Punjab Chandigarh Big news Minor player abuse Double Murder CM Bhagwant Mann Law challenge
.
पंजाब में आज की सबसे बड़ी खबर AAP सरकार के बेअदबी को लेकर बनाए उम्रकैद की सजा वाले कानून से जुड़ी रही। ईसाई भाईचारे ने इसके खिलाफ कोर्ट में याचिका दायर कर दी। इसकी सुनवाई अगले हफ्ते होगी।
दिनभर की 10 चुनिंदा बड़ी खबरों को VIDEO में देखने के लिए ऊपर क्लिक करें।
इन 10 बड़ी खबरों को विस्तार से यहां पढ़ भी सकते हैं। तो आइए जानते हैं, पंजाब-चंडीगढ़ में दिनभर में क्या कुछ खास रहा…
1. AAP सरकार के बेअदबी कानून को ईसाई भाईचारे की चुनौती

पंजाब के बेअदबी कानून को अब ईसाई भाईचारे ने पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट में चुनौती दी है। उनका कहना है कि कानून को किसी एक धर्म के प्रति केंद्रित करना संविधान की मूल भावना के अनुरूप नहीं है।
ऐसा इसलिए क्योंकि पंजाब की AAP सरकार ने इस कानून में सिर्फ श्री गुरू ग्रंथ साहिब की बेअदबी का ही जिक्र किया है। हिंदू, मुस्लिम और ईसाई धर्म के धर्मग्रंथों को इसमें शामिल नहीं किया गया है।
इससे पहले जालंधर के एक व्यक्ति ने भी कानून को चुनौती दी थी। उनका कहना था कि इसमें उम्रकैद तक की सजा के लिए राष्ट्रपति की मंजूरी जरूरी है, लेकिन इसे गवर्नर से मंजूरी दिलवाकर लागू कर दिया गया। याचिका की सुनवाई अगले हफ्ते होगी। (पढ़ें पूरी खबर)
2. पंजाब CM को झटका, राष्ट्रपति से सिर्फ अकेले मिल सकेंगे

राघव चड्ढा समेत पंजाब के 6 राज्यसभा सांसदों के AAP छोड़कर BJP जॉइन करने के खिलाफ CM भगवंत मान 5 मई को राष्ट्रपति को मिलेंगे। सीएम को अकेले मुलाकात का टाइम मिला है।
हालांकि CM मान ने सभी 94 विधायकों के साथ मुलाकात का टाइम मांगा था। मगर, अब CM ने कहा है कि वह राष्ट्रपति भवन तक सभी विधायकों को लेकर जाएंगे। मान की इस मुलाकात का मकसद राइट टू रिकॉल के तहत 6 सांसदों की मेंबरशिप रद्द करा दोबारा वोटिंग करवाना है।
इसी बीच AAP छोड़ने वाले राज्यसभा सांसद व पूर्व क्रिकेटर हरभजन सिंह भज्जी हाईकोर्ट पहुंच गए हैं। उनकी सिक्योरिटी मांगने पर कोर्ट ने केंद्र व पंजाब सरकार को नोटिस जारी कर पूछा कि उनकी सुरक्षा किस आधार पर हटाई गई। (पढ़ें पूरी खबर)
3.नाबालिग फुटबॉल प्लेयर से टूर्नामेंट में अश्लील हरकतें

चंडीगढ़ में एक नाबालिग फुटबॉल प्लेयर से भरे स्टेडियम में यौन उत्पीड़न हुआ। यौन उत्पीड़न करने वाला कोई और नहीं बल्कि एक नामी फुटबॉल कोच है। प्लेयर का कहना है कि टूर्नामेंट के दौरान 2 टीमों में झगड़ा हुआ।
इसी दौरान कोच ने उसके पीछे अंगुली डालकर अश्लील हरकत की। इस मामले में पुलिस ने आरोपी कोच को अभी तक अरेस्ट नहीं किया। फुटबॉल प्लेयर की तरफ से इस बारे में चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया और चीफ सेक्रेटरी को शिकायत भेजी गई है।
जिसमें आरोप लगाया कि बार-बार नोटिस भेज परेशान किया जा रहा। गवाहों पर दबाव बना रहे हैं। पुलिस की टीमें सीधे एकेडमी के अंदर आकर दहशत का माहौल बना रही हैं। एक अफसर तो हथियार लेकर ही घुस आया। जिससे बच्चे सहम गए। (पढ़ें पूरी खबर)
4. दामाद ने ससुर-साले को गोलियां मारीं; बेटी ने बुलाया था

संगरूर में ससुर और साले की दामाद ने गोली मारकर हत्या कर दी। वह बेटी के घर झगड़ा सुलझाने के लिए आए थे। बातचीत के दौरान विवाद बढ़ गया, जिसके कारण दामाद ने गुस्से में आकर दोनों पर फायरिंग कर दी।
गोली गलते ही दोनों जमीन पर गिर पड़े, जिससे मौके पर चीख-पुकार मच गई। मृतकों की पहचान ससुर लखबीर सिंह व साले जगसीर सिंह के नाम से हुई है। जबकि आरोपी गुरविंदर सिंह है।
एसएचओ मेजर सिंह ने बताया कि गुरविंदर सिंह और उसकी पत्नी के बीच लड़ाई हुई थी। इसके बाद पत्नी ने पिता और भाई को फोन कर पटियाला से बुला लिया। वह गुरविंदर सिंह के घर पहुंचकर उसे समझाने लगे। इसी बीच दोनों पक्षों में बहस हुई। (पढ़ें पूरी खबर)
5. ‘एक दिन मैं मर जाऊंगा..अर्थी पर कंधा भाई का हो’

हिमाचल प्रदेश के माता चिंतपूर्णी में माथा टेककर वापस लौटते समय लुधियाना के श्रद्धालुओं की कार खाई में गिर गई, जिससे दो युवक जिंदा जल गए। इनमें से एक युवक ने एक घंटे पहले इंस्टाग्राम पर रील पोस्ट की।
उसने कहा कि एक दिन मैं मर जाऊंगा, अर्थी पर एक कंधा मेरे भाई का हो। युवक ने ऐसी 4 रील्स अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर पोस्ट की थी। करीब 1 घंटे बाद माता चिंतपूर्णी के दर्शन कर वापस लौटते वक्त हादसा हो गया।
कार काफी तेज चल रही थी और मोड पर अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी। हादसा इतना भीषण था कि खाई में गिरते ही कार में जोरदार धमाका हुआ और देखते ही देखते गाड़ी आग की लपटों में घिर गई।
मृतकों में पंकू लुधियाना का रहने वाला था। वो अपने दोस्त के साथ चिंतपूर्णी माता मंदिर में माथा टेकने गया था। (पढ़ें पूरी खबर)
6. बदमाशी की तो सीधा इलाज होगा..कहने वाले IPS लुधियाना के

बदमाशी करी तो कायदे से इलाज करेंगे, बाद में रोना पछताना मत… पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में सिंघम स्टाइल में चेतावनी देने वाले यूपी के एनकाउंटर स्पेशलिस्ट IPS अजयपाल शर्मा लुधियाना के रहने वाले हैं, वे यहीं पर पले बढ़े हैं और वह दो भाई हैं।
उनके पिता का सपना था कि बेटा भारतीय प्रशासनिक सेवा में जाए। लेकिन वह डेंटिस्ट बन गए थे। जिससे उनके पिता ने कहा कि था कि मैं नाखुश हूं। इसके बाद अजय पाल ने पिता से कहा कि कुछ टाइम दीजिएगा।
इसके बाद अजयपाल ने UPSC क्रैक की और IPS बन गए। उनका दूसरा भाई अमितपाल भी IAS अफसर हैं। दोनों को उत्तर प्रदेश कैडर मिला। हाल ही में अजयपाल शर्मा को पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव में पुलिस ऑब्जर्वर के तौर पर भेजा गया था (पढ़ें पूरी खबर)
7. पंजाब में आज से घर बैठे जनगणना, 33 सवालों से ऐसे करें स्वगणना

पंजाब में आज से जनगणना शुरू हो गई है, जो 14 मई तक चलेगी। जनगणना में लोग खुद घर बैठे ऑनलाइन अपनी जानकारी भर सकेंगे। इसके लिए एक वेब पोर्टल बनाया गया है, जहां लोग घर-घर सर्वे शुरू होने से 15 दिन पहले अपनी डिटेल्स खुद भर सकते हैं।
फॉर्म 16 भाषाओं में उपलब्ध है और इसे भरना पूरी तरह से वैकल्पिक है। जो लोग ऑनलाइन जानकारी नहीं भरेंगे, उनसे सरकारी कर्मचारी घर जाकर पहले की तरह जानकारी जुटाएंगे। वहीं, जिन्होंने ऑनलाइन फॉर्म भरा होगा, उनके डेटा की पुष्टि के लिए भी कर्मचारी घर आएंगे।
इसके बाद 15 मई से 13 जून 2026 तक पहला चरण चलेगा, जिसमें मकानों की सूची और आवास गणना की जाएगी। इस दौरान कर्मचारी घर-घर जाकर लोगों से कुल 33 सवाल पूछेंगे, जो मकान और सुविधाओं से जुड़े होंगे (पढ़ें पूरी खबर)
8. CISCE बोर्ड रिजल्ट: रेयांश के 12वीं में 99.25%, अर्णव के 10वीं में 99.2% नंबर

काउंसिल फॉर द इंडियन स्कूल सर्टिफिकेट एग्जामिनेशन यानी CISCE ने ICSE 10वीं और ISC 12वीं का रिजल्ट जारी कर दिया है। इस साल भी बोर्ड ने टॉपर लिस्ट जारी नहीं की है। 12वीं में नॉन-मेडिकल स्ट्रीम में लुधियाना के रेयांश गुप्ता को 99.25%, दिवनूर सिंह मिड्ढा ने 98.5% और आशिका गोयल ने 98% अंक मिले।
मेडिकल स्ट्रीम में टिया उपाध्याय ने 97%, निष्का खन्ना ने 95% और फतेहवीर सिंह ने 92.25% अंक हासिल किए हैं। कॉमर्स स्ट्रीम में कियान बेरी 99.25%, परमकबीर सिंह 97% और रहमतप्रीत कौर व सात्विक दुग्गल 96.75% हासिल किए हैं। ह्यूमैनिटीज (मानविकी) स्ट्रीम में सहर गुप्ता और गुरदितप्रताप सिंह गिल 98%, तनीषा सूद ने 97.75% और निसा सोनी ने 97% हासिल किए हैं।
वहीं 10वीं में साइंस स्ट्रीम में अर्णव गर्ग ने 99.2%, इशिता गोयल और रिदित गोयल को 98% और सबीर वर्मा ने 97.8% हासिल किए हैं। वहीं कॉमर्स स्ट्रीम में नम्या कपूर 99.6%, इसके बाद जन्या मागो 99.2% और सान्वी दादू 99% अंक को मिले (पढ़ें पूरी खबर)
9. राहुल गांधी पंजाब के नेताओं से बोले- VIP कल्चर छोड़ जनता से संवाद करें

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने पंजाब के कांग्रेस नेताओं को कहा कि वह VIP कल्चर छोड़कर आम जनता से सीधे संवाद करें। राहुल हिमाचल के कांगड़ा में पंजाब के जिला अध्यक्षों को ट्रेनिंग देने पहुंचे थे।
जहां हिमाचल और जेएंडके के भी कांग्रेस अध्यक्ष शामिल थे। राहुल गांधी ने कहा कि नेता जनता से जुड़े मुद्दे उठाएं। उन्होंने विपक्षी दलों के नैरेटिव का जवाब मीडिया के साथ सोशल मीडिया से भी देने को कहा।
राहुल यहां करीब साढ़े 4 घंटे रहे। उन्होंने नेताओं को संगठन मजबूत करने, मीडिया प्रबंधन, सोशल मीडिया के प्रभावी इस्तेमाल और विपक्ष के नैरेटिव का जवाब देने के टिप्स दिए। इसके बाद उन्होंने जिला अध्यक्षों के साथ लंच किया। (पढ़ें पूरी खबर)
खबर हटके
10. हॉर्न बजाने पर न्यूयॉर्क में भिड़े पंजाबी, अब डिपोर्ट होंगे

अमेरिका में न्यूयॉर्क के रिचमंड हिल में जरा सी बात पर पंजाबी युवक आपस में भिड़ गए। 4 युवक 2 अलग-अलग गाड़ियों में न्यूयॉर्क से गुजर रहे थे। इस दौरान साइड के लिए एक गाड़ी वाले ने हॉर्न बजा दिया।
इससे दूसरी गाड़ी वाले भड़क गए। वह गाड़ी से उतरे और बीच सड़क पर ही भिड़ गए। उन्होंने एक-दूसरे को थप्पड़ जड़े, कड़े मारकर सिर फोड़ दिया। अमेरिकी पुलिस ने चारों को पकड़ लिया।
जांच में पता चला कि चारों का वर्क परमिट खत्म हो चुका है। उन्होंने शरणार्थी बनने के लिए अर्जी दे रखी है। अब उन्हें डिपोर्ट करने की तैयारी है। मामूली बात पर भिड़ने के चक्कर में अब उन पर पंजाब वापसी की तलवार लटकी हुई है (पढ़ें पूरी खबर)
(कल शाम 6 बजे फिर होगी मुलाकात)