Abhishek Sharma; SRH Vs PBKS LIVE Score Update: Shreyas Iyer Prabhsimran Singh
स्पोर्ट्स डेस्क1 घंटे पहले
- कॉपी लिंक

हैदराबाद के कप्तान पैट कमिंस को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। उन्होंने दो विकेट झटके और दो कैच भी लिए।
सनराइजर्स हैदराबाद ने पंजाब किंग्स को 33 रन से हराकर IPL 2026 पॉइंट्स टेबल में टॉप स्थान हासिल कर लिया। वहीं, पंजाब को इस सीजन में लगातार तीसरी हार का सामना करना पड़ा। इस हार के बाद टीम पहले स्थान से खिसककर दूसरे नंबर पर पहुंच गई।
राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में पंजाब ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी। इसके बाद हैदराबाद ने 20 ओवर में 3 विकेट पर 235 रन बनाए। जवाब में 236 रन के टारगेट का पीछा करते हुए पंजाब की टीम 20 ओवर में 7 विकेट पर 202 रन ही बना सकी।
हैदराबाद की ओर से 2 फिफ्टी लगी पहले बैटिंग करने उतरी हैदराबाद के लिए हेनरिक क्लासन और ईशान किशन ने अर्धशतक लगाए। क्लासन ने 43 बॉल पर 69 और ईशान ने 32 बॉल पर 55 रन बनाए। दोनों के बीच तीसरे विकेट के लिए 88 रन की साझेदारी हुई।
क्लासन और नीतीश रेड्डी (29*) के बीच चौथे विकेट के लिए 63 रन की साझेदारी हुई। इसके अलावा अभिषेक शर्मा (35) और ट्रैविस हेड (38) ने 55 रन की ओपनिंग पार्टनरशिप की। पंजाब के लिए लॉकी फर्ग्यूसन, विजयकुमार वैशाख, युजवेंद्र चहल को 1-1 विकेट मिला।

काम ना आया कोनोली का शतक पंजाब का प्रदर्शन आज उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा। टीम ने फील्डिंग के दौरान 3 कैच छोड़े, जबकि टारगेट का पीछा करते समय लगातार विकेट गंवाती रही। पंजाब के लिए कूपर कोनोली के अलावा कोई बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सका। कोनोली ने 59 बॉल पर नाबाद 107 रन बनाए। उनके अलावा मार्कस स्टोयनिस ने 28 और सूर्यांश शेडगे ने 25 रन का योगदान दिया।
हैदराबाद के लिए पैट कमिंस और शिवांग कुमार ने 2-2 विकेट लिए। नीतीश रेड्डी, ईशान मलिंगा और साकिब हुसैन को 1-1 विकेट मिला।

दोनों टीमों की प्लेइंग-XI
सनराइजर्स हैदराबाद: ट्रेविस हेड, अभिषेक शर्मा, ईशान किशन (विकेटकीपर), हेनरिक क्लासन, सलील अरोड़ा, आर स्मरण, नीतीश रेड्डी, पैट कमिंस (कप्तान), शिवांग कुमार, साकिब हुसैन और ईशान मलिंगा।
इम्पैक्ट प्लेयर्स: हर्ष दुबे।
पंजाब किंग्स: प्रभसिमरन सिंह, कूपर कोनोली, श्रेयस अय्यर (कप्तान), शशांक सिंह, सूर्यांश शेडगे, मार्कस स्टोइनिस, मार्को यानसन, लॉकी फर्ग्यूसन, विजयकुमार वैशाख, अर्शदीप सिंह और युजवेंद्र चहल।
इम्पैक्ट प्लेयर्स: प्रियांश आर्या।
अपडेट्स
05:54 PM6 मई 2026
- कॉपी लिंक
हैदराबाद 33 रन से जीती
05:11 PM6 मई 2026
- कॉपी लिंक
शशांक सिंह 4 रन बनाकर आउट
साकिब हुसैन ने शशांक सिंह को आउट कर हैदराबाद को एक और बड़ी सफलता दिलाई। शॉर्ट गेंद पर बड़ा शॉट लगाने की कोशिश में शशांक गेंद को सही तरह टाइम नहीं कर सके और डीप मिडविकेट पर नीतीश रेड्डी ने मुश्किल कैच पकड़ लिया। शशांक 3 गेंदों में 4 रन बनाकर आउट हुए।
05:02 PM6 मई 2026
- कॉपी लिंक
कमिंस ने शेडगे को पवेलियन भेजा
कमिंस ने अहम मौके पर सूर्यांश शेडगे को आउट कर हैदराबाद को बड़ी सफलता दिलाई। धीमी शॉर्ट गेंद पर शेडगे पुल शॉट को सही टाइम नहीं कर सके और डीप मिडविकेट पर अभिषेक शर्मा ने दौड़ते हुए शानदार कैच पकड़ लिया। शेडगे 17 गेंदों में 25 रन बनाकर आउट हुए।
04:32 PM6 मई 2026
- कॉपी लिंक
शिवांग ने स्टोयनिस का विकेट लिया
7वें ओवर में पंजाब ने चौथा विकेट गंवाया। यहां पर मार्कस स्टोयनिस 28 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें शिवांग कुमार ने विकेटकीपर ईशान किशन के हाथों कैच कराया।
04:29 PM6 मई 2026
- कॉपी लिंक
पंजाब की खराब शुरुआत, पावरप्ले में 3 विकेट

236 रन का टारगेट चेज कर रही पंजाब की शुरुआत खराब रही। टीम ने पावरप्ले में 57 रन बनाने में 3 विकेट गंवा दिए। कप्तान श्रेयस अय्यर 5, प्रियांश आर्या एक और प्रभसिमरन सिंह 3 रन बनाकर आउट हुए।
04:21 PM6 मई 2026
- कॉपी लिंक
पावरप्ले में पंजाब का तीसरा विकेट गिरा, अय्यर आउट
चौथे ओवर की दूसरी बॉल पर पंजाब ने तीसरा विकेट भी गंवा दिया। यहां पर कप्तान श्रेयस अय्यर 5 रन बनाकर आउट हुए। मलिंगा की हार्ड लेंथ गेंद पर अय्यर बड़ा शॉट खेलने गए, लेकिन बैट का फेस घूम गया। गेंद बल्ले के ऊपरी हिस्से पर लगी और मिड-ऑफ पर सीधी चली गई। वहां कप्तान ने आसान कैच लपका, जिससे PBKS की मुश्किलें और बढ़ गईं।
04:19 PM6 मई 2026
- कॉपी लिंक
रेड्डी को पहली बॉल पर विकेट, प्रभसिमरन भी आउट
दूसरे ओवर की पहली बॉल पर पंजाब ने दूसरे ओपनर का विकेट गंवाया। यहां प्रभसिमरन सिंह 3 रन बनाकर आउट हुए।
नीतीश कुमार रेड्डी ने पहली गेंद फुल लेंथ पर डाली, जोकि बाहर की ओर जा रही थी। प्रभसिमरन सिंह शॉट खेलने गए, लेकिन लीडिंग एज लग गया।
गेंद हवा में बैकवर्ड पॉइंट की ओर गई, जहां कमिंस ने कवर से बाईं ओर दौड़ते हुए शानदार कैच पूरा किया।
04:08 PM6 मई 2026
- कॉपी लिंक
पंजाब को पहले ही ओवर में झटका
पैट कमिंस ने पहले ही ओवर में प्रियांश आर्या को आउट कर पंजाब को बड़ा झटका दिया। शॉर्ट गेंद पर बड़ा शॉट खेलने की कोशिश में प्रियांश गेंद को सही तरह टाइम नहीं कर सके और डीप स्क्वायर लेग पर ईशान मलिंगा ने शानदार कैच लपका।
03:55 PM6 मई 2026
- कॉपी लिंक
क्लासन आउट, हैदराबाद ने 235 रन बनाए
विजयकुमार ने आखिरी ओवर की अंतिम गेंद पर क्लासन को आउट किया। बड़ा शॉट लगाने की कोशिश में क्लासन गेंद को सही तरह टाइम नहीं कर सके और लॉन्ग-ऑफ पर यानसन ने आसान कैच पकड़ लिया। क्लासन 43 गेंदों में 69 रन बनाकर आउट हुए, जबकि SRH ने 20 ओवर में 235 रन बनाए।
03:31 PM6 मई 2026
- कॉपी लिंक
क्लासन का अर्धशतक
18वें ओवर में क्लासन ने दो रन लेकर अपना अर्धशतक पूरा किया। फर्ग्यूसन की धीमी गेंद को क्लासेन ने लॉन्ग-ऑन की ओर खेलकर तेजी से दो रन लिए और शानदार फिफ्टी तक पहुंचे।
03:19 PM6 मई 2026
- कॉपी लिंक
ईशान 55 रन बनाकर आउट
अर्शदीप सिंह ने शानदार वापसी करते हुए ईशान किशन की विस्फोटक पारी का अंत किया। धीमी और शॉर्ट गेंद पर ईशान पुल शॉट को सही टाइम नहीं कर सके और डीप मिडविकेट पर सूर्यांश शेडगे ने अच्छा कैच पकड़ लिया। ईशान 32 गेंदों में 55 रन बनाकर आउट हुए। ईशान और क्लासन के बीच तीसरे विकेट के लिए 88 रन की साझेदारी हुई।

03:07 PM6 मई 2026
- कॉपी लिंक
ईशान ने हैट्रिक सिक्स लगाए, 29 गेंदों में अर्धशतक पूरा
ईशान किशन ने विजयकुमार वैशाख के ओवर में ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए लगातार तीन छक्के जड़े। इस ओवर से कुल 21 रन आए। ईशान ने 92 मीटर का लंबा छक्का लगाते हुए सिर्फ 29 गेंदों में अपना अर्धशतक भी पूरा किया। वहीं क्लासन ने भी स्ट्राइक रोटेट कर उनका अच्छा साथ निभाया।
02:55 PM6 मई 2026
- कॉपी लिंक
हैदराबाद के तीन कैच ड्रॉप हुए
- ईशान किशन को जीवनदान, कोनोली से कैच छूटा8वें ओवर में लॉकी फर्ग्यूसन की गेंद पर ईशान किशन का आसान कैच छूट गया। ईशान ने लॉकी की मिडिल स्टंप पर शॉर्ट बॉल डीप स्क्वेयर लेग की ओर खेला खेला। जहां कूपर कोनोली खड़े थे। गेंद सीधे कोनोली के हाथ में आई। लेकिन आखिरी क्षण में कैच छूटा गया। हालांकि, कोनोली ने बाउंड्री बचा ली। यहां ईशान 9 रन पर खेल रहे थे।
- चहल की बॉल पर क्लासन का कैच ड्रॉप9वें ओवर में युजवेंद्र चहल की गेंद पर हेनरिक क्लासेन को जीवनदान मिल गया।लेग स्टंप के बाहर फुल गेंद पर क्लासेन ने स्वीप खेला, लेकिन टॉप-एज लग गया।गेंद डीप बैकवर्ड स्क्वेयर लेग पर सीधे फील्डर के पास गई।शशांक ने दोनों हाथ लगाए, लेकिन कैच नहीं पकड़ पाए और गेंद छूट गई।
- ईशान को दूसरा जीवनदान, इस बार फर्ग्यूसन से कैच ड्रॉप11वें ओवर में ईशान किशन को जीवनदान मिला। इस बार युजवेंद्र चहल की चौथी बॉल पर लॉकी फर्ग्यूसन ने कैच ड्रॉप किया। चहल की गेंद पर ईशान किशन ने लेंथ बॉल को स्वाइप किया। गेंद हवा में गई, जहां लॉकी फर्ग्यूसन दाईं ओर झपटे। उन्होंने कैच लेने की कोशिश की, लेकिन गेंद हाथ से निकल गई। मैदान पर लगातार कैच छूटने से चहल भी निराश नजर आए।
02:42 PM6 मई 2026
- कॉपी लिंक
चहल ने हेड को पवेलियन भेजा
चहल ने शानदार गुगली पर हेड को आउट कर पंजाब को बड़ी सफलता दिलाई। बड़ा शॉट खेलने की कोशिश में हेड गेंद को सही दूरी नहीं दे सके और लॉन्ग-ऑन पर यानसन ने कैच पकड़ लिया। हेड 19 गेंदों में 38 रन बनाकर आउट हुए।
02:39 PM6 मई 2026
- कॉपी लिंक
हैदराबाद ने पावरप्ले में 79 रन बनाए
पावरप्ले में हैदराबाद ने 1 विकेट पर 79 रन बनाए। अभिषेक ने अर्शदीप के खिलाफ छक्के के साथ शुरुआत की, जबकि यानयन के पहले ओवर में 21 रन आए। फर्ग्यूसन ने अभिषेक को आउट कर पंजाब को पहली सफलता दिलाई, लेकिन हेड ने आक्रामक बल्लेबाजी जारी रखी।

02:22 PM6 मई 2026
- कॉपी लिंक
अभिषेक को फर्ग्यूसन ने आउट किया
चौथे ओवर में लॉकी फर्ग्यूसन ने अभिषेक शर्मा की पारी पर ब्रेक लगाया। बड़ा शॉट खेलने की कोशिश में अभिषेक गेंद को सही तरह टाइम नहीं कर पाए और मिड-ऑफ पर श्रेयस अय्यर ने आसान कैच पकड़ लिया। अभिषेक 13 गेंदों में 35 रन बनाकर आउट हुए, जिसमें 4 छक्के और 2 चौके शामिल रहे। अभिषेक और हेड के बीच 54 रन की ओपनिंग पार्टनरशिप हुई।


02:13 PM6 मई 2026
- कॉपी लिंक
हैदराबाद ने 2 ओवर में 32 रन बनाए
अभिषेक शर्मा ने मार्को यानसन के ओवर में जमकर हमला बोला। दूसरे ओवर से 21 रन आए, जिसमें अभिषेक ने दो छक्के और दो चौके जड़े। हैदराबाद ने सिर्फ दो ओवर में 32 रन बना दिए।
02:07 PM6 मई 2026
- कॉपी लिंक
अभिषेक ने छक्के से खाता खोला
पहले ओवर में अभिषेक शर्मा ने आक्रामक शुरुआत करते हुए दूसरी बॉल पर छक्का जड़ा। अर्शदीप सिंह के इस ओवर से कुल 11 रन आए। अभिषेक ने ओवर में 9 रन बनाए, जबकि ट्रैविस हेड ने भी खाता खोला।
02:04 PM6 मई 2026
- कॉपी लिंक
पंजाब पिछले दोनों मैच हारी
लगातार 6 मैच जीतकर अजेय नजर आ रही पंजाब टीम पिछले दो मुकाबलों में हारकर दबाव में है। वहीं, पैट कमिंस की कप्तानी वाली हैदराबाद टीम अपने घर में पंजाब की कमजोरियों का फायदा उठाकर पॉइंट्स टेबल में टॉप पर पहुंचना चाहेगी।
01:48 PM6 मई 2026
- कॉपी लिंक
हैदराबाद में एक बदलाव
हैदराबाद के कप्ताम पैट कमिंस ने कहा कि यहां की पिचों को पढ़ पाना आसान नहीं है, क्योंकि अब तक ज्यादातर मुकाबले हाई-स्कोरिंग रहे हैं। उन्होंने यह भी बताया कि टीम में अनिकेत वर्मा की जगह नीतीश रेड्डी की वापसी हुई है।
01:36 PM6 मई 2026
- कॉपी लिंक
पंजाब ने टॉस जीता, प्लेइंग-11 में दो बदलाव
पंजाब के कप्तान श्रेयस अय्यर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। उन्होंने कहा कि टीम ने पिछली हारों से काफी अच्छी सीख ली है। साथ ही उन्होंने बताया की कि टीम में शशांक सिंह और लॉकी फर्ग्यूसन की वापसी हुई है।
01:27 PM6 मई 2026
- कॉपी लिंक
हेड टु हेड में हैदराबाद आगे
दोनों टीमों ने IPL में 25 बार एक-दूसरे का सामना किया है। सनराइजर्स हैदराबाद का पलड़ा भारी रहा है। SRH ने 17 मैच जीते हैं, जबकि पंजाब ने 8 जीते हैं।
इस सीजन यह दोनों के बीच दूसरा मुकाबला है। पहले मैच में पंजाब ने अपने होम ग्राउंड पर हैदराबाद को 6 विकेट से हराया था। पिछले सीजन में दोनों के बीच एक मुकाबला हुआ था, जिसे हैदराबाद ने जीता था।

01:26 PM6 मई 2026
- कॉपी लिंक
हैदराबाद के पास हेड-अभिषेक की ताकत
सनराइजर्स हैदराबाद को पिछले मुकाबले में कोलकाता (KKR) के खिलाफ हार झेलनी पड़ी, जिससे उनकी 5 मैचों की जीत का सिलसिला टूट गया। हालांकि, ट्रेविस हेड की शानदार फॉर्म टीम के लिए बड़ी राहत है। उन्होंने लगातार दो मैचों में अर्धशतक जड़े हैं।
अभिषेक शर्मा और हेनरिक क्लासन भी लगातार रन बना रहे हैं। अभिषेक शर्मा इस सीजन में हैदराबाद के सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं, जिन्होंने 206.57 की स्ट्राइक रेट से 440 रन बनाए हैं। वह इस सीजन सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची में दूसरे नंबर पर हैं। अगर वे आज 6 रन बना लेते हैं तो सबसे आगे निकल जाएंगे। अभी 445 रन के साथ केएल राहुल पहले नंबर पर हैं।
गेंदबाजी में टीम संतुलित नजर आ रही है। ईशान मलिंगा डेथ ओवर्स में सटीक यॉर्कर डालकर बल्लेबाजों को परेशान कर रहे हैं, जबकि प्रफुल्ल हिंगे और साकिब हुसैन ने भी अंत के ओवरों में अच्छी पकड़ बनाई है। ईशान मलिंगा टीम के टॉप विकेट-टेकर हैं, जिन्होंने 10 मैचों में 15 विकेट हासिल किए हैं।

01:23 PM6 मई 2026
- कॉपी लिंक
युवा टॉप ऑर्डर बना सिरदर्द
पंजाब किंग्स की हालिया हार की बड़ी वजह बल्लेबाजी में लय खोना है। शुरुआत में टीम की बैटिंग उनकी ताकत थी, जिसने गेंदबाजी की कमजोरियों को छिपा लिया था। प्रियांश आर्य, प्रभसिमरन सिंह और कूपर कोनोली का आक्रामक अंदाज अब लापरवाही में बदलता दिख रहा है। जल्दबाजी में विकेट गंवाने से मिडिल ऑर्डर पर दबाव बढ़ रहा है, जिससे टीम बड़ा स्कोर बनाने या लक्ष्य का पीछा करने में नाकाम हो रही है।
पंजाब की गेंदबाजी पूरे सीजन में अस्थिर रही है। जीत के मैचों में भी गेंदबाजों ने काफी रन लुटाए थे। अनुशासन की कमी और आखिरी ओवरों में रन न रोक पाना पुरानी समस्या रही है। पंजाब के लिए टॉप रन स्कोरर प्रभसिमरन सिंह हैं। उन्होंने 9 मैचों में 174.39 की स्ट्राइक रेट से 361 रन बनाए हैं। अर्शदीप सिंह 10 विकेट लेकर टॉप विकेट टेकर हैं।

01:22 PM6 मई 2026
- कॉपी लिंक
पिच रिपोर्ट
राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम की पिच बैटिंग फ्रेंडली है। इस स्टेडियम में अभी तक 88 IPL मैच खेले गए, जिनमें से 38 मैच पहली बल्लेबाजी करने वाली टीम और 49 मैच चेज करने वाली टीमों ने जीते। यहां का हाइएस्ट टीम स्कोर 286/6 हैं, जो हैदराबाद ने पिछले साल राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ बनाया था।
01:19 PM6 मई 2026
- कॉपी लिंक
हल्की बारिश की संभावना
हैदराबाद में आज हल्की बारिश और हल्की हवाओं के साथ मौसम सुहावना रहने की संभावना है। दिन का अधिकतम तापमान लगभग 36 डिग्री से 37 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है।
