगेशन तेहरान के लिए रवाना हो गया है। ईरानी मीडिया प्रेस टीवी के मुताबिक यह डेलिगेशन ईरान को अमेरिका का नया संदेश देगा। इसे अमेरिका-ईरान के बीच जारी कूटनीतिक बातचीत का हिस्सा माना जा रहा है।
इस्लामाबाद में हुई पिछली वार्ता में कोई ठोस नतीजा नहीं निकला था, लेकिन दोनों पक्षों के बीच संवाद जारी है।
01:02 PM15 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
ट्रम्प बोले- चीन बहुत खुश है कि मैं होर्मुज स्ट्रेट खोल रहा हूं
ट्रम्प ने दावा किया है कि चीन इस बात से बहुत खुश है कि अमेरिका होर्मुज स्ट्रेट खोलने की दिशा में काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि यह कदम दुनिया के हित में है।
ट्रम्प ने ट्रुथ सोशल पर लिखा कि वह होर्मुज स्ट्रेट को स्थायी रूप से खोलने की कोशिश कर रहे हैं और चीन इस फैसले से संतुष्ट है।
उन्होंने कहा कि यह कदम वैश्विक तेल सप्लाई को सुचारू रखने के लिए जरूरी है और इससे पूरी दुनिया को फायदा होगा।
ट्रम्प ने यह भी कहा कि अमेरिका और चीन मिलकर काम कर रहे हैं और सहयोग टकराव से बेहतर है। हालांकि उन्होंने यह भी जोड़ा कि जरूरत पड़ने पर अमेरिका किसी भी स्थिति में मजबूती से मुकाबला करने के लिए तैयार है।
12:46 PM15 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
पाकिस्तानी डेलिगेशन आज ईरान पहुंच सकता है
पाकिस्तान का एक हाई लेवल डेलिगेशन आज ईरान पहुंच सकता है। यह दौरा अमेरिका-ईरान बातचीत के सिलसिले में अहम माना जा रहा है। यह जानकारी ईरान की मेहर न्यूज एजेंसी ने दी है।
यह दौरा हाल ही में पाकिस्तान में हुई अमेरिका-ईरान वार्ता के बाद जारी कूटनीतिक बातचीत का हिस्सा माना जा रहा है। दोनों देशों के बीच संदेशों का आदान-प्रदान भी जारी है।
पाकिस्तान इस पूरे मामले में मध्यस्थ की भूमिका निभा रहा है और दोनों देशों के बीच संवाद बनाए रखने की कोशिश कर रहा है। हाल के दिनों में इस्लामाबाद में भी उच्चस्तरीय वार्ता हुई थी।
12:18 PM15 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
ट्रम्प बोले- चीनी राष्ट्रपति ने बताया, ईरान को हथियार नहीं दे रहे
ट्रम्प ने दावा किया है कि चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने उन्हें बताया है कि चीन ईरान को हथियार नहीं दे रहा। यह जानकारी दोनों नेताओं के बीच हुए पत्राचार के जरिए सामने आई।
ट्रम्प ने कहा कि उन्हें खबरें मिली थीं कि चीन ईरान को हथियार दे रहा है। इसके बाद उन्होंने शी जिनपिंग को पत्र लिखकर इस पर आपत्ति जताई और ऐसा न करने को कहा।
ट्रम्प के मुताबिक, चीनी राष्ट्रपति ने जवाबी पत्र में कहा कि चीन इस तरह की कोई सप्लाई नहीं कर रहा है।
उन्होंने यह भी कहा कि ईरान से जुड़े घटनाक्रम या तेल बाजार में बदलाव का उनके और शी जिनपिंग के बीच अगले महीने होने वाली बैठक पर कोई असर नहीं पड़ेगा।
अमेरिकी खुफिया रिपोर्ट्स में चीन के ईरान को एयर डिफेंस सिस्टम देने की तैयारी की बात सामने आने के बाद यह मामला चर्चा में आया।
12:08 PM15 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
ट्रम्प बोले- अमेरिका-इटली के संबंध पहले जैसे नहीं
ट्रम्प ने कहा है कि अमेरिका और इटली के संबंध पहले जैसे नहीं रहे। उन्होंने ईरान जंग पर इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी के रुख पर नाराजगी जताई।
फॉक्स न्यूज को दिए इंटरव्यू में ट्रम्प ने कहा कि मेलोनी का रुख नकारात्मक रहा है। उन्होंने कहा कि जो देश ईरान मामले में अमेरिका का साथ नहीं देते, उनके साथ रिश्ते पहले जैसे नहीं रह सकते।
ट्रम्प ने NATO की भी आलोचना की और कहा कि अगर सहयोगी देश अमेरिका का साथ नहीं देते, तो इस पर सवाल उठता है कि अमेरिका इतना खर्च क्यों कर रहा है।
उन्होंने कहा कि ईरान से भी बड़े मुद्दों पर सहयोग जरूरी है और सहयोग न मिलने पर संबंधों पर असर पड़ता है।

मेलोनी ने अमेरिका-ईरान युद्ध में शामिल होने से इनकार किया था। इसके बाद दोनों देशों के बीच मतभेद सामने आए हैं।
11:40 AM15 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
ट्रम्प बोले- खाड़ी देशों पर हमले की उम्मीद नहीं थी
ट्रम्प ने कहा है कि ईरान युद्ध के बीच खाड़ी देशों पर हमले की उम्मीद नहीं थी। उन्होंने यह बयान फॉक्स न्यूज को दिए इंटरव्यू में दिया।
ट्रम्प ने कहा कि कतर, सऊदी अरब और यूएई जैसे देशों को निशाना बनाए जाने की उम्मीद नहीं थी और यह ईरान की जवाबी कार्रवाई का हिस्सा था।
उन्होंने दावा किया कि ईरान मिडिल ईस्ट में अपना प्रभाव बढ़ाने की कोशिश कर रहा था, लेकिन अमेरिका ने उसे रोक दिया।
ट्रम्प ने यह भी कहा कि अगर अमेरिका ने पिछले साल कार्रवाई नहीं की होती, तो ईरान जल्द ही परमाणु हथियार बना सकता था और उसका इस्तेमाल क्षेत्र के देशों के खिलाफ कर सकता था।
11:17 AM15 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
ईरान के प्रतिबंधित सुपरटैंकर ने होर्मुज स्ट्रेट पार किया
ईरान की लोकल न्यूज एजेंसी के मुताबिक अमेरिका की रोक के बावजूद, ईरान के एक प्रतिबंधित सुपरटैंकर ने होर्मुज स्ट्रटे को पार करके ईरान के इमाम खुमैनी बंदरगाह की ओर निकल गया है।
रिपोर्ट में आगे बताया गया है कि यह VLCC कच्चा तेल का जहाज, 20 लाख बैरल कच्चा तेल ले जाने में सक्षम है। लेकिन यह स्पष्ट नहीं हो पाया कि टैंकर अपने माल के साथ लौट रहा था या फिर खाली था।
10:54 AM15 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
ईरान में मोसाद से जुड़े होने के आरोप में 35 गिरफ्तार
ईरान में इजराइल की खुफिया एजेंसी मोसाद से जुड़े होने के आरोप में 35 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इन पर जासूसी, हथियार तस्करी और अलगाववादी गतिविधियों में शामिल होने के आरोप हैं।
अल जजीरा की रिपोर्ट के मुताबिक, ईरान के इंटेलिजेंस मंत्रालय ने देश के छह अलग-अलग जिलों में अभियान चलाकर गिरफ्तारियां कीं।
मंत्रालय का दावा है कि गिरफ्तार किए गए लोगों पर मोसाद से जुड़े होने के साथ-साथ हथियार तस्करी और अलगाववादी गतिविधियों में शामिल होने के आरोप हैं। ईरानी अधिकारियों के अनुसार, यह नेटवर्क देश की आंतरिक सुरक्षा के लिए खतरा बन रहा था।
मोसाद इजराइल की प्रमुख विदेशी खुफिया एजेंसी है, जो जासूसी और गुप्त अभियानों के लिए जानी जाती है और सीधे प्रधानमंत्री को रिपोर्ट करती है।
10:42 AM15 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
ईरान ने 6 देशों को शुक्रिया कहा
ईरान के राष्ट्रपति मसूद पजशकियान ने बुधवार को कहा कि जब दुनिया में मुश्किल और बड़े हालात बनते हैं, तब देशों की असली पहचान सामने आती है। उन्होंने कहा कि स्पेन, चीन, रूस, तुर्किये, इटली और मिस्र ने जिस तरह इजराइल के खिलाफ रुख लिया है, वह उनकी पुरानी सोच और इतिहास को दिखाता है।
10:23 AM15 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
ईरान में राहत टीम ने 7,200 लोगों को बचाया
ईरान की रेड क्रिसेंट सोसायटी ने बताया कि जंग के दौरान अमेरिका और इजराइल की बमबारी के बाद राहत टीमों ने मलबे से 7,200 से ज्यादा लोगों को बचाया है।
उन्होंने बुधवार को एक बयान जारी किया, जिसमें राहत कार्यों के आंकड़े दिए गए। इसमें बताया गया कि कुछ जगहों पर बमबारी के बाद मृतकों के शव निकालने में 20 दिन तक का समय लग गया।
इस जंग में अब तक कितने लोग मारे गए, इसका पूरा और साफ आंकड़ा नहीं है। लेकिन ईरान की ह्यूमन राइट्स एक्टिविस्ट एजेंसी के मुताबिक जंग शुरू होने (28 फरवरी) के बाद से कम से कम 1,701 आम नागरिकों की मौत हो चुकी है।
10:06 AM15 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
ईरान की सड़कों पर होर्मुज से जुड़े बिलबोर्ड लगे

तेहरान में सोमवार को एक बड़ा होर्डिंग लगाया गया था, जिसमें होर्मुज स्ट्रेट की तस्वीर थी और उस पर लिखा था- हमेशा के लिए ईरान के हाथ में

एक इमारत पर होर्मुज स्ट्रेट के डिजाइन वाला एक बड़ा होर्डिंग लगा हुआ है। इसके जरिए ईरान यह जताना चाहता है कि इस इलाके पर उसका मजबूत प्रभाव है।
09:48 AM15 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
अमेरिका बोला- चीन को ईरान का तेल नहीं लेने देंगे
अमेरिका के वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट ने कहा है कि चीन के जहाजों को हॉर्मुज से गुजरकर ईरान का तेल लेने की इजाजत नहीं दी जाएगी।
पत्रकारों से बात करते हुए बेसेंट ने साफ कहा कि अमेरिका की कार्रवाई का मकसद यही है कि चीन इस अहम समुद्री रास्ते के जरिए ईरान का कच्चा तेल न ले सके। हॉर्मुज दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण तेल आपूर्ति रास्तों में से एक माना जाता है।
09:25 AM15 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
पजशकियान बोले ईरान युद्ध नहीं, संवाद चाहता है

मध्य पूर्व में जारी तनाव के बीच ईरान के राष्ट्रपति मसूद पजशकियान ने कहा है कि उनका देश युद्ध नहीं, बल्कि बातचीत चाहता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि ईरान किसी भी टकराव का इच्छुक नहीं है और विवादों का समाधान संवाद के जरिए ही संभव है।
IRNA न्यूज एजेंसी के मुताबिक, पजशकियान ने अमेरिका को चेतावनी दी कि वह ईरान पर अपनी शर्तें थोपने या उसे आत्मसमर्पण के लिए मजबूर करने की कोशिश न करे, क्योंकि ऐसा कोई भी प्रयास सफल नहीं होगा।
ईरानी राष्ट्रपति ने हालिया हमलों पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय कानून और मानवीय सिद्धांतों के तहत नागरिकों, बच्चों, बुद्धिजीवियों, स्कूलों और अस्पतालों को निशाना बनाने का कोई औचित्य नहीं है।
उन्होंने दोहराया कि ईरान शांति और संवाद के पक्ष में है, लेकिन अपनी संप्रभुता और सुरक्षा के साथ किसी तरह का समझौता नहीं करेगा।
09:14 AM15 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
ईरान में इंटरनेट लगभग बंद, 47 दिन से पाबंदी जारी
ईरान में इंटरनेट पर कड़ी पाबंदी पिछले 47 दिनों से जारी है। वॉचडॉग नेटब्लॉक्स के मुताबिक, आम लोगों के लिए अंतरराष्ट्रीय इंटरनेट कनेक्टिविटी 1100 घंटे से ज्यादा समय से लगभग बंद है।
यह पाबंदी जनवरी की शुरुआत में विरोध प्रदर्शनों के बाद लागू की गई थी। इसके बाद फरवरी के अंत में अमेरिका-इजराइल के साथ युद्ध शुरू होने पर इसे और सख्त कर दिया गया।
इंटरनेट पर इस तरह की रोक से व्यापार, नौकरियां और ऑनलाइन सेवाएं बुरी तरह से प्रभावित हुई हैं।
विशेषज्ञों के अनुसार, लंबे समय तक इंटरनेट बंद रहने से छोटे कारोबार और डिजिटल सेक्टर को सबसे ज्यादा नुकसान हो रहा है, जबकि आम लोगों के लिए सूचना तक पहुंच भी सीमित हो गई है।
08:59 AM15 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
ईरान बोला US-इजराइल ऐसे दुश्मन जो कोई कानून नहीं मानते
ईरानी विज्ञान मंत्री हुसैन सिमाई सर्राफ ने कहा कि उनका देश ऐसे दुश्मन का सामना कर रहा है, जो न कानून मानता है और न ही किसी नैतिकता का पालन करता है।
तेहरान स्थित एयरोस्पेस रिसर्च इंस्टीट्यूट के दौरे के दौरान उन्होंने यह बयान दिया। यह संस्थान 28 फरवरी को हुए हमलों में प्रभावित हुआ था।
मंत्री ने कहा कि ईरान ऐसे विरोधी से जूझ रहा है, जो किसी भी अंतरराष्ट्रीय नियम या व्यवस्था का पालन नहीं करता।
ईरानी मीडिया ने इस संस्थान को हुए नुकसान के वीडियो भी जारी किए हैं, जिनमें इमारत को भारी क्षति दिखाई दे रही है।
08:50 AM15 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
रिपोर्ट में दावा- ईरान ने चीनी जासूसी सैटेलाइट से US ठिकानों को निशाना बनाया

हालिया युद्ध के दौरान ईरान द्वारा चीनी जासूसी सैटेलाइट के इस्तेमाल का दावा सामने आया है। फाइनेंशियल टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, ईरान ने इस सैटेलाइट के जरिए मध्य पूर्व में अमेरिकी सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया।
रिपोर्ट के अनुसार, ईरान ने 2024 के अंत में चीन से TEE-01B सैटेलाइट हासिल किया था।
इस सैटेलाइट के जरिए ईरानी सैन्य अधिकारियों ने अमेरिकी ठिकानों की निगरानी की। रिपोर्ट में बताया गया कि मार्च में ड्रोन और मिसाइल हमलों से पहले और बाद में इन ठिकानों की तस्वीरें ली गईं।
इनमें सऊदी अरब का प्रिंस सुल्तान एयर बेस, जॉर्डन के सैन्य ठिकाने और बहरीन में अमेरिकी नेवल बेस के आसपास के इलाके शामिल हैं।
डील के तहत ईरान को बीजिंग की एक सैटेलाइट सर्विस कंपनी के ग्राउंड स्टेशनों तक भी पहुंच मिली, जिससे उसे डेटा और कंट्रोल में मदद मिली।
चीन ने इन आरोपों को खारिज करते हुए इन्हें भ्रामक बताया है।
इस बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने चेतावनी दी है कि अगर चीन ईरान को सैन्य सहायता देता है, तो उसे गंभीर परिणामों का सामना करना पड़ सकता है।
08:34 AM15 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
रूस ने होर्मुज संकट पर बातचीत की वकालत की, ईरान के परमाणु रुख का समर्थन
होर्मुज स्ट्रेट को लेकर बढ़ते तनाव के बीच रूस ने बातचीत के जरिए समाधान निकालने की अपील की है। विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने कहा कि ईरान की प्रतिक्रिया अमेरिकी आक्रामकता का नतीजा है और इसका हल बातचीत से ही संभव है।
चीन दौरे के दौरान लावरोव ने कहा कि खाड़ी के अरब देश भी मानते हैं कि अगर अमेरिका की ओर से आक्रामक कदम नहीं उठाए जाते, तो ईरान होर्मुज स्ट्रेट को बंद करने की स्थिति में नहीं आता।
ईरान के परमाणु कार्यक्रम पर बोलते हुए लावरोव ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी ने कभी यह दर्ज नहीं किया कि ईरान का यूरेनियम संवर्धन सैन्य उद्देश्यों के लिए हो रहा है। इसलिए रूस किसी भी ऐसे समझौते को स्वीकार करेगा, जो तेहरान के हितों के अनुरूप हो।
लावरोव ने अमेरिका से अपील की कि वह मध्य पूर्व में अपनी आक्रामक नीति को रोके, क्योंकि इससे उसके सहयोगी देशों को भी नुकसान हो रहा है।
08:15 AM15 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
अमेरिकी नाकाबंदी तोड़ने में चीनी टैंकर नाकाम, वापस लौटा
ईरान के खिलाफ अमेरिकी नाकाबंदी का असर अब दिखने लगा है। चीन के स्वामित्व वाला टैंकर ‘रिच स्टार्री’ इस नाकाबंदी को तोड़ने में नाकाम रहा और उसे वापस होर्मुज स्ट्रेट की ओर लौटना पड़ा।
शिपिंग डेटा के अनुसार, यह टैंकर ओमान की खाड़ी से निकलने के बाद फिर से वापस लौट आया। इस पर पहले से ही अमेरिकी प्रतिबंध लगे हुए हैं।
मंगलवार को अमेरिकी नौसेना ने सख्ती दिखाते हुए चाबहार बंदरगाह से निकलने की कोशिश कर रहे दो ऑयल टैंकरों को रोक दिया। यह कार्रवाई नाकाबंदी के पहले दिन की गई।
रिच स्टार्री टैंकर करीब 2.5 लाख बैरल मेथनॉल लेकर चल रहा था, जिसे यूएई के हमरियाह पोर्ट से लोड किया गया था।
नाकाबंदी के कारण समुद्री व्यापार पर भी असर पड़ा है। जहां पहले रोजाना 130 से ज्यादा जहाज इस रूट से गुजरते थे, अब उनकी संख्या काफी कम हो गई है।
इस बीच एक अन्य प्रतिबंधित जहाज ‘एलिसिया’ खाड़ी में प्रवेश कर रहा है और इराक से तेल लोड करेगा। वहीं माल्टा का टैंकर ‘एगियोस फानूरियोस I’ दूसरी बार खाड़ी में दाखिल हुआ है और वियतनाम के लिए कच्चा तेल ले जाने की तैयारी कर रहा है।
07:59 AM15 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
चीन बोला- ईरान को कोई सैन्य मदद नहीं दे रहे

चीन के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता लिन जियान। (फाइल फोटो)
चीन ने साफ तौर पर कहा है कि वह ईरान को कोई सैन्य मदद नहीं दे रहा है और अमेरिका के इन आरोपों को पूरी तरह गलत बताया है।
चीन के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा कि मीडिया में जो खबरें चल रही हैं वे पूरी तरह से मनगढ़ंत हैं। चीन का कहना है कि वह हथियारों के निर्यात को लेकर सख्त नियमों का पालन करता है और किसी भी संघर्ष को बढ़ावा नहीं देता।
चीनी विदेश मंत्रालय का यह बयान ऐसे समय आया है जब अमेरिका को शक है कि चीन ईरान को मिसाइल या एयर डिफेंस सिस्टम जैसी चीजें दे सकता है।
अब दूसरी तरफ अमेरिका के राष्ट्रपति ट्रम्प ने चेतावनी दी है कि अगर कोई देश, खासकर चीन, ईरान को सैन्य मदद देता पाया गया तो उस पर 50% तक टैरिफ (आयात शुल्क) लगाया जा सकता है।
इस पर चीन ने भी कड़ा रुख दिखाया है। उसने कहा है कि अगर अमेरिका ऐसे आरोपों के आधार पर टैरिफ बढ़ाता है, तो चीन भी ‘काउंटरमेज’ यानी जवाबी कदम उठाएगा।
07:44 AM15 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
ईरान ने मांगा 270 अरब डॉलर के नुकसान का मुआवजा
अमेरिका और इजराइल के साथ जारी संघर्ष के बीच ईरान ने करीब 270 अरब डॉलर के नुकसान का दावा करते हुए मुआवजे की मांग की है। संयुक्त राष्ट्र में ईरान के प्रतिनिधि ने कहा कि हमलों में क्षेत्रीय देशों की भूमिका रही है, इसलिए उन्हें भी इसकी कीमत चुकानी चाहिए।
ईरान सरकार की प्रवक्ता फातमेह मोहाजेरानी के मुताबिक, 28 फरवरी से शुरू हुए युद्ध के बाद देश को सीधे और अप्रत्यक्ष रूप से करीब 270 अरब डॉलर का नुकसान हुआ है। यह जानकारी उन्होंने रूस की न्यूज एजेंसी को दिए इंटरव्यू में दी।
संयुक्त राष्ट्र में ईरान के दूत ने आरोप लगाया कि पांच क्षेत्रीय देशों की जमीन का इस्तेमाल ईरान पर हमले करने के लिए किया गया। इसलिए इन देशों को भी मुआवजा देना चाहिए।
ईरान ने मुआवजा वसूलने के लिए होर्मुज स्ट्रेट से गुजरने वाले जहाजों पर टैक्स लगाने का प्रस्ताव भी दिया है।
इस बीच अमेरिका के साथ संभावित बातचीत की तैयारी भी चल रही है। हालांकि, क्षेत्रीय देशों की मध्यस्थता के बावजूद ईरान अपने रुख पर सख्त बना हुआ है।
07:36 AM15 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
भारतीय जहाज ‘जग विक्रम’ PG लेकर पहुंचा
मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के बीच भारत के लिए राहत भरी खबर है। भारतीय जहाज ‘जग विक्रम’ 20,400 मीट्रिक टन LPG लेकर गुजरात के कांडला पोर्ट पहुंच गया है।
यह जहाज 11 अप्रैल को स्ट्रेट ऑफ होर्मुज पार कर चुका था। इसके बाद 14 अप्रैल को यह सुरक्षित रूप से कांडला पोर्ट पहुंच गया।
जहाज में 20,400 मीट्रिक टन LPG है, जो घरेलू और औद्योगिक जरूरतों के लिए महत्वपूर्ण है।
अमेरिका-ईरान तनाव के चलते स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से गुजरने वाले जहाजों पर जोखिम बढ़ गया है। ऐसे में ‘जग विक्रम’ का सुरक्षित पहुंचना भारत की ऊर्जा आपूर्ति के लिए अहम माना जा रहा है।
07:21 AM15 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
रूस ने ईरान के समृद्ध यूरेनियम को संभालने का प्रस्ताव दोहराया

रूस ने एक बार फिर ईरान के समृद्ध यूरेनियम को संभालने का प्रस्ताव दिया है। यह पहल ऐसे समय में सामने आई है, जब अमेरिका और ईरान के बीच नई शांति वार्ता की संभावना जताई जा रही है।
रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने कहा कि उनका देश ईरान के उच्च समृद्ध यूरेनियम को फ्यूल ग्रेड में बदलने या सुरक्षित तरीके से स्टोर करने में मदद कर सकता है। उन्होंने कहा कि यह प्रक्रिया ईरान के शांतिपूर्ण परमाणु कार्यक्रम के अधिकारों का उल्लंघन किए बिना की जा सकती है।
ईरान के पास मौजूद उच्च समृद्ध यूरेनियम का भंडार अमेरिका के साथ वार्ता में बड़ा विवाद बना हुआ है। अमेरिका ने ईरान से अपने संवर्धन कार्यक्रम को पूरी तरह खत्म करने और लगभग 460 किलोग्राम यूरेनियम को हटाने की मांग की है।
रूस पहले भी ओबामा दौर के परमाणु समझौते के दौरान ईरान के समृद्ध यूरेनियम के प्रबंधन में अहम भूमिका निभा चुका है।
06:50 AM15 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
पाक PM शहबाज शरीफ तीन देशों के चार दिन के दौरे पर
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ 15 से 18 अप्रैल 2026 के बीच सऊदी अरब, कतर और तुर्किये का चार दिवसीय दौरा करेंगे। यह दौरा ऐसे समय में हो रहा है, जब अमेरिका और ईरान के बीच शांति वार्ता के दूसरे दौर की संभावना जताई जा रही है।
पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने बताया कि शरीफ अपने दौरे के दौरान सऊदी अरब और कतर के नेताओं से मुलाकात करेंगे।
तुर्किये में प्रधानमंत्री शरीफ एंटाल्या डिप्लोमेसी फोरम में हिस्सा लेंगे और राष्ट्रपति एर्दोगन के साथ द्विपक्षीय बैठक करेंगे। इसके अलावा, वह अन्य वैश्विक नेताओं से भी मुलाकात करेंगे।
इस दौरे में पाकिस्तान के उप प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री इशाक डार भी उनके साथ रहेंगे।
06:37 AM15 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
साउथ कोरिया ने 273 मिलियन बैरल तेल स्टॉक किया, 3 महीने की सप्लाई सुरक्षित
ईरान युद्ध और तेल आपूर्ति में बढ़ती अनिश्चितता के बीच साउथ कोरिया ने 273 मिलियन बैरल कच्चा तेल सुरक्षित कर लिया है। सरकार के मुताबिक, यह स्टॉक देश की जरूरतों को तीन महीने से ज्यादा समय तक पूरा करने के लिए पर्याप्त है।
राष्ट्रपति के चीफ ऑफ स्टाफ कांग हून-सिक ने बताया कि साउथ कोरिया ने ओमान, सऊदी अरब, कतर और कजाखस्तान से यह सप्लाई सुनिश्चित की गई है।
इसके अलावा, देश ने 2.1 मिलियन टन नैफ्था की सप्लाई भी सुरक्षित कर ली है।
दरअसल, साउथ कोरिया की करीब 70% कच्चे तेल की सप्लाई होर्मुज स्ट्रेट से होकर गुजरती है। ईरान और अमेरिका के बीच जारी तनाव के चलते इस मार्ग पर बाधाएं बनी हुई हैं, जिसका असर साउथ कोरिया जैसे देशों पर पड़ रहा है।
06:20 AM15 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
IMF ने कहा- ईरान युद्ध से वैश्विक अर्थव्यवस्था को नुकसान पहले ही हो चुका है
अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF) ने ईरान पर जारी युद्ध को लेकर अलर्ट जारी किया है। संस्था का कहना है कि इस युद्ध का असर वैश्विक अर्थव्यवस्था पर पहले ही पड़ना शुरू हो गया है।
वॉशिंगटन में चल रही IMF की स्प्रिंग मीटिंग्स में पेश आकलन के मुताबिक, अगर युद्ध तुरंत खत्म भी हो जाता है, तो भी वैश्विक आर्थिक वृद्धि में गिरावट दर्ज होगी, हालांकि यह गिरावट मामूली होगी।
IMF ने चेतावनी दी है कि अगर यह संघर्ष लंबा खिंचता है और बुनियादी ढांचे को और नुकसान होता है, तो इस साल वैश्विक ग्रोथ 2% तक गिर सकती है। साथ ही अगले साल महंगाई 6% से ज्यादा बढ़ने की आशंका है।
संस्था के विशेषज्ञों के मुताबिक, तेल उत्पादक देशों पर इसका गंभीर असर पड़ेगा, जबकि विकासशील देशों को विकसित देशों के मुकाबले लगभग दोगुना नुकसान झेलना पड़ सकता है।
06:07 AM15 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
वेंस बोले- ट्रम्प ईरान के साथ मजबूत समझौता चाहते हैं
अमेरिकी उप राष्ट्रपति जेडी वेंस ने मंगलवार को कहा कि राष्ट्रपति ट्रम्प ईरान के साथ एक मजबूत समझौता करना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि ये ऐसा समझौता होगा जो लंबे समय तक असर डाल सके।
सीबीएस न्यूज के मुताबिक, वेंस ने कहा कि दोनों देशों के बीच बातचीत आगे बढ़ रही है, लेकिन चुनौतियां अभी भी मौजूद हैं। उन्होंने माना कि अमेरिका और ईरान के बीच गहरा अविश्वास है, जो कई सालों से बना हुआ है।
उन्होंने यह भी कहा, “इस समस्या का हल एक दिन में नहीं निकल सकता। इसमें समय लगेगा, लेकिन हम सही दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।”
05:58 AM15 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
लेबनान से इजराइल पर 20 रॉकेट दागे: कुछ इंटरसेप्ट, कई खुले इलाकों में गिरे
लेबनान से हिजबुल्लाह ने उत्तरी इजराइल के गैलीली क्षेत्र पर बुधवार सुबह करीब 20 रॉकेट दागे। इजराइल की रक्षा प्रणाली ने कुछ रॉकेट इंटरसेप्ट किए, जबकि कई खुले इलाकों में गिरे।
इस हमले में फिलहाल किसी के हताहत होने की कोई खबर नहीं है।
05:47 AM15 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
इजराइली सेना दक्षिणी लेबनान के गांवों को गाजा जैसी रणनीति से तबाह कर रही
दक्षिणी लेबनान में इजराइल की सैन्य कार्रवाई को लेकर ‘हारेत्ज’ अखबार की रिपोर्ट के मुताबिक, इजराइली सेना गाजा जैसी रणनीति अपनाते हुए गांवों को ध्वस्त कर रही है।
रिपोर्ट में सैनिकों के हवाले से कहा गया है कि घरों को गिराने के लिए सूची बनाई जाती है और एक दिन में कितनी इमारतें तोड़ी गईं, उसी आधार पर सफलता तय की जाती है।
बताया गया है कि सीमा के पास स्थित गांवों को बुलडोजर से पूरी तरह साफ किया जा रहा है।
हारेत्ज के मुताबिक, इजराइली सेना सीमा से आगे बढ़कर तीसरी पंक्ति के गांवों तक पहुंच चुकी है, जो लितानी नदी के दक्षिण में करीब 20 किलोमीटर अंदर तक है।
05:36 AM15 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
IMF की चेतावनी- ईरान युद्ध से वैश्विक मंदी की आशंका; तेल $125 प्रति बैरल तक जा सकता है
अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF) ने ईरान युद्ध को लेकर गंभीर चेतावनी जारी की है। संस्था का कहना है कि अगर संघर्ष और बढ़ता है और तेल बाजार में बाधा बनी रहती है, तो वैश्विक अर्थव्यवस्था मंदी के कगार पर पहुंच सकती है।
IMF के अनुसार, सबसे खराब स्थिति में वैश्विक आर्थिक विकास दर मौजूदा 3.1% से गिरकर 2% तक आ सकती है। वहीं, कच्चे तेल की कीमत 2026 में औसतन 110 डॉलर प्रति बैरल और 2027 में 125 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच सकती है।
संस्था ने तीन संभावित परिदृश्य बताए हैं। बेहतर स्थिति में युद्ध जल्द खत्म हो सकता है और 2026 के दूसरे हिस्से में तेल कीमतें सामान्य होकर 82 डॉलर प्रति बैरल के आसपास रह सकती हैं।
मध्यम स्थिति में युद्ध लंबा खिंच सकता है, जिससे इस साल तेल की कीमत करीब 100 डॉलर प्रति बैरल और 2027 में 75 डॉलर रह सकती है। इस स्थिति में वैश्विक ग्रोथ 2.5% तक गिर सकती है।
IMF के मुख्य अर्थशास्त्री पियरे-ओलिवियर गोरिन्शा के मुताबिक, मौजूदा हालात को देखते हुए यही “एडवर्स सीनारियो” ज्यादा संभावित लग रहा है।
05:31 AM15 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
ट्रम्प बोले- मेलोनी ने हिम्मत नहीं दिखाई, साथ नहीं दिया
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी पर तीखा हमला किया है। उन्होंने कहा कि मेलोनी ने ईरान पर हमले में अमेरिका का साथ नहीं दिया और “हिम्मत नहीं दिखाई।”
इटालियन अखबार को दिए इंटरव्यू में ट्रम्प ने कहा, “मैं हैरान हूं। मैंने सोचा था उनमें हिम्मत है, लेकिन मैं गलत था।”
यह बयान ऐसे समय में आया है जब मेलोनी सरकार ने इजराइल के साथ रक्षा सहयोग समझौते के स्वत: नवीनीकरण को रोकने का फैसला किया है।
इससे पहले मेलोनी ने ट्रम्प द्वारा पोप लियो पर की गई टिप्पणी को “अस्वीकार्य” बताया था। इसके जवाब में ट्रम्प ने कहा कि मेलोनी ही “अस्वीकार्य” हैं, क्योंकि उन्हें इस बात की चिंता नहीं है कि ईरान के पास परमाणु हथियार हो सकता है, जो इटली को मिनटों में तबाह कर सकता है।
05:23 AM15 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
अमेरिकी कंपनी बोले- वेनेजुएलाई तेल मिलने से कीमतें कम हुईं
अमेरिकी कंपनी शेवरॉन ने कहा है कि वेनेजुएला से ज्यादा कच्चा तेल मंगाने की वजह से अमेरिका में पेट्रोल-डीजल की कीमतों को कम करने में मदद मिल रही है। ऐसा इसलिए हो रहा है क्योंकि ईरान के साथ चल रहे युद्ध की वजह से दुनिया में तेल की सप्लाई कम हो गई है।
कंपनी के अधिकारी एंड्रयू वॉल्ज ने बताया कि उनका मिसिसिपी वाला रिफाइनरी प्लांट पूरी क्षमता से चल रहा है, ताकि ज्यादा से ज्यादा तेल प्रोसेस करके ईंधन बनाया जा सके।
उन्होंने कहा कि वेनेजुएला से आने वाला यह नया तेल अमेरिका के लिए फायदेमंद है, क्योंकि इससे पहले यह सप्लाई उपलब्ध नहीं थी और अब इससे कीमतें कम करने में मदद मिल रही है।
05:01 AM15 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
ईरान के बंदरगाहों के पास नाकाबंदी कर रहे अमेरिकी वॉरशिप

CENTCOM ने यह तस्वीर बुधवार को सोशल मीडिया पर शेयर की।
अमेरिका की नौसेना के बड़े युद्धपोत (डिस्ट्रॉयर) ईरान के बंदरगाहों के आसपास नाकाबंदी कर रहे हैं। यह जानकारी अमेरिकी सेना के सेंट्रल कमांड (CENTCOM) ने X पर दी।
CENTCOM के मुताबिक, जो भी जहाज ईरान के बंदरगाहों की तरफ जा रहे हैं या वहां से निकल रहे हैं, उन सभी पर नजर रखी जा रही है। इसमें किसी एक देश को अलग से टारगेट नहीं किया जा रहा, सब पर एक जैसा नियम लागू है।
उन्होंने यह भी बताया कि ऐसे एक युद्धपोत पर 300 से ज्यादा नौसैनिक होते हैं, जो समुद्र में लड़ाई और सुरक्षा दोनों तरह के काम करने में पूरी तरह ट्रेन होते हैं।
04:47 AM15 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
ट्रम्प का सीजफायर बढ़ाने से इनकार; बोले- अगले 2 दिन बेहद अहम
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने ईरान के साथ जारी संघर्ष को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने साफ कर दिया है कि वह मौजूदा सीजफायर को बढ़ाने के पक्ष में नहीं हैं।
एबीसी न्यूज के मुताबिक, ट्रम्प ने इंटरव्यू में कहा कि आने वाले दो दिन बेहद अहम होंगे।
ट्रम्प ने कहा कि यह युद्ध “किसी भी तरह खत्म हो सकता है”, लेकिन उन्होंने कूटनीतिक समझौते को प्राथमिकता दी। उनके मुताबिक, अगर समझौता होता है तो ईरान को दोबारा निर्माण का मौका मिलेगा।
उन्होंने यह भी दावा किया कि ईरान में अब “अलग तरह का शासन” है और कट्टरपंथियों को हटा दिया गया है।
04:22 AM15 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
ट्रम्प ने पोप लियो को ईरान पर कड़ा संदेश दिया
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प और पोप लियो के बीच विवाद तेज हो गया है। ट्रम्प ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर पोस्ट करते हुए कहा कि ईरान के पास परमाणु हथियार होना बिल्कुल अस्वीकार्य है और इस मुद्दे पर सख्त रुख जरूरी है।
ट्रम्प ने लिखा, “कोई पोप लियो को बताए कि ईरान ने पिछले दो महीनों में 42,000 निर्दोष और निहत्थे प्रदर्शनकारियों की हत्या की है।” उन्होंने पोस्ट के अंत में “अमेरिका इज बैक” भी लिखा।
इससे पहले भी ट्रम्प ने पोप लियो की आलोचना करते हुए उन्हें “क्राइम पर कमजोर” और “विदेश नीति पर खराब” बताया था। यह बयान तब आया था जब पोप ने अमेरिका और इजराइल के ईरान के खिलाफ युद्ध की आलोचना की थी।
04:07 AM15 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
रूस का ऑफर- चीन की ऊर्जा कमी पूरी करेंगे

ईरान पर अमेरिकी नाकेबंदी के बीच रूस ने चीन को ऊर्जा सप्लाई बढ़ाने का प्रस्ताव दिया है। रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने कहा है कि उनका देश चीन की ऊर्जा जरूरतों में आई किसी भी कमी को पूरा कर सकता है।
बीजिंग में पत्रकारों से बात करते हुए लावरोव ने कहा, “रूस निश्चित रूप से चीन सहित उन सभी देशों की जरूरतें पूरी कर सकता है जो हमारे साथ निष्पक्ष और आपसी लाभ के आधार पर काम करना चाहते हैं।”
उन्होंने यह बयान चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग से मुलाकात के बाद दिया। लावरोव ने कहा कि रूस और चीन के रिश्ते हर परिस्थिति में मजबूत बने हुए हैं।
चीन, ईरान के तेल का सबसे बड़ा खरीदार है। वहीं अमेरिका ने साफ किया है कि वह चीन को ईरानी तेल खरीदने नहीं देगा, क्योंकि ईरान के खिलाफ समुद्री नाकेबंदी लागू है।
03:44 AM15 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
अमेरिका ने ईरानी तेल पर राहत बढ़ाने से इनकार किया
अमेरिका ने ईरान के खिलाफ आर्थिक मोर्चे पर दबाव और बढ़ा दिया है। अमेरिकी ट्रेजरी विभाग ने कहा कि ईरानी तेल पर दी गई अस्थायी राहत को आगे नहीं बढ़ाया जाएगा।
बुधवार को जारी बयान में ट्रेजरी विभाग ने कहा कि यह छूट कुछ दिनों में खत्म हो जाएगी। यह राहत युद्ध के कारण सप्लाई में आई रुकावट को कम करने के लिए दी गई थी।
ट्रेजरी ने कहा कि वह “इकोनॉमिक फ्यूरी” रणनीति के तहत ईरान पर अधिकतम दबाव बना रहा है, ताकि उसकी वित्तीय और ऊर्जा गतिविधियों को सीमित किया जा सके।
विभाग ने विदेशी वित्तीय संस्थानों को चेतावनी दी है कि अगर वे ईरान की गतिविधियों का समर्थन करते हैं, तो उनके खिलाफ सेकेंडरी सैंक्शन लगाए जाएंगे।
इसके साथ ही, समुद्र में फंसे ईरानी तेल की बिक्री की अस्थायी अनुमति भी कुछ दिनों में खत्म हो जाएगी और इसे दोबारा लागू नहीं किया जाएगा।
03:32 AM15 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
इजराइली सेना ने दक्षिणी लेबनान में हमले तेज किए, बिंत जबील शहर घेरा
दक्षिणी लेबनान में इजराइल ने अपने सैन्य अभियान को और तेज कर दिया है। इजराइली सेना ने बिंत जबील शहर को चारों ओर से घेर लिया है।
रिपोर्ट के मुताबिक, पूरे दिन और रात दक्षिणी लेबनान में एयर स्ट्राइक जारी रहे। टायर और अल-अब्बासिया में हुए हमलों में कम से कम दो लोगों की मौत हुई है।
इजराइल ने इलाके में हजारों सैनिक तैनात किए हैं, जो उत्तर की ओर बढ़ते हुए “एंटी-टैंक लाइन” तक पहुंचने की कोशिश कर रहे हैं। सेना का कहना है कि इसका मकसद हिजबुल्लाह को इजराइल पर मिसाइल हमले करने से रोकना है। इसके साथ ही, इलाके में घरों को उड़ाने की भी खबरें हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इजराइल सीमा से लगे गांवों और कस्बों में घरों में विस्फोटक लगाकर उन्हें तबाह कर रहा है, जिससे पूरे इलाके को खाली कराया जा सके।
03:28 AM15 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
ईरान से जुड़े जहाजों को बीच समुद्र में रोककर लौटा रहा अमेरिका
एसोसिएटेड प्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिकी सेना ओमान की खाड़ी में जहाजों को इंटरसेप्ट कर रही है। इन जहाजों को बीच समुद्र में रोककर वापस लौटने के लिए कहा जा रहा है। एक अमेरिकी अधिकारी ने बताया कि रणनीति के तहत जहाजों को पहले ईरान के बंदरगाह से निकलकर होर्मुज स्ट्रेट पार करने दिया जाता है। इसके बाद उन्हें रोककर दिशा बदलने को कहा जाता है।
अधिकारी के अनुसार, जहाजों की पहचान के लिए सिर्फ ऑटोमेटेड ट्रैकिंग बीकन (AIS) पर निर्भर नहीं रहा जाता, बल्कि अन्य तरीकों का भी इस्तेमाल किया जाता है। हालांकि, ऑपरेशनल सिक्योरिटी का हवाला देते हुए इन तरीकों की पूरी जानकारी साझा नहीं की गई है।
02:42 AM15 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
अमेरिका का दावा- ईरान की समुद्री नाकेबंदी पूरी: 36 घंटे में सारा व्यापार ठप किया
अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने दावा किया है कि ईरान के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए उसके बंदरगाहों की पूरी तरह नाकेबंदी कर दी है। इसके चलते महज 36 घंटे के भीतर समुद्र के जरिए होने वाला सारा व्यापार रोक दिया गया है।
CENTCOM के कमांडर एडमिरल ब्रैड कूपर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट किया कि अमेरिकी सेना ने ईरानी बंदरगाहों पर पूर्ण ब्लॉकेड लागू कर दिया है और क्षेत्र में उसकी समुद्री पकड़ मजबूत बनी हुई है।
उन्होंने कहा कि नाकेबंदी लागू होने के 36 घंटे के भीतर ही ईरान के अंदर और बाहर जाने वाले सभी समुद्री व्यापार को पूरी तरह रोक दिया गया।
कूपर के मुताबिक, ईरान की लगभग 90% अर्थव्यवस्था अंतरराष्ट्रीय समुद्री व्यापार पर निर्भर है, ऐसे में इस कदम का उसकी अर्थव्यवस्था पर बड़ा असर पड़ सकता है।
02:32 AM15 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
ट्रम्प के युद्ध अधिकार सीमित करने के लिए सीनेट में फिर वोट की तैयारी
अमेरिका में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के युद्ध अधिकारों को लेकर राजनीतिक टकराव तेज हो गया है। डेमोक्रेटिक सांसद ईरान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई को रोकने के लिए बुधवार को सीनेट में एक और वोट कराने की तैयारी में हैं।
इलिनॉय से डेमोक्रेट सीनेटर टैमी डकवर्थ ने वॉर पावर्स रेजोल्यूशन पेश करते हुए कहा कि ट्रम्प का “चुनाव का युद्ध” अमेरिकी नागरिकों के लिए खतरा बढ़ा रहा है। उन्होंने कहा कि इससे विदेश में अमेरिकी लोगों की जान जोखिम में पड़ रही है और देश में महंगाई भी बढ़ सकती है। हालांकि, डेमोक्रेट्स पहले भी ऐसे प्रस्ताव लाते रहे हैं, लेकिन सीनेट और हाउस में मामूली बहुमत रखने वाले रिपब्लिकन उन्हें रोकते रहे हैं।
सीनेट के डेमोक्रेटिक लीडर चक शूमर ने कहा कि जब तक यह युद्ध जारी रहेगा, उनकी पार्टी हर हफ्ते इस मुद्दे को वोट के लिए लाती रहेगी।
01:57 AM15 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
अमेरिका ने कहा- चीन को ईरान का तेल नहीं लेने देंगे
अमेरिकी ट्रेजरी मिनिस्टर स्कॉट बेसेंट ने चीन को लेकर सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने कहा कि अमेरिका चीन को ईरान का तेल लेने नहीं देगा और इसके लिए जरूरी कदम उठाए जाएंगे।
वॉशिंगटन डीसी में पत्रकारों से बात करते हुए बेसेंट ने कहा, “वे तेल ले सकते हैं, लेकिन ईरान का तेल नहीं।” उन्होंने स्पष्ट किया कि होर्मुज स्ट्रेट में ऐसे चीनी टैंकरों को रोका जाएगा, जो ईरानी तेल लेकर जा रहे होंगे।
बेसेंट ने चीन को “अविश्वसनीय वैश्विक साझेदार” बताते हुए आरोप लगाया कि वह तेल का भंडारण कर रहा है और कुछ सामानों के निर्यात को सीमित कर रहा है।
01:41 AM15 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
अमेरिकी युद्धपोत ने रोके ईरानी तेल टैंकर: ओमान की खाड़ी में लौटने को कहा
अमेरिकी नौसेना के एक डेस्ट्रॉयर ने ओमान की खाड़ी में ईरान से निकल रहे दो तेल टैंकरों को रोक दिया और उन्हें वापस लौटने का आदेश दिया। घटना मंगलवार की है, जिसकी जानकारी एक अमेरिकी अधिकारी ने दी।
रॉयटर्स के अनुसार, दोनों टैंकर ईरान के चाबहार पोर्ट से रवाना हुए थे। अमेरिकी युद्धपोत ने उन्हें समुद्र में ही रेडियो कम्युनिकेशन के जरिए संपर्क कर दिशा बदलने को कहा।
अधिकारी ने बताया कि ये दोनों टैंकर उन 6 व्यापारी जहाजों में शामिल थे, जिन्हें अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने पहले “वापस लौटने” के निर्देश दिए थे। इसके बाद सभी जहाज ओमान की खाड़ी में स्थित ईरानी बंदरगाह की ओर लौट गए।
01:19 AM15 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
ट्रम्प बोले- ईरान युद्ध खत्म होने के बेहद करीब
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने कहा है कि ईरान के साथ चल रहा युद्ध अब खत्म होने के बेहद करीब है। फॉक्स न्यूज़ को दिए इंटरव्यू में उन्होंने कहा, मुझे लगता है कि यह लगभग खत्म होने वाला है।
ट्रम्प के इस बयान से संकेत मिल रहे हैं कि जल्द ही युद्धविराम या शांति समझौते की दिशा में बड़ा फैसला हो सकता है। हालांकि, क्षेत्र में तनाव अभी पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है और आगे की बातचीत अहम मानी जा रही है।
ट्रम्प ने ईरान पर हमले को सही ठहराते हुए बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा कि अगर अमेरिका ने कार्रवाई नहीं की होती, तो ईरान अब तक परमाणु हथियार बना चुका होता।
उन्होंने दावा किया कि अमेरिका और इजराइल के हमलों से ईरान को भारी नुकसान हुआ है और उसे दोबारा खड़ा होने में करीब 20 साल लग सकते हैं। ट्रम्प ने कहा, “हम अभी खत्म नहीं हुए हैं, आगे क्या होगा देखेंगे।”
01:19 AM15 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
ईरान-अमेरिका वार्ता जेडी वेंस की अगुआई में फिर इस्लामाबाद में हो सकती है
अमेरिका और ईरान के बीच दूसरे दौर की बातचीत फिर इस्लामाबाद में होने की संभावना जताई जा रही है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस इस बार अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल की अगुआई कर सकते हैं। उनके साथ स्टीव विटकॉफ और जेरेड कुशनर के भी शामिल होने की संभावना है।
हालांकि, अभी तक बैठक की तारीख और स्थान पर अंतिम फैसला नहीं हुआ है।
01:06 AM15 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
गाजा के अल-शाती कैंप हमले में मरने वालों की संख्या 5 हुई
गाजा के उत्तरी हिस्से में स्थित अल-शाती शरणार्थी कैंप पर इजराइली हवाई हमले में मरने वालों की संख्या बढ़कर 5 हो गई है। मंगलवार शाम हुए इस हमले में कई अन्य लोग घायल भी हुए हैं।
रिपोर्ट्स के मुताबिक सीजफायर लागू होने के बाद भी इस तरह के हमले जारी हैं, जिससे क्षेत्र में तनाव बना हुआ है। गाजा स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, अक्टूबर से लागू युद्धविराम के बाद अब तक सैकड़ों लोगों की मौत और हजारों लोग घायल हो चुके हैं।
01:03 AM15 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
तेहरान में IED धमाके, 3 लोग घायल
ईरान की राजधानी तेहरान में इमाम खुमैनी स्ट्रीट पर दो IED धमाके होने की खबर है। फार्स न्यूज एजेंसी के मुताबिक, ये विस्फोट LPG से बनी इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस से हुए, जिसमें 3 लोग मामूली रूप से घायल हुए हैं।
रिपोर्ट के अनुसार, धमाकों से आसपास के तीन घरों की खिड़कियां टूट गईं और दो वाहनों को हल्का नुकसान पहुंचा है। फिलहाल घटना की जांच जारी है। हमले के पीछे किसका हाथ है, इस पर आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
