May 10, 2026

Punjab MLA Car Stopped: ASI Suspended

0
comp-3-11778397568-1_1778407026.gif


.

पंजाब में आज की सबसे बड़ी खबर AAP से जुड़ी रही। मंत्री संजीव अरोड़ा की गिरफ्तारी के बाद वर्कर सड़कों पर उतर आए। इस दौरान कई जगह झड़प हुई। AAP विधायक और BJP जिला प्रधान के बीच हाथापाई की नौबत आ गई।

दिनभर की 10 चुनिंदा बड़ी खबरों को VIDEO में देखने के लिए ऊपर क्लिक करें…

इन 10 बड़ी खबरों को विस्तार से यहां पढ़ भी सकते हैं। तो आइए जानते हैं, पंजाब-चंडीगढ़ में दिनभर में क्या कुछ खास रहा…

1. मंत्री अरोड़ा की गिरफ्तारी पर AAP-‌‌BJP वर्कर भिड़े

AAP मंत्री संजीव अरोड़ा को मनी लॉन्ड्रिंग के केस में ED ने चंडीगढ़ में उनकी सरकारी कोठी से गिरफ्तार किया। इसके बाद मंत्री को आधी रात में गुरुग्राम की अदालत में पेश किया। जहां से ED को मंत्री की 7 दिन की रिमांड मिली है। मंत्री को अब 16 मई को दोबारा कोर्ट में पेश किया जाएगा।

इस कार्रवाई के बाद AAP कार्यकर्ता भड़क गए। लुधियाना में AAP और BJP कार्यकर्ताओं के बीच हाथापाई और धक्कामुक्की हुई। AAP कार्यकर्ताओं ने PM नरेंद्र मोदी का पुतला फूंककर जूते मारे। जालंधर में मोदी जब-जब डरता है, ED को आगे करता है जैसे नारे लगे। नवांशहर में AAP विधायक सुखविंदर सुक्खी और भाजपा जिला प्रधान राजविंदर लक्की के बीच हाथापाई हो गई। इस बीच विधायक सुक्खी ने लक्की से मोबाइल छीनने की कोशिश की

केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्‌टू ने AAP को खुली चेतावनी देते हुए कहा कि अगर तुम अपने आप को बदमाश कहते हो या गुंडागर्दी करते हो तो तीर की तरह सीधे कर देंगे। तुम मुझे भी जानते हो। फिर तुम्हें भागने के लिए जगह नहीं मिलेगी। बिट्‌टू ने डीजीपी को चेतावनी दी है कि अगर एमएलए और आप कार्यकर्ताओं पर कार्रवाई नहीं की तो आपके खिलाफ एक्शन लिया जाएगा। (पढ़ें पूरी खबर)

2. AAP विधायक की गाड़ी रोकने वाला ASI सस्पेंड

मोहाली में AAP विधायक हरदीप सिंह डिंपी ढिल्लों को पुलिस नाके पर ASI ने रोक लिया। उनकी गाड़ी पर लगी ब्लिंकर लाइट को लेकर सवाल-जवाब किए। इस दौरान विधायक अपने परिवार के साथ चंडीगढ़ में डिनर करने जा रहे थे।

विधायक ने ASI पर रौब झाड़ने का आरोप लगाया और इसकी शिकायत एसएसपी हरमंदीप सिंह हंस से की। जिसके बाद ASI को सस्पेंड किया गया। इसके बाद विधायक ने वीडियो जारी कर अपना पक्ष रखा है। उन्होंने कहा कि वह अपनी पत्नी और ड्राइवर के साथ खाना खाने जा रहे थे। फेज-8 पुलिस ने वहां नाका लगाया हुआ था।

नाके पर ASI लखबीर सिंह तैनात था। गाड़ी पर लगी ब्लिंकर लाइट को लेकर ASI ने ड्राइवर से सवाल किया। ड्राइवर ने बताया कि गाड़ी में मौजूदा विधायक बैठे हैं और यह गाड़ी विधानसभा में रजिस्टर्ड है। विधायक ने कहा कि ASI के पास पुलिस की ताकत थी, जबकि उनके पास विधायक होने की ताकत थी। उसने अपनी पावर का इस्तेमाल किया और मैंने अपनी पावर का इस्तेमाल किया। इसमें क्या गलत है। (पढ़ें पूरी खबर)

3. जंगल में मिली युवक की लाश, आज लड़की देखने जाना था

चंडीगढ़ में सेक्टर-38 के जंगल में युवक का शव मिला। शव से बदबू आ रही थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, जिसके बाद शव को सेक्टर-16 अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवा दिया गया। मृतक की पहचान मनीष कश्यप के रूप में हुई है, जो पेशे से इलेक्ट्रिशियन था।

लोगों ने बताया कि युवक की जल्द ही शादी होने वाली थी। परिवार को आज लड़की देखने के लिए जाना था। ऐसे में वह बीते कल घर से शेव करवाने की बात कहकर निकला था। लेकिन इसके बाद वापस नहीं लौटा।

घरवाले लगातार उसे फोन करते रहे। मगर कोई संपर्क नहीं हो सका। इस वजह से पूरा परिवार रातभर परेशान रहा। सभी जगह तलाश की गई। जहां युवक का शव मिला, वह इलाका पंजाब यूनिवर्सिटी से मौसम विभाग की ओर जाने वाली सड़क के दाईं तरफ जंगल में स्थित है। कुछ बच्चे सुबह वहां टॉयलेट के लिए गए थे, तभी उनकी नजर शव पर पड़ी। (पढ़ें पूरी खबर)

4. 2 पेज का नोट लिखकर कारोबारी ने किया सुसाइड

लुधियाना में कारोबारी ने जहरीला पदार्थ खाकर सुसाइड कर लिया। रविवार तड़के निजी अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। थाना सुधार पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सिविल अस्पताल लुधियाना भेज दिया।

मृतक की पहचान गांव एतिआणा के रहने वाले कुंदन लाल (82) के रूप में हुई। पुलिस को मृतक की जेब से दो पेज का सुसाइड नोट बरामद हुआ है। नोट में कुंदन लाल ने अपनी मौत के लिए उन लोगों को जिम्मेदार ठहराया है, जिनसे उन्हें करीब 35 लाख रुपए लेने थे।

उन्होंने लिखा कि कई दुकानदार और कारोबारी लंबे समय से पैसे नहीं लौटा रहे थे और अब उनका फोन उठाना भी बंद कर चुके थे, जिसके कारण वह मानसिक तनाव में थे। मृतक के बेटे धरमिंदर कुमार ने बताया कि उनका मूल गांव रत्तोवाल है, लेकिन परिवार पिछले 60-62 वर्षों से गांव एतिआणा में रह रहा है। उनका परिवार लंबे समय से पशु चारे का कारोबार करता आ रहा था। (पढ़ें पूरी खबर)

5. स्कॉर्पियो ने बाइक को टक्कर मारी, 3 लोगों की मौत

फतेहगढ़ साहिब में स्कॉर्पियो और बाइक की टक्कर हो गई। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई। वहीं स्कॉर्पियो सवार गाड़ी लेकर मौके से फरार हो गया। मृतकों की पहचान अवतार सिंह, सतविंदर सिंह और मोहन सिंह के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, तीनों शादीशुदा थे और उनके बच्चे भी हैं। वे काम खत्म कर अपने गांव बीबीपुर लौट रहे थे। जब वे गांव हिंदूपुर के नजदीक पहुंचे तभी पीछे से आ रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। फरार स्कॉर्पियो चालक की तलाश जारी है। (पढ़ें पूरी खबर)

6. मरने से पहले गर्लफ्रेंड को 17 बार कॉल की, जंगल में पेड़ से लटका

पठानकोट के जंगल में 25 वर्षीय युवक की गली-सड़ी लाश मिलने के मामले में 2 महीने बाद लव एंगल सामने आया है। युवक ने मरने से पहले गर्लफ्रेंड से 17 बार फोन पर बात की थी। दोनों 6 महीने से रिलेशन में थे और युवक उससे शादी करना चाहता था।

युवक की पहचान गांव अनेड़ निवासी अंकित के रूप में हुई। जो अपनी गर्लफ्रेंड के साथ कोर्ट मैरिज करना चाहता था। गर्लफ्रेंड के शादी से मना करने पर अंकित उससे फोन पर कई बार झगड़ा कर चुका था।

अंकित अपनी गर्लफ्रेंड से बार-बार कोर्ट मैरिज करने की बात कह रहा था। लेकिन जब उसने मना कर दिया तो गुस्से में आकर उसने सुसाइड कर लिया। उसकी लाश जंगल में पेड़ से लटकी हुई मिली थी। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि पुलिस ने मामले में परिजनों के बयान के आधार पर गर्लफ्रेंड पर केस दर्ज कर लिया है। इससे पहले परिवार ने हत्या का शक जताया था। (पढ़ें पूरी खबर)

7. PBKS के लिए प्रीति जिंटा गोल्डन टेंपल में नतमस्तक, लंगर हॉल में सेवा की

बॉलीवुड एक्ट्रेस प्रीति जिंटा शनिवार रात अमृतसर स्थित गोल्डन टेंपल में माथा टेकने पहुंचीं। उन्होंने गुरु घर में नतमस्तक होकर अरदास की। इस दौरान प्रीति जिंटा की एक झलक पाने के लिए श्रद्धालुओं में भी उत्साह देखा गया। कई लोगों ने उनके साथ तस्वीरें भी खिंचवाईं।

गुरुद्वारा साहिब में माथा टेकने के बाद प्रीति जिंटा ने लंगर हॉल में सेवा की। उन्होंने संगत को लंगर वितरित किया। मीडिया से बात करते हुए प्रीति जिंटा ने कहा- बाबा जी का बुलावा आया था। इसलिए हम आ गए।

उन्होंने बताया कि 11 मई को उनकी पंजाब किंग्स क्रिकेट टीम का महत्वपूर्ण मुकाबला है और वह टीम की जीत के लिए अरदास करने पहुंची हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि वाहेगुरु जी की कृपा से उनकी टीम शानदार प्रदर्शन करेगी। टीम सभी मैच जीतने का प्रयास करेगी और प्लेऑफ में पहुंचेगी। (पढ़ें पूरी खबर)

8. भगोड़ा कहने पर मजीठिया पर भड़के सिंगर बैंस, कहा- नाम लेने से पहले हजार बार सोचें

शिरोमणि अकाली दल के नेता बिक्रम सिंह मजीठिया और बंटी बैंस के बीच सोशल मीडिया पर विवाद बढ़ गया। विवाद की शुरुआत मजीठिया के देर रात किए गए ट्वीट से हुई, जिसमें उन्होंने ED छापेमारी और संजीव अरोड़ा की गिरफ्तारी का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि हवाला और मनी लॉन्ड्रिंग के आरोपी देश छोड़ने की फिराक में हैं।

उन्होंने मुख्यमंत्री भगवंत मान के करीबियों पर निशाना साधते हुए दावा किया कि गुलजारइंदर चहल विदेश जा चुके हैं और बंटी बैंस भी फरार होने की तैयारी में हैं। साथ ही LOC जारी करने की मांग की।

इन आरोपों पर बंटी बैंस ने इंस्टाग्राम पोस्ट के जरिए जवाब देते हुए कहा कि उनका नाम लेने से पहले हजार बार सोचें। उन्होंने कहा कि वह दो दशकों की मेहनत से बने कलाकार हैं, जबकि मजीठिया विवादों और उधार की अटेंशन के सहारे राजनीति कर रहे हैं। (पढ़ें पूरी खबर)

खबर विदेश से..

9. कारोबारी की फिलीपींस में हत्या, सिर में गोलियां मारीं

पंजाबी युवक की फिलीपींस की राजधानी मनीला शहर में गोली मारकर हत्या कर दी गई। वह कर्ज देने का काम करता था और कुछ लोगों से उसकी बहस हुई थी। इसके बाद रिकवरी के लिए जाते समय हमला किया गया।

पॉइंट ब्लैंक रेंज से उसके सिर में पीछे की तरफ गोलियां मारी गईं। बताया जा रहा है कि वह परिवार के साथ मनीला में रहता था। परिवार में बड़ा भाई, पत्नी, बेटा और बेटी थे। मृतक की पहचान रणजीत सिंह के रूप में हुई है, जो फिरोजपुर जिले के गांव दौलतपुरा का रहने वाला था।

घटना 8 मई को तब हुई जब रणजीत सिंह अपने काम के सिलसिले में बाइक से बाजार जा रहा था। रणजीत सिंह कई साल पहले परिवार की आर्थिक स्थिति सुधारने के लिए मनीला गया था। वहां वह अपने बड़े भाई के साथ फाइनेंस का कारोबार कर रहा था। जांच के दौरान पुलिस को मौके से गोलियों के 5 खोल बरामद हुए हैं। (पढ़ें पूरी खबर)

10. घर बेचकर बेटे की लाश मंगवाई, परिजन बोले- धोखे से रूसी आर्मी में भर्ती किया

गुरदासपुर के गांव बोहजा के गुरसेवक सिंह की रूसी सेना में भर्ती होने के बाद मौत हो गई। करीब 9 महीने बाद उनका शव घर पहुंचा। परिजनों के अनुसार, गुरसेवक सिंह फरवरी 2025 में वर्क परमिट पर जर्मनी गए थे। परिवार ने कर्ज लेकर उन्हें विदेश भेजा था।

हालांकि परिवार को यह जानकारी नहीं है कि वह जर्मनी से कैसे और किन परिस्थितियों में किसी एजेंट के माध्यम से रूसी सेना में भर्ती हो गए। गुरसेवक सिंह के साथ परिवार की आखिरी बार सितंबर 2025 में वीडियो कॉल पर बात हुई थी।

इसके बाद रूस से करीब तीन महीने पहले परिवार को कॉल आया और DNA सैंपल भेजने के लिए कहा गया। परिवार का कहना है कि उस समय उन्हें मौत की जानकारी नहीं दी गई थी। बाद में जिला प्रशासन ने सूचना दी कि बेटे का शव दिल्ली पहुंच चुका है। DNA टेस्ट की फीस चुकाने के लिए परिवार को अपना घर तक बेचना पड़ा। गुरसेवक सिंह अविवाहित था। (पढ़ें पूरी खबर)

(कल शाम 6 बजे फिर होगी मुलाकात )



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *