US Iran War Ceasefire LIVE Update; Pakistan Peace Talk – Israel Lebanon
- Hindi News
- International
- US Iran War Ceasefire LIVE Update; Pakistan Peace Talk Israel Lebanon | Donald Trump Asim Munir
तेल अवीव/तेहरान/वॉशिंगटन डीसी19 घंटे पहले
- कॉपी लिंक

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने कहा है कि इजराइल और लेबनान 10 दिन के सीजफायर पर राजी हो गए हैं। यह युद्धविराम भारतीय समयानुसार गुरुवार देर रात 2:30 बजे से लागू हो गया है।
ट्रम्प ने ट्रुथ सोशल पर पोस्ट कर बताया कि उन्होंने लेबनान के राष्ट्रपति जोसेफ औन और इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू से बातचीत की, जिसके बाद यह सहमति बनी।
उन्होंने बताया कि वह नेतन्याहू और जोसेफ औन को वॉशिंगटन में बातचीत के लिए आमंत्रित करेंगे। इस हफ्ते वॉशिंगटन में दोनों देशों के बीच 34 साल बाद पहली बार सीधी बातचीत हुई थी, जिसमें अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो भी शामिल थे।
ट्रम्प ने कहा कि उन्होंने उपराष्ट्रपति जेडी वेंस, विदेश मंत्री रुबियो और जॉइंट चीफ्स चेयरमैन जनरल डैन केन को निर्देश दिए हैं कि वे दोनों देशों के साथ मिलकर स्थायी शांति सुनिश्चित करने की दिशा में काम करें।
इससे पहले लेबनानी राष्ट्रपति ने ट्रम्प से फोन पर बातचीत में सीजफायर के प्रयासों के लिए उनका धन्यवाद किया।

इजराइल ने गुरुवार को ही लेबनान के नबातियेह में रिहायशी इलाकों पर हमले किए थे।
अमेरिका-ईरान शांति समझौते के करीब पहुंचे
अमेरिका और ईरान 21 अप्रैल को खत्म हो रहे सीजफायर से पहले समझौते के करीब पहुंच रहे हैं। अमेरिकी मीडिया के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच बातचीत आगे बढ़ी है, हालांकि कुछ मतभेद अब भी बाकी हैं।
इस बीच तेहरान में ईरानी अधिकारियों और पाकिस्तानी सेना प्रमुख आसिम मुनीर के बीच अहम बैठक होगी। मुनीर पहले ही ईरान पहुंचकर विदेश मंत्री अब्बास अराघची से मुलाकात कर चुके हैं और वे अमेरिकी संदेश लेकर गए हैं।
पाकिस्तान, मिस्र और तुर्की मध्यस्थ की भूमिका निभा रहे हैं। उधर, अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस, स्टीव विटकॉफ और जेरेड कुशनर के साथ मिलकर बातचीत और ड्राफ्ट प्रस्ताव साझा कर रहे हैं। अधिकारियों के मुताबिक, डील के लिए सीजफायर को बढ़ाया जा सकता है, हालांकि अमेरिका ने अभी औपचारिक सहमति नहीं दी है।

अमेरिका और ईरान के बीच 11 अप्रैल को पाकिस्तान की मध्यस्थता से इस्लामाबाद में बैठक हुई थी, जो बेनतीजा रही।
पिछले 24 घंटे के 4 बड़े अपडेट्स…
- ईरान ने चेतावनी दी कि अगर अमेरिकी नाकेबंदी जारी रही तो वह रेड सी, ओमान सागर और पर्शियन गल्फ में समुद्री व्यापार रोक देगा।
- लेबनान में इजराइली हमलों में मरने वालों की संख्या बढ़कर 2,167 हो गई, जबकि 7,000 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं।
- अमेरिका और ईरान के बीच परमाणु मुद्दे पर बातचीत में प्रगति के संकेत मिले हैं। 21 अप्रैल से पहले समझौते की कोशिश जारी है और पाकिस्तानी डेलिगेशन तेहरान पहुंचा है।
- इजराइल ने दावा किया कि उसने 24 घंटे में दक्षिणी लेबनान में हिजबुल्लाह के 200 से ज्यादा ठिकानों पर हमला किया है।
ईरान जंग से जुड़े अपडेट्स के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए…
अपडेट्स
12:52 AM17 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
सीजफायर के बाद भी लेबनान में गोलाबारी
लेबनानी सेना के मुताबिक, शुक्रवार तड़के इजराइल ने लेबनान में हुए सीजफायर का उल्लंघन किया है। आधी रात से लागू हुए इस समझौते के बावजूद इजरायली सेना ने दक्षिण लेबनान के कई गांवों में रुक-रुक कर गोलाबारी जारी रखी।
इस स्थिति को देखते हुए लेबनानी सेना ने एक आधिकारिक बयान जारी कर नागरिकों से अपील की है कि वे फिलहाल अपने दक्षिणी गांवों और कस्बों में वापस न लौटें। हालांकि, इन आरोपों पर इज़रायली सेना की ओर से अभी तक कोई तत्काल प्रतिक्रिया या टिप्पणी सामने नहीं आई है।
12:31 AM17 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
ईरान ने इजराइल-लेबनान सीजफायर का समर्थन किया
ईरान के विदेश मंत्रालय ने इजराइल और लेबनान के बीच हुए सीजफायर का स्वागत किया है। मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बघाई ने बताया कि लेबनान में युद्ध का रुकना दरअसल ईरान और अमेरिका के बीच पाकिस्तान की मध्यस्थता में हुए एक बड़े समझौते का हिस्सा है।
11:59 PM16 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
ट्रम्प बोले- NATO ने ईरान के खिलाफ हमारा साथ नहीं दिया
व्हाइट हाउस में पत्रकारों से बात करते हुए अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने एक बार फिर NATO पर अपना गुस्सा निकाला है। उन्होंने ईरान के खिलाफ अमेरिका और इजराइल के हमलों में साथ न देने के लिए गठबंधन की जमकर आलोचना की।
उन्होंने ने कहा कि अमेरिका नाटो पर खरबों डॉलर खर्च करता है, लेकिन जब में उनकी मदद मांगी गई, तो कोई भी देश साथ खड़ा नहीं हुआ। ट्रम्प ने यूक्रेन का उदाहरण देते हुए कहा कि जब पिछले वर्षों में यूक्रेन संकट में था, तब अमेरिका पूरी मजबूती के साथ वहां मौजूद था।
उन्होंने नाटो सहयोगियों को चेतावनी भरे लहजे में कहा कि अगर वे बड़े संकटों में साथ नहीं देते हैं, तो यह उनके लिए खुद एक बड़ी समस्या बन जाएगी।
11:25 PM16 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
उत्तरी इजरायल के नेताओं ने लेबनान से सीजफायर का विरोध किया
उत्तरी इजरायल के नेताओं ने लेबनान के साथ हुए सीजफायर पर गुस्सा जताया है। मतेह आशेर क्षेत्रीय परिषद के प्रमुख मोशे डेविडोविच ने कहा कि यह कोई कूटनीतिक जीत नहीं है, बल्कि इससे भविष्य में हिंसा और बढ़ने का खतरा है।
वहीं, अन्य क्षेत्रीय नेताओं ने इस समझौते को सुरक्षा के साथ खिलवाड़ बताया है। सिमोन गुएटा ने मांग की कि जब तक हिजबुल्ला का पूरी तरह निशस्त्रीकरण नहीं होता, कागजी समझौतों का कोई मतलब नहीं है।
10:59 PM16 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
UN महासचिव ने इजराइल लेबनान युद्धविराम का स्वागत किया
संयुक्त राष्ट्र (UN) के महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने इजराइल और लेबनान के बीच युद्धविराम समझौते का स्वागत किया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह समझौता मध्य पूर्व में स्थायी शांति और स्थिरता के लिए एक ठोस आधार साबित होगा।
गुटेरेस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर लिखा कि यह समझौता संघर्ष के दीर्घकालिक समाधान और क्षेत्र में व्यापक शांति लाने की दिशा में एक बड़ा कदम है। उन्होंने सभी पक्षों से इस युद्धविराम का पूरी तरह सम्मान करने और अंतरराष्ट्रीय कानूनों का पालन करने का आग्रह किया है।

UN के महासचिव एंटोनियो गुटेरेस।
10:30 PM16 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
युद्धविराम के बाद भी लेबनान में गोलाबारी
लेबनान की नेशनल न्यूज एजेंसी के मुताबिक, इजराइल और लेबनान के बीच आधिकारिक तौर पर युद्धविराम लागू होने के एक घंटे के भीतर ही इसके उल्लंघन की खबरें आई हैं। दक्षिण लेबनान के खियाम और डिबाइन में इजरायली तोपखाने ने गोलाबारी जारी रखी है।
रिपोर्ट के मुताबिक, गोलाबारी के साथ-साथ कई इलाके में मशीनगनों से फायरिंग और सैन्य तलाशी अभियान भी चलाया जा रहा है। पश्चिमी बेका घाटी में भी तनाव कम नहीं हुआ है। वहां के रशाया क्षेत्र और जबल अल-शेख की पहाड़ियों के ऊपर इज़रायली जासूसी विमानों की भारी सक्रियता देखी गई है।
10:16 PM16 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
G-7 देशों ने बैठक में माना- ईरान युद्ध के नुकसान को रोकना जरूरी
G-7 देशों के वित्त मंत्रियों और केंद्रीय बैंक के गवर्नरों ने वाशिंगटन में हुई। बैठक के बाद चेतावनी दी है कि मिडिल ईस्ट में लंबे समय से चल रहे युद्ध के आर्थिक नुकसान को कम करना अब बेहद जरूरी हो गया है। मंत्रियों ने एक बयान जारी कर कहा कि इस संघर्ष की वजह से पूरी दुनिया की अर्थव्यवस्था पर भारी बोझ पड़ रहा है, जिसे रोकना अब अनिवार्य है।
G-7 सदस्यों ने इस बात पर जोर दिया कि वैश्विक स्थिरता के लिए क्षेत्र में एक स्थायी शांति की दिशा में कदम बढ़ाना सबसे बड़ी प्राथमिकता है। बैठक में यह साफ किया गया कि अगर युद्ध और लंबा खिंचा, तो वैश्विक बाजार और अर्थव्यवस्था को बड़ी कीमत चुकानी पड़ सकती है, इसलिए शांति की प्रक्रिया को तेज करना अब समय की मांग है।
09:11 PM16 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
हिजबुल्ला का इजरायली सैन्य ठिकानों पर हमला
लेबनान की नेशनल न्यूज एजेंसी के मुताबिक, हिजबुल्ला ने इजरायली सैन्य ठिकानों पर बड़े हमलों का दावा किया है। हिजबुल्ला ने कर्मिएल बस्ती पर मिसाइलें दागीं और अल-मलिकिया व रास अल-नकौरा में इजरायली सैनिकों पर ड्रोन से हमला किया।
इसके अलावा, समूह ने बिंत जुबैल में एक इजरायली मर्कावा टैंक को मिसाइल से नष्ट करने और अल-अदीसा व कफर जलादी में तोपखानों को निशाना बनाने की बात कही है।
दूसरे बड़े हमले में हिजबुल्ला ने गोलन हाइट्स के अल-अलीका बैरक में इजरायल के ‘आयरन डोम’ प्लेटफॉर्म पर हमला किया और नहारिया शहर पर दो बार मिसाइलें दागीं।
08:57 PM16 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
सीजफायर के बावजूद इजराइली सेना दक्षिणी लेबनान में तैनात रहेगी
इजराइल ने साफ किया है कि हिजबुल्लाह के साथ 10 दिन के सीजफायर के दौरान भी उसकी सेना दक्षिणी लेबनान में तैनात रहेगी और किसी भी खतरे पर तुरंत कार्रवाई करेगी। यह जानकारी टाइम्स ऑफ इजराइल ने एक इजराइली अधिकारी के हवाले से दी है।
अधिकारी ने बताया कि यह व्यवस्था नवंबर 2024 के सीजफायर जैसी होगी, जिसमें उल्लंघन के आरोप में हिजबुल्लाह पर हमले जारी रखे गए थे। इजराइल ने चेतावनी दी है कि अगर अगले 10 दिनों में लेबनान सरकार हिजबुल्लाह के खिलाफ ठोस कदम नहीं उठाती, तो वह खुद सख्त कार्रवाई करेगा।

फिलहाल इजराइली सेना जमीनी अभियान के तहत दक्षिणी लेबनान में कई किलोमीटर अंदर तक तैनात है। हालांकि, सीजफायर की शर्तों पर अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
08:29 PM16 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
दक्षिणी लेबनान में इजराइली हमले से 8 लोगों की मौत, 33 घायल
दक्षिणी लेबनान के घाजियेह कस्बे में इजराइली हमले में कम से कम 8 लोगों की मौत हो गई, जबकि 33 लोग घायल हुए हैं। हमले के बाद कई लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका है और उनकी तलाश जारी है। इमरजेंसी टीमें मौके पर राहत-बचाव अभियान चला रही हैं।
08:00 PM16 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
मिडिल ईस्ट में शांति की उम्मीद से ग्लोबल शेयर बाजारों में तेजी
मिडिल ईस्ट में शांति और बातचीत की उम्मीद के बीच वैश्विक शेयर बाजारों में तेजी देखी गई है। निवेशकों को उम्मीद है कि हालात सुधरने पर होर्मुज स्ट्रेट से तेल और गैस की सप्लाई सामान्य हो जाएगी, जिससे महंगाई का दबाव कम होगा।
अमेरिका और एशिया के बाजारों में इंडेक्स रिकॉर्ड स्तर के करीब पहुंच गए हैं, जो तेज आर्थिक सुधार की उम्मीद को दिखाते हैं। यूरोप में लंदन और फ्रैंकफर्ट बाजार करीब 0.5% चढ़े, जबकि पेरिस में हल्की गिरावट रही।
वॉल स्ट्रीट में डाउ जोंस 0.1% बढ़कर 48,499.95 पर पहुंचा, S&P 500 में 0.2% की तेजी रही, जबकि नैस्डैक 0.1% गिरा। टोक्यो शेयर बाजार भी रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया, जिससे वैश्विक निवेशकों का सकारात्मक रुख साफ नजर आया।
07:35 PM16 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
ट्रम्प के ऐलान से पहले इजराइली कैबिनेट ने सीजफायर पर वोट नहीं किया
इजराइल की सुरक्षा कैबिनेट ने लेबनान के साथ सीजफायर पर ट्रम्प के ऐलान से पहले कोई वोट नहीं किया था। CNN की रिपोर्ट के मुताबिक एक इजराइली अधिकारी ने बतायाय कि इस फैसले को औपचारिक मंजूरी नहीं मिली थी।
अधिकारी ने बताया कि यह समझौता नवंबर 2024 के एग्रीमेंट जैसा होगा, जिसके तहत इजराइली सेना दक्षिणी लेबनान के रणनीतिक ठिकानों से पीछे नहीं हटेगी।
साथ ही, अगर हिजबुल्लाह से खतरा हुआ तो इजराइल को सैन्य कार्रवाई जारी रखने की छूट रहेगी। डोनाल्ड ट्रम्प ने 10 दिन के सीजफायर की घोषणा की है, लेकिन इसकी पूरी शर्तें अभी सार्वजनिक नहीं की गई हैं।
07:17 PM16 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
ट्रम्प का दावा- ईरान अमेरिका को अपना सारा यूरेनियम सौंपेगा
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि ईरान अपने यूरेनियम का भंडार सौंपने के लिए तैयार हो गया है। व्हाइट हाउस में पत्रकारों से बात करते हुए ट्रंप ने इस भंडार को ‘न्यूक्लियर डस्ट’ का नाम दिया और कहा कि दोनों देश एक शांति समझौते के बेहद करीब हैं।

उनके मुताबिक, वर्तमान में अमेरिका और ईरान के बीच बहुत सफल बातचीत चल रही है और जल्द ही किसी बड़े फैसले की उम्मीद है।
06:42 PM16 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
हिजबुल्लाह ने सीजफायर मानने की बात कही
हिजबुल्लाह ने कहा है कि वह इजराइल के साथ हुए सीजफायर का पालन करेगा, लेकिन इसके लिए इजराइल को हमले पूरी तरह रोकने होंगे। हिजबुल्लाह सांसद इब्राहिम अल-मूसावी ने कहा कि संगठन सीजफायर का पालन करेगा, बशर्ते इजराइल सभी तरह की सैन्य कार्रवाई बंद करे और इसे टारगेट किलिंग के लिए इस्तेमाल न करे।
उन्होंने ईरान का धन्यवाद करते हुए कहा कि लेबनान के पक्ष में दबाव बनाने में उसकी अहम भूमिका रही और उसके बिना यह सीजफायर संभव नहीं था। मूसावी ने कहा कि ईरान ने इस सीजफायर को होर्मुज स्ट्रेट बंद करने जितना अहम माना, तभी यह समझौता हो पाया।
06:15 PM16 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
EU चीफ ने इजराइल-लेबनान सीजफायर का स्वागत किया
यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन ने इजराइल और लेबनान के बीच हुए 10 दिन के सीजफायर का स्वागत किया है और इसे राहत भरा कदम बताया है।
उन्होंने कहा कि इस संघर्ष में पहले ही बहुत ज्यादा जानें जा चुकी हैं, ऐसे में यह सीजफायर जरूरी राहत लेकर आया है। उन्होंने दोहराया कि यूरोप लेबनान की संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता के सम्मान की मांग करता रहेगा और लेबनान के लोगों को मानवीय सहायता देता रहेगा।
05:48 PM16 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
EU चीफ ने इजराइल-लेबनान सीजफायर का स्वागत किया
यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन ने इजराइल और लेबनान के बीच हुए 10 दिन के सीजफायर का स्वागत किया है और इसे राहत भरा कदम बताया है।
उन्होंने कहा कि इस संघर्ष में पहले ही बहुत ज्यादा जानें जा चुकी हैं, ऐसे में यह सीजफायर जरूरी राहत लेकर आया है। उन्होंने दोहराया कि यूरोप लेबनान की संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता के सम्मान की मांग करता रहेगा और लेबनान के लोगों को मानवीय सहायता देता रहेगा।

तस्वीर यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन की है। उन्होंने 13 अप्रैल को ब्रसेल्स के EU मुख्यालय में ऊर्जा मुद्दे पर कॉन्फ्रेंस की थी।
05:30 PM16 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
ईरान बोला- अमेरिका से बातचीत में नतीजे की उम्मीद, लेकिन भरोसा अब भी नहीं
ईरान ने अमेरिका के साथ चल रही बातचीत को लेकर कहा है कि उसे नतीजे की उम्मीद है, लेकिन अमेरिका पर भरोसा अब भी नहीं है।
संयुक्त राष्ट्र में ईरान के राजदूत अमीर सईद इरावानी ने कहा कि अमेरिका ने पहले कई बार भरोसा तोड़ा है, इसके बावजूद ईरान बातचीत कर रहा है।
उन्होंने कहा कि अगर अमेरिका ने सही और सकारात्मक रुख अपनाया, तो बातचीत से नतीजा निकल सकता है। ईरान और अमेरिका के बीच यह बातचीत पाकिस्तान की मध्यस्थता में हो रही है। पिछले हफ्ते इस्लामाबाद में पहला दौर हुआ था, अब दूसरे दौर की तैयारी चल रही है, जिसका मकसद जंग खत्म करना है।

तस्वीर पिछले महीने UNSC की बैठक के दौरान बयान देते हुए ईरान के राजदूत अमीर सईद इरावानी की है।
05:19 PM16 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
ईरान में 48 दिन बाद गूगल सर्च बहाल, जी-मेल अब भी बंद
ईरान में 48 दिन के इंटरनेट शटडाउन के बाद गूगल सर्च सेवा बहाल कर दी गई है। ईरानी मीडिया के मुताबिक, अब फिक्स्ड लाइन और मोबाइल इंटरनेट पर गूगल सर्च एक्सेस किया जा सकता है, लेकिन कनेक्टिविटी में उतार-चढ़ाव बना हुआ है।
रिपोर्ट्स के अनुसार, जी-मेस जैसी अन्य सेवाएं अब भी उपलब्ध नहीं हैं, जिससे इंटरनेट पूरी तरह सामान्य नहीं हुआ है।
अमेरिका-इजराइल और ईरान संघर्ष के बाद देश में इंटरनेट पर कड़े प्रतिबंध लगाए गए थे। इस दौरान केवल चुनिंदा यूजर्स जैसे सरकारी नेटवर्क या VPN इस्तेमाल करने वाले ही इंटरनेट का उपयोग कर पा रहे थे। इन पाबंदियों के चलते ईरान को करीब 1.8 अरब डॉलर का आर्थिक नुकसान हुआ है।
05:00 PM16 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
लेबनान में मौतों का आंकड़ा 2,196 पहुंचा
लेबनान में जारी इजराइली हमलों के बीच मौतों का आंकड़ा बढ़कर 2,196 हो गया है, जबकि 7,185 लोग घायल हुए हैं। लेबनान की नेशनल न्यूज एजेंसी के मुताबिक, ग्रैंड सेराइल स्थित डिजास्टर रिस्क मैनेजमेंट यूनिट ने यह ताजा आंकड़े जारी किए हैं।
04:44 PM16 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
पाकिस्तान के आर्मी चीफ ने ईरान के सैन्य कमांडर से मुलाकात की
पाकिस्तान के सेना प्रमुख आसिम मुनीर ने तेहरान में ईरान के खातम अल-अनबिया हेडक्वार्टर के कमांडर अली अब्दोल्लाही से मुलाकात की और युद्ध खत्म करने के प्रयासों पर चर्चा की।
बैठक के दौरान मुनीर ने संघर्ष समाप्त करने के लिए उठाए गए कदमों और तेहरान में हुई अपनी बातचीत का ब्योरा शेयर किया।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र में शांति स्थापित करने के लिए इन कूटनीतिक प्रयासों को आगे भी जारी रखा जाएगा। इस दौरान ईरान के कमांडर अली अब्दोल्लाही ने पाकिस्तान और उसके लोगों के समर्थन के लिए आभार जताया।
04:35 PM16 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
अमेरिकी हाउस ने ईरान पर सैन्य कार्रवाई रोकने वाला प्रस्ताव खारिज किया
अमेरिकी हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स ने ईरान में सैन्य कार्रवाई रोकने के उद्देश्य से लाए गए वॉर पावर्स रिजोल्यूशन को खारिज कर दिया। यह प्रस्ताव 213-214 वोट से बेहद मामूली अंतर से गिर गया।
इस प्रस्ताव का मकसद राष्ट्रपति ट्रम्प को ईरान के खिलाफ चल रही सैन्य कार्रवाई समाप्त करने के लिए बाध्य करना था, जब तक कांग्रेस इसकी मंजूरी न दे। रिपब्लिकन बहुमत वाले हाउस में इसे पर्याप्त समर्थन नहीं मिल सका, जिससे यह पास नहीं हो पाया।
04:26 PM16 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
लेबनान के PM ने सीजफायर का स्वागत किया
लेबनान के प्रधानमंत्री नवाफ सलाम ने इजराइल और लेबनान के बीच प्रस्तावित सीजफायर के ऐलान का स्वागत किया है।
नवाफ सलाम ने अमेरिका, फ्रांस, सऊदी अरब, मिस्र, कतर और जॉर्डन समेत उन देशों को धन्यवाद दिया, जिन्होंने युद्धविराम कराने की कोशिश की।
04:16 PM16 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
ट्रम्प इजराइल और लेबनान के नेताओं को वॉशिंगटन बुलाएंगे
ट्रम्प ने कहा है कि वह इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और लेबनान के राष्ट्रपति जोसेफ औन को वॉशिंगटन में बातचीत के लिए आमंत्रित करेंगे।
यह घोषणा उन्होंने इजराइल और लेबनान के बीच सीजफायर के ऐलान के बाद की।ट्रम्प ने कहा कि यह 1983 के बाद दोनों देशों के बीच पहली अहम बातचीत होगी।
उन्होंने यह भी कहा कि दोनों पक्ष शांति चाहते हैं और उन्हें भरोसा है कि स्थिति जल्द बेहतर हो सकती है।
03:52 PM16 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
ट्रम्प बोले- इजराइल और लेबनान 10 दिन के सीजफायर पर राजी
ट्रम्प ने कहा है कि इजराइल और लेबनान 10 दिन के सीजफायर पर राजी हो गए हैं। यह युद्धविराम भारतीय समयानुसार गुरुवार देर रात 2:30 बजे से लागू होगा।
ट्रम्प के मुताबिक, उन्होंने लेबनान के राष्ट्रपति जोसेफ औन और इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू से बातचीत की, जिसके बाद यह सहमति बनी।
उन्होंने बताया कि इस हफ्ते वॉशिंगटन में दोनों देशों के बीच 34 साल बाद पहली बार सीधी बातचीत हुई, जिसमें अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो भी शामिल थे।
ट्रम्प ने कहा कि उन्होंने उपराष्ट्रपति जेडी वेंस, विदेश मंत्री रुबियो और जॉइंट चीफ्स चेयरमैन जनरल डैन केन को निर्देश दिए हैं कि वे दोनों देशों के साथ मिलकर स्थायी शांति सुनिश्चित करने की दिशा में काम करें।
03:47 PM16 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
तेहरान की सड़कों पर अमेरिकी हमले में मारे गए बच्चों की तस्वीरें
ईरान की राजधानी तेहरान में अमेरिकी हमले में मारे गए बच्चों की तस्वीरें सड़कों पर लगाई गई हैं। ये बच्चे मिनाब में एक गर्ल्स एलीमेंट्री स्कूल पर हुए हमले में मारे गए थे, जिसमें 168 की मौत और 96 घायल हुए थे।
ईरानी मीडिया के मुताबिक, होर्मोजगान प्रांत के मिनाब स्थित शजरे तैय्यबेह गर्ल्स एलीमेंट्री स्कूल को निशाना बनाया गया था। ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने कहा कि मासूम बच्चों की मौत का जवाब दिया जाएगा और इस मुद्दे को संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में उठाया गया है।
इजराइली सेना ने इस हमले की जानकारी से इनकार किया है, जबकि अमेरिकी सेना ने कहा है कि वह इन रिपोर्ट्स की जांच कर रही है।

तेहरान के तजरीश स्क्वायर में अमेरिकी हमले में मारे गए बच्चों के पोर्ट्रेट लगाए गए हैं।


03:35 PM16 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
लेबनानी राष्ट्रपति ने ट्रम्प को सीजफायर प्रयासों के लिए धन्यवाद दिया
लेबनान के राष्ट्रपति जोसेफ औन ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प से फोन पर बातचीत में सीजफायर के प्रयासों के लिए उनका धन्यवाद किया।
राष्ट्रपति कार्यालय के मुताबिक, दोनों नेताओं ने लेबनान की मौजूदा स्थिति पर चर्चा की। औन ने कहा कि देश में शांति और स्थिरता के लिए जल्द से जल्द युद्धविराम जरूरी है।
03:16 PM16 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
अमेरिका ने नाकेबंदी के तहत 72 घंटे में 14 जहाजों को लौटाया
अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) ने दावा किया है कि स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में नाकेबंदी लागू होने के बाद 72 घंटे के भीतर 14 जहाजों को वापस लौटना पड़ा।
CENTCOM के अनुसार, अमेरिकी कार्रवाई के बाद इन जहाजों ने आगे बढ़ने के बजाय रास्ता बदल लिया। अमेरिका ने साफ किया है कि यह नाकेबंदी केवल उन जहाजों पर लागू है, जो ईरान के बंदरगाहों में प्रवेश कर रहे हैं या वहां से निकल रहे हैं।
03:04 PM16 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
लेबनान के नबातियेह में इजराइली हमले के बाद की तस्वीरें…




02:57 PM16 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
फ्रांस के राष्ट्रपति ने होर्मुज मुद्दे पर पीएम मोदी से बात की
फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से फोन पर बातचीत कर होर्मुज स्ट्रेट में जहाजों की सुरक्षा और आवाजाही के मुद्दे पर चर्चा की।
बातचीत के दौरान दोनों नेताओं ने पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव पर चिंता जताई। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि होर्मुज स्ट्रेट में जहाजों की सुरक्षित और निर्बाध आवाजाही जल्द बहाल की जानी चाहिए।
दोनों नेताओं ने क्षेत्र में शांति और स्थिरता बनाए रखने के लिए आपसी सहयोग जारी रखने पर भी सहमति जताई।
02:49 PM16 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
इजराइल बोला- ईरान ने डील नहीं मानी तो और ज्यादा दर्दनाक हमले होंगे
इजराइल ने ईरान को चेतावनी दी है कि अगर उसने अमेरिका के साथ चल रही बातचीत में समझौता नहीं किया, तो उस पर पहले से भी ज्यादा दर्दनाक हमले किए जाएंगे।
इजराइली रक्षा मंत्री इजराइल काट्ज ने कहा कि ईरान के सामने दो रास्ते हैं, समझौते के जरिए आगे बढ़ना या अलग-थलग पड़ने और तबाही की ओर जाना।
उन्होंने संकेत दिया कि जिन ठिकानों को अब तक निशाना नहीं बनाया गया है, वे आगे की कार्रवाई में ज्यादा गंभीर असर झेल सकते हैं। काट्ज ने कहा कि आगे क्या होगा, यह पूरी तरह ईरान के फैसले पर निर्भर करेगा और उसके परिणामों की जिम्मेदारी भी उसी की होगी।
02:34 PM16 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
हिजबुल्लाह सांसद बोले- इजराइल से सीधी बातचीत गंभीर गलती
हिजबुल्लाह के सांसद हुसैन हज्ज हसन ने लेबनान सरकार के इजराइल के साथ सीधे बातचीत के फैसले को गंभीर गलती बताया है। उन्होंने सरकार से इस प्रक्रिया को तुरंत रोकने की अपील की।
हज्ज हसन ने कहा कि इजराइल जैसे दुश्मन के साथ सीधी बातचीत देश के हित में नहीं है। उन्होंने लेबनान सरकार पर इजराइल और अमेरिका के सामने रियायतें देने का आरोप लगाया।
02:29 PM16 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
ट्रम्प ने PAK पीएम और आर्मी चीफ की तारीफ की
ट्रम्प ने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री और सेना प्रमुख की तारीफ करते हुए कहा कि वे ईरान से जुड़े मुद्दे पर अच्छा काम कर रहे हैं। ट्रम्प ने दोनों नेताओं को बेहतरीन बताते हुए उनके नेतृत्व की सराहना की।
उन्होंने कहा कि पाकिस्तान के ईरान के साथ करीबी रिश्ते हैं, जिससे इस मुद्दे पर बातचीत आगे बढ़ रही है। ट्रम्प के मुताबिक, पाकिस्तान इस दिशा में लगातार प्रयास कर रहा है और इसमें सकारात्मक प्रगति भी दिख रही है।
02:10 PM16 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
रिपोर्ट- लेबनान में आज रात से सीजफायर की संभावना
लेबनान में आज रात से सीजफायर लागू होने की संभावना जताई जा रही है। इजराइली मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, सेना को संभावित सीजफायर के लिए तैयारी करने के आदेश दिए गए हैं।
रिपोर्ट में कहा गया है कि यह सीजफायर आज रात से प्रभावी हो सकता है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
02:04 PM16 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
इजराइली एयर स्ट्राइक में लेबनान के कासमियेह का पुल तबाह
दक्षिणी लेबनान में इजराइली एयर स्ट्राइक के बाद कासमियेह ब्रिज पूरी तरह तबाह हो गया है। सामने आई तस्वीरों में पुल के ढांचे के टूटकर बिखरने और इलाके में भारी तबाही का मंजर दिख रहा है।
तस्वीरों में साफ दिख रहा है कि पुल का बड़ा हिस्सा ढह गया है और कंक्रीट के टुकड़े नदी में गिर गए हैं, जिससे कनेक्टिविटी पूरी तरह टूट गई है। यह पुल टायर और सिडोन के बीच अहम रास्ता था, जिसके नष्ट होने से दोनों क्षेत्रों के बीच आवागमन प्रभावित हुआ है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, इजराइली विमानों ने पुल पर लगातार दो एयर स्ट्राइक किए, जिससे यह पूरी तरह ध्वस्त हो गया। तस्वीरों में आसपास के इलाके में भी नुकसान के संकेत दिख रहे हैं, जहां मलबा फैला हुआ है और पुल का ढांचा पूरी तरह क्षतिग्रस्त नजर आ रहा है।



01:53 PM16 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
ईरानी आर्मी चीफ बोलो- देश के लिए खुद को कुर्बान करने को तैयार
ईरान के आर्मी चीफ अमीर हतामी ने कहा है कि वह देश की रक्षा के लिए खुद को कुर्बान करने को तैयार हैं। उन्होंने अमेरिका और इजराइल को चेतावनी देते हुए कहा कि ईरान को झुकाने का उनका सपना कभी पूरा नहीं होगा।
उन्होंने कहा कि ईरान को घुटनों पर लाने की उनकी कोशिशें नाकाम रहेंगी। अमेरिका और इजराइल का यह सपना कब्र तक जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि ईरानी सेना हाई अलर्ट पर है और किसी भी संभावित हमले का जवाब देने के लिए पूरी तरह तैयार है।
01:40 PM16 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
ईरान में 21 अप्रैल से पूरा शिक्षा सिस्टम ऑनलाइन होगा
ईरान ने 21 अप्रैल से पूरे देश का शिक्षा सिस्टम ऑनलाइन करने का फैसला लिया है। तस्नीम न्यूज के मुताबिक ईरान के शिक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता ने बताया कि देश के सभी स्कूलों में 21 अप्रैल से पढ़ाई ऑनलाइन मोड में कराई जाएगी।
यह व्यवस्था सिर्फ स्कूलों तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि सभी शैक्षणिक संस्थानों पर लागू होगी और देशभर में एक साथ ऑनलाइन पढ़ाई शुरू की जाएगी।
रिपोर्ट के मुताबिक, यह व्यवस्था अगले आदेश तक जारी रहेगी और फिलहाल छात्रों को ऑनलाइन माध्यम से ही पढ़ाई करनी होगी।
01:23 PM16 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
लेबनान के राष्ट्रपति ने नेतन्याहू से बात करने से इनकार किया
लेबनान के राष्ट्रपति जोसेफ औन ने इजराइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू से बातचीत करने से इनकार कर दिया है। उन्होंने साफ किया कि जब तक सीजफायर नहीं होता, तब तक किसी तरह की बातचीत नहीं होगी।
अल जजीरा के मुताबिक लेबनान के एक अधिकारी ने बताया कि उन्होंने अमेरिका को साफ कर दिया है कि वे अभी इस तरह की बातचीत के लिए तैयार नहीं हैं।
लेबनानी अधिकारियों ने अमेरिका और इजराइल को कहा है कि लेबनान और हिजबुल्लाह के बीच सीजफायर होने से पहले वे किसी भी तरह की आगे की बातचीत नहीं करेंगे।
इससे पहले ट्रम्प ने दावा किया था कि इजराइल और लेबनान के नेता बातचीत करने वाले हैं, हालांकि उन्होंने इसके बारे में कोई और जानकारी नहीं दी।

तस्वीर लेबनान के राष्ट्रपति जोसेफ औन की है। उन्होंने पिछले साल जनवरी में पद संभाला था।
01:09 PM16 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
अमेरिका बोला- ईरान की मदद करने वाले जहाजों पर भी हमला करेंगे
अमेरिका ने ईरान के खिलाफ लागू नौसैनिक नाकाबंदी को लेकर सख्त चेतावनी दी है। अमेरिकी जनरल डैन केन ने कहा कि जो भी जहाज नाकाबंदी तोड़ने की कोशिश करेगा, उस पर हमला किया जा सकता है और जरूरत पड़ने पर फायरिंग भी की जाएगी। इसमें जहाज को रोकना, उस पर चढ़ना और कब्जा करना शामिल है।
केन ने बताया कि अब तक 13 जहाज नाकाबंदी के चलते वापस लौट चुके हैं। इनमें ज्यादातर जहाज नाकाबंदी सीमा के अंदर पहुंचकर लौटे, जबकि एक पहले ही रास्ता बदल गया।
उन्होंने कहा कि अब तक किसी जहाज पर बोर्डिंग की जरूरत नहीं पड़ी है, क्योंकि सभी जहाज चेतावनी मिलने के बाद वापस लौट गए।
01:00 PM16 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
अमेरिका का दावा- ईरान के सुप्रीम लीडर मुजतबा घायल
अमेरिका ने दावा किया है कि ईरान के सुप्रीम लीडर मुजतबा खामेनेई घायल हैं। रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने प्रेस ब्रीफिंग में कहा कि ईरान के शीर्ष नेता के घायल होने की जानकारी मिली है। उन्होंने पहले भी ईरान के नेतृत्व के घायल होने को लेकर ऐसे दावे किए हैं।
हालांकि अब तक ईरान सरकार या किसी आधिकारिक स्रोत ने इस बारे में कोई पुष्टि नहीं की है।
12:54 PM16 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
हेगसेथ बोले- ईरान खोई हुई सैन्य ताकत दोबारा नहीं पा सकता
हेगसेथ ने कहा कि ईरान अपनी खोई हुई सैन्य ताकत को दोबारा नहीं पा सकता। उन्होंने कहा कि अमेरिका और ईरान के बीच सैन्य ताकत में बड़ा अंतर है और यह मुकाबला बराबरी का नहीं है।
हेगसेथ ने ईरान के सैन्य नेतृत्व को चेतावनी देते हुए कहा, “हम आपको देख रहे हैं।” उन्होंने कहा कि अमेरिका ईरान की हर गतिविधि पर नजर रख रहा है।
हेगसेथ ने दावा किया कि ईरान अब अपने बचे हुए लॉन्चर और मिसाइलें ही निकाल रहा है, लेकिन उसके पास इन्हें दोबारा बनाने की क्षमता नहीं है।
हेगसेथ ने कहा कि अमेरिकी सेना लगातार और मजबूत हो रही है और पहले से ज्यादा ताकत के साथ तैयार है।
उन्होंने यह भी कहा कि अमेरिकी सेना राष्ट्रपति के आदेश पर किसी भी वक्त कार्रवाई के लिए तैयार है और “एक बटन दबते ही” ऑपरेशन शुरू किया जा सकता है।
12:46 PM16 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
हेगसेथ बोले- ईरान ने डील नहीं मानी तो फिर जंग शुरू होगी
पीट हेगसेथ ने ईरान को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर ईरान ने प्रस्तावित डील को नहीं माना, तो अमेरिका फिर से युद्ध शुरू करेगा।
हेगसेथ ने कहा कि ईरान के पास समझौता करने का विकल्प है, लेकिन अगर उसने इसे ठुकराया तो अमेरिका सैन्य कार्रवाई दोबारा शुरू करेगा।
उन्होंने बताया कि अमेरिकी फोर्सेस इस तरह तैनात हैं कि वे किसी भी समय कॉम्बैट ऑपरेशन फिर से शुरू कर सकती हैं।
12:40 PM16 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
अमेरिकी रक्षामंत्री बोले- ईरान पर नाकाबंदी जारी रहेगी
अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने कहा है कि अमेरिका ईरान पर नौसैनिक नाकेबंदी जारी रखेगा। उन्होंने साफ किया कि यह कार्रवाई तब तक जारी रहेगी, जब तक अमेरिका अपने रणनीतिक लक्ष्य हासिल नहीं कर लेता।
हेगसेथ ने कहा कि अमेरिका इस नाकेबंदी को खत्म करने की जल्दबाजी में नहीं है।
12:29 PM16 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
पोप लियो बोले- कुछ तानाशाह दुनिया को तबाह कर रहे
कैमरून दौरे पर पोप लियो ने कहा कि दुनिया कुछ तानाशाहों के हाथों तबाह हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि युद्ध पर अरबों डॉलर खर्च हो रहे हैं, जबकि इलाज, शिक्षा और पुनर्निर्माण के लिए संसाधन नहीं मिल रहे।
पोप लियो ने कहा कि युद्ध को बढ़ावा देने वाले यह मानने से इनकार करते हैं कि तबाही में एक पल लगता है, लेकिन उसे दोबारा बनाने में पूरी जिंदगी भी कम पड़ जाती है।
12:08 PM16 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
इजराइली सेना ने लेबनान में पुल उड़ाया
इजराइली सेना ने दक्षिणी लेबनान में एक अहम पुल को एयर स्ट्राइक कर उड़ा दिया। यह पुल टायर और सिडोन के बीच आखिरी कनेक्टिविटी था।
लेबनान की नेशनल न्यूज एजेंसी के मुताबिक, इजराइली विमानों ने कासमियेह ब्रिज पर लगातार दो हमले किए, जिससे पुल पूरी तरह ध्वस्त हो गया।
यह पुल टायर और सिडोन के बीच आवागमन का प्रमुख मार्ग था। इसके नष्ट होने से दोनों इलाकों के बीच कनेक्टिविटी प्रभावित होने की आशंका है।
कासमियेह ब्रिज क्षेत्र में सप्लाई और मूवमेंट के लिहाज से रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण था। इसके टूटने से स्थानीय स्तर पर लॉजिस्टिक्स पर असर पड़ सकता है।
11:41 AM16 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
ईरानी दूतावास ने ट्रम्प का मजाक बनाया
ईरान के ताजिकिस्तान वाले दूतावास ने एक वीडियो जारी किया जिसमें राष्ट्रपति ट्रम्प के एक पुराने पोस्ट का मजाक उड़ाया गया। ट्रम्प ने खुद को जीसस के रूप में दिखाते हुए एक पोस्ट की थी, जिसे आलोचना के बाद डिलीट कर दिया गया। दूतावास का पोस्ट इसी का जवाब है। इसमें जीसस ट्रम्प को नरक की आग में ढकेल रहे हैं।
11:27 AM16 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
चीन ने ईरान से होर्मुज स्ट्रेट खोलने को कहा
चीन के विदेश मंत्री वांग यी ने ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अरागची से होर्मुज स्ट्रेट में आवागमन फिर से शुरू करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि इस अहम समुद्री रास्ते का खुला रखना सभी देशों के हित में है।
वांग यी ने कहा कि एक तरफ होर्मुज में ईरान की संप्रभुता और सुरक्षा का सम्मान किया जाना चाहिए, लेकिन दूसरी तरफ इस रास्ते से जहाजों के सुरक्षित और स्वतंत्र आवागमन की भी गारंटी जरूरी है।
उन्होंने यह भी कहा कि चीन संघर्ष विराम बनाए रखने और बातचीत फिर से शुरू करने का समर्थन करता है।
11:06 AM16 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
ईरान को जंग से 40 दिन में 270 अरब डॉलर का नुकसान

ईरान को सिर्फ 40 दिनों में करीब 270 अरब डॉलर (25 लाख करोड़ रुपए) का नुकसान हुआ है। यह आंकड़ा सरकार की ओर से बताया गया है। इसका असर आम लोगों पर भी पड़ा है, जहां प्रति व्यक्ति करीब 1600 से 3000 डॉलर तक का बोझ पड़ सकता है।
एक्सपर्ट्स का अनुमान है कि जंग से ईरान की इकोनॉमी में 10% तक की गिरावट आ सकती है। ईरान के केंद्रीय बैंक के मुताबिक पूरी तरह से अर्थव्यवस्था को संभलने में 10 से 12 साल तक लग सकते हैं।
युद्ध का सबसे ज्यादा असर पेट्रोकेमिकल सेक्टर पर पड़ा है। इस क्षेत्र की करीब 85 प्रतिशत निर्यात क्षमता प्रभावित हुई है, जिससे 30 से 50 अरब डॉलर तक का नुकसान बताया जा रहा है।
ऊर्जा क्षेत्र भी बुरी तरह प्रभावित हुआ है। रिफाइनरी और गैस प्लांट्स को नुकसान पहुंचा है, जिससे 15 से 25 अरब डॉलर का नुकसान हुआ है।
10:49 AM16 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
पाकिस्तानी आर्मी चीफ ने ईरानी संसद के स्पीकर से मुलाकात की

पाकिस्तान के सेना प्रमुख फील्ड मार्शल आसिम मुनीर ने गुरुवार को तेहरान में ईरान की संसद के स्पीकर मोहम्मद बाघेर गालिबाफ से मुलाकात की। यह जानकारी ईरान के सरकारी मीडिया ने दी है।
मुनीर का ईरान दौरा ऐसे समय में हुआ है जब पाकिस्तान क्षेत्र में दोबारा तनाव या संघर्ष बढ़ने से रोकने की कोशिश कर रहा है। इसी कोशिश के तहत इस्लामाबाद ने पिछले हफ्ते संबंधित पक्षों के बीच पहली दौर की शांति वार्ता की मेजबानी भी की थी।
10:30 AM16 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
ईरान बोला- अब कई देशों को इंटरनेशनल कानून याद आ रहा
जापान स्थित ईरानी दूतावास ने पोस्ट कर लिखा जब अमेरिका और इजराइल ने ईरान के खिलाफ हमला शुरू किया तब कई देशों ने यह जानते हुए भी कि यह अंतरराष्ट्रीय कानून और संयुक्त राष्ट्र चार्टर का खुला उल्लंघन है, इसे होने दिया और रोकने की कोशिश नहीं की।
कुछ देशों ने तो अमेरिका को अपने इलाके और हवाई क्षेत्र का इस्तेमाल करने की अनुमति भी दी। अब जब इसके नतीजे सामने आ रहे हैं और असर उन पर भी पड़ रहा है, तो वही देश अचानक अंतरराष्ट्रीय कानून की बात करने लगे हैं।
10:17 AM16 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
ईरान में ड्रोन बनाने की रफ्तार तेज
ईरान ने हाल के महीनों में अपने हथियारों का उत्पादन बढ़ा दिया है, खासकर ड्रोन बनाने की रफ्तार काफी तेज कर दी गई है।
तस्नीम न्यूज के मुताबिक ईरानी सेना के एक सीनियर अधिकारी महमूद शेख हस्सानी ने कहा कि जून में इजराइल और अमेरिका की मदद से हुए युद्ध के बाद ड्रोन उत्पादन की गति करीब 10 गुना बढ़ा दी गई है।
10:06 AM16 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
पाकिस्तानी पीएम शहबाज कतर पहुंचे
प्रधानमंत्री मुहम्मद शहबाज शरीफ के कतर दौरे के दौरान उनका भव्य स्वागत किया गया।
जैसे ही उनका विमान कतर के हवाई क्षेत्र में पहुंचा, कतर वायु सेना के फाइटर जेट्स ने उसे सुरक्षा घेरे में लेते हुए एयरपोर्ट तक एस्कॉर्ट किया।
09:50 AM16 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
ईरान में जरूरी दवाओं की कमी
ईरान में जरूरी दवाओं की कमी और उनकी कीमतों में तेज बढ़ोतरी की खबरें सामने आ रही हैं, जिससे आम लोगों के लिए इलाज कराना मुश्किल होता जा रहा है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, देश में न सिर्फ गंभीर बीमारियों जैसे कैंसर और दिल की बीमारी की दवाएं कम पड़ रही हैं।
कई मरीजों का कहना है कि जरूरी दवाएं मिलना मुश्किल हो गया है। अगर मिल भी रही हैं, तो उनकी कीमत इतनी बढ़ गई है कि इलाज जारी रखना कई परिवारों के लिए आर्थिक रूप से भारी पड़ रहा है।
हड्डियों के कैंसर में इस्तेमाल होने वाली दवा Xgeva की कीमत सिर्फ दो महीनों में करीब 1.5 करोड़ रियाल से बढ़कर 42 करोड़ रियाल तक पहुंच गई। यह दवा हर दो महीने में एक इंजेक्शन के रूप में लेनी होती है।
हालांकि, ईरान के उपराष्ट्रपति मोहम्मद रेजा आरिफ ने हाल ही में कहा था कि देश के पास दवाओं का पर्याप्त भंडार मौजूद है और स्थिति नियंत्रण में है।
09:38 AM16 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
ईरान बोला- अमेरिका पर भरोसा नहीं
ईरान ने कहा है कि उसे अमेरिका के साथ बातचीत से कोई खास उम्मीद नहीं है और वह अमेरिका पर भरोसा भी नहीं करता, भले ही उसने ईमानदारी से बातचीत शुरू की हो।
ईरान की संसद की राष्ट्रीय सुरक्षा समिति के सदस्य वाहिद अहमदी ने गुरुवार को कहा कि अब फैसला अमेरिका को करना है कि वह ईरान की मांगों को मानने के लिए तैयार है या नहीं।
उन्होंने कहा कि अगर अमेरिका सकारात्मक जवाब नहीं देता, तो ईरान युद्ध जारी रखने से बिल्कुल नहीं हिचकेगा।
09:15 AM16 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
ईरान-US वार्ता में प्रगति के बावजूद परमाणु मुद्दे पर मतभेद कायम
ईरान और अमेरिका के बीच जारी बातचीत में कुछ प्रगति जरूर हुई है, लेकिन परमाणु मुद्दे पर दोनों देशों के बीच बुनियादी मतभेद अब भी बने हुए हैं।
रॉयटर्स के मुताबिक, एक वरिष्ठ ईरानी अधिकारी ने कहा कि कुछ क्षेत्रों में मतभेद कम हुए हैं।
हालांकि, उन्होंने साफ किया कि ईरान के उच्च स्तर के संवर्धित यूरेनियम के भविष्य और परमाणु कार्यक्रम पर लगने वाली पाबंदियों की अवधि जैसे अहम मुद्दे अब भी अनसुलझे हैं।
इन मतभेदों के चलते दोनों देशों के बीच किसी व्यापक समझौते पर पहुंचने में अभी समय लग सकता है।
08:56 AM16 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
ईरान में इंटरनेट ब्लैकआउट का 48वां दिन, देश लगभग पूरी तरह दुनिया से कटा
ईरान में इंटरनेट पर लगाया गया लगभग पूर्ण प्रतिबंध 48वें दिन में पहुंच गया है। इंटरनेट मॉनिटरिंग संस्था NetBlocks के अनुसार, देश में वैश्विक इंटरनेट कनेक्टिविटी बेहद सीमित स्तर पर बनी हुई है और आम लोग बाहरी दुनिया से लगभग कट चुके हैं।
यह इंटरनेट ब्लैकआउट जनवरी की शुरुआत में हुए विरोध प्रदर्शनों के बाद लागू किया गया था, जिसे बाद में और सख्त कर दिया गया। फरवरी के अंत में अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच संघर्ष शुरू होने के बाद पाबंदियां और बढ़ा दी गईं।
08:40 AM16 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
ईरान की धमकी- हमला हुआ तो हजारों अमेरिकी सैनिकों को बंधक बनाएंगे, जहाज भी डुबो देंगे
अमेरिका के साथ बढ़ते तनाव के बीच ईरान ने कड़ी चेतावनी दी है। ईरान के सुप्रीम लीडर के सैन्य सलाहकार मोहसिन रेजाई ने कहा है कि अगर अमेरिका ने जमीनी हमला किया, तो ईरान हजारों अमेरिकी सैनिकों को बंधक बना सकता है।
रेजाई ने कहा कि ऐसी स्थिति में हर बंधक के बदले एक अरब डॉलर की मांग की जा सकती है।
इसके साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि होर्मुज स्ट्रेट में नाकेबंदी लागू करने वाले अमेरिकी जहाजों को भी डुबोया जा सकता है।
08:23 AM16 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
पाकिस्तान ने कहा- अमेरिका और ईरान जल्द बातचीत कर सकते हैं, लेबनान में शांति जरूरी
पाकिस्तान ने कहा है कि अमेरिका और ईरान के बीच जल्द ही बातचीत का नया दौर शुरू हो सकता है, लेकिन इसके लिए लेबनान में शांति जरूरी है।
पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय के मुताबिक, दोनों देश बातचीत के लिए तैयार हैं, हालांकि अभी तक दूसरे दौर की वार्ता की तारीख और स्थान तय नहीं हुआ है।
मंत्रालय ने कहा कि मौजूदा दो हफ्ते का सीजफायर लेबनान को भी ध्यान में रखकर देखा जा रहा है और वहां शांति बनाए रखना आगे की बातचीत के लिए अहम शर्त है।
हालांकि, लेबनान को सीजफायर में शामिल करने को लेकर अलग-अलग पक्षों के बीच मतभेद बने हुए हैं, जिससे पूरी शांति प्रक्रिया पर असर पड़ सकता है।
08:02 AM16 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
ईरान युद्ध के असर से ऑस्ट्रेलिया सतर्क, रक्षा बजट में रिकॉर्ड बढ़ोतरी
अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच जारी युद्ध के वैश्विक असर को देखते हुए ऑस्ट्रेलिया ने अपने रक्षा बजट में अब तक की सबसे बड़ी शांतिकालीन बढ़ोतरी का ऐलान किया है।
ऑस्ट्रेलिया के रक्षा मंत्री रिचर्ड मार्लेस ने नई रक्षा रणनीति जारी करते हुए कहा कि अगले 10 वर्षों में 53 अरब ऑस्ट्रेलियाई डॉलर (करीब 38 अरब अमेरिकी डॉलर) अतिरिक्त रक्षा खर्च किया जाएगा।
इस योजना के तहत देश का रक्षा बजट मौजूदा 2.8% GDP से बढ़कर 2033 तक 3% तक पहुंच जाएगा।
ऑस्ट्रेलिया का सबसे बड़ा रक्षा निवेश AUKUS साझेदारी के तहत होगा, जिसमें अमेरिका और ब्रिटेन के सहयोग से कम से कम 8 परमाणु ऊर्जा से चलने वाली पनडुब्बियां तैयार की जाएंगी।
07:46 AM16 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
नेतन्याहू-लेबनान राष्ट्रपति की बातचीत पर सस्पेंस, इजराइल ने कहा- जल्द कॉल; लेबनान का इनकार
इजराइल और लेबनान के बीच संभावित बातचीत को लेकर विरोधाभासी बयान सामने आए हैं। इजराइल की ओर से दावा किया गया है कि प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू जल्द ही लेबनान के राष्ट्रपति जोसेफ आउन से बात करेंगे।
इजराइल की सुरक्षा कैबिनेट की सदस्य गालिया गमलियल ने यह जानकारी दी, जिसे इजराइली आर्मी रेडियो ने प्रसारित किया।
दूसरी ओर, रॉयटर्स के अनुसार लेबनान के एक वरिष्ठ अधिकारी ने ऐसे किसी फोन कॉल की जानकारी से इनकार किया है।
07:29 AM16 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
ब्रिटेन की अर्थव्यवस्था में फरवरी में 0.5% ग्रोथ, लेकिन ईरान युद्ध से आगे झटका संभव
ब्रिटेन की अर्थव्यवस्था ने फरवरी में उम्मीद से बेहतर प्रदर्शन किया है। ऑफिस फॉर नेशनल स्टैटिस्टिक्स के मुताबिक, फरवरी में GDP ग्रोथ 0.5% रही, जो जनवरी के 0.1% के मुकाबले काफी अधिक है।
विश्लेषकों ने फरवरी में केवल 0.1% ग्रोथ का अनुमान लगाया था, लेकिन वास्तविक आंकड़े इससे कहीं बेहतर रहे।
हालांकि, आने वाले महीनों में इस तेजी पर दबाव पड़ने की आशंका है। अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच जारी युद्ध के चलते ऊर्जा कीमतों में तेजी आ सकती है, जिसका असर ब्रिटेन की अर्थव्यवस्था पर पड़ेगा।
ऊर्जा लागत बढ़ने से उत्पादन महंगा हो सकता है और महंगाई बढ़ सकती है, जिससे आर्थिक वृद्धि की रफ्तार धीमी पड़ने की संभावना है।
07:14 AM16 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
WHO की अपील- लेबनान के अस्पतालों की सुरक्षा करें; हमलों में 88 की मौत, 200+ घायल
विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के प्रमुख टेड्रोस ने लेबनान में अस्पतालों और स्वास्थ्य सेवाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि अस्पतालों, स्वास्थ्यकर्मियों, एंबुलेंस और मरीजों को तत्काल सुरक्षा दी जानी चाहिए।
WHO के मुताबिक, 2 मार्च से अब तक स्वास्थ्य सेवाओं पर 133 हमले दर्ज किए गए हैं, जिनमें 88 लोगों की मौत और 206 घायल हुए हैं। इस दौरान 15 अस्पताल और 7 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र क्षतिग्रस्त हुए, जबकि 5 अस्पताल और 56 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बंद हो चुके हैं। उन्होंने बताया कि दक्षिणी लेबनान का तेबनीन गवर्नमेंट हॉस्पिटल 12 और 14 अप्रैल को हुए हमलों में क्षतिग्रस्त हुआ। इन हमलों में कम से कम 11 स्वास्थ्यकर्मी घायल हुए, जबकि इमरजेंसी विभाग और जरूरी उपकरण नष्ट हो गए। WHO प्रमुख ने लेबनान में मानवीय सहायता के लिए सुरक्षित और निर्बाध पहुंच सुनिश्चित करने की भी अपील की, ताकि जीवन रक्षक सेवाएं बिना किसी खतरे के जारी रह सकें।
07:00 AM16 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
ईरान की दो टूक- एनरिचमेंट अधिकारों पर कोई समझौता नहीं

ईरानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बकाई।
ईरान ने अपने परमाणु कार्यक्रम को लेकर स्पष्ट किया है कि वह यूरेनियम एनरिचमेंट के अधिकारों पर कोई समझौता नहीं करेगा। तेहरान में बुधवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बकाई ने कहा कि यह अधिकार अंतरराष्ट्रीय कानून के तहत वैध है।
उन्होंने कहा कि जब तक ईरान परमाणु अप्रसार संधि (NPT) का सदस्य है, तब तक उसे शांतिपूर्ण एनरिचमेंट का लाभ लेने का पूरा अधिकार है।
बकाई ने ईरान-अमेरिका वार्ता में एनरिचमेंट को लेकर चल रही पश्चिमी मीडिया की अटकलों को खारिज करते हुए कहा कि किसी भी समझौते से पहले एक व्यापक ढांचा तय होना जरूरी है।
बकाई ने कहा कि अगर किसी समझौते में एक पक्ष अपने वादों का पालन नहीं करता, तो दूसरा पक्ष भी अपने दायित्वों को उसी अनुपात में कम करने का अधिकार रखता है।
06:31 AM16 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
होर्मुज संकट का असर: जेट फ्यूल की कमी से गर्मियों में उड़ानें रद्द होने का खतरा
अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के चलते होर्मुज जलडमरूमध्य के बंद होने का असर अब वैश्विक एविएशन सेक्टर पर भी दिखने लगा है। जेट फ्यूल की सप्लाई घटने से गर्मियों में फ्लाइट्स रद्द होने का खतरा बढ़ गया है।
विशेषज्ञों के मुताबिक, मई या जून तक जेट फ्यूल की कमी हो सकती है।
Rystad Energy और इंटरनेशनल एनर्जी एजेंसी (IEA) ने अनुमान जताया है कि मई से फ्लाइट्स रद्द होना शुरू हो सकती हैं।
OECD यूरोप क्षेत्र, जिसमें यूरोपीय संघ के साथ ब्रिटेन और नॉर्वे भी शामिल हैं, अपने जेट फ्यूल का 30% से ज्यादा आयात करता है और इसका बड़ा हिस्सा होर्मुज स्ट्रेट के जरिए आता है।
ऐसे में सप्लाई बाधित रहने पर वैश्विक विमानन सेवाओं पर व्यापक असर पड़ने की आशंका है।
06:14 AM16 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
ईरान की चेतावनी- अधिकार सुरक्षित होने तक होर्मुज नहीं छोड़ेंगे; US नाकेबंदी पर सख्त रुख
अमेरिकी नौसैनिक नाकेबंदी के बीच ईरान ने सख्त चेतावनी देते हुए कहा है कि वह होर्मुज स्ट्रेट तब तक नहीं छोड़ेगा, जब तक उसके अधिकार पूरी तरह सुरक्षित नहीं हो जाते।
ईरान के सुप्रीम लीडर के सैन्य सलाहकार मोहसिन रेजाई ने प्रेस टीवी से बातचीत में कहा कि यह जलमार्ग ईरान के लिए एक अहम रणनीतिक बिंदु है और वह अपने आर्थिक व समुद्री हितों की रक्षा के लिए इस पर नियंत्रण बनाए रखेगा।
रेजाई ने सवाल किया कि अगर ईरान की नौसेना कमजोर है, तो अमेरिकी जहाज होर्मुज स्ट्रेट पार करने से क्यों बचते हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि पिछले समझौतों से सबक लेते हुए अब नए समझौते ज्यादा सावधानी से और आर्थिक मुद्दों को ध्यान में रखकर किए जाएंगे। उनके मुताबिक, अब बातचीत की शर्तें ईरान खुद तय करेगा।
05:57 AM16 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
लेबनान-इजराइल बातचीत पर सस्पेंस: अधिकारी बोले- किसी कॉल या मीटिंग की जानकारी नहीं
लेबनान और इजराइल के बीच संभावित बातचीत को लेकर स्थिति साफ नहीं हो पाई है। लेबनान के एक अधिकारी ने कहा है कि दोनों देशों के नेताओं के बीच किसी फोन कॉल या बैठक की कोई जानकारी उपलब्ध नहीं है।
अल जजीरा की रिपोर्ट के अनुसार, पत्रकार ज़ीना खोदर ने सोशल मीडिया पर बताया कि वॉशिंगटन में राजदूतों की दूसरी संभावित बैठक को लेकर भी कोई ठोस जानकारी सामने नहीं आई है।
इससे पहले अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने अपने ट्रुथ सोशल प्लेटफॉर्म पर दावा किया था कि इजराइल और लेबनान 34 साल बाद पहली बार बातचीत करेंगे।
हालांकि, फिलहाल इस दावे की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, जिससे पूरे घटनाक्रम को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है।
05:35 AM16 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
ईरान में 21 अप्रैल से सभी स्कूल ऑनलाइन, अगली सूचना तक वर्चुअल क्लासेस
ईरान ने देशभर के सभी स्कूलों को 21 अप्रैल से वर्चुअल मोड में शिफ्ट करने का फैसला लिया है। तस्नीम न्यूज एजेंसी के मुताबिक, यह घोषणा ईरान के शिक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता ने की है।
इस फैसले के तहत देश के सभी स्कूलों में पढ़ाई ऑनलाइन माध्यम से कराई जाएगी।
शिक्षा मंत्रालय के अनुसार, यह व्यवस्था अगली सूचना तक लागू रहेगी।
05:21 AM16 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
ईरान युद्ध के बीच ऑस्ट्रेलिया-मलेशिया का समझौता, ऊर्जा सप्लाई चेन मजबूत करने पर जोर

ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज (बाएं) और मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम गुरुवार को संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान।
मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव और ईरान से जुड़े युद्ध के असर के बीच ऑस्ट्रेलिया और मलेशिया ने ऊर्जा सप्लाई चेन को मजबूत करने पर सहमति जताई है। दोनों देशों ने गुरुवार को जारी संयुक्त बयान में कहा कि वे मिलकर सप्लाई चेन रेजिलिएंस बढ़ाने और व्यापार को स्थिर बनाए रखने के लिए काम करेंगे।
बयान में दोनों देशों ने मध्य पूर्व में जारी संघर्ष और उसके बढ़ते दायरे को लेकर “गहरी चिंता” जताई।
दोनों देशों ने इस चुनौती से निपटने के लिए आपसी सहयोग बढ़ाने और वैश्विक व्यापार प्रवाह को संतुलित रखने की जरूरत पर जोर दिया।
05:08 AM16 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
US द्वारा प्रतिबंधित दूसरा सुपरटैंकर होर्मुज स्ट्रेट पार कर खाड़ी में पहुंचा
अमेरिका के प्रतिबंधों के बावजूद एक और सुपरटैंकर होर्मुज स्ट्रेट पार कर पर्शियन गल्फ में दाखिल हो गया है। रॉयटर्स के मुताबिक, वेरी लार्ज क्रूड कैरियर (VLCC) ‘RHN’ बुधवार को खाड़ी में प्रवेश करता देखा गया।
LSEG और Kpler के मैरीटाइम डेटा के अनुसार, यह टैंकर करीब 20 लाख बैरल तेल ले जाने में सक्षम है। हालांकि, फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि यह किस दिशा में जा रहा है।
इसी बीच, ईरान की फार्स न्यूज एजेंसी ने दावा किया कि एक ईरानी सुपरटैंकर भी अमेरिकी प्रतिबंधों के बावजूद होर्मुज स्ट्रेट पार कर इमाम खोमैनी पोर्ट की ओर बढ़ा है।
इससे पहले अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) ने कहा था कि ऑपरेशन शुरू होने के बाद से 10 जहाजों को लौटाया गया और कोई भी जहाज नाकेबंदी को पार नहीं कर सका।
04:55 AM16 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
व्हाइट हाउस के ‘आशावादी’ बयान के बाद कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट; एशियाई बाजारों में तेजी
व्हाइट हाउस के ईरान के साथ नई बातचीत को लेकर ‘आशावादी’ बयान के बाद गुरुवार को अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में हल्की गिरावट दर्ज की गई।
रॉयटर्स के मुताबिक, ब्रेंट क्रूड फ्यूचर्स 44 सेंट यानी 0.5% गिरकर 94.49 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया। वहीं, अमेरिकी वेस्ट टेक्सास इंटरमीडिएट (WTI) क्रूड 70 सेंट यानी 0.8% गिरकर 90.59 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।
तेल कीमतों में गिरावट के बीच एशियाई शेयर बाजारों में तेजी देखने को मिली। दक्षिण कोरिया का कोस्पी इंडेक्स 1.89% चढ़ा, हांगकांग का हैंग सेंग 0.68% बढ़ा, जबकि ताइवान का ताइएक्स 0.48% ऊपर रहा।
04:40 AM16 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
UN एक्सपर्ट का आरोप- लेबनान में इजराइल कर रहा ‘डोमिसाइड’; तुरंत बमबारी रोकने की मांग
संयुक्त राष्ट्र के हाउसिंग अधिकारों के स्पेशल रैपोर्टियर बालकृष्णन राजगोपाल ने इजराइल पर दक्षिणी लेबनान में ‘डोमिसाइड’, यानी नागरिक घरों का बड़े पैमाने पर विनाश, का आरोप लगाया है। उन्होंने इजराइल से तुरंत बमबारी रोकने की मांग की है।
उनके मुताबिक, इस रणनीति में घरों का बड़े पैमाने पर विनाश (डोमिसाइड), लोगों को जबरन हटाना (डिपॉपुलेशन), बफर जोन के जरिए जमीन कब्जाना और सेटलर्स के माध्यम से अप्रत्यक्ष कब्जा शामिल है।
04:22 AM16 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
दक्षिणी लेबनान में भीषण झड़पें, इजराइल के एयर स्ट्राइक से अस्पताल क्षतिग्रस्त
दक्षिणी लेबनान के बिंत जेबेल शहर में गुरुवार तड़के हिजबुल्लाह और इजराइली सेना के बीच भीषण झड़पें हुईं। नेशनल न्यूज एजेंसी (NNA) के मुताबिक, यह संघर्ष सुबह के शुरुआती घंटों में शुरू हुआ और शहर के प्रवेश द्वारों व अल-मिहानिया इलाके में रुक-रुक कर जारी है।
इस सैन्य कार्रवाई में इजराइली सेना ने फाइटर जेट और हेलिकॉप्टर का इस्तेमाल किया। कई घरों को विस्फोट कर ध्वस्त कर दिया गया।
इसी दौरान इजराइली जेट्स ने तेबनीन कस्बे पर भी एयर स्ट्राइक की, जिसमें वहां का एक स्थानीय अस्पताल बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
04:12 AM16 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
लंदन में सिनेगॉग पर आग लगाने की कोशिश में 2 गिरफ्तार
नॉर्थ लंदन के एक सिनेगॉग में आग लगाने की कोशिश के मामले में पुलिस ने दो संदिग्धों को गिरफ्तार किया है। घटना को एंटी-सेमिटिक हेट क्राइम माना जा रहा है।
पुलिस के मुताबिक, आधी रात के बाद दोनों संदिग्ध सिनेगॉग के पास पहुंचे। दोनों ने काले कपड़े और चेहरे ढकने के लिए बालाक्लावा पहन रखा था। वे अपने साथ दो बोतल और एक ईंट लेकर आए थे।
हालांकि, दोनों आरोपी घटना को अंजाम देने से पहले ही मौके से फरार हो गए और कोई आग नहीं लग पाई। जांच के बाद पुलिस ने एक 47 वर्षीय महिला और एक 46 वर्षीय पुरुष को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की जांच जारी है।
03:59 AM16 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
ईरान के बंदरगाहों की अमेरिकी नाकेबंदी अनिश्चितकाल तक जारी रह सकती है

स्टीफन मिलर (फाइल)
अमेरिका ने ईरान पर दबाव बढ़ाते हुए उसके बंदरगाहों की नाकेबंदी लंबे समय तक जारी रखने के संकेत दिए हैं। व्हाइट हाउस के वरिष्ठ अधिकारी स्टीफन मिलर ने कहा कि जरूरत पड़ने पर यह कार्रवाई अनिश्चितकाल तक जारी रह सकती है।
मिलर ने यह बात एक इंटरव्यू में कही। उन्होंने कहा कि यह नाकेबंदी ईरान की अर्थव्यवस्था पर असर डाल रही है और अगर ईरान समझौते के लिए तैयार नहीं होता तो अमेरिका इसे लंबे समय तक जारी रख सकता है।
03:47 AM16 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
ट्रम्प का दावा- इजराइल और लेबनान के नेता 34 साल बाद करेंगे बातचीत
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने दावा किया है कि इजराइल और लेबनान के नेता गुरुवार को बातचीत कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच तनाव कम करने के लिए यह पहल की जा रही है और करीब 34 साल बाद इस स्तर पर संवाद हो सकता है।
ट्रम्प ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर लिखा कि इजराइल और लेबनान के नेताओं के बीच “थोड़ी राहत” लाने की कोशिश की जा रही है। हालांकि उन्होंने यह स्पष्ट नहीं किया कि किन नेताओं के बीच बातचीत होगी, लेकिन माना जा रहा है कि यह इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और लेबनान के राष्ट्रपति जोसेफ औन के बीच हो सकती है।
इससे पहले 1993 में दोनों देशों के बीच बातचीत हुई थी, लेकिन वह शीर्ष नेतृत्व के स्तर पर नहीं थी।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, लेबनान किसी भी उच्च स्तरीय वार्ता से पहले सीजफायर की शर्त रख सकता है, जबकि इजराइल फिलहाल इस पर सहमत नहीं है और हिजबुल्लाह के खिलाफ अपनी कार्रवाई जारी रखना चाहता है।
03:33 AM16 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
चीन ने ईरान से होर्मुज स्ट्रेट में सामान्य आवाजाही बहाल करने को कहा

चीन के विदेश मंत्री वांग यी ने ईरान से होर्मुज स्ट्रेट में सामान्य नौवहन बहाल करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि ईरान की संप्रभुता और सुरक्षा का सम्मान जरूरी है, लेकिन समुद्री मार्गों की स्वतंत्रता और सुरक्षा भी सुनिश्चित होनी चाहिए।
चीनी विदेश मंत्रालय के मुताबिक, वांग यी ने बुधवार को अपने ईरानी समकक्ष अब्बास अराघची से फोन पर बातचीत की। इस दौरान क्षेत्रीय हालात और समुद्री सुरक्षा पर चर्चा हुई।
03:22 AM16 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
ईरान ने 4 कथित इजराइली जासूस पकड़े: मोसाद से जुड़े होने का दावा
ईरान ने उत्तरी गिलान प्रांत से चार कथित इजराइली जासूसों को गिरफ्तार करने का दावा किया है। सरकारी मीडिया के मुताबिक, ये सभी मोसाद से जुड़े एजेंट हैं और संवेदनशील सैन्य ठिकानों की जानकारी लीक करने में शामिल थे।
ईरान की रिवोल्यूशनरी गार्ड्स ने बयान में कहा कि आरोपियों ने इंटरनेट के जरिए मोसाद अधिकारियों को महत्वपूर्ण सैन्य और सुरक्षा ठिकानों की तस्वीरें और लोकेशन भेजीं।
03:09 AM16 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
ऑस्ट्रेलिया की जिलॉन्ग ऑयल रिफाइनरी में आग: ईरान युद्ध के बीच बढ़ी चिंता

ऑस्ट्रेलिया के जिलॉन्ग स्थित विवा एनर्जी ऑयल रिफाइनरी में इक्विपमेंट फेल होने से आग लग गई। आग गुरुवार सुबह तक काबू में कर ली गई। यह घटना ऐसे समय में हुई है जब ईरान युद्ध के कारण वैश्विक तेल सप्लाई को लेकर चिंता बनी हुई है।
फायर रेस्क्यू विक्टोरिया की डिप्टी कमिश्नर मिशेल काउलिंग के मुताबिक, इस घटना से डीजल, पेट्रोल और अन्य पेट्रोलियम उत्पादों के उत्पादन पर कोई असर नहीं पड़ा है।
ऑस्ट्रेलिया अपनी 80% से ज्यादा रिफाइंड फ्यूल जरूरतों के लिए आयात पर निर्भर है। यह सप्लाई मुख्य रूप से दक्षिण-पूर्व एशिया के देशों से आती है, जो मध्य-पूर्व से तेल आयात करते हैं और यह सप्लाई होर्मुज स्ट्रेट के जरिए होती है।
02:59 AM16 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
ईरान डील की उम्मीद से एशियाई बाजारों में तेजी: निक्केई 1.58% उछला, कोस्पी 1.89% चढ़ा
वॉल स्ट्रीट में रिकॉर्ड तेजी के बाद एशियाई शेयर बाजारों में गुरुवार को उछाल दिखा। निवेशकों को ईरान के साथ संभावित समझौते और सीजफायर बढ़ने की उम्मीद से बाजार में सकारात्मक माहौल बना है।
अमेरिका के S&P 500 और नैस्डैक कंपोजिट के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचने के बाद एशियाई बाजारों ने भी मजबूती दिखाई। जापान का निक्केई 225 इंडेक्स 1.58% चढ़ा, जबकि दक्षिण कोरिया का कोस्पी 1.89% ऊपर रहा।
हांगकांग का हैंग सेंग इंडेक्स 0.68% और ताइवान का टाइएक्स 0.48% की बढ़त के साथ कारोबार करता दिखा।
02:51 AM16 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
हिजबुल्लाह का दावा- नहारिया के पास इजराइली ठिकानों, बस्ती पर ड्रोन हमला
लेबनानी संगठन हिजबुल्लाह ने उत्तरी इजराइल में नहारिया शहर के पास इजराइली सेना के ठिकानों पर ड्रोन हमले का दावा किया है। संगठन के मुताबिक, दो अलग-अलग हमलों में सैन्य ठिकानों और एक बस्ती को निशाना बनाया गया।
टेलीग्राम पर जारी बयान में हिजबुल्लाह ने कहा कि उसने इजराइली सेना की 146वीं डिवीजन के एक लॉजिस्टिक बेस पर अटैक ड्रोन से हमला किया।
संगठन ने यह भी दावा किया कि नहारिया के उत्तर में लिमान बैरक के पास एक इजराइली बस्ती को भी ड्रोन से निशाना बनाया गया।
02:39 AM16 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
ईरान के यूरेनियम पर रूसी प्रस्ताव अमेरिका को नामंजूर
रूस के प्रेस सचिव दिमित्री पेसकोव ने कहा कि अमेरिका ने रूस के उस प्रस्ताव को ठुकरा दिया है जिसमें रूस ने मिडिल ईस्ट में तनाव कम करने के लिए ईरान का सारा यूरेनियम स्टॉक अपने पास रखने की बात कही थी।
रूस ने जून 2025 में पहली बार ये प्रस्ताव दिया था। पेसकोव ने भारतीय टीवी चैनल ‘इंडिया टुडे’ को कहा- रूस ईरान के यूरेनियम स्टॉक को रखने के लिए तैयार था, जो एक अच्छा फैसला साबित होता, लेकिन अमेरिका ने इसे खारिज कर दिया।
02:29 AM16 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
चीन और ईरान के विदेश मंत्रियों की फोन पर वार्ता
ईरानी विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने चीन के विदेश मंत्री वांग यी के साथ फोन पर हुई बातचीत में खाड़ी और होर्मुज स्ट्रेट में अमेरिका के खतरों को लेकर चेतावनी दी है।
ईरानी समाचार एजेंसी ISNA के मुताबिक, अराघची ने कहा कि जरूरी जलमार्गों में अमेरिकी सैन्य तैनाती से क्षेत्र की स्थिति और जटिल हो जाएगी और यह क्षेत्रीय स्थिरता के लिए सीधा खतरा है।
इसके जवाब में चीनी विदेश मंत्री ने संघर्ष के दौरान ईरानी जनता के धैर्य की सराहना की।
02:19 AM16 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
FIFA अध्यक्ष बोले – ईरान विश्व कप खेलने अमेरिका आएगा
FIFA (इंटरनेशनल फेडरेशन ऑफ एसोसिएशन फुटबॉल) के अध्यक्ष जियानी इन्फेंटिनो ने कहा है कि युद्ध के बावजूद ईरानी टीम विश्व कप खेलने के लिए अमेरिका आएगी।
हाल ही में FIFA ने विश्व कप में ईरान के मैचों को अमेरिका से हटाकर मेक्सिको में शिफ्ट करने के अनुरोध को ठुकरा दिया था, जिसके बाद इन्फेंटिनो का यह बयान आया है।
FIFA विश्व कप 2026, 11 जून से शुरू हो रहा है।
02:13 AM16 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
ईरान-अमेरिका के बीच दूसरे दौर की बैठक भी पाकिस्तान में संभव
व्हाइट हाउस ने बुधवार को कहा कि ट्रम्प प्रशासन ईरान के साथ समझौता होने की संभावनाओं को लेकर उत्साहित है। साथ ही यह भी बताया कि दूसरे दौर की संभावित वार्ता पाकिस्तान में हो सकती है।
वहीं, पाकिस्तानी सेना प्रमुख से मुलाकात के बाद ईरानी विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने कहा कि तेहरान शांति को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है।
02:05 AM16 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
इजराइल को आर्मर्ड बुलडोजर बिक्री पर US सीनेट में बंटे डेमोक्रेट्स
अमेरिकी सीनेट में इजराइल को आर्मर्ड बुलडोजर बेचने पर रोक लगाने के प्रस्ताव को डेमोक्रेटिक पार्टी के अधिकांश सांसदों का समर्थन मिला, लेकिन पार्टी के भीतर मतभेद भी साफ दिखे। 47 में से 40 डेमोक्रेटिक सीनेटरों ने इस प्रस्ताव के पक्ष में वोट किया, और 7 ने विरोध में।
प्रस्ताव निर्दलीय सीनेटर बर्नी सैंडर्स ने पेश किया था। विरोध करने वालों में डेमोक्रेटिक सीनेट लीडर चक शूमर के साथ रिचर्ड ब्लूमेंथल, क्रिस कून्स, कैथरीन कॉर्टेज मास्तो, जॉन फेटरमैन, किर्स्टन गिलिब्रांड और जैकी रोसेन शामिल हैं।
यह मतदान डेमोक्रेटिक पार्टी के भीतर और उसके समर्थकों के बीच इजराइल को लेकर अलग-अलग राय को दिखाता है। अगस्त 2025 के एक सर्वे के अनुसार, 75% डेमोक्रेट समर्थक गाजा युद्ध के लिए इजराइल को अतिरिक्त सैन्य मदद देने के खिलाफ हैं।
बर्नी सैंडर्स ने इस नतीजे को सकारात्मक बताते हुए कहा कि 80% से ज्यादा डेमोक्रेटिक सांसदों ने अमेरिकी जनता के साथ खड़े होकर इजराइल को सैन्य मदद रोकने के पक्ष में वोट किया।
01:58 AM16 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
ईरान पर युद्ध से बढ़ेगा वैश्विक भूख संकट: वर्ल्ड बैंक चीफ इकोनॉमिस्ट की चेतावनी
अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच बढ़ते तनाव का असर अब वैश्विक खाद्य सुरक्षा पर पड़ सकता है। वर्ल्ड बैंक के चीफ इकोनॉमिस्ट इंदरमीत गिल ने चेतावनी दी है कि इससे करोड़ों लोग भुखमरी की चपेट में आ सकते हैं।
AFP को दिए इंटरव्यू में गिल ने कहा कि दुनिया में पहले से करीब 30 करोड़ लोग खाद्य असुरक्षा का सामना कर रहे हैं। मौजूदा हालात में यह संख्या बहुत तेजी से करीब 20% तक बढ़ सकती है।
उन्होंने बताया कि जिन देशों में पहले से युद्ध चल रहा है या जहां सरकारें कमजोर हैं, वहां हालात सबसे ज्यादा बिगड़ सकते हैं। अगर स्थिति जल्द नहीं सुधरी तो इन देशों में बड़े पैमाने पर भुखमरी फैल सकती है।
गिल के मुताबिक, फिलहाल बाजार में मौजूद खाद्य सामग्री पहले से उगाई जा चुकी है, लेकिन युद्ध और क्षेत्रीय तनाव का असली असर आने वाले महीनों में दिखेगा, जब सप्लाई चेन प्रभावित होगी और खाद्य संकट गहराएगा।
01:42 AM16 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
ईरानी स्पीकर बोले – अमेरिका इजरायल फर्स्ट की नीति छोड़ दे
ईरानी संसद के स्पीकर मोहम्मद बागेर गालिबाफ ने लेबनान में संभावित युद्धविराम का श्रेय तेहरान की कूटनीति को दिया है।
गालिबाफ ने ‘X’ पर एक बयान में कहा कि अमेरिका को समझौते का पालन करना चाहिए और अपनी ‘इजरायल फर्स्ट’ की गलत नीति को छोड़ देना चाहिए। ईरान का दावा है कि पिछले हफ्ते अमेरिका और तेहरान के बीच हुए समझौते में लेबनान को भी शामिल किया जाना था।
