Abhishek Sharma Father Reaction; IPL 2026 Cameraman
4 घंटे पहले
- कॉपी लिंक

सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के ओपनर अभिषेक शर्मा ने IPL 2026 में मंगलवार को खेले गए मैच में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ नाबाद 135 रन बनाकर टीम को एकतरफा जीत दिलाई।
इस पारी के बाद वह भावुक नजर आए और सफलता का श्रेय पिता को दिया। मैच के बाद उन्होंने ब्रॉडकास्टर्स से रिक्वेस्ट की और कहा ‘अगली बार मैं चाहता हूं कि ब्रॉडकास्टर्स एक कैमरा मेरे पिता की तरफ भी रखें। उनके रिएक्शंस देखना वाकई मजेदार होगा। यह कमाल की बात है कि मैं जब भी उनकी तरफ देखता हूं, वह मुझे देख रहे होते हैं और मुझे इंस्ट्रक्शंस दे रहे होते हैं। इससे मुझे काफी मदद मिलती है। माता-पिता और दोस्तों के सामने परफॉर्म करना हमेशा स्पेशल होता है। ’
अंडर-12 के दिनों से मिल रही है ट्रेनिंग: ‘नॉन-स्ट्राइकर एंड से भी पिता को देखता हूं’
अभिषेक ने बताया कि उनके पिता उनके क्रिकेटिंग सफर के शुरुआती दिनों से साथ रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘ सच कहूं तो मुझे नहीं पता कि यह कैसे होता है, लेकिन अंडर-12 के दिनों से ही मेरे डैड हमेशा स्क्रीन या साइटस्क्रीन के पास बैठे रहते हैं। हैदराबाद में भी वह वहीं बैठे थे। जब भी मैं नॉन-स्ट्राइकर एंड पर होता हूं, वह मुझे इशारों में बताते हैं कि कैसे खेलना है। यह सिलसिला आज भी जारी है।’
दिल्ली के खिलाफ मैच में भी उनके पिता साइटस्क्रीन के पास बैठकर बेटे को इतिहास रचते देख रहे थे।
SRH का माहौल और कप्तान का सपोर्ट: ‘2024 से बदली किस्मत’
अपनी आक्रामक बल्लेबाजी का श्रेय अभिषेक ने टीम के माहौल को दिया। उन्होंने कहा, ‘ जब आपको कप्तान और कोच का पूरा बैकअप मिलता है, तो आप खुलकर खेल पाते हैं। 2024 में सनराइजर्स का जो माहौल बना, वह मेरे लिए गेम-चेंजर साबित हुआ।’
प्लानिंग पर उन्होंने कहा कि पिच शुरू में थोड़ी धीमी थी, इसलिए हमने दोबारा प्लानिंग की और मकसद फैंस का मनोरंजन करना था।

सेलिब्रेशन का राज: ‘L’ जेस्चर और स्टेडियम के प्रति प्यार
अभिषेक अक्सर मैच में ‘L’ जेस्चर बनाकर सेलिब्रेट करते हैं। इस पर उन्होंने बताया, ‘ मैं यह ‘L’ सेलिब्रेशन काफी समय से कर रहा हूं। यह स्टेडियम और फैंस के प्रति मेरा प्यार (Love) दिखाने का तरीका है। वे हर मैच में और होटल तक हमारा सपोर्ट करते हैं, इसलिए मैं भी अपनी तरफ से उन्हें प्यार दिखाना चाहता हूं।’
उन्होंने यह भी बताया कि यह सेलिब्रेशन इस बात की खुशी थी कि वह 20वें ओवर तक बल्लेबाजी करने में सफल रहे।

बीमार बहन को डेडिकेट की पारी: SRH ने 242 रन बनाए
अभिषेक ने यह पारी अपनी फैमिली और खास तौर पर बहन को डेडिकेट की, जो बीमारी के चलते मैच देखने स्टेडियम नहीं आ सकी थीं। उनके 135 रनों के अलावा अन्य बल्लेबाजों ने योगदान दिया, जिससे SRH ने 20 ओवर में 2 विकेट पर 242 रन बनाए। जवाब में दिल्ली कैपिटल्स की टीम निर्धारित ओवरों में 47 रन पीछे रह गई।
युवराज सिंह का खास मैसेज: ‘हर दिन बेहतर हो रहे हो’
अभिषेक की पारी के बाद मेंटर और पूर्व भारतीय दिग्गज युवराज सिंह ने सोशल मीडिया पर उनकी तारीफ की। उन्होंने पोस्ट लिख-‘बल्ले को काम करने दो! हर दिन बेहतर हो रहे हो, बहुत अच्छा खेले सर अभिषेक! अपनी प्रोसेस (प्रक्रिया) पर ध्यान देते रहो।’
युवराज सिंह 2019 से अभिषेक को मेंटर कर रहे हैं। 2020 के लॉकडाउन में उन्होंने मोहाली में उनके लिए ट्रेनिंग कैंप लगाया था, जहां से खेल में बड़ा बदलाव आया।
——————————-
IPL- अभिषेक के शतक से हैदराबाद की लगातार तीसरी जीत:दिल्ली को 47 रन से हराया; ईशान मलिंगा ने 4 विकेट झटके

अभिषेक की शतकीय पारी के दम पर सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) ने IPL सीजन में लगातार तीसरी जीत हासिल की। मंगलवार को टीम ने दिल्ली कैपिटल्स (DC) को 47 रन से हराया। पूरी खबर
