Ngidi Injury Update | Delhi Capitals Bowler Cleared After Punjab Match Scare
- Hindi News
- Sports
- Ngidi Injury Update | Delhi Capitals Bowler Cleared After Punjab Match Scare
6 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

दिल्ली कैपिटल्स के तेज गेंदबाज लुंगी एनगिडी को अस्पताल से शनिवार देर रात ही छुट्टी दे दी गई। एनगिडी शनिवार को दिल्ली में पंजाब किंग्स के खिलाफ खेले गए मैच के दौरान चोटिल हो गए थे। वह एक कैच लेने की कोशिश में हवा में उछले और अनियंत्रित होकर सिर के बल जमीन पर गिर पड़े थे।
जांच में उनकी रीढ़ की हड्डी या दिमाग में कोई गंभीर चोट नहीं पाई गई है। हालांकि, डॉक्टरों ने उन्हें फिलहाल आराम करने की सलाह दी है।

अस्पताल में सीटी स्कैन और टेस्ट, हालत स्थिर
एनगिडी के अस्पताल में न्यूरोसर्जन की देखरेख में टेस्ट और सीटी स्कैन किए गए। डॉक्टरों ने पुष्टि की है कि उनके स्पाइन और सिर में कोई इंटरनल इंजरी नहीं है। कुछ घंटों के ऑब्जर्वेशन के बाद हालत स्थिर पाई गई और उन्हें डिस्चार्ज कर दिया गया। वे टीम होटल लौट आए हैं।
कैच के प्रयास में बिगड़ा संतुलन
यह घटना पारी के दूसरे ओवर की तीसरी गेंद पर हुई। अक्षर पटेल की गेंद पर पंजाब के ओपनर प्रियांश आर्य ने शॉट हवा में खेला। बाउंड्री पर लुंगी एनगिडी ने कैच के लिए दौड़ लगाई और गोता लगाया।
वे गेंद की रफ्तार और दिशा सही से नहीं भांप पाए। गेंद उनके हाथ के पास से निकल गई और वे पीठ व सिर के बल गिरे। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वे देर तक दर्द से कराहते रहे और सिर पकड़ लिया।

मैदान पर पहुंची एम्बुलेंस, पोंटिंग और बदानी भी पहुंचे
एनगिडी के गिरते ही मेडिकल स्टाफ स्ट्रेचर लेकर उनकी ओर दौड़ा। उन्हें चोटिल देख दिल्ली के हेड कोच हेमंग बदानी और पंजाब किंग्स के कोच रिकी पोंटिंग मैदान में पहुंचे। टीम के साथी ट्रिस्टन स्टब्स और डेविड मिलर भी उनके पास आए।
एनगिडी उस वक्त होश में थे और मेडिकल स्टाफ से बात कर रहे थे। एहतियात के तौर पर उन्हें स्ट्रेचर से एम्बुलेंस में शिफ्ट कर सीधे अस्पताल ले जाया गया।

दिल्ली पुलिस ने ग्रीन कॉरिडोर बनाया, 11 मिनट में अस्पताल पहुंचे
शनिवार शाम एनगिडी चोटिल हुए, तब दिल्ली की सड़कों पर भारी ट्रैफिक था। उनकी स्थिति देखते हुए दिल्ली पुलिस ने अरुण जेटली स्टेडियम से पूसा रोड स्थित बीएलके मैक्स सुपर स्पेशलिटी अस्पताल तक ‘ग्रीन कॉरिडोर’ बनाया। इससे एम्बुलेंस 11 मिनट में अस्पताल पहुंच गई।
ग्रीन कॉरिडोर’ एक विशेष मार्ग है, जो अंग प्रत्यारोपण के लिए रास्ते को यातायात मुक्त बनाता है। यह मैन्युअल रूप से संचालित होता है। भारत में इसकी अवधारणा 2014 से प्रचलित है।
अगले मैच में खेलना मुश्किल, मिचेल स्टार्क ले सकते हैं जगह
डॉक्टरों ने एनगिडी को कुछ दिन पूरी तरह आराम करने को कहा है। ऐसे में सोमवार के अगले मैच में उनका खेलना नामुमकिन लग रहा है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, उनकी जगह ऑस्ट्रेलिया के अनुभवी तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क को प्लेइंग-11 में शामिल किया जा सकता है। स्टार्क फिटनेस के कारण शुरुआती मैचों में उपलब्ध नहीं थे, लेकिन अब वापसी के लिए तैयार बताए जा रहे हैं।

बेंगलुरु के खिलाफ मैच में लुंगी एनगिडी के स्थान पर मिचेल स्टाक्र् को प्लेइंग इलेवन में मौका मिल सकता है।
